फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR Weather Live: तालाब बना दिल्ली-एनसीआर, कहीं गिरे पेड़ तो कहीं भरा पानी; रूक गई ट्रैफिक की भी रफ्तार

Thu, 09 Jul 2026 03:05 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली/एनसीआर

खास बातें

Delhi NCR Weather News Today In Hindi: दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में जलभराव हुआ। नोएडा में सुबह से जारी बारिश के बाद लोगों को ऑफिस पहुंचने में परेशानी हो रही है। गाजियाबाद और हापुड़ जिले में भी बादल बरस रहे हैं। काले बादल छाए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:55 PM, 09-Jul-2026

गाजियाबाद के इंदिरापुरम में पार्क में जलभराव, करंट दौड़ने से सफाईकर्मी की मौत

गाजियाबाद के इंदिरापुरम में थानाक्षेत्र के ज्ञानखंड एक स्थित पार्क एक में जलभराव के बाद बृहस्पतिवार को करंट दौड़ गया। पास की ही सोसायटी में साफ-सफाई का काम करने वाला युवक बबलू उर्फ नरेंद्र (25) की करंट लगने से मौत हो गई। स्थानीय लोग तुरंत युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि युवक मूलरूप से मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बड़ा महवा अंजनौर गांव का रहने वाला था। यहां वह सोसायटी में सफाई का काम करता था। 

06:52 PM, 09-Jul-2026

बुलंदशहर में बारिश में ढही मस्जिद की दीवार, दो की मौत; चार घायल

बुलंदशहर जिले के खुर्जा के मुंडाखेड़ा गांव में लगातार बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हुआ। मस्जिद की दीवार भरभराकर गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के समय एक परिवार मस्जिद की दीवार के सहारे टेंट लगाकर रह रहा था।
इस घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो लोगों को नाजुक हालत में हायर सेंटर भेजा गया है। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही सीओ, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
 

06:50 PM, 09-Jul-2026

गाजियाबाद में तीन साल की बच्ची की नाली में डूबने से मौत

गाजियाबाद के विजयनगर के सर्वोदय कॉलोनी में एक तीन वर्षीय बच्ची पल्लवी पुत्री सुमित की पानी में डूबकर मौत हो गई। एसीपी ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे बारिश के दौरान घर के बाहर नाली में पैर फिसलने से बच्ची डूब गई। परिजनों ने बच्ची को डूबते भी देखा। जब तक नाली में पानी के तेज बहाव में बच्ची को तलाशा तब तक बच्ची की मौत हो गई थी।

विज्ञापन
04:43 PM, 09-Jul-2026

दिल्ली-एनसीआर में बारिश का कहर, एम्बियंस मॉल के पास लगा लंबा जाम

दिल्ली-एनसीआर में हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई प्रमुख मार्गों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर स्थित एम्बियंस मॉल के पास वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जलभराव और धीमी रफ्तार के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा, जिससे दैनिक आवाजाही प्रभावित रही।

 

04:31 PM, 09-Jul-2026
बापूधाम ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की गुमटी गिरी - फोटो : अमर उजाला

गाजियाबाद में पहली बारिश में खुली जीडीए की पोल, बापूधाम ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की गुमटी गिरी

गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र स्थित जीडीए द्वारा निर्मित बापूधाम ईडब्ल्यूएस फ्लैटों में पहली ही तेज बारिश के दौरान छत की गुमटी (स्ट्रक्चर) का हिस्सा गिर गया। इसके अलावा कांशीराम आवास योजना के कुछ फ्लैटों के छज्जे भी टूटकर गिरने की सूचना है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जीडीए इन फ्लैटों को 100 वर्ष की लीज पर आवंटित करता है, लेकिन करीब 15 वर्ष में ही इनकी स्थिति जर्जर हो गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। घटना की सूचना जीडीए अधिकारियों को दे दी गई है।

विज्ञापन
04:25 PM, 09-Jul-2026

ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन मॉल के पास जमीन धंसने से गिरी बाउंड्री, टला बड़ा हादसा

ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन लंदन मार्ट मॉल के पास जमीन धंसने से बाउंड्री का एक हिस्सा गिर गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।

04:14 PM, 09-Jul-2026

फरीदाबाद में सड़कों पर जलभराव, वाहनों की रफ्तार थमी

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में हुई भारी बारिश के बाद कई सड़कों पर जलभराव हो गया है। सड़कें पानी में डूबने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लंबा जाम जैसी स्थिति भी देखने को मिली। 

 


 

03:04 PM, 09-Jul-2026

गाजियाबाद में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, दीवार गिरी और जलभराव

जिले में भारी बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। क्रॉसिंग में पंचशील वेलिंगटन की बाहरी दीवार गिर गई है। शालीमार गार्डन में एक जिम के ऊपर छज्जे का प्लास्टर भरभराकर गिर गया, हालांकि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।

करण गेट चौकी के पास एक सड़क धंस गई है। लोनी क्षेत्र के इंद्रापुरी स्थित अंकुर विहार एसीपी कार्यालय के बाहर सड़क पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता मिला। भारी बारिश के बाद नलों में पानी के तेज बहाव से यह शव सड़क पर आ गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

राजेंद्र नगर क्षेत्र में घरों में जलभराव होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत आपूर्ति बाधित है। नंदग्राम स्थित राजकीय पुस्तकालय में भी पानी भर गया है। लाल कुआं पर भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

मसूरी एमजी रोड पर पानी भरने से आसपास की कॉलोनियों में जलभराव हो गया है। मसूरी में नहर के पास पानी निकासी न होने के कारण कई घरों में पानी घुस गया है। इससे स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

03:00 PM, 09-Jul-2026

निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास धंसी सड़क, 20 फुट नीचे गिरी कार व स्कूटी 

वसुंधरा सेक्टर 13 में निर्माणाधीन 32 मंजिला बिल्डिंग के पास लगातार हो रही बारिश में बृहस्पतिवार सुबह सड़क धंस गई। हादसे में सेक्टर 13 निवासी पुष्पेंद्र सिंह की कार और उन्हीं के मकान में किराये पर रहने वाले अजय अग्रवाल की स्कूटी करीब 20 फुट गहराई तक धंस गई। वहीं घटनास्थल के पास लगा बिजली का पोल भी करीब 10 फुट तक जमीन के नीचे चला गया। पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ।

बताया कि बिल्डर ने निर्माणाधीन स्थल के चारों तरफ टीनशेड लगाकर घेराबंदी की है लेकिन बारिश को ध्यान में रखते हुए कोई भी मजबूत दीवार नहीं बनाई है। बारिश में पानी का रिसाव होने की वजह से सड़क धंसी है। हादसा होने के बाद वह निर्माण स्थल पर पहुंचे और बिल्डर से बातचीत का प्रयास किया।

बताया कि बिल्डर वहां नहीं थे, तब उन्हीं की लेबर व कर्मचारियों ने क्रेन की मदद से कार और स्कूटी को बाहर निकाला। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद वाहन और बिजली के खंभे को गड्ढे से बाहर निकाला जा सका। इस दौरान इलाके की बिजली आपूर्ति को भी बंद करा दिया गया। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे में कोई भी जनहानि नहीं हुई है।

02:53 PM, 09-Jul-2026

कहीं गिरे पेड़ तो कहीं भरा पानी

दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश में इस्कॉन मंदिर के पास मुख्य सड़क पर लगातार बारिश के बीच एक पेड़ गिर गया। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि पेड़ सुबह करीब 3 से 3:30 बजे के बीच गिरा। अधिकारी सुबह देर से पहुंचे। अब पेड़ को काटने और हटाने का काम शुरू हो गया है। रास्ते में रुकावट के कारण सड़क के दोनों ओर भारी ट्रैफिक जाम है।

दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में जोरदार बारिश हो रही है। वहीं, गोविंदपुरी इलाके में बारिश के दौरान गुरु रविदास मार्ग पर एक पेड़ गिर गया। लगातार बारिश के कारण ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में नेशनल हार्ट इंस्टीट्यूट हॉस्पिटल के बाहर एक बड़ा पेड़ गिर गया। भारी बारिश के बाद विकास मार्ग पर जलभराव की सूचना मिली है। महरौली-बदरपुर रोड और संगम विहार में शनि बाजार रोड पर जल-जमाव हो गया है। बीती रात से लगातार हो रही बारिश के कारण यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है।

02:53 PM, 09-Jul-2026

बारिश से परेशानियां बढ़ीं

दिल्ली में भारी बारिश के बीच रोहिणी सेक्टर-16 में निर्माणाधीन इमारत गिरने की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई है। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा, "मुझे खबर मिली कि इमारत ढह गई है। मालिक की मौत हो गई थी और कुछ मजदूरों की भी जान चली गई थी। हादसे के बाद मलबे की ऊंचाई एक तरफ लगभग 8 फीट, दूसरी तरफ 14 फीट और तीसरी तरफ लगभग 12 फीट थी।"  

इधर भारी बारिश की वजह से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। गड्ढे पानी से लबालब हो गए हैं और जगह-जगह जाम लग गया। एक स्थानीय निवासी ने आईएएनएस से कहा, "जैसे ही हम घर से निकलते हैं, परेशानियां शुरू हो जाती हैं। हर गली, चौराहे और सड़क पर पानी भरा हुआ है। पानी से भरी सड़कों पर गाड़ियां फिसल रही हैं, जिससे आना-जाना बहुत मुश्किल और असुरक्षित हो गया है।

02:47 PM, 09-Jul-2026
सोसाइटी में प्लास्टर गिरा - फोटो : अमर उजाला

नहीं थम रहा प्लास्टर गिरने का सिलसिला, रक्षा एडेल में फिर घटना

ग्रेनो वेस्ट स्थित रक्षा एडेल सोसाइटी में एक बार फिर प्लास्टर गिरने की घटना सामने आई है। सोसाइटी के एन टॉवर की दसवीं मंजिल की बालकनी से प्लास्टर का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

निवासियों का कहना है कि सोसाइटी में पहले भी प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में ऐसी घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है और वह टॉवरों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं , लेकिन कुछ समय पहले सोसाइटी के एक निवासी ने प्लास्टर गिरने की समस्या को उठाया था। इसके बाद सोसाइटी की एओए ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उस समय यह मामला भी चर्चा में रहा था।

बृहस्पति की घटना के बाद एक बार फिर सोसाइटी में भवन की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। निवासी चाहते हैं कि संबंधित पक्ष सभी टॉवर्स का तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं  दुबारा नहीं हो और किसी प्रकार की दुखद घटना से बचा जा सके।

02:45 PM, 09-Jul-2026
नोएडा के सेक्टर 40 में भीषण जलभराव - फोटो : अमर उजाला

नोएडा सेक्टर 40 में हुआ जलभराव 

नोएडा सेक्टर 40 में भारी मात्रा में जलभराव हुआ है निवासियों का कहना है कि सेक्टर से लगे हुए कोंडली नाले का पानी सेक्टर में आ गया है। ऐसे में सेक्टर के अंदर अधिक जलभराव हो गया है और पानी निकासी की कहीं जगह नहीं रही है। गंदे पानी से संक्रमण फैलने का खतरा भी लगातार बना हुआ है। सेक्टर के अलग अलग ब्लॉक समेत ग्रीन बेल्ट में भी गंदा पानी भरा हुआ है।

