दिल्ली चुनाव के दौरान केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आज दिल्ली की जनता को यह बात समझ आई है कि अरविंद केजरीवाल सुबह से लेकर रात तक केवल झूठ बोल रहे हैं। इन्होंने कुछ नहीं किया है। उनके पास विकास का मुद्दा नहीं है। वे लगातार अनर्गल और झूठ बाते बोल रहे हैं। जो 200 यूनिट फ्री बिजली मिल रही है। वह भाजपा की सरकार आने के बाद भी ज्यों की त्यों रहेंगी। हम संकल्प ले रहे हैं कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनते ही 13,000 इलेक्ट्रिक बसें डीटीसी के बेड़ें में दी जाएंगी। ताकि बहनों को लाइन में न लगना पड़े। आप ने यमुना नदी पर राजनीति की है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल लोगों से झूठ बोलकर वोट लेते रहे हैं। मैं कल तिमारपुर विधानसभा गया था। ये (अरविंद केजरीवाल) बोलते थे कि मैं दिल्ली को पेरिस बनाऊंगा। ये कितना झूठ बोल रहे हैं कि हरियाणा के लोगों ने यमुना के पानी में जहर घोल दिया है। अरविंद केजरीवाल ने जिस धरती पर जन्म लिया है उसे भी कलंकित करने का काम किया है। दिल्ली के लोगों ने यह मन बना लिया है कि आठ फरवरी को आप-दा जाएगी और भाजपा बहुमत के साथ आएगी।
दिल्ली चुनाव को लेकर टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि दिल्ली की जनता अरविंद केजरीवाल के प्रति बहुत समर्पित है। अरविंद केजरीवाल जीत रहे हैं। इस बार ये लड़ाई जन शक्ति और धन शक्ति के बीच है। बहुत शानदार तरीके से आप और अरविंद केजरीवाल का परचम लहराएगा।
दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा कि राजनैतिक रूप से कोई कहीं भी अगर गुंडागर्दी कर रहा है तो मैं दिल्ली पुलिस से आग्रह करूंगा कि तुंरत उस पर कार्रवाई करें। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हमारे झुग्गी-क्लस्टर्स में जो पैसे और शराब बांट रहे हैं, पुलिस उस पर भी कार्रवाई नहीं कर रही है। हम तो पुलिस से कहेंगे कि वे वहां भी मुस्तैदी से कार्रवाई करें।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और गायक मीका सिंह ने चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र के मजनू का टीला में चुनावी रैली के दौरान गीत गाया।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने दिल्ली के चेम्सफोर्ड क्लब की झुग्गियों में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आप कार्यकर्ताओं की पिटाई के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग को पत्र लिखकर संसद मार्ग थाने के एसएचओ को तत्काल निलंबित करने की मांग की।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि लीजिए। अमित शाह जी को गाना गाते हुए और नाचते हुए देश के युवाओं से भी डर लगने लगा है। जब किसी सत्ता को युवाओं से डर लगने लगे तो ये इस बात के लक्षण होते हैं कि ये सत्ता के आखरी दिन हैं।
दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। जवाहर लाल नेहरू को दोषी ठहराने के लिए निशाना साधने पर कहा कि वह लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए इस तरह का रवैया अपना रहे हैं। ऐसे बहुत कम लोग हैं जो कर चुकाने के लिए पर्याप्त कमाते हैं। उन्होंने दावा किया कि केवल कुछ ही लोग करदाताओं की श्रेणी में आने के लिए पर्याप्त कमाते हैं। चांदनी चौक में रैली के दौरान प्रियंका गांधी ने कहा।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सदर बाजार की रैली में कहा कि ये (भाजपा) जो करते हैं केवल अडानी और अंबानी को मदद देने के लिए करते हैं। मोहन भागवत कहते हैं कि हमें आजादी 15 अगस्त 1947 को नहीं बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में आने के बाद मिली है। अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि मैं दिल्ली की राजनीति बदल दूंगा। सबसे बड़ा शराब घोटाला मनीष सिसोदिया और अरविंद केजरीवाल ने किया था।
दिल्ली के करावल नगर की रैली में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान इन्होंने (केजरीवाल) गरज-गरज कर कहा था कि हम राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे, लेकिन इन्होंने पार्टी बनाई। इन्होंने कहा था कि शीला दीक्षित को भ्रष्टाचार के लिए जेल में डालेंगे, लेकिन सीटें कम पड़ी तो इन्होंने कांग्रेस से समर्थन लेकर मुख्यमंत्री बन गए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली के चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। आज शनिवार की शाम को वह सदर बाजार पहुंचे। जहां उन्होंने प्रस्तावित रैली को संबोधित किया। इससे पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने चांदनी चौक में रैली को संबोधित किया।
दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान अरविंद केजरीवाल ने बवाना में एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि मैं अभी रिठाला विधानसभा में सभा करके आ रहा हूं। वहां से हमारे मौजूदा विधायक महेंद्र गोयल चुनाव लड़ रहे हैं। आज भाजपा वालों ने उनपर इतना घातक हमला किया कि उनकी हालत देखी नहीं जा रही थी। वे व्हील चेयर पर स्टेज पे आए। क्या हम दिल्ली में ऐसी गुंडागर्दी चाहते हैं? आम आदमी पार्टी शरीफों की पार्टी है। भाजपा गुंडों की पार्टी है। दिल्ली को गुंडों के हवाले मत कर देना।
सोनिया विहार में एक रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं पूरी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के खिलाफ एक बड़ी लहर देखने के बाद मुस्तफाबाद आया हूं। आप के 52 में से 26 विधायकों को टिकट नहीं दिया गया क्योंकि वे जानते हैं कि पार्टी दिल्ली में हार रही है। दिल्ली में चल रही सरकार 3जी है - 'घोटाले वाली सरकार', 'घुसपैठियों को पनाह देने वाली सरकार' और 'घपले करने वाली सरकार' है।
आम आदमी पार्टी के रिठाला से विधायक महेंद्र गोयल के ऊपर रैली के दौरान हमला हो गया। इस दौरान वह घायल हो गए। हमले को लेकर आम आदमी पार्टी ने निशाना साधा है।
बजट को लेकर अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'देश के खजाने का एक बड़ा हिस्सा चंद अमीर अरबपतियों के कर्जे माफ करने में चला जाता है। मैंने मांग की थी कि बजट में ये ऐलान किया जाए कि आगे से किसी अरबपति के कर्च माफ नहीं किए जाएंगे। इस से बचने वाले पैसे से मिडल क्लास के होम लोन और व्हीकल लोन में छूट दी जाए। किसानों के कर्जे माफ किए जायें। इनकम टैक्स और GST की टैक्स दरें आधी की जायें। मुझे दुख है कि ये नहीं किया गया।'
अधिकारियों ने बताया कि सी-वीजिल एप पर अब तक कुल 5,244 शिकायतें मिली हैं, जिनमें सबसे अधिक शिकायतें उत्तरी जिले में 1,049 और सबसे कम शाहदरा में 136 दर्ज कराई गई हैं। यह एप नागरिकों के लिए चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी देने के लिए है। इससे अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होती है। सभी शिकायतों के लिए औसत प्रतिक्रिया समय केवल 35 मिनट है। वहीं, कतार प्रबंधन प्रणाली एप और वेबपेज मतदाताओं को मतदान के दिन मतदान केंद्रों पर वास्तविक समय की भीड़ के स्तर की निगरानी की जानकारी देगा। मतदाता लंबी कतारों के कारण अपना वोट डाले बिना ही चले जाते हैं। इस ऐप के साथ वे भीड़ का अपडेट भी लाइव ले सकते हैं, जिससे उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 2696 मतदान स्थानों में 13766 मतदान बूथ बनाए गए हैं। इसमें 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक केंद्र विशेष रूप से महिला कर्मचारी संचालित करेंगी। वहीं, 70 मतदान केंद्रों का प्रबंधन और संचालन पूरी तरह से दिव्यांग संभालेंगे। 70 मतदान केंद्र विशेष रूप से युवाओं की चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी और सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए स्थापित किए जाएंगे। मतदाताओं को बूथ परिसरों में आसानी से अपने मतदान केंद्र खोजने में सहायता करने के लिए सभी जिला चुनाव अधिकारी रंग कोड के अनुसार मतदान केंद्र स्थापित करेंगे।
विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी करने के लिए इस बार एक लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसमें दिल्ली पुलिस के 35 हजार जवान, 19 हजार हाेमगार्ड और 220 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बलों की होंगी। इसके अलावा दिल्ली सरकार के कर्मी शामिल होंगे। शुक्रवार को प्रेसवार्ता में दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर एलिस वाज ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने वाले कर्मियों को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया गया है। दो चरण पूरे हो चुके हैं। तीसरा चरण भी एक-दो दिन में पूरा हो जाएगा।