फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Election Live : दिल्ली में औसत 60.42% मतदान, उत्तर-पूर्वी जिले में सर्वाधिक 66.25% वोटिंग

Thu, 06 Feb 2025 12:57 AM IST
दुष्यंत शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Delhi Election Voting Percentage News: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदान खत्म हो गया है। 13,766 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान हुआ। 699 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद हो गया है। अब 8 फरवरी को इनके भाग्य का फैसला होगा।
विज्ञापन
Election In Delhi 2025 - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:48 AM, 06-Feb-2025

दिल्ली में औसत 60.42% मतदान 

भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, रात 11:30 बजे तक अपडेट किए गए आंकड़ों के हिसाब से दिल्ली में औसत मतदान 60.42% दर्ज किया गया।

08:13 PM, 05-Feb-2025

संगम विहार सीट से आप उम्मीदवार ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट के लगाए आरोप
दक्षिण दिल्ली के संगम विहार विधानसभा में देर रात हुआ भारी हंगामा।  आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार दिनेश मोहनिया बुरी तरह घायल हुए ।आप समर्थनों का आरोप है कि भाजपा के कार्यालय के सामने से गुजरने के दौरान लाठी ,डंडे फेंक कर हमला किया। वहीं भाजपा के लोगों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के लोगों ने उनके कार्यालय में तोड़फोड़ की है। इस घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। खुद पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान भी मौके पर पहुंचे ।हैं

07:13 PM, 05-Feb-2025

आप ने पोलिंग बूथ के अंदर अंधेरा करने के आरोप लगाए
दिल्ली सरकार में मंत्री और ग्रेटर कैलाश विधानसभा क्षेत्र से आप उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने कहा, 'क्या चिराग दिल्ली और ईस्ट ऑफ कैलाश में कानून अलग-अलग होगा? यहां के डीसीपी और एसएचओ को संस्पेंड नहीं किया जाएगा क्योंकि वे भाजपा की ड्यूटी कर रहे हैं। यह गलत है। जहां हमारी पकड़ मजबूत है वहां सुबह महिलाएं वोट डालने गईं और अंदर पोलिंग बूथ में इन्होंने अंधेरा किया हुआ था। यह एक षड्यंत्र था। मैं इनकी शिकायत करूंगा और अगर तब भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मैं सुप्रीम कोर्ट जाकर इनके खिलाफ एक्शन करवाऊंगा।'

 

विज्ञापन
07:07 PM, 05-Feb-2025

एग्जिट पोल्स के नतीजों पर केंद्रीय मंत्री मल्होत्रा बोले, भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी
एग्जिट पोल पर केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा, 'भाजपा पिछले 5 साल से लगातार भाजपा का भ्रष्टाचार जनता के बीच में लेकर जा रही थी। जनता को यह समझ आया कि आप ने दिल्ली की जनता को ठगा है। अब ऐसा लगता है कि भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनने जा रही है।'
 

07:01 PM, 05-Feb-2025

नौ एग्जिट पोल्स में आठ में भाजपा को बहुमत के आसार
नौ एग्जिट पोल्स के नतीजे आ गए हैं, इनमें आठ में भाजपा को बहुमत के आसार हैं। माइंड ब्रिंक के एग्जिट पोल के अनुसार, आम आदमी पार्टी  (आप) को 44-49 मिल सकती हैं। जबकि भाजपा+ को 21-25 सीट मिलने का अनुमान है। वहीं कांग्रेस के खाते में एक 0-1 सीट जा सकती है।

विज्ञापन
06:20 PM, 05-Feb-2025

ईवीएम को सील करने की प्रक्रिया शुरू 
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त होने के बाद मतदान अधिकारियों द्वारा ईवीएम को सील किया जा रहा है। इसी क्रम में मतदान केंद्र-68, रघुबीर सिंह जूनियर मॉडर्न स्कूल, हुमायूं रोड पर तैनात कर्मी ने भी ईवीएम को सील किया।
 

06:09 PM, 05-Feb-2025

छह बजे के बाद भी कतारों में खड़े लोग वोट डाल सकेंगे
दिल्ली विधानसभा चुनाव में वोटिंग खत्म हो गई है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, शाम 6 बजे मतदान के औपचारिक समापन समय के बाद कतार में खड़े सभी मतदाताओं को अपना वोट डालने की अनुमति है।

यहां देखें एग्जिट पोल के परिणाम-

05:47 PM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: मुस्तफाबाद पर सबसे अधिक मतदान, जबकि करोल बाग में सबसे कम
दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों में सबसे अधिक मतदान मुस्तफाबाद सीट पर हुआ। यहां शाम पांच बजे तक 66.68 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। जबकि सबसे कम 47.40 फीसदी वोटिंग करोल बाग में हुई।

05:04 PM, 05-Feb-2025

Delhi Election 2025 Exit Poll: नई दिल्ली सीट से दिल्ली पुलिस का कॉन्स्टेबल लड़ रहा चुनाव
नई दिल्ली विधानसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी और कांस्टेबल पंकज ने कहा, 'लोकतंत्र के पन्नों में दिल्ली का यह चुनाव स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा कि एक पुलिस वाला चुनाव लड़ रहा है। मैं दिल्ली में 40 सालों से हूं और मैं दिल्ली वालों की समस्याओं को भली-भांति जानता हूं। मेरा चुनाव चिन्ह जूता है और जूता एक ऐसा हथियार है जिसे देखकर भ्रष्टाचारी बहुत दूर भागता है।'
 

05:00 PM, 05-Feb-2025

Exit Poll Delhi Election 2025: आप सांसद संदीप पाठक ने जनता से की यह अपील
आप सांसद संदीप पाठक ने कहा, 'मैं दिल्ली के लोगों से बड़ी संख्या में बाहर आने और मतदान करने का आग्रह करता हूं। हमने विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में धीमी वोटिंग का मुद्दा उठाया है।'
 

04:42 PM, 05-Feb-2025

'दिल्ली सरकार ने जनता को धोखा दिया': यूपी सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 पर कहा, 'अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को धोखा दिया है। दिल्ली की जनता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बनाना चाहती है... आज अरविंद केजरीवाल के कैंप में निराशा छा गई है और प्रचंड बहुमत से दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बन रही है।'
 