02:44 PM, 09-Jul-2026

नोएडा के चाइल्ड पीजीआई के मुख्य द्वार पर जलभराव 

शहर में हुई मूसलाधार बारिश से सेक्टरों का बुरा हाल है। वहीं, सेक्टर 30 स्थित चाइल्ड पीजीआई के मुख्य द्वार पर भी जलभराव हो गया है। ऐसे में इलाज करवाने जा रहे बाल मरीज, तीमारदार व अन्य स्टाफ कर्मियों को आने-जाने में बहुत मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। पैदल आने वालों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। यही नहीं, संस्थान परिसर के अंदर भी कई जगह जलभराव हुआ है। पिछले दिनों वार्ड में भी छत टपकने की जानकारी सामने आई थी।

02:43 PM, 09-Jul-2026
मलबे में दबकर बच्ची घायल - फोटो : अमर उजाला

लगातार बारिश से मकान ढहा, मलबे में दबकर बच्ची घायल

दादरी के किदवई नगर मोहल्ले में लगातार तीसरे दिन बरसात होने के चलते मकान ढह गया। मलबे में दबकर बच्ची घायल हो गई। 

02:40 PM, 09-Jul-2026
दिल्ली में बारिश - फोटो : भूपिंदर सिंह

झमाझम बारिश में भीगी दिल्ली, कई जगह हुआ जलभराव

बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली में सुहावने मौसम के साथ हुई बारिश ने लोगों को राहत दी, लेकिन कई इलाकों में जलभराव के कारण मुश्किलें भी पैदा हुईं। कीर्ति नगर, रामा रोड और रोहतक रोड जैसे क्षेत्रों में जलभराव के बावजूद लोग अपने गंतव्य की ओर बढ़ते दिखे।

02:33 PM, 09-Jul-2026

बुलंदशहर में चंद घंटे की बारिश में पहासू में घरों और दुकानों में भरा पानी

बुलंदशहर के कस्बा पहासू में सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की दिनचर्या में काफी मुश्किल खड़ी कर दी है, बारिश के चलते कस्बा पहासू के गुल्लक  बाजार में लोगों के घरों और दुकानों में पानी भर गया है।

यह तस्वीरें बयां कर रही हैं की बरसात से पहले नाली सफाई करने का दावा कितना सही है चंद घंटे की बरसात में ही लोगों के घरों में और दुकानों में पानी घुस गया है सुबह से हो रही बारिश से लोगों ने अभी तक दुकान भी नहीं खोली हैं।

02:31 PM, 09-Jul-2026
छत गिरने से मजदूर की मौत - फोटो : अमर उजाला

लगातार तीन दिन की बारिश बनी आफत, छत गिरने से एक की मौत

पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला सद्दीकपुरा में लगातार तीन दिन की बारिश के बीच बृहस्पतिवार तड़के मकान की छत गिरने से मलबे में दबे अशफाक (52) की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा कासिम (17)  घायल हो गया।

परिजनों के अनुसार बुधवार देर रात वह अपने बेटे कासिम के साथ कमरे में सो रहे थे। बृहस्पतिवार तड़के अचानक छत भरभराकर गिर गई और दोनों मलबे के नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला।

गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान अशफाक की मौत हो गई, जबकि कासिम का उपचार चल रहा है। मृतक मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में 18 वर्षीय नाजिम और 17 वर्षीय कासिम हैं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

एसडीएम मनोज कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजा गया है। पीड़ित परिवार को शासन के नियमानुसार आपदा राहत सहायता उपलब्ध कराने और पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

02:28 PM, 09-Jul-2026

गाजियाबाद के वसुंधरा में सड़क धंसी

गाजियाबाद के वसुंधरा में अटल चौक के पास भारी बारिश के बाद सड़क धंस गई। एक कार और एक स्कूटर उसमें गिर गए, जिन्हें बाद में बाहर निकाला गया।
 



 

02:25 PM, 09-Jul-2026

कालकाजी-गोविंदपुरी रोड पर गिरा पेड़

दिल्ली में भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी भर गया तो कहीं सड़कें तालाब बन गईं। इसी बीच कालकाजी-गोविंदपुरी रोड पर भारी बारिश में पेड़ गिरा। जिसके सड़क पर ट्रैफिक बाधित हो गया।
 

