जहांगीरपुरी में सच पता लगाने के लिए टीम भेजेगी टीएमसी
शशि थरूर ने भी सरकार को घेरा
जहांगीरपुरी पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी
अतिक्रमण हटाने के लिए लोगों ने खुद संभाला मोर्चा
जहांगीरपुरी इलाके में मंदिर के आसपास अतिक्रमण हटाया जा रहा है। जिसे लोग खुद हटा रहे हैं।
गुंडागर्दी और लफंगई बंद करने के लिए भाजपा मुख्यालय में चला दो बुलडोजर
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अराजकता का माहौल बना रखा है। यह पार्टी हर तरफ गुंडई और लफंगई का नाम बन गई है। अगर इस गुंडागर्दी और लफंगई को बंद करना है तो इसका सरल तरीका है कि भाजपा के मुख्यालय में बुलडोजर चला दो। लफंगों के मुख्यालयों में अपने आप बुलडोजर चल जाएगा।
तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया आरोपी गुलाम रसूल उर्फ गुल्ली और दिलशाद
हिंसा मामले में एक आरोपी के वकील राजेश कौशिक ने बताया कि आरोपी गुलाम रसूल उर्फ गुल्ली और दिलशाद को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। दोनों को आज अदालत में पेश किया गया।
बुलडोजर की कार्रवाई पर भाजपा और राहुल गांधी आमने-सामने
ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया रोकने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से मीडियाकर्मियों को हटा दिया है। अब एक बार फिर सुरक्षा बल पूरे इलाके में तैनात हैं और हालात सामान्य करने की कोशिश में हैं।
पुलिस ने जहांगीरपुरी में मंदिर और मस्जिद दोनों के पास बुलडोजर से कार्रवाई की है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जब यह कार्रवाई रोकी गई है तो धार्मिक स्थल के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही इलाके की दुकानें एक बार फिर बंद हो गई हैं।
जमीयत उलमा-ए-हिंद के सचिव नियाज अहमद फारूकी ने कहा कि, हमारे पास जानकारी थी कि जहांगीरपुरी में तोड़फोड़ का कार्य चल रहा है। हमने एनडीएमसी के मेयर, पुलिस, चीफ सेक्रेटरी को नोटिस भेज तोड़फोड़ रोकने के लिए कहा। नियाज अहमद का कहना है कि ऐसा करके आप सिर्फ दंगाइयों को फायदा पहुंचा रहे हैं। सरकार को इस तरह एक समुदाय को टारगेट नहीं करना चाहिए। मैं गृहमंत्री से आग्रह करता हूं कि वो यह तोड़फोड़ रोकें।
जहांगीरपुरी में हुई बुलडोजर की कार्रवाई के बाद असदुद्दीन ओवैसी ने सत्तासीन पार्टियों भाजपा और आप को इतिहास याद दिलाया और चेताया कि शक्ति शास्वत नहीं है। यह कभी इसके किसी के हाथ में होती है तो कभी किसी के हाथ में। उन्होंने ट्वीट किया कि भाजपा और आप याद रखें कि जो लोग 1976 में सत्ता में थे वो अब नहीं हैं।
कोर्ट का आदेश देखने के बाद बुलडोजर अब तोड़फोड़ की कार्रवाई रोक चुके हैं। अब जहांगीरपुरी में रास्ते में पड़े मलबे को हटाने का काम चल रहा है।
वृंदा करात से मिलने और सुप्रीम कोर्ट का आदेश जानने के बाद स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक ने कहा है कि करात ने उन्हें न्यायालय के आदेश के बारे में बताया है। अब बुलडोजर की कार्रवाई रोक दी गई है।
स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक से बात करने के बाद वृंदा करात ने मीडिया से बात की और कहा कि वह यहां सिर्फ इसलिए आई थीं क्योंकि कोर्ट के आदेश के बाद भी ध्वस्तीकरण का काम जारी रहा तो ये मेरी जिम्मेदारी थी कि इसे रुकवाया जाए।
सुप्रीम कोर्ट में जिस याचिका पर सुनवाई के बाद जहांगीरपुरी में यथास्थिति बनाए रखने का आदेश जारी हुआ है उसी की एक याचिकाकर्ता नेता वृंदा करात यहां पहुंची हुई हैं। उन्होंने बुलडोजर के सामने खड़े होकर कार्रवाई को रुकवाया है। उन्होंने यहां स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक से बात कर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानकारी दी है।
जहांगीरपुरी में जामा मस्जिद के सामने से अतिक्रमण को हटाने के बाद अब मंदिर के सामने से अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। हालांकि इस दौरान जहांगीरपुरी में फिर पथराव हो गया। मंदिर के पास कार्रवाई के दौरान कुछ पत्थर फेंके गए हैं। पुलिस ने एक पत्थर फेंकने वाले को हिरासत में ले लिया है।
वृंदा करात जहांगीरपुरी पहुंची हैं और उनका कहना है कि वह सुप्रीम कोर्ट का आदेश लेकर अधिकारियों से मिलने आई हैं। उनका कहना है कि निगम के अधिकारी जिस तरह सुप्रीम कोर्ट के आदेश की धज्जियां उड़ा रहे हैं उसे रोकने के लिए वो यहां आई हैं।
जहांगीरपुरी इलाके में मंदिर से लेकर मस्जिद के बीच के रास्ते में जो भी अवैध निर्माण है उस पर बुलडोजर चलाया गया है।
एमसीडी ने कार्रवाई जारी रखते हुए मस्जिद के नीचे जो अवैध दुकानें थीं उन्हें तोड़ दिया है।
उत्तरी नगर निगम के मेयर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि हमें जैसे ही सुप्रीम कोर्ट का आदेश प्राप्त होगा, हम वैसे ही कार्रवाई रोक देंगे।
अतिक्रमण को हटाने के लिए निगम कई बुलडोजर लेकर आया था जिसमें कई बुलडोजरों ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानकारी होने के बाद कार्रवाई पर रोक लगा दी है, वहीं कई बुलडोजर अब भी काम जारी रखे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अभी तक कोई औपचारिक आदेश नहीं मिला है, इसीलिए जहांगीरपुरी के सी-ब्लॉक में अवैध निर्माण गिराए जाने का कार्य जारी है।
नॉर्थ एमसीडी के कमिश्नर ने कहा है कि, हमें अभी सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बारे में पता चला है। हम पहले आदेश को पढ़ेंगे फिर उसके अनुसार काम करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट ही नहीं दिल्ली हाईकोर्ट में भी अतिक्रमण हटाने के अभियान के खिलाफ याचिका डाली गई है, जिसकी सुनवाई के लिए उच्च न्यायालय तैयार हो गया है। हालांकि हाईकोर्ट ने कहा है कि वह याचिका पर सुनवाई जरूर करेगा लेकिन इस स्थिति में मामले में कोई दखल नहीं देगा।
जैसे-जैसे सुप्रीम कोर्ट के आदेश की बात एमसीडी के अधिकारियों को मिल रही है वह उसके अनुसार काम कर रहे हैं। अब इलाके में मलबा हटाने का काम भी बंद कर दिया गया है। इस बात की पुष्टि निगम के कमिश्नर ने की है।
एमसीडी के बुलडोजरों ने कई मकानों का अवैध हिस्सा गिरा दिया है, जबकि जितना हिस्सा वैध था वह छोड़ दिया गया है।
एक बुलडोजर चालक ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि जो भी झुग्गियां और दुकानें सड़क पर बनाए गए हैं उन्हें हटाया जाएगा।
एमसीडी की कार्रवाई में जिन दुकानों को हटाया जा रहा है उनमें से एक को चलाने वाली महिला ने सवाल किया कि क्या 15 साल से नगर निगम को अवैध दुकान नहीं दिखाई दे रही थी। हिंदू मुस्लिम के झगड़े में हमारी दुकान को तोड़ दिया, पहले क्यों नहीं तोड़ा?
उत्तरी नगर निगम के मेयर राजा इकबाल सिंह ने इस अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई को लेकर कहा है कि यह अभियान पूरी दिल्ली में चलाया जाएगा। पहले भी हमने इस अभियान के लिए सुरक्षा की मांग की थी लेकिन किसी कारणवश कोई एक्शन नहीं लिया गया।
जहांगीरपुरी में पहुंचे एमसीडी के बुलडोजर ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है और कई अवैध दुकानें गिरा भी दी हैं। इस दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है।
जहांगीरपुरी के जिस इलाके में दंगा हुआ था वहां आज एमसीडी अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई करेगी। इसके तहत इलाके में नगर निगम का बुलडोजर पहुंच गया है।
दिल्ली के स्पेशल सीपी दीपेंद्र पाठक भी जहांगीरपुरी के हालात का जायजा लेने इलाके में पहुंचे हैं। उन्होंने एमसीडी की कार्रवाई से पहले इलाके के माहौल का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हम नगर निगम को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के लिए पूरी सुरक्षा मुहैया कराएंगे। इस वक्त इलाके में पर्याप्त पुलिस बल तैनात हैं। हमारा पूरा फोकस लॉ एंड ऑर्डर को बनाए रखने पर है।
दिल्ली पुलिस ने जिस इलाके में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होनी है उस पूरे इलाके में बुधवार सुबह फ्लैग मार्च किया। पुलिस नहीं चाहती कि किसी भी हालत में इलाके में दोबारा तनाव का माहौल बने या हिंसा की कोई भी घटना हो।
उत्तर पश्चिमी दिल्ली की डीसीपी ऊषा रंगनानी ने सुबह ही जहांगीरपुरी पहुंच कर एमसीडी की होने वाली कार्रवाई को देखते हुए इलाके की समीक्षा की।
नगर निगम द्वारा अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई होने के चलते बुधवार सुबह से ही जहांगीरपुरी इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात हैं। पिछली पत्थरबाजी व विरोध की घटनाओं को देखते हुए आज छत से लेकर सड़क तक भारी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
नगर निगम द्वारा की जाने वाली कार्रवाई से स्थानीय लोग परेशान हैं। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि वह लोग यहां कबाड़ का सामान इकट्ठा करते हैं। लेकिन अब हमें पता चला है कि बुलडोजर आने वाला है इसलिए हम अपना सामान यहां से हटा रहे हैं।