भाजपा ने पत्रकार वार्ता में आप पर जमकर हमला बोला। दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा होगा आतिशी का, पर पूरा का पूरा पॉवर सेंटर अरविंद केजरीवाल बंनेगे। वहीं भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के साथ न्याय नहीं किया, आपने फिर से जनता के साथ छलावा किया है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेद्र सचदेवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि चेहरा बदलने से आम आदमी पार्टी का चरित्र नहीं बदलेगा। सीएम बदलकर ये मेकओवर करना चाहते हैं।
आप ने मांगा स्वाति मालीवाल से इस्तीफा
आतिशी पर आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के एक्स पर पोस्ट साझा करने पर आप नेता दिलीप पांडे ने कहा कि एक बात समझ लीजिए। स्वाति मालीवाल वो शख्स हैं जो राज्यसभा का टिकट तो आप से लेती हैं लेकिन प्रतिक्रिया देने की स्क्रिप्ट भाजपा से लेती हैं। अगर उनमें थोड़ी भी शर्म है तो उन्हें राज्यसभा सांसद के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। भाजपा के टिकट पर राज्यसभा का रास्ता चुनना चाहिए। अगर उन्हें राज्यसभा में रहना है तो उन्हें भाजपा से टिकट लेना चाहिए।
विधायक दल की बैठक के बाद पहली बार बोलीं आतिशी
बैठक में मंत्री सहित 57 विधायक बैठक में रहे मौजूद
आम आदमी पार्टी के एक विधायक सत्येंद्र जैन अभी जेल में है। दो विधायक पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। जबकि एक विधायक ने पार्टी को छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन कर ली है। भाजपा में गए राजकुमार आनंद की विधायक की सदस्यता जा चुकी है। वह पूर्व विधायक हो गए हैं। केजरीवाल के आवास पर चली बैठक में 57 विधायक मौजूद रहे।
आतिशी के सीएम बनने पर बोलीं स्वाति मालीवाल
आतिशी को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनाए जाने पर आप सांसद स्वाति मालीवाल ने एक्स पर पोस्ट साझा किया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि आतिशी मार्लेना सिर्फ एक डमी सीएम हैं, फिर भी ये मुद्दा देश की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। भगवान दिल्ली की रक्षा करे! साथ ही कहा कि उनके माता-पिता ने अफजल गुरु को बचाने की पैरोकारी की।
सिसोदिया के दवाब में केजरीवाल ने लगाई मुहर: वीरेंद्र सचदेवा
दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी को दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बनाए जाने की खबरों पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने मजबूरी में बनाया है क्योंकि वे चाह कर भी अपनी मन मर्जी का मुख्यमंत्री नहीं बनवा सकें। मनीष सिसोदिया के कहने पर आतिशी को सारे विभाग दिए गए और मनीष सिसोदिया के दवाब में ही आतिशी को मुख्यमंत्री बनाया गया। मैं कह रहा हूं कि चेहरा बदल गया है लेकिन आम आदमी पार्टी का भ्रष्टाचारी चरित्र वही है।
दिल्ली के लोगों के लिए फैसला लिया- गोपाल राय
दिल्ली मंत्री गोपाल राय ने प्रेस वार्ता की और उन्होंने कहा कि विधायक दल की बैठक में आतिशी के नाम पर मुहर लगी है। राय ने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है। जेल से बाहर आने के बाद केजरीवाल ने इस्तीफे का फैसला लिया। भाजपा की सभी साजिशों को हमने नाकाम किया। अगले चुनाव तक आतिशी को जिम्मेदारी दी गई है। नई सरकार और जनता के फैसले के बाद ही केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि शाम 4.30 बजे केजरीवाल उपराज्यपाल को अपना इस्तीफा देंगे। इसके बाद आज ही सरकार गठन की तैयारी शुरू हो जाएगी। आज ही सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। आज शाम साढ़े चार बजे मुख्यमंत्री एलजी को इस्तीफा सौंपने जायेंगे।
विधायक दल की नेता बनीं आतिशी
दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी होंगी। मंगलवार को केजरीवाल के आवास पर विधायक दल की बैठक हुई। इस बैठक में आतिशी के नाम का प्रस्ताव केजरीवाल ने सभी विधायकों के सामने रखा। जिसका सभी विधायकों ने समर्थन किया। रेस में उनका नाम सबसे आगे भी चल रहा था। आतिशी पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखती है। उनकी प्रारंभिक पढ़ाई दिल्ली में हुई है। और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं।
सभी विधायकों ने स्वीकार किया प्रस्ताव
दिलीप पांडे ने प्रस्ताव रखा कि अरविंद केजरीवाल ही मुख्यमंत्री का नाम डिसाइड करें। सभी विधायकों ने प्रस्ताव का समर्थन किया है। सभी विधायकों ने खड़े होकर प्रस्ताव को स्वीकार किया।
आतिशी को चुना गया विधायक दल का नेता
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की मंत्री आतिशी के नाम का प्रस्ताव नए मुख्यमंत्री के तौर पर रखा है। उन्हें आप विधायक दल का नेता चुना गया है।
आप विधायक दल की बैठक शुरू
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर विधायकों की बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में सभी मंत्रियों और विधायकों को बुलाया गया है। जिसमें दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी। 26 और 27 सितंबर को दिल्ली विधानसभा का सत्र बुलाया गया है।
आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता का दावा- दिल्ली में फिर से लौटेंगे केजरीवाल
थोड़ी देर में शुरू होगी विधायक दल की बैठक
दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया कि सीएम केजरीवाल मंगलवार शाम 4:30 बजे उपराज्यपाल से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपेंगे। वहीं, मंगलवार दोपहर करीब 11:30 बजे आप के विधायक दल की बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री केजरीवाल विधायकों से चर्चा करेंगे और दिल्ली के नए मुख्यमंत्री पर निर्णय लिया जाएगा। इसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।
भरत की तरह कोई एक कुर्सी पर बैठेगा: सौरभ भारद्वाज
मीडिया से बात करते हुए दिल्ली मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ये कोई बात नहीं है कि कौन मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठेगा। क्योंकि वोट तो अरविंद केजरीवाल को दिया गया था। जनता ने केजरीवाल को चुना। उन्होंने आगे कहा कि वह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे। हम लोगों में से कोई एक चुनाव तक कुर्सी पर बैठेगा। कुर्सी पर भरत की तरह शासन किया जाएगा जैसे भगवान राम की अनुपस्थिति में भरत ने शासन चलाया था। आज विधायकों से चर्चा होगी। जिसमें मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगेगी।
पार्टी के सभी विधायकों से ली जा रही राय
पार्टी के एक पदाधिकारी ने बताया कि मंगलवार को विधायक दल की बैठक होगी। इसमें संभावित नामों को रखा जाएगा। इस पर सभी विधायक अपनी राय देंगे। इसमें जिसके नाम पर सहमति बनेगी, उसे विधायक दल का नेता चुना जाएगा। यही शाम को अरविंद केजरीवाल के साथ शाम 4:30 बजे उपराज्यपाल से मुलाकात कर नई सरकार के गठन का दावा पेश करेंगे। इसके बाद सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।
12 बजे होगा नए सीएम का एलान
मिली जानकारी के मुताबिक, दोपहर 12 बजे आम आदमी पार्टी नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करेगी। विधायक दल की बैठक के बाद नए सीएम के नाम की घोषणा की जाएगी।
सीएम की रेस में ये नाम
सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई नाम शामिल हैं। इसमें मौजूदा कैबिनेट के सदस्य आतिशी, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत के अलावा पूर्वी दिल्ली लोकसभा के प्रत्याशी रहे कुलदीप कुमार, विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़लान समेत दूसरे नाम भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इनकी खूबियों और खामियों पर बात करने के साथ मुख्यमंत्री बनने पर राष्ट्रीय स्तर पर जाने वाले सियासी संदेश पर भी बात की। इसमें जोर इस फैसले से पार्टी की साख पर पड़ने वाले असर पर रहा। वहीं, बात दिल्ली के साथ हरियाणा व महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव पर हुई।
केजरीवाल के आवास पर हुई पीएसी की बैठक
इस्तीफे के एलान के दूसरे दिन सोमवार मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास पर पीएसी की बैठक बुलाई। करीब एक घंटे तक चली बैठक में पीएसी के सभी सदस्य और मौजूदा कैबिनेट मंत्री उपस्थित रहे। बैठक में मौजूद एक-एक नेता से केजरीवाल ने दिल्ली के नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चा की और उनका फीडबैक लिया। इस दौरान केजरीवाल ने उनसे दिल्ली के मौजूदा सियासी माहौल, नए मुख्यमंत्री के नाम और उसके आप की भविष्य की सियासत पर पड़ने वाले असर पर राय ली। इसमें दिल्ली समेत देश के दूसरे राज्यों में होने वाले चुनाव की स्थितियों की आकलन किया गया।
आज होगी विधायक दल की बैठक
आप विधायक दल की बैठक में मंगलवार दोपहर दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपेंगे। वहीं, आप विधायक दल के नेता के साथ नई सरकार के गठन का दावा भी पेश करेंगे। इसके बाद दिल्ली में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।
दिल्ली में मंगलवार को नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान हो जाएगा। इसके बाद सीएम अरविंद केजरीवाल उपराज्यपाल को इस्तीफा सौपेंगे और बीते सोमवार मुख्यमंत्री ने राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) के साथ बैठक की। इसमें हर सदस्य से एक-एक करके दिल्ली की मौजूदा सियासी स्थिति में नए मुख्यमंत्री के बारे में उनकी राय जानी।