04:34 PM, 05-Feb-2025

दिल्ली पुलिस ने फर्जी वोटिंग के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया
स्पेशल सीपी डीसी श्रीवास्तव ने कहा, 'अभी तक हमें पता चला है कि फर्जी वोटिंग के आरोप में 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है, हम उन तथ्यों की जांच कर रहे हैं।'

04:24 PM, 05-Feb-2025

सीलमपुर से भाजपा प्रत्याशी ने 'आप' पर फर्जी वोटिंग के लगाए आरोप
सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनिल गौड़ ने कहा, '300-400 फर्जी वोटर उत्तर प्रदेश के लोनी से लाए गए हैं, मुझे ऐसा लग रहा है कि ये बांग्लादेशी हैं, इनमें महिला और पुरुष दोनों हैं। हमने ऐसे 25 लोगों को पकड़ा, यहां फर्जी वोटिंग हो रही थी। हमने इसे रोक दिया है। केजरीवाल फर्जी वोटिंग कर रहे हैं।'
 

04:11 PM, 05-Feb-2025

'कांग्रेस दिल्ली में सरकार बनाएगी': अजय राय
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, 'कांग्रेस मजबूती से आगे बढ़ रही है। कांग्रेस ताकत के साथ (दिल्ली में) सरकार बनाएगी।
 

04:04 PM, 05-Feb-2025

10 दस वर्षों में आप ने एक भी विकास का काम नहीं किया: केंद्रीय मंत्री मल्होत्रा
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा, 'आज दिल्ली की जनता भ्रष्टाचार मुक्त सरकार के लिए मतदान करने निकली है। मैं मानता हूं कि पिछले 10 सालों में आप और अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में एक भी विकास का काम नहीं किया है। अब दिल्ली की जनता ने ठाना है कि आप को दिल्ली से भगाना है और भाजपा को लाना है।'

03:50 PM, 05-Feb-2025

जंगपुरा में कैश बांटने की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन की
दक्षिण पूर्व डीसीपी रवि कुमार सिंह ने कहा, 'हमें वहां (जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र) से एक शिकायत मिली थी कि भाजपा के चार टेबल लगे हुए हैं और कैश बांटा जा रहा है। हमने वहां जाकर देखा और पाया गया कि वहां पर चार टेबल लगे हुए थे, जिसमें से तीन टेबल अलग-अलग प्रत्याशियों की थीं-एक निर्दलीय के और दो अलग-अलग पार्टी के थे लेकिन उनका टेबल क्लॉथ एक जैसा था, इसलिए भ्रम की स्थिति बनी कि शायद चारों टेबल भाजपा की हैं। इस पर एफएसटी की टीम ने भी रिस्पॉन्ड किया है और हमारे एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट ने उसका वेरिफिकेशन भी किया है और कैश बांटने के आरोप को भी वेरिफाई किया गया है। ऐसा कुछ नहीं पाया गया है। भ्रम दूर कर दिया गया है। अभी स्थिति सामान्य है और हमारी एक टीम वहां पर मौजूद है।
 

03:02 PM, 05-Feb-2025

Election In Delhi 2025: दिल्ली में मतदान को लेकर उत्साह

चाहे 100 वर्षीय रतनी देवी हो या 38 वर्षीय उनका पोता विनोद दोनों के चेहरे पर साफ झलक रही है मतदान करने की खुशी। तस्वीर दिल्ली के नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र के झाड़ौदा कलां गांव की है।

02:49 PM, 05-Feb-2025

Delhi Election Live Update: भाजपा के फर्जी मतदान के आरोप पर पुलिस का जवाब

दिल्ली पुलिस ने कहा, "सुबह करीब 11:50 बजे जाफराबाद के आर्यन पब्लिक स्कूल मतदान केंद्र पर सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार ने AAP उम्मीदवार के खिलाफ फर्जी मतदान का आरोप लगाया। इस मुद्दे पर कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। तत्काल ही अतिरिक्त स्टाफ के साथ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले को सुलझाया। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।"

02:47 PM, 05-Feb-2025

Delhi Election News In Hindi: दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने मतदान केंद्र का दौरा किया

दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने दिल्ली के दक्षिण पश्चिम जिले के जोस मार्टिन स्कूल में स्थापित मतदान केंद्र का दौरा किया।

02:27 PM, 05-Feb-2025

'वाल्मिकी समुदाय के लोग बाहर आएं और वोट डालकर भाजपा को जवाब दें'

आप सांसद संजय सिंह ने कहा, "पूरी दिल्ली में वाल्मिकी समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है और गिरफ्तार किया जा रहा है। मैं अमित शाह और भाजपा से पूछना चाहता हूं कि उन्हें वाल्मिकी समुदाय से क्या दुश्मनी है। मैं वाल्मिकी समुदाय के लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने घरों से बाहर आएं और वोट की ताकत से इन गिरफ्तारियों का जवाब दें।'
 

02:23 PM, 05-Feb-2025

'रिलीवर को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा'- आप सांसद राघव चड्ढा 

आप सांसद राघव चड्ढा ने कहा, ''रिलीवर और पोलिंग एजेंट दोनों को पोलिंग एजेंट का दर्जा दिया जाता है, लेकिन नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में कई जगहों से ऐसी शिकायतें आ रही हैं। लगभग आधे बूथों पर यह शिकायत आ रही हैं कि रिलीवर को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। पोलिंग स्टेशन के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी हमारे रिलीवर को अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। अगर रिलीवर अंदर नहीं गया और हमारा पोलिंग एजेंट बाहर नहीं आया तो कितनी वोटिंग हुई? क्या उस पर कोई फर्जी वोटिंग या किसी तरह का विवाद था? ईवीएम ठीक से काम कर रही है या नहीं, ये सारी बातें आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आ सकतीं, इसलिए मैं पूरे प्रशासन से मांग करने आया हूं।'
 

राघव चड्ढा ने कहा, 'हमने जिला निर्वाचन अधिकारी से भी बात की है, हमने उनसे अनुरोध किया है कि हमारे रिलीवर को अंदर जाने की अनुमति दी जाए। सभी के लिए एक समान अवसर होना चाहिए और जो मतदाता किसी भी पार्टी को वोट देना चाहता है, उसे उस पार्टी को वोट देने की अनुमति दी जानी चाहिए। अब अगर आखिरी दिन कोई हस्तक्षेप हुआ, कोई गुंडागर्दी हुई तो ये अच्छा नहीं है। हमने ये सारी बातें भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त, मुख्य चुनाव अधिकारी दिल्ली और डीएम, नई दिल्ली को भी लिखित रूप में दी हैं।''

02:10 PM, 05-Feb-2025

Delhi Election News In Hindi: पुलिस ने दिया ये जवाब, वीडियो को बताया झूठा

जिला चुनाव कार्यालय उत्तरी दिल्ली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, "सैनिक विहार में एक पुलिसकर्मी द्वारा एक मतदाता को एक विशेष राजनीतिक दल के पक्ष में वोट डालने के लिए मजबूर करने की शिकायत के संदर्भ में शिकायत मिलने पर, फ्लाइंग स्क्वॉड (FST) को तुरंत उस स्थान पर भेजा गया। उस स्थान पर मौजूद राजनीतिक दलों के एजेंटों ने पुष्टि की कि सभी मतदाता मतदान केंद्र पर स्वयं वोट डाल रहे हैं और यह वीडियो पूरी तरह से झूठा है।"

01:59 PM, 05-Feb-2025

Election In Delhi 2025: कैलाश गहलोत ने परिवार के साथ मतदान किया

बिजवासन विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कैलाश गहलोत ने परिवार के साथ मतदान किया। कैलाश गहलोत ने कहा, "मैंने भगवान का आशीर्वाद लिया और प्रार्थना की कि लोग इस बार जो बदलाव लाना चाहते हैं, उसमें सफल हों और मुझे पूरा विश्वास है कि लोग इस बार विकसित दिल्ली के लिए वोट देंगे। मैंने बार-बार कहा है कि आम आदमी पार्टी और उसके नेता, मंत्री, मुख्यमंत्री अपनी नैतिकता और सिद्धांतों से भटक गए हैं। उनका एकमात्र उद्देश्य किसी भी तरह से सत्ता हासिल करना है।"

01:46 PM, 05-Feb-2025
तुगलकाबाद और बदरपुर मतदान केंद्र - फोटो : अमर उजाला

कहीं भीड़, कहीं इंतजार... तुगलकाबाद और बदरपुर के दो मतदान केंद्र

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सुबह सात बजे शुरू हुई वोटिंग जारी है, जो शाम छह बजे तक होगी। बदरपुर वोटिंग सेंटर खाली है और तुगलकाबाद वोटिंग सेंटर में भीड़ है।
 

01:42 PM, 05-Feb-2025
Delhi Election Polling Percentage - फोटो : अमर उजाला

Delhi Election Polling Percentage : 1 बजे तक 33.31 फीसदी मतदान हुआ

सेंट्रल दिल्ली- 29.74 %
पूर्वी दिल्ली- 33.66 %
नई दिल्ली- 29.89 %
उत्तर दिल्ली- 32.44 %
उत्तर पूर्वी दिल्ली-39.51 %
उत्तर पश्चिमी दिल्ली- 33.17 %
शाहदरा- 35.81 %
दक्षिण दिल्ली- 32.67 %
दक्षिण पूर्वी दिल्ली- 32.27 %
दक्षिण पश्चिमी दिल्ली- 35.44 %
पश्चिमी दिल्ली- 30.87 %

01:34 PM, 05-Feb-2025

AAP ने भाजपा पर लगाया पैसे बांटने का आरोप

आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर पैसे बांटने का आरोप लगाया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, भाजपा जंगपुरा में मतदाताओं को सरेआम बिल्डिंग में ले जाकर पैसे बांट रही है। यह सब दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग की निगरानी में किया जा रहा है। आप ने चुनाव आयोग से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी पैसे बांट रहा है।

01:24 PM, 05-Feb-2025

Delhi Election News In Hindi: दिल्ली कैंट में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर 70 सीटों पर मतदान जारी है। दिल्लीवासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। दिल्ली कैंट में मतदाताओं के लिए सेल्फी प्वाइंट बनाया गय है।

01:21 PM, 05-Feb-2025

सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली पुलिस पर लगाया बड़ा आरोप

ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस चिराग दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर लोगों को वोट डालने से रोकने की कोशिश कर रही है।

01:13 PM, 05-Feb-2025

Election Delhi 2025: सोमनाथ भारती ने मतदान किया

AAP नेता सोमनाथ भारती ने मतदान किया। उन्होंने कहा, "लोकतंत्र के महापर्व में हमने अपना मतदान किया है... परिवार के साथ वोट किया है। इस बार जनता काम की राजनीति के लिए वोट कर रही है, शिक्षा के लिए, स्वास्थ्य के लिए मतदान कर रही है। जनता ने उपलब्धता, समर्पण, ईमानदारी की राजनीति के लिए वोट किया है। हर जगह झाड़ू चल रही है, लोग इस बात पर जोर दे रहे हैं कि दिल्ली में केजरीवाल।"

01:11 PM, 05-Feb-2025

Delhi Election News In Hindi: पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने मतदान किया

पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने मतदान किया। जिसके बाद उन्होंने कहा, "मैं हर मतदाता से अपील करना चाहूंगा कि वे मतदान करें। मतदान करना हम सबका संवैधानिक कर्तव्य है और नैतिक दायित्व भी है। हम अपने मतदान के द्वारा अपने पसंद का प्रतिनिधि चुन सकते हैं और अपने मनपसंद की सरकार बना सकते हैं। इसलिए मेरा सभी लोगों से आग्रह है कि हर मतदाता मदतान करे।"

01:00 PM, 05-Feb-2025

Election Delhi 2025: भाजपा उम्मीदवार दुष्यंत कुमार गौतम ने मतदान किया

करोल बाग विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दुष्यंत कुमार गौतम ने मतदान किया। उन्होंने कहा, "जनता बदलाव चाहती है। डबल इंजन की सरकार तेजी से काम करेगी। दिल्ली भारत का दिल है लेकिन आज यह वेंटीलेटर पर है। सड़कें टूटी हुई हैं, सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। ऐसे झूठ बोलने वाले आदमी को जनता ने मान लिया है कि ये झूठ बोलते हैं। जनता भाजपा, डबल इंजन की सरकार बनाएगी।"

12:58 PM, 05-Feb-2025

केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) अध्यक्ष रवि अग्रवाल ने मतदान किया

केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) अध्यक्ष रवि अग्रवाल ने मतदान किया। उन्होंने कहा, "मेरी दिल्ली के करदाताओं से अपील है कि अधिक से अधिक संख्या में आएं और लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लें।"

12:55 PM, 05-Feb-2025

दिल्ली की तरक्की रुकनी नहीं चाहिए: केजरीवाल

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'आज पूरे परिवार के साथ जाकर मतदान किया। हर दिल्लीवासी की तरक्की और हर गरीब परिवार के सम्मानजनक जीवन के लिए वोट दिया। आप भी अपने परिवार के साथ मतदान करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। दिल्ली की तरक्की रुकनी नहीं चाहिए।'

12:41 PM, 05-Feb-2025

मतदान के दौरान सीलमपुर में हंगामा

सीलपुर में भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर फर्जी वोटिंग कराने का आरोप लगाया है। सीलमपुर विधानसभा में आर्यन पब्लिक स्कूल में फर्जी वोटिंग को लेक भाजपा और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हल्का-फुल्का हंगामा हुआ। कुछ लोगों ने बुर्का पहन कर आई महिलाओं पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया था, जिसके बाद कुछ देर बहस हुई और बाद में मामला शांत हो गया।

12:39 PM, 05-Feb-2025

Delhi Election Live Update: यहां फ्री पिक एंड ड्रॉप सर्विस

नजफगढ़ के संत कृपाल स्कूल में काफी भीड़ है। बुजुर्ग व महिला वोटर्स के लिए इलेक्शन ऑफिस की तरह से फ्री पिक एंड ड्रॉप सर्विस दी जा रही है। इससे लोग काफी खुश हैं।

12:38 PM, 05-Feb-2025

Delhi Election Live Update: बूथों के बाहर कतार में लगे मतदाता

विश्वास नगर सीट के कड़कड़डूमा गांव में मतदान के लिए लोग लाइन में लगे हैं। 

12:34 PM, 05-Feb-2025

Delhi Election Live Update: भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने किया मतदान

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने दिल्ली के यमुना विहार में सर्वोदय कन्या विद्यालय नंबर 1 में अपना वोट डाला।

12:31 PM, 05-Feb-2025

Election In Delhi 2025: CPM नेता वृंदा करात ने मतदान किया

CPM नेता वृंदा करात ने मतदान किया। जिसके बाद उन्हेंने कहा, "हमें दिल्ली को बचाने का काम करने की जरूरत है आज। डबल इंजन की सरकार से दिल्ली को बचाने के लिए हमने आज मतदान किया है।"

12:25 PM, 05-Feb-2025

Delhi Election Schedule: संजय सिंह ने किया मतदान

आप सांसद संजय सिंह ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

12:12 PM, 05-Feb-2025

पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने किया मतदान

पूर्व CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए लायंस विद्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मतदान केंद्र 29 और 48 पर मतदान किया। उन्होंने कहा, "लोकतंत्र में हर चुनाव महत्वपूर्ण होता है... युवा मतदाताओं को आगे आना चाहिए और अपना वोट डालना चाहिए।"

12:07 PM, 05-Feb-2025

खूब सोच-समझ कर मतदान करें: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'मेरे प्यारे दिल्लीवासियो संविधान ने आपको जो शक्ति दी है, आज उसका इस्तेमाल करने और अगले पांच साल के लिए अपना भविष्य निर्धारित करने का दिन है। आपका एक वोट आपको और आपकी दिल्ली को मजबूत बनाएगा। खूब सोच-समझ कर अपने अधिकार का प्रयोग करें और वोट जरूर डालें।'

12:01 PM, 05-Feb-2025

अरविंद केजरीवाल ने परिवार संग किया मतदान

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लेडी इरविन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अपना वोट डाला। उनके माता-पिता, पत्नी और बेटे ने भी यहीं अपना वोट डाला। नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधायक का मुकाबला कांग्रेस के संदीप दीक्षित और भाजपा के प्रवेश वर्मा से है। अरविंद केजरीवाल ने कहा, "मैं दिल्ली के सभी लोगों से विनती करना चाहूंगा कि सब लोग वोट डालने के लिए निकलें और अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग करें... दिल्ली के विकास के लिए सभी लोग वोट डालें ऐसी ही मेरी सभी लोगों से विनती है। जाहिर तौर पर जो काम करेगा उन्हीं को जनता वोट देगी।"

वहीं, अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली के लोग बहुत समझदार हैं। उन पर हमें पूरा विश्वास है। वे गुंडागर्दी नहीं बर्दाश्त करेंगे। हमें पूरा विश्वास है कि दिल्ली के लोग सही चुनाव करेंगे।"

11:45 AM, 05-Feb-2025
Delhi Election Voting - फोटो : अमर उजाला

Delhi Election Voting Percentage: 11 बजे तक 19.95 फीसदी मतदान हुआ

सेंट्रल दिल्ली- 16.46 %
पूर्वी दिल्ली-  20.03 %
नई दिल्ली- 16.80 %
उत्तर दिल्ली- 18.63 %
उत्तर पूर्वी दिल्ली-24.87 %
उत्तर पश्चिमी दिल्ली- 19.75 %
शाहदरा- 23.30 %
दक्षिण दिल्ली- 19.75 %
दक्षिण पूर्वी दिल्ली- 19.66 %
दक्षिण पश्चिमी दिल्ली- 21.90 %
पश्चिमी दिल्ली- 17.67 %

11:40 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election News In Hindi: पत्नी संग मतदान करने पहुंचे उपराष्ट्रपति 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश धनखड़ मतदान करने के लिए दिल्ली के एक मतदान केंद्र पहुंचे।

11:36 AM, 05-Feb-2025

प्रियंका गांधी ने किया मतदान

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान करने के लिए दिल्ली के मतदान केंद्र पहुंची। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा, "यह सबसे बड़ा और अहम अधिकार है। अपने इस अधिकार का इस्तेमाल कीजिए। मैं जानती हूं कि दिल्ली की जनता ऊब चुकी है। तमाम समस्याएं हैं अगर उनका हल करना है तो घरों से बाहर आइए, मतदान कीजिए और अपना संवैधानिक अधिकार स्पष्ट कीजिए।"

11:02 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Live Update: पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एवं लोकपाल सदस्य सुशील चंद्रा ने मतदान किया

पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एवं लोकपाल सदस्य सुशील चंद्रा ने मतदान किया। उन्होंने कहा, ने कहा, "बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है। मैं दिल्ली की जनता से अपील करूंगा कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें.।जब भी कोई पार्टी चुनाव आयोग के पास आती है, तो चुनाव आयोग हर पार्टी की बात सुनता है, अगर MCC का उल्लंघन होता है, तो तुरंत कार्रवाई की जाती है। चुनाव आयोग किसी भी याचिका पर चुप नहीं बैठता।"

10:52 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election 2025: देवेंद्र यादव ने मतदान किया

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मतदान किया।

10:51 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election 2025: सत्येंद्र जैन ने मतदान किया

शकूर बस्ती से आप उम्मीदवार सत्येंद्र जैन ने मतदान किया। 

10:30 AM, 05-Feb-2025

दिल्ली का चुनाव आम चुनाव नहीं है, यह धर्मयुद्ध है: सीएम आतिशी

दिल्ली का चुनाव आम चुनाव नहीं है, यह धर्मयुद्ध है: सीएम आतिशी
दिल्ली की मुख्यमंत्री और कालकाजी विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार अतिशी ने कहा, "दिल्ली का चुनाव आम चुनाव नहीं है, यह धर्मयुद्ध है। यह अच्छाई और बुराई, काम और गुंडागर्दी की लड़ाई है। जहां-जहां हम जा रहे हैं दिल्ली के लोग काम के साथ हैं। दिल्ली पुलिस खुलेआम भाजपा को चुनाव लड़वा रही है। एक ओर भाजपा की गुंडागर्दी है और दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस का उन्हें पूरा समर्थन है।"

10:09 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: मीनाक्षी लेखी ने किया मतदान

भाजपा नेता मीनाक्षी लेखी ने साउथ एक्सटेंशन II स्थित MCD प्राइमरी स्कूल में मतदान किया। उन्होंने कहा, "मैं उम्मीद करती हूं कि अधिक से अधिक लोग आएं और मतदान करें। सरकार जनता की, जनता द्वारा और जनता के लिए है, इसलिए आपको स्वयं निर्णय लेना चाहिए और आकर मतदान करना चाहिए। मेरा मानना है कि सरकार लाना या बदलना पूरी सहिष्णुता के साथ किया जाना चाहि। लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है।"

10:04 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election 2025: AAP उम्मीदवार गोपाल राय ने की ये अपील

दिल्ली के मंत्री और बाबरपुर विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार गोपाल राय ने कहा, "आज चुनाव का महापर्व है। मैं सभी लोगों से अपील करना चाहता हूं कि ज्यादा से ज्यादा मतदान करें और काम के लिए मतदान करें। काम करने वाली सरकार बनेगी तो आगे मतदान होगा।" उन्होंने आगे कहा, 'चारो तरफ दिख रहा है कि किस तरह से भाजपा बौखला गई है और हार की हताशा में वो वे सभी काम कर रही है जो प्रतिबंधित है।'

09:57 AM, 05-Feb-2025

भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा की बेटी ने मतदान को लेकर की अपील

नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा की बेटी सानिधि ने कहा, "मैं युवाओं से अपील करता हूं कि बुजुर्गों, झुग्गियों, बसों में सीट न पाने वाली महिलाओं, प्रदूषण के बारे में सोचें। और उस व्यक्ति को मौका दें जो किसी पार्टी से जुड़ा हो और जिसकी विरासत दिल्ली से जुड़ी हो, जिस पार्टी ने दिल्ली के लिए इतना कुछ किया है और आपके(लोगों के) आशीर्वाद से ऐसा करना जारी रखेगी।"

09:55 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने मतदान किया

केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "मैं दिल्ली की जनता से बहुत विनम्रता से निवेदन करना चाहता हूं कि आज दिल्ली के लिए  और लोकतंत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। आपका ये कानूनी अधिकार है, आप मतदान करने जरूर जाएं। इस बार का मतदान दिल्ली में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने के लिए।"

09:54 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: गोपाल राय ने मतदान किया

दिल्ली के मंत्री और बाबरपुर विधानसभा सीट से AAP उम्मीदवार गोपाल राय ने मतदान किया।

09:47 AM, 05-Feb-2025
Delhi Election 2025 - फोटो : अमर उजाला

Delhi Election Voting: उत्तर पूर्वी जिले में सबसे ज्यादा मतदान हुआ

उत्तर पूर्वी जिले में सबसे ज्यादा 10.70 फीसदी मतदान हुआ है। जिले की दो विधानसभा मुस्तफाबाद और सीलमपुर में क्रमशः 12.43,11.02 फीसदी मतदान हुआ है।

09:46 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: स्वाति मालीवाल ने किया मतदान

राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदान किया। स्वाति मालीवाल ने कहा, "मैं सबसे अपील करती हूं, खासकर युवाओं से कि ज्यादा से ज्यादा लोग बाहर आएं और अपना वोट डालें। दिल्ली की जनता बहुत समझदार है और वे सोच-समझकर ही मतदान करेगी। बहरहाल ये जरूरी है कि अधिक से अधिक मतदान हो।"

09:36 AM, 05-Feb-2025

सुबह 9 बजे तक 8.10 फीसदी हुआ मतदान

दिल्ली विधानसभा 2025 के लिए मतदान जारी है। 9 बजे तक 8.10 फीसदी मतदान हुआ है।

चुनाव आयोग ने जारी किए ये आंकड़े
सेंट्रल दिल्ली- 6.7 %
पूर्वी दिल्ली-  8.1 %
नई दिल्ली- 6.51 %
उत्तर दिल्ली- 7.12 %
उत्तर पूर्वी दिल्ली-10.70 %
उत्तर पश्चिमी दिल्ली- 7.66 %
शाहदरा- 8.92 %
दक्षिण दिल्ली- 8.43 %
दक्षिण पूर्वी दिल्ली- 8.36 %
दक्षिण पश्चिमी दिल्ली- 9.34 %
पश्चिमी दिल्ली- 6.76 %

09:35 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: अजय माकन ने किया मतदान

कांग्रेस नेता अजय माकन ने मतदान किया।

09:21 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने किया मतदान

दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने अपनी पत्नी के साथ आर एन मार्ग स्थित सेंट जेवियर्स स्कूल मतदान केंद्र पर मतदान किया।

09:19 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: मुख्यमंत्री आतिशी ने किया मतदान

दिल्ली की सीएम और कालकाजी विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार आतिशी ने कालकाजी के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

09:16 AM, 05-Feb-2025

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने किया मतदान

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने कामराज लेन स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया।

09:13 AM, 05-Feb-2025

 Delhi Election Voting: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया मतदान

 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। 

09:10 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting : कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी

तिलक नगर विधानसभा के गणेश नगर स्थित दिल्ली नगर निगम प्राथमिक सह शिक्षा विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था की जांच करते हुए सुरक्षा कर्मी।

09:08 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting : दिल्ली के विकास के लिए वोट डालें: रमेश बिधूड़ी

कालकाजी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने कहा, "दिल्ली का विकास एक राष्ट्रीय राजधानी के तौर पर हो। जैसे आज भारत दुनिया में पहचाना जा रहा है उसकी राजधानी दिल्ली भी उसी प्रकार की होनी चाहिए। पीएम मोदी चाहते हैं कि जैसे देश का विकास हो रहा है वैसे ही दिल्ली का भी विकास हो इसलिए मैं दिल्ली के सभी भाई-बहनों से अपील करता हूं कि वे दिल्ली के विकास के लिए वोट डालें।"

09:07 AM, 05-Feb-2025

सीएम आतिशी ने वोट डालने से पहले कालकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की

दिल्ली की सीएम और कालकाजी विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार आतिशी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोट डालने से पहले कालकाजी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने, "मैंने कालका मैया का आशीर्वाद लिया है। मुझे विश्वास है कि दिल्ली के लोग धर्मयुद्ध में काम, सच्चाई, अच्छाई को अपना वोट जरूर देंगे।"

09:02 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: AAP प्रत्याशी संजीव झा ने मतदान किया

बुराड़ी विधानसभा से आम आदमी पार्टी प्रत्याशी संजीव झा ने मतदान किया। 

09:00 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: मनीष सिसोदिया ने किया मतदान

आप नेता और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के लेडी इरविन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उनकी पत्नी सीमा सिसोदिया भी यहीं मतदान किया। इस मौके पर मनीष सिसोदिया ने कहा, "आज मैं अपने परिवार के साथ दिल्ली के लोगों के बेहतर जीवन के लिए वोट देने आया हूं। मैं दिल्ली के लोगों से अपील करूंगा कि वे अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए, अपने परिवारों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए, दिल्ली में बिजली और पानी के लिए वोट करें। ऐसी सरकार चुनें जो सबके लिए काम करे, ऐसी सरकार नहीं जो इधर-उधर की बातें और गुंडागर्दी करे।"

08:58 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: मतदान के लिए रवाना हुईं सीएम आतिशी

दिल्ली की सीएम और कालकाजी विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार आतिशी अपने आवास से निकल गई हैं। कांग्रेस ने कालकाजी सीट से अलका लांबा को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने इस सीट से अपने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है।

08:51 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election 2025: 70 सीटों पर मतदान जारी

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 70 सीटों पर मतदान जारी है। द्वारका के आईटीएल स्कूल में वोटिंग चल रही है बूथ अभी लगभग खाली हैं। यहां के 8 बूथों में सिर्फ एक पर हल्की  फुल्की लाइन है।

08:49 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: अरविंदर सिंह लवली ने मतदान किया

गांधीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अरविंदर सिंह लवली ने मतदान किया। अरविंदर सिंह लवली ने कहा, "दिल्ली मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रही है, यमुना गंदी हो गई है, दिल्ली प्रदूषण से भरी हुई है, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में नई सरकार बनेगी जो दिल्ली को विकास की ओर ले जाएगी।"

08:47 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने किया मतदान

दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा और उनकी पत्नी ने मोती बाग स्थित मतदान केंद्र पर  दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदान किया।

08:47 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू ने डाला वोट

चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू ने दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए मतदान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, "पूरी तैयारी है। सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। हर व्यक्ति बहुत खुश है। मैं यही अपील करूंगा कि ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान देने अवश्य आएं।"

08:37 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: अमित शाह ने की मतदान करने की अपील

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए जा रहे बहनों-भाइयों से अपील करता हूं कि वे झूठे वादों, प्रदूषित यमुना, शराब के ठेकों, टूटी सड़कों और गंदे पानी के खिलाफ वोट करें। आज एक ऐसी सरकार बनाने के लिए बढ़-चढ़कर मतदान करें, जिसके पास जनकल्याण का मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड हो और दिल्ली के विकास का स्पष्ट विजन भी हो। आपका एक वोट दिल्ली को दुनिया की सबसे विकसित राजधानी बना सकता है।'

08:34 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election 2025: बूथों के बाहर लगी मतदाताओं की लंबी लाइन

त्रिलोकपुरी के राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय में मतदाताओं की लंबी लाइन लगी है। लोगों के पहचान पत्र देखने के बाद ही मतदान केंद्र में प्रवेश की अनुमति जा रही है।

08:28 AM, 05-Feb-2025

मतदान करने के बाद मतदान केंद्र से रवाना हुए राहुल गांधी

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान करने के बाद मतदान केंद्र से रवाना हुए।

08:27 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: मतदान करने पहुंचीं बांसुरी स्वराज

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपना वोट डालने जनपथ स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचीं।

08:23 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: मतदान के लिए पहुंचे राहुल गांधी

लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी मतदान के लिए दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। 

08:22 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर ने मतदान किया।

केंद्रीय मंत्री एस. जयशंकर ने मतदान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, "मैं एक शुरुआती मतदाता हूं, दिल्ली का मतदाता हूं। मुझे लगता है कि जनता बदलाव के मूड में है।"

08:20 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: भाजपा उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता ने मतदान किया

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता और रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता ने मतदान किया।

08:18 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election 2025: मतदान केंद्रों के बाहर लगी कतार

त्रिलोकपुरी निर्वाचन क्षेत्र के आर के एस वी स्कूल के मतदान केंद्र में मतदान करने के लिए लोग लाइन में लगे हैं।

08:16 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election 2025: केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने किया मतदान

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, "मैं दिल्ली के सभी नागरिकों और मतदाताओं को कहूंगा कि ये हमारे लिए अवसर नहीं है बल्कि ये हमारी जिम्मेदारी बनती है। यह कोई सामान्य चुनाव नहीं है बल्कि ये खास है। जो देश के लिए पीएम मोदी ने किया उन योजनाओं को इन्होंने(AAP) दिल्ली में लागू ही नहीं होने दिया। मुझे पूरा विश्वास है कि 8 फरवरी को जब नतीजे आएंगे तो भाजपा यहां(दिल्ली विधानसभा) का दायित्व संभालेगी। दिल्ली को एक शानदार राजधानी बनाने का काम हम फिर से शुरू करेंगे। "

08:16 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: भाजपा प्रत्याशी सतीश उपाध्याय ने मतदान किया

मालवीय नगर से भाजपा प्रत्याशी सतीश उपाध्याय ने मतदान किया।

08:14 AM, 05-Feb-2025

मतदान करने से पहले भाजपा उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता ने की पूजा-अर्चना

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता और रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार विजेंद्र गुप्ता ने वोट डालने से पहले पूजा-अर्चना की।

08:13 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: अमानतुल्लाह खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज

दिल्ली पुलिस ने ओखला विधानसभा से AAP विधायक और उम्मीदवार अमानतुल्लाह खान के खिलाफ जामिया नगर थाने में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। इस मामले में FIR संख्या 95/25 धारा 223/3/5 BNS और 126 RP एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

08:13 AM, 05-Feb-2025

पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा ने मतदान किया

पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव अपूर्व चंद्रा ने मतदान किया। उन्होंने कहा, "NDMC ने बहुत सुंदर बूथ बनाया है, बहुत बढ़िया व्यवस्थाएं हैं। मैं दिल्ली के सभी मतदाताओं से अपील करूंगा कि वे लोकतंत्र के उत्सव में हिस्सा लें और वोट करें।"

07:59 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने मतदान किया

दिल्ली हज कमेटी की अध्यक्ष कौसर जहां ने मतदान किया। कौसर जहां ने कहा, "मैंने दिल्ली के विकास और एक विकसित दिल्ली के लिए अपना मतदान किया है। मेरी सभी दिल्लीवासियों से अपील है कि कृपया अपने घरों से बाहर निकलिए और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।"

07:57 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। न्यू अशोक नगर में आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों ही काउंटर पर भीड़ है। पहली बार मतदाता इशिता ने कहा, "मैं 21 साल की युवा हूं इसलिए मैं चाहूंगी कि सरकार बेरोजगारी को और अधिक लक्षित करे और अधिक अवसर पैदा करे। यह मुफ़्त-मुफ्त तो हर कोई कर रहा है लेकिन यह अधिक महत्वपूर्ण है कि हमारे पास युवा सशक्तिकरण हो।"

07:55 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Voting: सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने किया मतदान

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा, "मैं मुबारकबाद देना चाहता हूं। यह सारे देश के लिए बहुत गर्व की बात है कि आज लोकतंत्र में सब अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। यह न केवल लोकतांत्रिक अधिकार है बल्कि आम नागरिक की जिम्मेदारी भी है कि वे इस मतदान की प्रक्रिया में भाग ले।"

07:53 AM, 05-Feb-2025

दिल्लीवासी निष्पक्ष होकर मतदान करें: पंकज कुमार सिंह

डिप्टी NSA पंकज कुमार सिंह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव  के लिए मतदान किया। उन्होंने कहा, "मतदाता होने की जिम्मेदारी निभाते हुए मैं और मेरा परिवार बहुत पहले ही आ गए थे, बहुत अच्छी व्यवस्था थी और मैं वोट देने वाला पहला व्यक्ति था। मतदाताओं से मेरी अपील है कि वे निष्पक्ष होकर मतदान करें।"

07:35 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election 2025: मतदान करने से पहले भाजपा प्रत्याशी सतीश उपाध्याय ने पूजा-अर्चना की

मालवीय नगर से भाजपा प्रत्याशी सतीश उपाध्याय ने मतदान करने से पहले ग्रीन पार्क स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की।

07:34 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election 2025: कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने मतदान किया

कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने मतदान किया। अलका लांबा ने कहा, "मुझे लगता है कि दिल्ली के मतदाता हमसे(उम्मीदवार) अधिक उत्साहित हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि वे बदलाव और विकास चाहते हैं। लोगों ने 10 वर्षों दिल्ली को 20 साल पीछे जाते हुए देखा है। हमें समय के साथ आगे बढ़ना चाहिए था लेकिन हम पीछे रह गए। मुझे उम्मीद है कि दिल्ली के जागरुक मतदाता घरों से बाहर निकलेंगे और मुद्दों पर मतदान करेंगे"

07:34 AM, 05-Feb-2025

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) दिल्ली, आर. एलिस वाज ने कहा, "दिल्लीवासियों ने अपील है कि कृपया बाहर आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करने के लिए मतदान करें।"

07:26 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election 2025: प्रवेश वर्मा ने मतदान से पहले की पूजा-अर्चना

नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपना वोट डालने से पहले यमुना घाट, आईटीओ में पूजा-अर्चना की।

07:24 AM, 05-Feb-2025

वीरेंद्र सचदेवा ने किया मतदान

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और उनकी पत्नी ने पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मयूर विहार फेज 1 स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया।

07:22 AM, 05-Feb-2025

अपना कीमती वोट जरूर डालें: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज सभी सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। यहां के मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे लोकतंत्र के इस उत्सव में पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लें और अपना कीमती वोट जरूर डालें। इस अवसर पर पहली बार वोट देने जा रहे सभी युवा साथियों को मेरी विशेष शुभकामनाएं।'

07:21 AM, 05-Feb-2025

संदीप दीक्षित ने मतदान किया

नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने मतदान किया। संदीप दीक्षित ने कहा, "एक मतदाता के तौर पर मैंने देखा कि मेरे क्षेत्र में कौन अच्छा विधायक रहा है, कौन काम कर पाएगा, मैंने एक नागरिक के तौर पर वोट दिया है। लोग उस महिला को याद कर रहे हैं जिसने दिल्ली का निर्माण किया।" आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एक बार फिर नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने नई दिल्ली सीट से प्रवेश वर्मा को मैदान में उतारा है।

07:00 AM, 05-Feb-2025

मतदान शुरू

दिल्ली में मतदान शुरू हो गया है। 

 

06:48 AM, 05-Feb-2025

दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने किया मतदान आग्रह

दिल्ली की मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर एलिस वाज ने कहा है कि मैं दिल्ली के सभी लोगों से अनुरोध करती हूं कि वे आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करें। हमने आपकी सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों पर उचित व्यवस्था की है। आप सभी से मेरी अपील है- आओ और वोट करो।

06:46 AM, 05-Feb-2025

अभी चल रही है मॉक पोलिंग

गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एमसीडी प्रतिभा विद्यालय, पूर्वी आजाद नगर मतदान केंद्र पर मॉक पोलिंग चल रही है। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा। 

06:44 AM, 05-Feb-2025

बूथ तक मतदाताओं को लाने की तैयारी

ज्यादा से ज्यादा मतदान कराने के लिए दल कई सहूलियतें भी प्रदान कर रहे हैं। इसके लिए पार्टियों ने बैट्री रिक्शा का प्रबंध किया है। इसे हर कॉलोनी और बूथ पर तैनात किया जाएगा। इनका काम यह होगा कि मतदाताओं को उनके घर से केंद्र तक पहुंचाएं और फिर घर तक छोड़कर आएं। बकायदा ऑटो और बैट्री रिक्शा चालकों के फोन नंबर भी जारी किए गए हैं।

06:30 AM, 05-Feb-2025

दिल्ली पुलिस ने किया बिना डर, शांतिपूर्ण मतदान कराने का दावा

दिल्ली पुलिस ने विधानसभा चुनावों के लिए होने वाले मतदान को बिना डर और शांतिपूर्ण कराने का दाव किया है। दिल्ली पुलिस के दिल्ली विस चुनावों के नोडल अफसर व विशेष पुलिस आयुक्त देवेश श्रीवास्तव ने कहा है कि दिल्ली पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार दोपहर तीन बजे तक पोलिंग पार्टियां पोलिंग स्टेशनों में पहुंच गई थीं। देर रात तक सभी पोलिंग पार्टियां पोलिंग स्टेशनों में पहुंच जाएंगी।

06:12 AM, 05-Feb-2025

कई उम्मीदवार खुद को ही नहीं दे पाएंगे वोट

कई उम्मीदवार ऐसे हैं जो खुद को ही वोट नहीं दे पाएंगे। इसकी वजह यह है कि जिस सीट से वे चुनाव लड़ रहे हैं। उस क्षेत्र में वे रहते नहीं हैं। ऐसे में वे अपनी पार्टी के उम्मीदवार को तो वोट दे सकेंगे, लेकिन खुद को वोट नहीं दे पाएंगे। प्रमुख दलों की बात करें तो कालकाजी सीट पर भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी मतदाता तुगलकाबाद के हैं। कांग्रेस से चुनाव लड़ रही अलका लांबा मादीपुर की मतदाता हैं, लेकिन वे चुनाव कालकाजी से आतिशी के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं। इसी तरह संगम विहार से भाजपा प्रत्याशी चंदन कुमार चौधरी देवली विधानसभा के मतदाता हैं, लेकिन वे चुनाव संगम विहार विधानसभा सीट से लड़ रहे हैं। इसी सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी हर्ष चौधरी हैं। वे तुगलकाबाद के मतदाता हैं। इसी तरह करावल नगर से भाजपा प्रत्याशी कपिल मिश्रा घोंडा विधानसभा के मतदाता हैं। जंगपुरा से आप प्रत्याशी और पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। मुस्तफाबाद से भाजपा प्रत्याशी मोहन सिंह बिष्ट करावल नगर के मतदाता हैं। कई अन्य उम्मीदवार भी ऐसे हैं जिनका वोट किसी अन्य विधानसभा में है और चुनाव किसी अन्य विधानसभा से लड़ रहे हैं। 

05:49 AM, 05-Feb-2025

नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल, वीडियो रिकॉर्डिंग व रील पर भी रोक

किसी भी मतदाता या मतदान अभिकर्ता को केंद्र के भीतर मोबाइल, वायरलेस सेट आदि ले जाने या उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंध कानून व व्यवस्था बनाए रखने वाले अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों, ड्यूटी मजिस्ट्रेटों, चुनाव ड्यूटी पर तैनात सेक्टर अधिकारियों आदि पर लागू नहीं होगा।

05:30 AM, 05-Feb-2025

पुलिस का जांच अभियान जारी

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 से पहले दिल्ली पुलिस विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चला रही है। यह डिफेंस कॉलोनी का फुटेज है। दिल्ली विधानसभा के लिए आज मतदान होना है।

05:19 AM, 05-Feb-2025

एलजी ने की वोट देने की अपील

उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली वासियों से बुधवार को वोट करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव अगले पांच साल के भविष्य का निर्माण करेगा। यह छुट्टी का दिन नहीं है। ड्यूटी का दिन है। वोट के माध्यम से आप अगले पांच साल के लिए ऐसी सरकार को चुनेंगे तो दिल्ली के विकास के लिए काम करेगी। 
 

04:03 AM, 05-Feb-2025

Delhi Election Live : दिल्ली में औसत 60.42% मतदान, उत्तर-पूर्वी जिले में सर्वाधिक 66.25% वोटिंग

दिल्ली में आज 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदान है। 699 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 1.56 करोड़ मतदाता करेंगे। 13,766 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। अधिकारियों के मुताबिक, नियत समय 6 बजे तक यदि कोई शख्स लाइन में लगेगा तो वह मतदान कर सकेगा। इसके लिए अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें