फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi: प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली को 33500 करोड़ की दी सौगात, राष्ट्रपति के अपमान पर ममता सरकार को घेरा

Sun, 08 Mar 2026 02:55 PM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

Pm Modi Ring Corridor Inauguration Live Updates: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली को 33,500 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। आज मेट्रो के दो कॉरिडोर चालू हो गए हैं। इसमें से एक कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली को देश की पहली रिंग मेट्रो मिल गी। वहीं, तीन अन्य कॉरिडोर की नींव भी रखी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन प्रोजेक्टों का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
विज्ञापन
पीएम नरेंद्र मोदी - फोटो : BJP/X
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:20 PM, 08-Mar-2026

'AAP-दा सरकार ने विकास का हर काम ठप रखा था'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "करीब 10 वर्षों तक AAP-दा सरकार ने यहां विकास का हर काम ठप रखा था। अब दिल्ली से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों के समाधान के लिए हमारी सरकार मिशन मोड में काम कर रही है। पेरिफेरल एक्सप्रेसवे बनने से अब लाखों गाड़ियों को शहर में आने की ज़रूरत नहीं पड़ती। हमारी सरकार यमुना जी की साफ-सफाई के लिए भी बड़े पैमाने पर काम कर रही है।'

02:10 PM, 08-Mar-2026

राष्ट्रपति के अपमान पर पीएम का टीएमसी पर हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'द्रौपदी मुर्मू संथाल के एक बड़े उत्सव में शामिल होने के लिए बंगाल गई थीं लेकिन राष्ट्रपति को सम्मान देने के बजाय, टीएमसी ने इस पवित्र और महत्वपूर्ण कार्यक्रम का बहिष्कार किया। वे खुद आदिवासी समाज से आती हैं और वे आदिवासी समाज के विकास के बारे में चिंतित रही हैं। TMC सरकार ने उस कार्यक्रम को बदइंतजामी के हवाले कर दिया। यह न केवल राष्ट्रपति का अपमान है बल्कि भारत के संविधान का भी अपमान है। यह संविधान की भावना का अपमान है। यह लोकतंत्र की महान परंपरा का भी अपमान है। टीएमसी सत्ता के अहंकार में डूबी हुई है।'

02:03 PM, 08-Mar-2026

पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी पर बोला हमला

पीएम मोदी ने कहा, ' आज का ये कार्यक्रम इस बात का भी प्रमाण है कि एक वर्ष पहले दिल्ली ने जिस आपदा से मुक्ति पाई, वो कितनी जरूरी थी। अगर यहां पर आपदा सरकार न होती तो ये मेट्रो फेज 4 प्रोजेक्ट बहुत पहले ही पूरा हो चुका होता। लेकिन आपदा वालों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिल्ली के लाखों लोगों की सुविधा को ताक पर रख दिया था। यहां भाजपा सरकार बनने के बाद दिल्ली के चौतरफा विकास में तेजी आई है। आपदा वालों का तरीका था, काम कम और बहाने ज्यादा। आज दिल्ली में विकास का मॉडल है, बहाने बंद, काम शुरू। पहले प्रोजेक्ट फाइलों में दम तोड़ते थे, आज प्रोजेक्ट जमीन पर उतरते हैं।'

विज्ञापन
01:54 PM, 08-Mar-2026

मेट्रो के नए सेक्शन से लाखों लोगों को बड़ी सुविधा: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, 'आज हम सब दिल्ली में विकास को नई गति देने के लिए यहां इकट्ठे हुए हैं। आप लोगों ने एक साल पहले जिस नई उम्मीद और संकल्प के साथ दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाई थी, उसका परिणाम आज यहां दिख रहा है। मेट्रो के विस्तार से लेकर हजारों सरकारी कर्मचारियों के आवासों तक, देश की राजधानी में सुविधाओं का लगातार मजबूत विस्तार हो रहा है, एक नई मजबूती दी जा रही है। दुनिया का कोई भी व्यक्ति जब भारत जैसे विशाल लोकतंत्र के बारे में सोचता है तो अक्सर उसके मन में दिल्ली की तस्वीर आती है। दिल्ली केवल भारत की राजधानी नहीं है, ये भारत की पहचान भी है, ये भारत की ऊर्जा का प्रतीक है। दिल्ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं होता, यह पूरे देश की छवि से जुड़ा होता है।'

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'आज जो मेट्रो का नया सेक्शन शुरू हुआ है, उससे राजधानी के लाखों लोगों को बहुत बड़ी सुविधा मिलने वाली है। खास तौर पर पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के लोगों के लिए अब रोज का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा। इन सबके साथ ही गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे एनसीआर के शहरों से दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में आना-जाना आसान हो जाएगा।'

01:47 PM, 08-Mar-2026

पीएम मोदी ने महिला दिवस की दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। आज भारत महिला सशक्तिकरण की नई गाथा लिख रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सफल नेतृत्व में राजधानी का विकास हो रहा है। राजनीति, प्रशासन, विज्ञान, खेल या समाज सेवा का क्षेत्र भारत की नारी शक्ति हर क्षेत्र मे एक नई ऊर्जा से आगे बढ़ रही है। मैं देश की नारी शक्ति को आज महिला दिवस पर बहुत बधाई देता हूं और राष्ट्र के विकास में उनके असीमित योगदान के लिए ऋण स्वीकार करता हूं।"

विज्ञापन
01:42 PM, 08-Mar-2026

नई कनेक्टिविटी से दिल्ली के कई इलाकों को फायदा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली मेट्रो के 2 नए कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इनमें लगभग 12.3 किमी का मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) कॉरिडोर और लगभग 9.9 किमी का दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर शामिल हैं। नई कनेक्टिविटी से दिल्ली के कई इलाकों को फायदा होगा, जिनमें बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार, मधुबन चौक, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क आदि शामिल हैं।

01:35 PM, 08-Mar-2026

पीएम मोदी की दिल्ली को ₹33,500 करोड़ की सौगात

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आज दिल्ली मेट्रो के दो कॉरिडोर चालू हो गए। इसमें से एक कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली को देश की पहली रिंग मेट्रो मिली। वहीं, तीन अन्य काॅरिडोर की नींव भी रखी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन प्रोजेक्टों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली को 33,500 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। इसमें जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (जीपीआरए) पुनर्विकास योजना के अंतर्गत तैयार की गई परियोजनाएं भी शामिल हैं।

01:24 PM, 08-Mar-2026

यह दिल्ली के लोगों के जीवन को आसान बनाएंगे: सीएम रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, 'आज प्रधानमंत्री मोदी जिन 2 महत्वपूर्ण कॉरिडोर का उद्घाटन करने वाले हैं (मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर और दीपाली चौक-मजलिस पार्क) यह दिल्ली के लोगों के जीवन को आसान बनाएंगे। जिन 3 कॉरिडोर का यहां शिलान्यास होने वाला है, वे भी दिल्ली को गति देने वाले हैं।'

01:16 PM, 08-Mar-2026

कुछ देर में पीएम मोदी देंगे सौगात

12:37 PM, 08-Mar-2026

दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे पीएम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही दिल्ली मेट्रो के दो नए कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इनमें लगभग 12.3 किमी का मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर (पिंक लाइन) कॉरिडोर और लगभग 9.9 किमी का दीपाली चौक-मजलिस पार्क (मैजेंटा लाइन) कॉरिडोर शामिल हैं।

12:27 PM, 08-Mar-2026

महत्वपूर्ण रहा यह प्रोजेक्ट

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यह कॉरिडोर इंजीनियरिंग की दृष्टि से भी अहम है। दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर का एक हिस्सा लगभग 28.36 मीटर की ऊंचाई तक जाता है। यह दिल्ली मेट्रो के एलिवेटेड सेक्शनों में सबसे ऊंचे हिस्सों में से एक है। वहीं, मजलिस पार्क-मौजपुर बाबरपुर कॉरिडोर के निर्माण में यमुना नदी पर एक नए पुल का निर्माण करना पड़ा और डबल-डेकर वायडक्ट तैयार किया गया। यह दिल्ली मेट्रो का यमुना नदी पर पांचवां पुल है।

12:26 PM, 08-Mar-2026

मैजेंटा का हिस्सा भी पूरा, नोएडा तक मिलेगी राहत

दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का हिस्सा है। इसकी लंबाई 9.92 किलोमीटर है। इसमें 7 एलिवेटेड स्टेशन हैं। यह कॉरिडोर पहले से संचालित बोटेनिकल गार्डन-कृष्णा पार्क एक्सटेंशन मैजेंटा लाइन का विस्तार है। इसके जुड़ने से मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इसके चालू होने से दीपाली चौक, मधुबन चौक, उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर गांव, हैदरपुर बादली मोड़, भलस्वा और मजलिस पार्क पहुंचना आसान होगा।

12:24 PM, 08-Mar-2026

दिल्ली की पहली रिंग मेट्रो पूरी, पूर्वी दिल्ली को बड़ी राहत

मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन की लंबाई 12.3 किलोमीटर है। इसके 8 एलिवेटेड स्टेशन हैं। यह कॉरिडोर पहले से चालू मजलिस पार्क-शिव विहार पिंक लाइन का हिस्सा है। नया कॉरिडोर शुरू होने से दिल्ली को देश की पहली रिंग मेट्रो मिलेगी। पिंक लाइन का पूरा कॉरिडोर करीब 71.56 किलोमीटर होगी। इस पर मेट्रो चलने से मजलिस पार्क, बुराड़ी, झड़ौदा माजरा, जगतपुर-वजीराबाद, सूरघाट, नानकसर-सोनिया विहार, खजूरी खास, भजनपुरा, यमुना विहार और मौजपुर-बाबरपुर जैसे इलाके सीधे मेट्रो से जुड़ जाएंगे।

12:24 PM, 08-Mar-2026

मेट्रो परियोजनाओं की कुल लागत 18,300 करोड़ से अधिक

दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन ने पिंक लाइन पर मजलिस पार्क–मौजपुर और मैजेंटा लाइन पर दीपाली चौक–मजलिस पार्क सेक्शन पर मेट्रो संचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। ट्रायल रन के बाद कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) ने यात्रियों के लिए संचालन की मंजूरी दे रखी है। वहीं, दिल्ली मेट्रो के फेज-पांच (ए) के तहत तीन नए कॉरिडोर के निर्माण का शिलान्यास भी होना है। इन मेट्रो परियोजनाओं की कुल लागत 18,300 करोड़ रुपये से अधिक है।

12:02 PM, 08-Mar-2026

प्रधानमंत्री मोदी ने 15,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन किया

प्रधानमंत्री ने जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (जीपीआरए)  पुनर्विकास योजना के तहत ₹15,200 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ सरोजिनी नगर में जीपीआरए टाइप-5 क्वार्टर का दौरा किया और महिला आवंटियों को नए फ्लैटों की चाबियां सौंपी। उन्होंने कुछ महिला मजदूरों से भी बातचीत की।

ये परियोजनाएं सरोजिनी नगर, नेताजी नगर, कस्तूरबा नगर और श्रीनिवासपुरी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में संचालित की जा रही हैं। इनका उद्देश्य जीपीआरए कॉलोनियों का आधुनिकीकरण करना और सरकारी कर्मचारियों व प्रशासनिक कार्यालयों के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार करना है।

11:45 AM, 08-Mar-2026

Delhi: प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली को 33500 करोड़ की दी सौगात, राष्ट्रपति के अपमान पर ममता सरकार को घेरा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आठ मार्च को मेट्रो के दो काॅरिडोर चालू हो जाएंगे। इसमें से एक काॅरिडोर के शुरू होने से दिल्ली को देश की पहली रिंग मेट्रो मिलेगी। वहीं, तीन अन्य काॅरिडोर की नींव भी रखी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन प्रोजेक्टों का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनके पूरा होने के बाद दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को विस्तार मिलेगा। आवाजाही निर्बाध होने से सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी। इससे आबोहवा भी साफ होगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें