फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Excise Policy: मनीष सिसोदिया से पूछताछ खत्म, लगभग नौ घंटों तक सीबीआई ने किए सवाल

Mon, 17 Oct 2022 09:17 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

CBI Interrogate to Manish Sisodia News in Hindi: राजधानी दिल्ली में आबकारी नीति बनाने और उसे लागू करने के कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पेशी के लिए सीबीआई के दफ्तर पहुंचे। जहां उनसे करीब नौ घंटे तक पूछताछ हुई।
विज्ञापन
मनीष सिसोदिया (फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:15 PM, 17-Oct-2022

सीबीआई दफ्तर से निकलने के बाद सिसोदिया बोले, 'सारे केस फर्जी'

सीबीआई दफ्तर से निकलने के बाद मनीष सिसोदिया ने कहा कि सारे केस फर्जी हैं, ऑपरेशन लोटस को सफल बनाने के लिए यह मामला बनाया गया। उन्होंने कहा कि आबकारी नीति में कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ है।

08:45 PM, 17-Oct-2022

पूछताछ के बाद सीबीआई दफ्तर से बाहर निकले सिसोदिया

दिल्ली में आबकारी नीति बनाने और उसे लागू करने के कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में पूछताछ के लिए सीबीआई दफ्तर पहुंचे मनीष सिसोदिया बाहर निकल आए हैं। उनसे करीब नौ घंटे तक पूछताछ हुई। 

08:41 PM, 17-Oct-2022

महान स्वतंत्रता सेनानी की एक शराब घोटाले के भ्रष्टाचारी से तुलना असहनीय: आदेश गुप्ता

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि जब से सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को हजारों करोड़ के शराब घोटाले में समन किया है, तभी से सत्ता के नशे में चूर सीएम अरविंद केजरीवाल अपने भ्रष्टाचारी डिप्टी सीएम की तुलना भगत सिंह से कर शहीद-ए-आजम का अपमान कर रहे हैं। किसी महान स्वतंत्रता सेनानी की एक शराब घोटाले के भ्रष्टाचारी से तुलना असहनीय है।
 

विज्ञापन
07:38 PM, 17-Oct-2022

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा भड़के

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा, 'मुझे दुख है कि स्वतंत्रता संग्राम के ए, बी, सी को नहीं जानने वाले भगत सिंह की तुलना मनीष सिसोदिया जैसे भ्रष्ट व्यक्ति से कर रहे हैं। उन्होंने इसे शर्मनाक बताया है। 
 

06:58 PM, 17-Oct-2022

सिसोदिया से पिछले सात घंटे से पूछताछ जारी

दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से पिछले सात घंटे से पूछताछ जारी है। सिसोदिया सुबह लगभग 11.15 बजे सीबीआई मुख्यालय पहुंचे थे। वहां पहुंचने के बाद उनसे करीब 11.30 बजे पूछताछ शुरू हुई थी। 

विज्ञापन
05:51 PM, 17-Oct-2022

भाजपा सांसद प्रवेश साहिब ने केजरीवाल पर बोला हमला

भाजपा सांसद प्रवेश साहिब ने ट्विटर पर लिखा, 'अन्ना ने केजरीवाल को जेल भरो आंदोलन करने को बोला था। आज पूरी कर्मठता और निष्ठा के साथ सभी नेता उसमें लग गए है। कोई हवाला करने में, कोई दिल्ली दंगा कराने में, कोई घर में अवैध हथियार रखने में तो कोई शराब घोटाले में, एक-एक करके जेल भर रहे हैं।'

05:10 PM, 17-Oct-2022

मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर गुजरात की जनता की हिम्मत नहीं तोड़ सकते: दिलीप पांडे

आप विधायक दिलीप पांडे ने कहा कि मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर गुजरात की जनता की हिम्मत नहीं तोड़ सकते, वह बदलाव के लिए तैयार हैं। आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे तो जनता भाजपा का सफाया कर चुकी होगी। उन्होंने आगे कहा, 'भाजपा का एक ही लक्ष्य है कि मनीष सोसिदिया किसी भी हाल में गुजरात का प्रचार करने ना जा पाएं। लेकिन भाजपा जान ले, कि मनीष सिसोदिया एक विचार के रूप में गुजरात के घर-घर में पहुंच चुके हैं। भाजपा की इस हरकत को पूरा गुजरात, दिल्ली और पूरा देश देख रहा है।

03:57 PM, 17-Oct-2022

केजरीवाल का दावा- मनीष सिसोदिया को किया गिरफ्तार

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि पूछताछ के लिए बुलाए गए मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'गुजरात आकर मनीष सिसोदिया ने कहा था कि दिल्ली जैसे स्कूल गुजरात के गांव-गांव में बनायेंगे। आज इन्होंने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया। जब आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे, तब जेल के ताले टूटेंगे मनीष सिसोदिया छूटेंगे। क्योंकि अब आम आदमी पार्टी के लिए गुजरात की पूरी जनता प्रचार करेगी।'
 

01:30 PM, 17-Oct-2022

आप सांसद संजय सिंह समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

दिल्ली आबकारी नीति मामले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से सीबीआई पूछताछ को लेकर प्रदर्शन कर रहे कई आप नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जिसमें आप सांसद संजय सिंह समेत अन्य कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।  

01:03 PM, 17-Oct-2022

नेहरू स्टेडियम के पास बढ़ रही आप कार्यकर्ताओं की भीड़

जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के पास आप कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ रही है। पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए बैरीकेडिंग की है। साथ ही सीबीआई दफ्तर तक जाने की मनाही है। फिलहाल सड़क पर आप कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है।

12:30 PM, 17-Oct-2022
सीबीआई दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करते आप सांसद व विधायक - फोटो : अमर उजाला

सीबीआई दफ्तर के बाहर आप के सांसदों और विधायकों ने शुरू किया प्रदर्शन

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से सीबीआई पूछताछ को लेकर आम आदमी पार्टी के सांसदों व विधायकों ने सीबीआई दफ्तर के पास विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इस दौरान सांसद संजय सिंह समेत अन्य आप नेता मौजूद रहे। उन्होंने मोदी-शाह होश में आओ गद्दी अपनी छोड़ के जाओ के नारे लगाकर विरोध प्रकट किया।

12:17 PM, 17-Oct-2022

केजरीवाल बोले- आठ दिसंबर तक सिसोदिया को रखेंगे जेल

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि आठ दिसंबर को गुजरात के नतीजे आयेंगे। ये लोग तब तक मनीष को जेल में रखेंगे। ताकि मनीष गुजरात चुनाव में प्रचार के लिए ना जा पायें।

11:59 AM, 17-Oct-2022

हम भगत सिंह के लोग है, हम जेल जाने से नहीं डरते: आप

वहीं, आम आदमी पार्टी के ट्विटर से ट्वीट करके लिखा कि गुजरात के लोगों की अच्छे स्कूल बनने की उम्मीद मज़बूत हुई है इसलिए ये मुझे जेल में डालना चाहते हैं
हम भगत सिंह के लोग है, हम जेल जाने से नहीं डरते। देश कुर्बानी मांग रहा है और हम तैयार हैं। बीजेपी गुजरात चुनाव हार रही है इसलिए ये डर गए हैं।

 

11:47 AM, 17-Oct-2022

ऐसा लग रहा है कि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार का विश्व कप जीत लिया: पात्रा

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि मनीष सिसोदिया आज जिस तरह से अपने समर्थकों के साथ सड़कों पर खुली कार में नारे लगा रहे थे, ऐसा लगता है कि आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार का विश्व कप जीत लिया है। नवाब मलिक, संजय राउत और सत्येंद्र जैन जेल में हैं। 

11:35 AM, 17-Oct-2022

केजरीवाल और सिसोदिया महाभ्रष्टाचारी निकले: पात्रा

पात्रा ने कहा कि भ्रष्टाचार में आप नंबर वन है। मनीष सिसोदिया ने भाजपा के छह सवालों का जवाब नहीं दिया। जो भ्रष्टाचार मुक्ति का सपना दिखाकर आए थे वो ही भ्रष्ट हैं। पात्रा ने कहा कि भ्रष्टाचार जायज नहीं है। केजरीवाल और सिसोदिया महाभ्रष्टाचारी निकले।

11:25 AM, 17-Oct-2022

ये आम आदमी पार्टी का जश्न-ए-भ्रष्टाचार: भाजपा

उधर, भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरह आप नौटंकी कर रही है। आप सुबह से ड्रामा कर रही है। ये आम आदमी पार्टी का जश्न-ए-भ्रष्टाचार है। सिसोदिया पर हमला करते हुए पात्रा ने कहा कि कोई आदमी खुद को भ्रष्ट नहीं बताता। भ्रष्ट हमेशा खुद को साफ होने की बात कहता है। 

11:21 AM, 17-Oct-2022

CBI दफ्तर पहुंचे डिप्टी सीएम सिसोदिया

राजधानी दिल्ली में आबकारी नीति बनाने और उसे लागू करने के कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पेशी के लिए सीबीआई के दफ्तर पहुंच गए हैं। मां का आशीर्वाद लेकर और पत्नी से तिलक लगवाकर मनीष सिसोदिया घर से निकले थे।

11:18 AM, 17-Oct-2022

गुजरात का हर व्यक्ति आज 'आप' का प्रचार कर रहा: केजरीवाल

वहीं, अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मनीष के घर रेड में कुछ नहीं मिला, बैंक लॉकर में कुछ नहीं मिला। उन पर केस बिलकुल फर्जी है। उन्हें चुनाव प्रचार के लिए गुजरात जाना था। उसे रोकने के लिए उन्हें गिरफ्तार कर रहे हैं। पर चुनाव प्रचार रुकेगा नहीं। गुजरात का हर व्यक्ति आज 'आप' का प्रचार कर रहा है।

11:14 AM, 17-Oct-2022

 ये केस पूरी तरह से फर्जी है: सिसोदिया

सिसोदिया ने दूसरे ट्वीट में लिखा कि जब-जब मैं गुजरात गया, मैंने गुजरात के लोगों को यही कहा कि हम गुजरात में भी आपके बच्चों के लिए दिल्ली जैसे शानदार स्कूल बनाएंगे। लोग बहुत खुश हैं। लेकिन ये लोग नहीं चाहते कि गुजरात में भी अच्छे स्कूल बनें, गुजरात के लोग भी पढ़ें और तरक्की करें। लेकिन मेरे जेल जाने से गुजरात का चुनाव प्रचार रुकेगा नहीं। आज हर गुजराती खड़ा हो गया है। अच्छे स्कूल, अस्पताल, नौकरी, बिजली के लिए गुजरात का बच्चा बच्चा अब चुनाव प्रचार कर रहा है। गुजरात का आने वाला चुनाव एक आंदोलन होगा। मेरे खिलाफ एक पूरी तरह से फर्जी केस बनाया हुआ है। मेरे घर रेड की, कुछ नहीं मिला, मेरे सारे बैंक लॉकर देखे, कुछ नहीं मिला, मेरे गांव में जाकर  सारी जांच की, कुछ नहीं मिला। ये केस पूरी तरह से फर्जी है।
 

11:09 AM, 17-Oct-2022

'इनका मकसद मुझे गुजरात चुनाव प्रचार में जाने से रोकना'

वहीं, आज सुबह मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करते हुए भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मेरे खिलाफ पूरी तरह से फर्जी केस बनाकर इनकी तैयारी मुझे गिरफ्तारर करने की है। मुझे आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के लिए गुजरात जाना था। ये लोग गुजरात बुरी तरह से हार रहे हैं। इनका मकसद मुझे गुजरात चुनाव प्रचार में जाने से रोकना है।

11:05 AM, 17-Oct-2022

सीबीआई ने मामले में कई लोगों से की पूछताछ

बता दें कि सीबीआई ने इस मामले में इंडो स्पिरिट्स के मालिक समीर महेंद्रू, गुरुग्राम में बडी रिटेल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अमित अरोड़ा और इंडिया अहेड न्यूज के प्रबंध निदेशक मूथा गौतम सहित कई लोगों से पूछताछ की है।

10:59 AM, 17-Oct-2022

मनीष और सत्येंद्र आज के भगत सिंह हैं: केजरीवाल

वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया के ट्वीट को री-ट्वीट कर लिखा है कि जेल की सलाखें और फांसी का फंदा भगत सिंह के बुलंद इरादों को डिगा नहीं पाये, ये आजादी की दूसरी लड़ाई है। मनीष और सत्येंद्र आज के भगत सिंह हैं। साथ ही कहा, 75 साल बाद देश को एक शिक्षा मंत्री मिला, जिसने गरीबों को अच्छी शिक्षा देकर सुनहरे भविष्य की उम्मीद दी। केजरीवाल ने आगे लिखा, करोड़ों गरीबों की दुआएं आपके साथ है।

10:53 AM, 17-Oct-2022

मेरे घर पर 14 घंटे CBI रेड कराई, कुछ नहीं निकला: सिसोदिया

सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, सिसोदिया को सोमवार सुबह 11 बजे जांच एजेंसी के मुख्यालय में पेश होने को कहा गया है। वहीं मनीष सिसोदिया ने सीबीआई की पूछताछ को लेकर ट्वीट भी किया है। उन्होंने लिखा है कि मेरे घर पर 14 घंटे CBI रेड कराई, कुछ नहीं निकला। मेरा बैंक लॉकर तलाशा, उसमें कुछ नहीं निकला। मेरे गांव में इन्हें कुछ नहीं मिला, अब इन्होंने कल 11 बजे मुझे CBI मुख्यालय बुलाया है। मैं जाऊंगा और पूरा सहयोग करूंगा। सत्यमेव जयते।

10:47 AM, 17-Oct-2022

सिसोदिया के सरकारी आवास के आसपास धारा 144 लागू

दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के सरकारी आवास के आसपास धारा 144 लगाई। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सुबह आप आम आदमी पार्टी के करीबन 20 -25 कार्यकर्ता उप मुख्यमंत्री के आवास के पास पहुंचकर नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को तितर बितर कर दिया। गौरतलब है कि सीबीआई ने उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आज 11 बजे पूछताछ के लिए बुलाया है।

10:40 AM, 17-Oct-2022

Delhi Excise Policy: मनीष सिसोदिया से पूछताछ खत्म, लगभग नौ घंटों तक सीबीआई ने किए सवाल

राजधानी में आबकारी नीति बनाने और उसे लागू करने के कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में सीबीआई ने पूछताछ के लिए आज 11 बजे दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को तलब किया है। मां का आशीर्वाद लेकर और पत्नी से तिलक लगवाकर मनीष सिसोदिया घर से निकल गए हैं। सिसोदिया महात्मा गांधी की समाधि और राजघाट जा पहुंचे हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें