फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CJP Protest Live: प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा शुरू, पुलिस ने दर्ज कीं 22 एफआईआर; प्रदर्शन पर पढ़ें ताजा अपडेट्स

Sun, 11 Oct 2026 12:25 PM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

Delhi CJP Protest Live Updates: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने आंदोलन जारी रखने का एलान किया। सीजेपी के अंजिक्य शिंदे ने कहा कि जब तक सीईसी ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अभिजीत, सौरव दास और आशुतोष रांका को रिहा कर दिया है। उधर, आज दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन खुले हैं। मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट खुले रहेंगे। यहां पढ़ें सीजेपी प्रदर्शन से जुड़ा हर पल का अपडेट...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:15 PM, 11-Oct-2026

मुझे किडनैप किया गया था: ध्रुव राठी

यूट्यूबर ध्रुव राठी ने पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किए एक वीडियो में कहा कि मुझे किडनैप किया गया था। हिरासत में उसे लिया जाता है जो कहीं प्रतिबंधित जगह जा रहा हो मैं तो अपना घर पर सो रहा था। सिविल ड्रेस में पुलिस के गुंडे मेरे घर में घुसे थे। मैं अपने मां पिता के साथ था अपने घर में था। मैं इसे हिरासत नहीं किडनैपिंग कहूंगा। मैं भारतीय नागरिक हूं, था, और रहूंगा। कुछ लोग मेरे पासपोर्ट को लेकर गलत अफवाह फैला रहे हैं।

12:04 PM, 11-Oct-2026
CJP Proteast Live - फोटो : अमर उजाला

कालिंदी कुंज बॉर्डर: सीमेंटेड बैरिकेड को एक तरफ से खोला

कालिंदी कुंज बॉर्डर पर लगाए गए सीमेंटेड बैरिकेड को एक तरफ से खोल दिया गया है। हालांकि, दूसरी तरफ बैरिकेड जारी है और गाड़ियों की चेकिंग की जा रही है। शनिवार को 100 मीटर के अंतर पर दो बैरिकेड लगाए गए थे एक सीमेंटेड बैरिकेड था और दूसरी तरफ ट्रैफिक बैरिकेड लगाए गया था। शनिवार की अपेक्षा आज सुबह से ट्रैफिक कम दिख रहा है।

12:04 PM, 11-Oct-2026
CJP Proteast Live - फोटो : अमर उजाला

लोगों को जांच के बाद जाने दे रही पुलिस

अशोक रोड में पुलिस जांच के बाद आवाजाही दी जा रही है। पुलिस आने वालो लोगों को जांच के बाद जाने दे रही है। किसी तरह का संदेह होने पर डिटेन किया जा रहा है।

विज्ञापन
12:01 PM, 11-Oct-2026

दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, हिरासत में प्रदर्शनकारी

दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है। एक 19 वर्षीय लड़की को मीडिया से बातचीत करने के दरमियान डिटेन कर लिया गया।

11:27 AM, 11-Oct-2026

प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा शुरू

राजीव चौक के रेगल बिल्डिंग के पास प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा शुरू। वहीं, रविवार के मुकाबले आज वाहनों की आवाजाही ज्यादा है। सड़कें सामान्य रूप से खुली हैं। इंटरनेट सेवा भी बहाल। ऑटो ड्राइवर इमरान खान ने बताया, बिना रोक टोक के आज आने दिया जा रहा।

विज्ञापन
11:11 AM, 11-Oct-2026

मेट्रो स्टेशन के खुलने से यात्रियों को थोड़ी राहत, लुटियंस जोन में बाधित डीटीसी बसों के रूट

मेट्रो के सभी स्टेशन रात शनिवार 10 बजे के बाद से खुले हुए हैं। जिससे यात्रियों को थोड़ी राहत मिली। डीटीसी बसों के रूट बैरिकेटिंग से अभी भी लुटियंस जोन में बाधित हैं।

11:00 AM, 11-Oct-2026

दिल्ली पुलिस ने करीब 22 प्राथमिकी दर्ज कीं

सीजेपी के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने करीब 22 प्राथमिकी दर्ज की है। नई दिल्ली जिले के हर थाने में फिर प्राथमिकी दर्ज की गई है। हालांकि, इन में किसी को नामजद नहीं किया गया है।

10:36 AM, 11-Oct-2026

दोपहर दो बजे सीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस

सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका का कहना है, 'हम दोपहर दो बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।'

10:28 AM, 11-Oct-2026

सीजेपी नेताओं की रिहाई की शर्त

 मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अभिजीत, सौरव दास और आशुतोष रांका को रिहा कर दिया है। 50,000 रुपये का श्योरिटी बॉन्ड भरा गया है। सीजेपी की रत्ना सिंह ने कहा कि तीनों को इस शर्त पर रिहा किया गया है कि वे एक साल तक शांति भंग नहीं करेंगे।

10:15 AM, 11-Oct-2026

कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने आंदोलन दूसरे दिन भी जारी है। आज चार प्रदर्शनकारियों को डीडीयू मार्ग से और दो-तीन को अशोक रोड से हिरासत में लिया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आसपास भी भीड़ जुटने की इजाजत नहीं है, भगवान दास रोड पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात है। कनाट प्लेस की तरफ आउटर सर्किल में कुछ प्रदर्शनकारी मौजूद हैं।

09:58 AM, 11-Oct-2026

दिपके, सौरव, रांका को मजिस्ट्रेट कोर्ट ने किया रिहा

कॉकरोच जनता पार्टी के अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। सीजेपी की लीगल हेड रत्ना सिंह ने बताया कि मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अभिजीत, सौरव और आशुतोष को रिहा कर दिया है। 

09:36 AM, 11-Oct-2026

आज सभी मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट खुले रहेंगे

आज दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन खुले हैं। मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट खुले रहेंगे। और ट्रेनें तय समय के अनुसार चलेंगी।

09:33 AM, 11-Oct-2026

यूट्यूबर ध्रुव राठी को किया गया रिहा

यूट्यूबर ध्रुव राठी को रिहा कर दिया गया है। हरियाणा के गुरुग्राम में हिरासत में लिए गए ध्रुव राठी को देर रात रिहा कर दिया गया। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध-प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए यूट्यूबर ध्रुव राठी को शनिवार देर रात रिहा कर दिया गया।

09:22 AM, 11-Oct-2026

दिल्ली में ट्रैफिक पर सख्त पाबंदियां

यातायात पुलिस के अनुसार शंकर रोड-वंदे मातरम टी-प्वाइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, गुरु नानक चौक, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग, चेम्सफोर्ड रोड, लोधी रोड फ्लाईओवर और नीला गुंबद के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा मदरसां टी-प्वाइंट, सम्राट होटल राउंडअबाउट, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग क्रॉसिंग, भीकाजी कामा प्लेस, मोती बाग फ्लाईओवर, रिंग रोड-सेंट मार्टिन मार्ग टी-प्वाइंट, अशोका रोड-जंतर मंतर रोड, विंडसर पैलेस, टॉलस्टॉय-जनपथ क्रॉसिंग और रेल भवन के आसपास भी डायवर्जन लागू किया जा सकता है। कनॉट प्लेस, बाराखंभा रोड, गोल डाकखाना, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल और संसद मार्ग से जुड़े मार्गों पर भी आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।

यातायात पुलिस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और जरूरी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की है। रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी या एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को खास तौर पर समय का ध्यान रखने को कहा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जमीनी स्थिति के अनुसार डायवर्जन और प्रतिबंधों में बदलाव किया जा सकता है। लाइव अपडेट के लिए यातायात पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म देखते रहने की सलाह दी गई है।

09:20 AM, 11-Oct-2026

जंतर-मंतर पर सुरक्षा बलों की तैनाती

सीजेपी के विरोध-प्रदर्शन के एलान और बीते कल पुलिस की कार्रवाई के बाद आज भी जंतर-मंतर पर सुरक्षा बलों की तैनाती है। यहां बड़ी संख्या में पुलिस और अन्य सुरक्षा बल मौजूद हैं।

09:09 AM, 11-Oct-2026

दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जहां सीजेपी नेता अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।

08:38 AM, 11-Oct-2026

अब भी हिरासत में हैं सीजेपी नेता दिपके, रांका और सौरव

दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीजेपी नेता अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को एहतियाती हिरासत में रखा गया है। उन्हें आज दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। 

08:14 AM, 11-Oct-2026

शनिवार को ये बड़े नेता हिरासत में रहे

शनिवार को आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को उनके आवास से हिरासत में लिया गया। संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज व गोपाल राय भी हिरासत में रहे। तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी, डेरेक ओब्रायन, डोला सेन, विजयन, माणिक सरकार और वृंदा करात को केरल भवन के बाहर से हिरासत में लिया गया। अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज, फिल्मकार अबान रजा भी हिरासत में रहे।

08:00 AM, 11-Oct-2026

भारत ने जताई कड़ी आपत्ति- आंतरिक मामलों में यूएन की टिप्पणी अनुचित हस्तक्षेप

प्रदर्शनकारियों की धरपकड़ पर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय की ओर से चिंता जताने पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है। जिनेवा में भारत के स्थायी मिशन ने यूएन की टिप्पणी खारिज करते हुए इसे अनुचित और भारत के आंतरिक मामलों में अवांछित हस्तक्षेप करार दिया है। यूएन प्रवक्ता थमीन अल-खीतान ने हिरासत पर चिंता जताते हुए सभी नेताओं की तत्काल रिहाई की अपील की थी। 
 

07:55 AM, 11-Oct-2026

प्रदर्शनकारियों से झड़प, छह पुलिसकर्मी घायल

दिल्ली में करीब 45 हजार जवानों की सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पाबंदियों के चलते प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर तक नहीं पहुंच सके। हालांकि बॉर्डर पर चेकिंग से ट्रैफिक चोक हो गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों से झड़प भी हुई। आरोप है कि पुलिस पर हुए पथराव में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस बीच, कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन ने 12 अक्तूबर को बड़े प्रदर्शन का एलान किया है।

07:53 AM, 11-Oct-2026

दिपके समेत सीजेपी के तीन नेताओं को विमान से हिरासत में लिया था

पुलिस सात हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर बसों-गाड़ियों में भरकर स्टेडियमों और अस्थायी हिरासत केंद्र ले गई। हालांकि देर रात सभी को छोड़ दिया गया। सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके समेत तीन नेताओं को विमान से ही हिरासत में ले लिया गया। इनके अलावा चार पूर्व मुख्यमंत्रियों दिल्ली के अरविंद केजरीवाल, प. बंगाल की ममता बनर्जी, त्रिपुरा के माणिक सरकार और केरल के पी. विजयन भी हिरासत में लिए गए थे।

07:52 AM, 11-Oct-2026

शनिवार को हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में सीजेपी के प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने बड़े पैमाने पर धरपकड़ की। प्रदर्शनकारियों को शनिवार को जंतर-मंतर पर पहुंचने से पहले ही जगह-जगह रोककर हिरासत में लेते रहे।

07:46 AM, 11-Oct-2026

CJP Protest Live: प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा शुरू, पुलिस ने दर्ज कीं 22 एफआईआर; प्रदर्शन पर पढ़ें ताजा अपडेट्स

सीजेपी के मुताबिक, मतदाता सूची में गड़बड़ी और 13 करोड़ मतों को हटाने या उनमें बदलाव करने के आरोपों पर जवाबदेही तय होने तक देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। पार्टी ने कार्यकर्ताओं और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई का भी विरोध किया।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें