कोर्ट में दोनों पक्षों की दलीलें पूरी हो गई हैं। हालांकि कोर्ट ने अभी मनीष सिसोदिया की रिमांड पर फैसला सुरक्षित रखा गया है। माना जा रहा है कि कोर्ट थोड़ी देर में फैसला सुनाएगी।
सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को राउज एवन्यू कोर्ट में पेश किया। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई की टीम ने पांच दिन की रिमांड मांगी है।
सीबीआई टीम मनीष सिसोदिया को लेकर कोर्ट के लिए निकली। सिसोदिया थोड़ी देर में राउज एवन्यू कोर्ट में पेश होंगे।
प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के करीब 70 नेताओं को पुलिस ने अब तक हिरासत में लिया है। पार्टी दफ्तर में मौजूद कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी कर रहे हैं।
सीबीआई द्वारा दिल्ली के डिप्टी सीएम की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी ऑफिस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात हैं।
पुलिस ने आप दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि इलाके में धारा 144 लागू है और प्रदर्शन की इजाजत नहीं है। पुलिस आप दफ्तर के अंदर पहुंच गई।
दिल्ली की रॉउज एवन्यू कोर्ट में सीबीआई स्पेशल जज एम के नागपाल की कोर्ट में मनीष सिसोदिया की तरफ से उनका पक्ष रखने वकील मोहित माथुर और सिद्धार्थ अग्रवाल पहुंचे हैं।
दिल्ली में शराब नीति मामले में दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी का आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई।
दिल्ली में पार्टी कार्यालय के बाहर आप नेता काला रिबन बांधकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान आप कार्यकर्ता जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। पुलिस और आर कार्यकर्ताओं के बीच धक्का मुक्की हो गई है।
पंजाब में भाजपा कार्यालय के बाहर आम आदमी पार्टी ने मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया।
बेंगलुरु में भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ भोपाल में आप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
फतेहपुर बेरी थाने से आप नेताओं को छोड़ दिया गया है। जिसके बाद सभी नेता पार्टी ऑफिस पहुंच गए हैं। बता दें कि कल आप के 36 नेताओं को पुलिस ने धारा 144 का उल्लंघन करने पर हिरासत में लिया था।
आप मुख्यालय के बाहर आप कार्यकर्ताओं ने मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। चंडीगढ़, भोपाल में आम आदमी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भोपाल पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।
भीष्म पितामह मार्ग पर साईं बाबा मंदिर के पास बैरिकेड लगाकर पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही है। हर गाड़ी को चेक किया जा रहा है और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को सीबीआई मुख्यालय की तरफ नहीं जाने दिया जा रहा है। पुलिसकर्मी सुबह पांच बजे से यहां तैनात हैं।
दिल्ली के आईटीओ लोकेशन में स्थित आम आदमी पार्टी के मुख्यालय के आसपास दिल्ली पुलिस के द्वारा धारा 144 लगाई गई है। वहीं, सेंट्रल दिल्ली के आसपास अर्ध सैनिक बलों और दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।
सांसद संजय सिंह और मंत्री गोपाल राय समेत 36 आप नेताओं को पुलिस हिरासत से छोड़ा जा रहा है। कल धारा 144 का उल्लंघन करने पर उन्हें हिरासत में लिया गया था।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि कल मनीष सिसोदिया को फर्जी केस में गिरफ्तार करने के बाद आज फिर पीएम मोदी ने आप के ऑफिस के बाहर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। भाजपा को किस बात का डर है? आप के हाथों अपने अंत का?
मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी को देखते हुए दिल्ली में अलर्ट बना हुआ है। सभी थाना पुलिस को इलाके में रहने के लिए बोला गया है। आज मनीष सिसोदिया की कोर्ट में पेशी है। सीबीआई मुख्यालय को छावनी में तब्दील किया हुआ है। सभी रास्ते बंद किए हुए हैं।
मनीष सिसोदिया को आज दोपहर दो बजे के बाद राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिसोदिया को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी कोर्ट में पेश किया जा सकता है। कानून व्यवस्था को देखते हुए ऐसा किया जा सकता है।
आप नेता संजय सिंह और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को रविवार से फतेहपुर बेरी थाने में हिरासत में रखा गया है। जहां उन्होंने सिसोदिया की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
आम आदमी पार्टी के आज विरोध प्रदर्शन को देखते हुए आप दफ्तर के बाहर सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है। बता दें कि आप पार्टी ने सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ आज दोपहर 12 बजे भाजपा मुख्यालय का घेराव करने का प्लान बनाया है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो ने 2021-22 की नई आबकारी नीति लागू करने के मामले में कथित भ्रष्टाचार को लेकर मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी की है। सबूत मिटाने, खातों में हेरफेर, भ्रष्टाचार, अनुचित लाभ देने और लेने का आरोप लगाया गया है। मामले में जब भ्रष्टाचार के आरोप लगे तो दिल्ली सरकार ने अपनी नई नीति को ही वापस ले लिया और फिर से निजी हाथों की जगह सरकारी निगमों को शराब बिक्री करने की इजाजत दे गई। यानि कि पूरी योजना को ही सरकार ने वापस ले लिया था। तब से विपक्ष यह सवाल उठा रहा था कि जब आबकारी नीति में भ्रष्टाचार नहीं हुआ था तो पूरी योजना क्यों वापस लेने पर सरकार मजबूर हुई। दाल में कहीं न कहीं काला तो है।