02:25 PM, 09-Jul-2026

गाजियाबाद में बारिश

01:27 PM, 09-Jul-2026

नोएडा के सुपरनोवा टॉवर को काले बादलों ने घेरा

नोएडा सेक्टर 94 में स्थित ऊंची इमारत 'सुपरनोवा, स्पिरा टॉवर' के ऊपरी हिस्से को घने, काले बादलों ने घेर लिया है।
 



 

12:27 PM, 09-Jul-2026

नोएडा-गाजियाबाद मार्ग पर अंडरपास में भरा पानी, वाहन फंसे

गाजियाबाद को नोएडा से जोड़ने वाले मॉडल टाउन अंडरपास में बृहस्पतिवार को पानी भर गया। सुबह के समय अंडरपास में पानी भरे होने की वजह से आवागमन प्रभावित हो गया। की वाहन इसमें फंस गए, पानी इतना ज्यादा है कि कार और दो पहिया वाहन बंद पड़ रहे हैं। प्राधिकरण के लगाए गाय हाईटेक पंप भी जलभराव के सामने जवाब दे गए। शहर के अन्य स्थानों पर भी ऐसा ही हाल है।

12:05 PM, 09-Jul-2026

सीवर से सड़क पर बह रहा गंदा पानी, लोगों में नाराजगी

गाजिायबाद नगर निगम के वार्ड 50 स्थित नूर नगर में सीवर लाइन चोक होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीएनबी बैंक के सामने प्राचीन शिव मंदिर वाली गली सहित आसपास के इलाकों में बारिश के दौरान सीवर का गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी के दबाव से कई जगह मैनहोल के ढक्कन ऊपर उठ जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार सड़क पर जलभराव और गंदगी के कारण आवाजाही प्रभावित हो रही है। साथ ही दुर्गंध और गंदे पानी से संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। उनका कहना है कि समस्या की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से कई बार जलकल विभाग से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

भाजपा किसान मोर्चा महानगर के सोशल मीडिया प्रभारी प्रवीण त्यागी ने नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों से सीवर लाइन की तत्काल मशीनों से सफाई कराने, क्षतिग्रस्त मैनहोलों की मरम्मत कराने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि बरसात के दौरान समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। सोशल मीडिया प्रभारी प्रवीण त्यागी ने नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों से सीवर लाइन की तत्काल मशीनों से सफाई कराने, क्षतिग्रस्त मैनहोलों की मरम्मत कराने और समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि बरसात के दौरान समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

12:04 PM, 09-Jul-2026

बारिश ने खोली पालिका की जल निकासी व्यवस्था की पोल, शहर के कई इलाके जलमग्न

लगातार हो रही झमाझम बारिश ने नगर पालिका की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। शहर के कई प्रमुख बाजारों, कॉलोनियों और मुख्य मार्गों पर जलभराव होने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित रहा। कई स्थानों पर पानी घरों और फैक्ट्रियों तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। वहीं जलभराव के कारण अनेक कॉलोनीवासी दिनभर घरों में ही कैद रहने को मजबूर रहे। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी घंटों बाधित रही, जबकि बाजारों में दुकानें भी सामान्य समय से काफी देर बाद खुल सकीं।

मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार भर रुक-रुककर जारी रही और बृहस्पतिवार को भी तेज बारिश का सिलसिला चलता रहा। लगातार वर्षा के चलते शहर के नाले-नालियां उफन गए और अधिकांश स्थानों पर पानी की निकासी नहीं हो सकी। अग्रसेन मार्केट, ईदगाह कॉलोनी, दरगाह कॉलोनी, ईदगाह रोड, मुख्य बाजार, सराफा बाजार, कस्बा रोड, नूरगंज और मलिक नगर सहित कई क्षेत्रों में सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं। लोगों को घरों से निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अग्रसेन मार्केट में हालात सबसे अधिक खराब रहे। यहां कई फुट तक पानी भरने से फैक्ट्रियों और मकानों में पानी घुस गया। इससे मशीनरी, कच्चे माल और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा।

बाजार में जलभराव के कारण अधिकांश दुकानें भी देर से खुलीं और कारोबार प्रभावित रहा। भाजपा के पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष नितिन गोयल ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद को कई बार अग्रसेन मार्केट की जाम नालियों और सफाई व्यवस्था के संबंध में अवगत कराया गया था, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि लापरवाही का खामियाजा अब फैक्ट्री संचालकों और स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ईदगाह कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में भी गलियां पूरी तरह पानी में डूब गईं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कॉलोनीवासी दिनभर घरों में कैद रहे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध फैलने लगी है और मच्छरों के प्रकोप के साथ संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।दिल्ली-मेरठ मार्ग पर नमो भारत स्टेशन के निकट भी जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। इससे काफी देर तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। मलिक नगर कॉलोनी में भी पानी भर जाने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में भी यहां जलभराव हो जाता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है।

लगातार बारिश के दौरान कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। इससे लोगों को अंधेरे और उमस के बीच घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका से जल निकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने, नालों-नालियों की नियमित सफाई कराने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों के स्थायी समाधान की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो बारिश के दौरान हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं।

11:27 AM, 09-Jul-2026

ऑफिस आने-जाने वालों को वाहन नहीं मिल रहे

रात से हो रही बारिश के कारण नोएडा की सड़कों पर पानी भर गया है। कार्यालय आने-जाने वाले लोगों को वाहन नहीं मिल रहे हैं, जिससे वे मेट्रो स्टेशन के नीचे खड़े होकर इंतजार कर रहे हैं।

11:22 AM, 09-Jul-2026

न्यू गुरुग्राम में छज्जा का प्लास्टर गिरा

न्यू गुरुग्राम के सेक्टर 104 के पूरी एमराल्ड बे सोसाइटी में छज्जा का प्लास्टर गिरने का मामला सामने आया है। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई हैं। 

10:56 AM, 09-Jul-2026

दिल्ली-एनसीआर में 24 घंटे की बारिश के आंकड़े

दिल्ली-एनसीआर में सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के आंकड़े इस प्रकार हैं। दिल्ली में टुकमीरपुर, खजूरी में 160 मिलीमीटर, सफदरजंग में 73 मिलीमीटर, पालम में 63 मिलीमीटर, लोधी रोड में 80 मिलीमीटर, रिज में 78 मिलीमीटर, दिल्ली विश्वविद्यालय में 90 मिलीमीटर हुई। वहीं गाजियाबाद में हिंडन में 134 मिलीमीटर और कमला नेहरू नगर में 164 मिलीमीटर बारिश हुई। गुरुग्राम में नॉर्थ कैप विश्वविद्यालय में 27 मिलीमीटर और केवीके में 36 मिलीमीटर बारिश हुई। गौतम बुद्ध नगर के टांडा में 62 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

10:46 AM, 09-Jul-2026

ग्रेटर नोएडा में जलभराव से लोगों की परेशानी बढ़ी

ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित अरिहंत आर्डन सोसाइटी के सामने वाली सड़क पर लगातार बारिश के कारण जलभराव हो गया है। इससे निवासियों और वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी हो रही है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।

10:35 AM, 09-Jul-2026

गाजियाबाद के इंदिरापुरम में जलभराव

गाजियाबाद में भारी बारिश के कारण इंदिरापुरम इलाके में जलभराव हो गया। जिससे रोजाना आने-जाने वालों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मूसलाधार बारिश के बाद सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं।
 

10:03 AM, 09-Jul-2026
मुरादनगर में बारिश - फोटो : अमर उजाला

मुरादनगर में जलभराव

लगातार भारी बारिश ने बसंतपुर सैंथली स्थित लैंडक्राफ्ट मेट्रो होम्स सोसाइटी की जल निकासी और रखरखाव व्यवस्था की पोल खोल दी है। जल निकासी प्रणाली ठप होने से सोसाइटी का व्यावसायिक क्षेत्र और बेसमेंट पार्किंग जलमग्न हो गए। घुटनों तक भरे पानी के कारण कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लाखों रुपये का सामान खराब हो गया। सोसाइटियों के बाहर भी कई जगहों पर पानी भर गया।

09:41 AM, 09-Jul-2026
गाजियाबाद में बारिश - फोटो : अमर उजाला

गाजियाबाद में बारिश से सड़कें डूबीं

गाजियाबाद में रातभर हुई बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी भर गया है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद में पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह सड़कों और गलियों में जलभराव हो गया। बीते मंगलवार से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। नतीजन सड़कों पर पानी भर गया है।

09:19 AM, 09-Jul-2026

भारी बारिश के चलते जिले के सभी स्कूल में अवकाश घोषित

जिले में भारी बारिश के चलते सभी स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। जिलाधिकारी  के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी की तरफ से आदेश जारी किया गया है। इसके बाद सरकारी, प्राइवेट, अशासकीय सहायता प्राप्त समस्त बोर्ड के स्कूलों में 9 जुलाई 2026 को छुट्टी कर दी गई है। इस दौरान कुछ अभिभावक सुबह मैसेज आने के चलते जानकारी के अभाव में बच्चों को लेकर स्कूल भी पहुंच गए जहां से उन्हें वापस भेजा गया।

09:01 AM, 09-Jul-2026

बिजली गिरने से कई इलाकों में जलभराव

राजस्थान में भी भारी बारिश दर्ज की गई। डूंगरपुर में रात भर हुई भारी बारिश के साथ बिजली गिरने से कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव हो गया। पुराने शहर के घाटी, कनेरा पोल, मोची बाजार और भोईवाड़ा जैसे हिस्सों में पानी का स्तर तीन फीट से ऊपर पहुंच गया।

08:44 AM, 09-Jul-2026

दिल्ली नहीं यूपी के शहरों में भी जलभराव

लगातार बारिश से हाल के दिनों में बढ़ती उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। सुबह 2.30 बजे तापमान लगभग 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को उत्तर भारत में मानसून की महत्वपूर्ण बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली। उत्तर प्रदेश के मथुरा में रात भर हुई भारी बारिश से व्यापक जलभराव हो गया। इससे यातायात और पैदल चलने वालों की आवाजाही काफी बाधित हुई।

08:33 AM, 09-Jul-2026

उत्तर भारत में बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, 10 जुलाई तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई तक बारिश का एक नया दौर जारी रहने की उम्मीद है। पूर्वी राजस्थान में 9 जुलाई को इसी तरह की गतिविधि देखने को मिल सकती है।

08:24 AM, 09-Jul-2026

दिल्ली में मानसून की बारिश, गर्मी से राहत जारी

 गुरुवार की सुबह दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में मानसून का दौर जारी रहा। इस बारिश से हाल की उमस भरी गर्मी से निवासियों को काफी राहत मिली है।

07:56 AM, 09-Jul-2026

भारी बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव

यूपी के गाज़ियाबा में भारी बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया है। शास्त्रीनगर इलाके की तस्वीरें।
 

07:46 AM, 09-Jul-2026

Delhi NCR Weather Live: तालाब बना दिल्ली-एनसीआर, कहीं गिरे पेड़ तो कहीं भरा पानी; रूक गई ट्रैफिक की भी रफ्तार

दिल्ली-एनसीआर में दो जुलाई को मानसून की दस्तक के बाद से रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह से घने बादलों के साथ बारिश हो रही है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले कई दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। 

मौसम विभाग ने आज के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री तथा न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 

आईएमडी के अनुसार 10 और 11 जुलाई को भी हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। हालांकि तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 34 से 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 12 से 14 जुलाई के बीच बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन बारिश कम होने के आसार हैं। विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें