फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR Rain Live: दिल्ली एयरपोर्ट पर 346 उड़ानें रहीं प्रभावित, निगमबोध घाट डूबा, अंतिम संस्कार पर रोक

Wed, 03 Sep 2025 11:33 PM IST
आकाश दुबे अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

खास बातें

Delhi NCR Weather Live Update News in Hindi: दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुककर हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई इलाकों में हुए जलभराव ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है। देश की राजधानी दिल्ली में भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है। निचले इलाकों में यमुना का पानी घुस गया है। दिल्ली का यमुना बाजार, निगम बोध घाट, ओल्ड उस्मानपुर गांव, आईएसबीटी का वासुदेव घाट पानी में डूब गया है। बुधवार को देर रात तक दिल्ली में यमुना का जलस्तर 207.40 मीटर के करीब रहा। गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते 3 सितंबर 2025 को सभी स्कूल बंद रहे। यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट्स-
विज्ञापन
पुस्ता इलाके में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का नजारा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:12 PM, 03-Sep-2025

हापुड़ में बारिश के कारण पेड़ टूटकर गिरा
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर नगर समेत क्षेत्र में तीन दिन से हो रही झमाझम बारिश से अब हर कोई परेशान है। बारिश ने बाजारों में रौनक छीन ली है। वहीं प्राकृतिक आपादा से भी लोगों की दिक्कत बढ़ रही है। बुधवार की देर शाम बारिश के कारण गढ़-मेरठ मार्ग पर गांव दौताई के निकट शीशम का पुराना पेड़ टूटकर सड़क पर जा गिरा। 

09:07 PM, 03-Sep-2025

दिल्ली एयरपोर्ट पर 346 उड़ानें रही प्रभावित
विमान की उड़ान ट्रैक करने वाली वेबसाइट 'फ्लाइट रडार24' के मुताबिक, खराब मौसम के चलते दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आने और उड़ान भरने वाली 340 से ज्यादा फ्लाइटें प्रभावित हुई हैं। शाम 5 बजे तक एयरपोर्ट से उड़ान भरने वालीं 273 फ्लाइट्स और 73 लैंड करने वालीं फ्लाइट्स डिले रहीं। 

08:55 PM, 03-Sep-2025

निगमबोध घाट डूबा, अंतिम संस्कार पर रोक
यमुना के जलस्तर का असर राजधानी के सबसे बड़े श्मशान घाट निगमबोध पर भी पड़ा है। बुधवार शाम को पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आने से यहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक दी गई है। घाट परिसर में कई फीट तक पानी भर गया है। यमुना का पानी बहकर रिंग रोड तक पहुंच गया है। प्रशासन ने निगमबोध घाट को बचाने के लिए कई प्रयास किए। यमुना की ओर मिट्टी भरकर बोरे लगाकर पानी को रोकने की कोशिश की गई लेकिन पानी के बढ़ते दबाव के आगे यह प्रयास नाकाम साबित हुए। घाट की एक तरफ दीवार का कुछ हिस्सा भी टूट गई जिससे पानी का प्रवाह और तेज हो गया। बाढ़ नियंत्रण विभाग और एमसीडी की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हालात पर नजर रखे हुए हैं। ब्यूरो

विज्ञापन
08:38 PM, 03-Sep-2025

नोएडा में एक घंटे की तेज बारिश में प्राधिकरण की चौखट तक भरा पानी
शहर में बुधवार दोपहर हुई एक घंटे की तेज बारिश से कई सेक्टर में जलभराव हुआ। जलनिकासी बेहतर होने के दावे करने वाले नोएडा प्राधिकरण दफ्तर सेक्टर-6 के चारों तरफ सड़कें-फुटपाथ डूब गए। यही नहीं प्राधिकरण के अंदर का भी पानी नहीं निकल पाया जिसके चलते लोग एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर जूते भिगोकर या उतार कर हाथ में लेकर पहुंचे। कुछ सामान लेकर पहुंचे ई-रिक्शे का भी सहारा लोगों ने प्राधिकरण दफ्तर के अंदर जलभराव से बचने के लिए किया। इसी तरह फेज-1 औद्योगिक क्षेत्र में कई सेक्टर की सड़कें देर तक जलमग्न रहीं। 

08:36 PM, 03-Sep-2025

अगर यह आशंका हुई सच तो 2023 जैसी आ सकती है बाढ़
केंद्रीय जल आयोग ने सूचना जारी की है कि दिल्ली में पानी और बढ़ सकता है। इससे आशंका है कि दिल्ली में यमुना का जलस्तर 208 मीटर तक पहुंच सकता है। यदि ऐसा होता है तो 2023 की बाढ़ की तरह आउटर रिंग रोड और कश्मीरी गेट आईएसबीटी तक पानी पहुंचने के आसार हैं। इससे दिल्ली में न केवल आवागमन बाधित हो सकता है बल्कि बड़े पैमाने पर जनजीवन प्रभावित होने का खतरा भी है।

विज्ञापन
08:14 PM, 03-Sep-2025

दिल्ली में युमना के पानी के जल्द उतरने के नहीं दिख रहे आसार
यमुना के पानी से दिल्ली डूब रही है और बाढ़ के कारण हजारों लोग बेघर हुए हैं। अब शहर के भीतरी हिस्से में पानी भरने का खतरा बढ़ गया है। हथिनीकुंड बैराज से बुधवार को देर शाम तक छोड़े जा रहे लगातार भारी मात्रा में पानी को दिल्ली आते देखकर ये साफ है कि पानी इतना जल्दी दिल्ली से नहीं उतरेगा। 

07:20 PM, 03-Sep-2025

फरीदाबाद में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे मंत्री राजेश नागर
मंत्री राजेश नागर अपने तिगांव विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ के हालातों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों के बृहस्पतिवार को दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रशासन प्रभावित लोगों के लिए व्यवस्था कर रहा है। मौके पर मुआयना करने के लिए स्वयं मंत्री राजेश नागर दौरा करेंगे। 

06:35 PM, 03-Sep-2025

बारिश के चलते गाजियाबाद-गौतमबुद्धनगर में आज बंद रहे स्कूल
गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया। जिलों के सभी स्कूल 3 सितंबर 2025 को बंद रहे।

06:34 PM, 03-Sep-2025

दिल्ली के यमुना बाजार के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया
यमुना नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण यमुना बाजार में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जा रहा है। एनडीआरएफ कमांडेंट ज्ञानेश्वर सिंह ने कहा कि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। हमारी टीमें कल रात से ही यहां तैनात हैं। 14-18 टीमें स्टैंडबाय पर हैं। जबकि चार टीमें अलग-अलग जगह पर तैनात हैं।

06:19 PM, 03-Sep-2025

हापुड़ में बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का सेना के जवानों ने किया निरीक्षण
पहाड़ों पर हो रही बारिश से एक बार फिर से हापुड़ के खादर क्षेत्र के गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। हालात पर काबू पाने के लिए बुधवार को मेरठ कैंट से आए सेना के अधिकारियों ने बाढ़ ग्रस्त गांवों का निरीक्षण किया। एसडीएम की मौजूदगी में ग्रामीणों को बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान सेना के अधिकारियों ने आश्चासन दिया है कि किसी भी विषम परिस्थितियों में सेना ग्रामीणों के सहयोग के लिए तैयार रहेगी।

06:10 PM, 03-Sep-2025

हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद गाजियाबाद में हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ा
हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन का कहना है कि अभी तक स्थिति नियंत्रण में है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के गांव विहिग, सुराना, नेक, भदौली सुठारी के लोगों में दहशत बनी है l

05:52 PM, 03-Sep-2025

मंगेशपुर नाले का तटबंध टूटा, कई इलाकों में 5 फीट तक भरा पानी
बुधवार शाम को बहादुरगढ़, हरियाणा में मंगेशपुर नाले का 50 फीट ऊंचा तटबंध टूट गया, जिससे दिल्ली के बाबा हरिदास नगर, झाड़ौदा कलां, थाना गीतांजलि एन्क्लेव के सीमावर्ती निचले इलाके में लगभग पांच फीट पानी भर गया। रात भर चले अभियान में, लोगों को सुरक्षित रूप से (बिना किसी जान-माल के) बाहर निकाला गया और झाड़ौदा कलां के सरकारी स्कूलों में ठहराया गया।एनडीआरएफ, आपदा प्रबंधन दल आदि जैसी एजेंसियों के समन्वय से आगे की निकासी जारी है।

संबंधित वीडियो-

05:30 PM, 03-Sep-2025

Delhi NCR Rain Live: दिल्ली एयरपोर्ट पर 346 उड़ानें रहीं प्रभावित, निगमबोध घाट डूबा, अंतिम संस्कार पर रोक

निगम बोध घाट और ओल्ड उस्मानपुर में घुसा यमुना का पानी, वासुदेव घाट डूबा
देश की राजधानी दिल्ली में भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाकों में यमुना का पानी घुस गया है। दिल्ली का यमुना बाजार, निगम बोध घाट, ओल्ड उस्मानपुर गांव, आईएसबीटी का वासुदेव घाट पानी में डूब गया है। मोनेस्ट्री मार्केट में भी यमुना का पानी घुस गया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें