दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने AAP विधायक आतिशी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता के रूप में मान्यता दी।
भाजपा विधायक नीलम पहलवान ने कहा, "आज मैंने (सदन में)नजफगढ़ क्षेत्र का मुद्दा उठाया कि नजफगढ़ क्षेत्र का नाम नजफगढ़ से बदलकर 'नाहरगढ़' रखा जाए। मैं नजफगढ़ क्षेत्र की उम्मीद बनकर इस मुकाम पर पहुंची हूं तो मेरी प्राथमिकता है वहां के लोगों की आवाज उठाना। आज मुझे पहला मौका मिला तो मैंने अपने राजा नाहर सिंह के नाम पर नजफगढ़ का नाम रखने का मुद्दा सदन में उठाया।"
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, "बारापुला परियोजना की लागत पहले ही स्वीकृत राशि से दोगुनी हो चुकी है, क्योंकि सरकार की ओर से कोई फॉलो-अप नहीं हुआ। उस परियोजना पर काम कर रही कंपनी ने मुझे बताया है कि पिछले 10 सालों में कोई भी मंत्री फॉलो-अप के लिए नहीं आया। इसी तरह कई परियोजनाओं की लागत फॉलो-अप न होने के कारण दोगुनी हो गई है।"
CAG रिपोर्ट पर उन्होंने कहा, "हम 2000 करोड़ रुपये के घोटाले पर चर्चा करेंगे। शीशमहल की भी जांच कराई जाएगी।"
भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने कहा, "आर. के. पुरम विधानसभा में हमारे एक गांव का नाम मोहम्मद पुर है जिसका नाम बहुत समय पहले निगम द्वारा माधवपुरम नाम से बदलने का प्रस्ताव पेश कर दिया था। उस प्रस्ताव को विधानसभा में लंबे समय तक लंबित रखा गया। अब तक AAP की सरकार थी जिन्होंने इस मुद्दे को गड्ढे में दबा रखा था। (मोहम्मद पुर)गांव का नाम माधवपुरम रखने का प्रस्ताव कल मैं अध्यक्ष के सामने रखने वाला हूं।"
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, "अब सरकार बदल चुकी है और हम लोग जनता के मुद्दों पर चर्चा करने के नियम से ही सदन में आए हैं। मुझे आशा है कि आतिशी सदन के नियमों का पालन करेंगी।"
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के तौर पर अमानतुल्लाह खान विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा ले रहे हैं। जिस दिन एलजी का अभिभाषण था उस दिन अमानतुल्लाह अनुपस्थित थे। इसलिए उन्हें बाहर नहीं किया गया था। आज जब विधानसभा पहुंचे तो उन्हें विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेने दिया गया है।
दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, "(विपक्ष के विधायकों द्वारा) जिस तरह का व्यवहार विधानसभा में किया गया, देश में कोई भी विधानसभा इस तरह से नहीं चल सकती। 10 सालों से यहां पर दिल्ली की जनता के मुद्दों पर चर्चा नहीं की गई है। हम किसी को भी ऐसी साजिश को अंजाम नहीं देने देंगे कि दिल्ली की जनता के मुद्दों पर चर्चा ना हो। आज का जो निर्णय(विपक्ष के विधायकों के निलंबन का) है यह अध्यक्ष का निर्णय है। मुझे लगता है कि अब AAP के लोगों को यह समझ जाना चाहिए कि वे दिल्ली के मुद्दों पर चर्चा करें और सदन को गरिमापूर्ण तरीके से चलाएं।"
दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। दिल्ली विधानसभा में प्रयागराज कुंभ को सफल करार देते हुए प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार को बधाई दी।
भाजपा विधायक गजेंद्र सिंह यादव ने कहा, "बहुत दुख की बात है कि दिल्ली की जनता ने 10 सालों तक AAP के झूठ पर भरोसा करके उन्हें सत्ता में बैठाया। आज CAG रिपोर्ट सामने आ रही है तो पता चल रहा है कि नकली शराब भी पिलाई गई और घोटाला भी किया गया। यह किस तरह के लोग हैं और क्या राजनीति बदलने आए थे? उन्होंने दिल्ली की जनता को मौत के घाट ले जाना उचित समझा?दिल्ली के लोगों की आवाज भाजपा के प्रतिनिधि उठाते रहेंगे। आज सदन में CAG रिपोर्ट पर बात होगी तो और भी बड़े-बड़े खुलासे होंगे।"
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता और AAP नेता आतिशी ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ विधानसभा परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष के आदेश पर पुलिस, AAP विधायकों को विधानसभा परिसर में नहीं जाने दे रही है।
दिल्ली विधानसभा परिसर में आम आदमी पार्टी के विधायकों को जाने से रोका जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने बैरिकेड लगाए हैं। संजीव झा, कुलदीप कुमार और दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी को विधानसभा परिसर के बाहर ही रोक दिया गया है। इस दौरान आतिशी की पुलिस के साथ बहस भी हुई।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा, "सदन में CAG रिपोर्ट पर चर्चा होगी। काफी बड़ी संख्या में सदस्य CAG रिपोर्ट पर चर्चा चाहते हैं। यह(CAG रिपोर्ट) एक संवैधानिक दायित्व था। (AAP)सरकार का यह अधिदेश था कि वे CAG रिपोर्ट में को सदन में लाएं लेकिन बहुत दुख की बात है कि उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसके पीछे एक ही मंतव्य था कि लोगों तक सच ना पहुंचे।"
CAG रिपोर्ट पर भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा, "इस CAG रिपोर्ट में जिस तरह के भ्रष्टाचार उजागर हुए हैं, जिस तरह से इन्होंने (AAP) अपने सगे संबंधियों को फायदा पहुंचाया है, आज उस पर चर्चा होगी और AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल और उनकी पूरी कैबिनेट का चेहरा भी उजागर होगा। दिल्ली की जनता जो पैसा दिल्ली की भलाई के लिए लगना चाहिए था वो सारा का सारा पैसा बेईमान लोगों की जेब में गया है। दिल्ली को 2000 करोड़ से ऊपर राजस्व की जो हानि हुई है उसका जवाब आम आदमी पार्टी को सदन में चर्चा के माध्यम से देना होगा।"
CAG रिपोर्ट पर दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "अभी शराब घोटाले पर CAG रिपोर्ट आई है जिस पर आज की चर्चा बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि बार-बार कहा जाता था कि शराब घोटाला हुआ ही नहीं है। CAG ने भी अपनी रिपोर्ट में बता दिया कि किस तरह से घोटाले किए गए। ये सारी बातें अब सामने आएंगी और दूध का दूथ और पानी का पानी होगा।"
भाजपा विधायक रविन्द्र सिंह नेगी ने CAG रिपोर्ट कहा, "शराब नीति घोटाले को लेकर जो CAG की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है उसे लेकर आज सदन में विस्तार से चर्चा होगी। शराब नीति में 2000 करोड़ के आस-पास का जो घोटाला हुआ आज उस पर चर्चा होगी।"
सदन में विपक्ष के विधायकों के निलंबन पर उन्होंने कहा, "आप(विपक्ष) बाबा साहब अंबेडकर की तस्वीर लेकर घूम रहे हैं लेकिन आपको उनके बताए गए संविधान को तो मानना चाहिए। उन्हें(AAP) लग रहा है कि वे अभी भी सत्ता में ही हैं लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि वे अब सत्तासे बाहर हो चुके हैं।"
दिल्ली विधानसभा में आज दिल्ली में शराब के नियमन और आपूर्ति पर भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक के ऑडिट की रिपोर्ट पर चर्चा होगी। सत्र से पहले भाजपा विधायक बैठक कर सकते है ताकि कैसे सदन का सुचारू संचालन किया जा सके। आम आदमी पार्टी की सरकार के प्रदर्शन पर अभी 13 रिपोर्ट लंबित है।