तीन दिन के लिए विपक्ष के 21 विधायक सस्पेंड
विधानसभा स्पीकर ने सदन की तीन सिटिंग के लिए विपक्ष के 21 विधायकों को सस्पेंड किया। इसमें आज का दिन भी शामिल है। अब सोमवार तक सदन की कार्रवाई में शामिल नहीं हो सकेंगे। इसमें आम आदमी पार्टी के सभी विधायक शामिल हैं।
दो दिन के लिए बढ़ा विधानसभा का सत्र
विधानसभा का सत्र 2 दिन और बढ़ाया गया है। शुक्रवार और सोमवार को भी सदन चलेगा। शुक्रवार को दोपहर 2 बजे और सोमवार को सुबह 11 बजे बैठक शुरू होगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का फरीदाबाद में रोड शो
फरीदाबाद में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 28 फरवरी को रोड शो करेंगी। शुक्रवार को सुबह 9 बजे बल्लभगढ़ पहुंचेंगीं। बल्लभगढ़ की चावला कालोनी से 100 फुट रोड से होते हुए भगत सिंह कालोनी बोहरा रोड तक किया जाएगा। रोड शो का आयोजन भाजपा से मेयर पद की प्रत्याशी प्रवीण बतरा जोशी और वार्ड 41 में पार्षद पद के उम्मीदवार महेश गोयल सहित भाजपा के सभी पार्षद उम्मीदवारों के लिए जनता से वोट की अपील करेंगी।।
'बाबा साहब की फोटो वापस लगाई जाए'
दिल्ली विधानसभा के बाहर प्रदर्शन कर रहे आप विधायक संजीव झा ने कहा कि कल दिल्ली विधानसभा के मुख्यमंत्री कक्ष में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की फोटो हटाकर प्रधानमंत्री मोदी की फोटो लगा दी गई। इससे मैं और पूरा देश आहत हैं। हमारी मांग थी कि बाबा साहब की फोटो वापस वहीं लगा दी जाए। लेकिन हमने जैसे ही यह मांग उठाई तो हमें सदन से बाहर कर दिया गया।
विधानसभा स्पीकर ने की विपक्ष के विधायकों पर कार्रवाई
दिल्ली विधानसभा से निलंबित किए गए नेता प्रतिपक्ष आतिशी समेत आप विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने नेता प्रतिपक्ष आतिशी समेत आप के 11 विधायकों को निलंबित कर दिया है।
कैग रिपोर्ट पर क्या बोले विजेंद्र गुप्ता, विधानसभा में चर्चा
दिल्ली विधानसभा में कैग रिपोर्ट पेश होने पर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट ने कैग रिपोर्ट को लेकर बेहद गंभीर टिप्पणियां की थी। कैग रिपोर्ट को पेश करने में लापरवाही बरती गई। कैग को जानबूझ कर रोके रखा। एलजी के पास समय रहते रिपोर्ट को नहीं भेजा गया था। आज एक रिपोर्ट पेश की गई है। रिपोर्ट कई हैं। मैं चाहता हूं कि हर विभाग की रिपोर्ट पर अलग-अलग चर्चा हो। आने वाले सत्र में दूसरी रिपोर्ट रखी जाएंगी।
'पीएम नरेंद्र मोदी, डॉ. बाबासाहब भीमराव अंबेडकर से बड़े हैं'
पूर्व मुख्यमंत्री और दिल्ली की नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि भाजपा ने सभी कार्यालय से डॉ. बाबासाहब भीमराव अंबेडकर की फोटो की जगह पीएम नरेंद्र मोदी की तस्वीर लगा दी है। क्या बीजेपी को लगता है कि पीएम नरेंद्र मोदी, डॉ. बाबासाहब भीमराव अंबेडकर से बड़े हैं? जब हमने डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर के नाम के नारे विधानसभा में लगाए तो आप के विधायकों को निष्कासित कर दिया गया। जब बीजेपी के विधायकों ने मोदी जी के नारे लगाए तो उन्हें छुआ भी नहीं गया। इसका मतलब है कि बीजेपी को डॉ. बाबासाहब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर से नफरत है और उनके नाम से नफरत है। इस अहंकार का जवाब देश की जनता उन्हें देगी।
विधानसभा में कैग रिपोर्ट पेश
दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कैग रिपोर्ट पेश की है। आबकारी विभाग पर सीएजी रिपोर्ट पेश की गई है।
विधानसभा के बाहर आप के विधायकों का प्रदर्शन
उपराज्यपाल का अभिभाषण समाप्त हो गया है। उन्होंने भाजपा सरकार की भावी योजना का उल्लेख करते हुए आम आदमी पार्टी की पिछली सरकार की नाकामियों की भी चर्चा की है। विधानसभा के बाहर आम आदमी पार्टी के सभी विधायक बाहर बैठ गए हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं।
आप नेता आतिशी ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
इस वजह से सस्पेंड हुए आप से सभी विधायक
उपराज्यपाल के अभिषाषण के शुरू होते ही आम आदमी पार्टी के विधायकों ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कार्यालय से भीमराव अंबेडकर की फोटो हटाने का विरोध करना शुरू किया। इसके चलते विधानसभा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी के 12 विधायकों को पूरे दिन के लिए निष्कासित किया।
सबसे पहले विधानसभा में हंगामे पर विपक्ष को मार्शल के द्वारा बाहर निकाला गया। इसमें नेता प्रतिपक्ष आतिशी, जनरैल, विशेष रवि, सोमदत्त समेत पांच सदस्यों को दिन भर के लिए निष्कासित कर दिया गया।
दिल्ली विधानसभा में उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने कहा कि मेरी सरकार लोगों के प्रति समर्पित है। यमुना की सफाई मेरी सरकार की पहली प्राथमिकता होगी। वहीं सड़क-पानी की सुविधा पर ज्यादा काम होगा। दिल्ली को सबसे स्वच्छ मेट्रो बनाना है। एलजी ने दिल्ली सरकार को भ्रष्टाचार मुक्त करने का वादा किया।
एलजी का अभिभाषण, आम आदमी पार्टी के 12 विधायक दिनभर के लिए सस्पेंड
दिल्ली विधानसभा में उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण के साथ ही दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हुई। इसी बीच आम आदमी पारटी के विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद नेता प्रतिपक्ष आतिशी समेत 12 विधायकों को दिनभर के लिए सदन से निष्कासित कर दिया गया है।
सीएजी रिपोर्ट पर मनजिंदर सिंह सिरसा क्या बोले
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए घोटाले जो कैग रिपोर्ट द्वारा सामने आए थे जिसको पिछले 3 साल से उन्होंने दबा रखा था। ऐसी 14 रिपोर्ट आज पेश की जाएंगी। अरविंद केजरीवाल ने इतने समय तक इसलिए दबा रखा था क्योंकि उन्होंने जो लूटा था वो कैग ने हाईलाइट करके निकाल लिया था और उन्हें पता था कि अगर रिपोर्ट सामने आ जाएगी तो उनकी लूट, घोटाले और भ्रष्टाचार सामने आ जाएंगे।
सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली विधानसभा में एक बैठक हुई। जिसमें सभी मंत्री और बीजेपी के सभी विधायक मौजूद रहे।
'आज 10-12 साल के हिसाब का चलेगा पता'
दिल्ली विधानसभा में सीएजी रिपोर्ट पेश होने से पहले भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि जिस तरह से उन्होंने (आप) दिल्ली के बजट का दुरुपयोग किया है। आज सीएजी रिपोर्ट के जरिए दिल्ली की जनता को पता चलेगा कि 10-12 साल तक सत्ता में रहने वाले व्यक्ति ने उनके लिए क्या किया है।
'एक-एक कर पेश होंगी 14 कैग रिपोर्ट'
दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आज अरविंद केजरीवाल सरकार के घोटालों को उजागर करने वाली कैग रिपोर्ट पेश हो रही है। अरविंद केजरीवाल ने पिछले तीन सालों से इसे छिपाकर रखा था। एक-एक करके 14 ऐसी रिपोर्टें पेश की जाएंगी। अरविंद केजरीवाल ने इतने समय तक रिपोर्ट को छिपाए रखा क्योंकि उन्हें पता था कि उनकी लूट, घोटाले और भ्रष्टाचार उजागर हो जाएंगे।
दिल्ली विधानसभा में कैग रिपोर्ट पेश होने से पहले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कैग रिपोर्ट से अरविंद केजरीवाल की आप-दा पार्टी के भ्रष्टाचार का खुलासा होगा।
'कैग रिपोर्ट आप के काले कारनामे का चिट्ठा'
सीएजी रिपोर्ट पेश होने से पहले दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि सीएजी रिपोर्ट आप के काले कारनामे का चिट्ठा है। हमने चुनाव में वादा किया था। जिस-जिस ने भ्रष्टाचार किया है। उसे जवाब देना पड़ेगा। तो आज हम उम्मीद करते हैं कि उपराज्यपाल के भाषण के बाद सीएजी रिपोर्ट पेश की जाएगी। तो जितने भी इनके काले कारनामे हैं वो दिल्ली की जनता के सामने आ जाएंगे।
कैग रिपोर्ट पेश होने से पहले क्या बोले मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह
दिल्ली के मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह ने रविदास मंदिर में पूजा की। दिल्ली विधानसभा में आज पेश की जाने वाली सीएजी रिपोर्ट के संबंध में दिल्ली के मंत्री रविंदर इंद्राज सिंह ने कहा कि सीएजी रिपोर्ट के बारे में आप सभी जानते हैं। आपदा की सरकार के सारे मंत्री जेल जा चुके हैं। इनके पास जितने भी मंत्रालय थे। उसकी कैग रिपोर्ट के रूप में आज स्पष्टता आने वाली है तो रिपोर्ट में जो भी आएगा वो सबके सामने होगा। थोड़ा-सा इंतजार कीजिए आज खुलासा हो जाएगा।
सीएम के आवास के बाहर लोगों की भीड़
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिलने उनके आवास के बाहर लोग एकजुट हो गए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता लोगों से मुलाकात कर रही हैं। बीते सोमवार को भी उन्होंने लोगों से मुलाकात की थी।
आज पेश हो सकती है कैग रिपोर्ट
दिल्ली विधानसभा सत्र के दूसरे दिन भी पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव हो सकता है। सदन पटल पर सीएजी की रिपोर्ट पेश होनी है। लंबित सभी 14 सीएजी की रिपोर्ट पेश की जाएगा। इस रिपोर्ट में पिछली सरकार के वित्त से जुड़े कार्यों का जिक्र किया गया है। सत्ता पक्ष इस उम्मीद में है कि सीएजी का रिपोर्ट सदन में पेश होने के साथ ही आम आदमी पार्टी की कलई खुल जाएगी। शीश महल, शराब घोटाला, शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग में हुई गड़बड़ी जनता के समक्ष आ जाएगी।
दिल्ली विधानसभा सत्र का दूसरा दिन उपराज्यपाल के अभिभाषण से शुरू हो रहा है। सुबह 11 बजे सदन में उपराज्यपाल वीके सक्सेना अपनी सरकार से अवगत कराएंगे। ऐसा माना जा रहा है कि उपराज्यपाल भाजपा की सरकार के विकास कार्यों का रोड मैप पेश कर सकते हैं।