फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CJP Protest Live: शनिवार को सीजेपी और सरकार के बीच तीसरे दौर की वार्ता, दोपहर 3:30 बजे का समय तय

Fri, 24 Jul 2026 07:13 PM IST
Vijay Singh Pundir अमर उजाला नेवटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

CJP Protest in Delhi Today Live Updates: नीट पेपर लीक को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन जारी है। सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। वह पिछले 26 दिनों से नीट पेपर लीक को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। दिल्ली समेत देशभर में विरोध प्रदर्शनों के बीच कॉकरोच जनता पार्टी और सरकार के बीच आज बैठक हुई।सीजेपी ने कहा कि जंतर-मंतर पर उनका विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते।
विज्ञापन
CJP Protest Live - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:49 PM, 24-Jul-2026

शनिवार को सीजेपी-सरकार के बीच तीसरे दौर की वार्ता, दोपहर 3:30 बजे समय तय

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के बीच शनिवार को बातचीत का तीसरा दौर होगा। यह बैठक दोपहर 3:30 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में CJP के प्रतिनिधिमंडल की केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के साथ अहम वार्ता होगी। दोनों पक्षों के बीच आंदोलन से जुड़ी मांगों और समाधान के संभावित रास्तों पर चर्चा होने की उम्मीद है। 

10:02 PM, 24-Jul-2026

दिल्ली पुलिस का पेपर लीक पर कड़ा प्रहार, परीक्षा धांधली रोकने को STF का गठन

दिल्ली पुलिस ने सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत पेपर लीक और परीक्षा से जुड़े अपराधों की जांच के लिए अपराध शाखा के अंतर्गत एक विशेष कार्यबल (एसटीएफ) का गठन किया है। यह एसटीएफ यूपीएससी, एसएससी, आरआरबी, आईबीपीएस, एनटीए और अन्य अधिसूचित एजेंसियों द्वारा आयोजित परीक्षाओं से जुड़े मामलों की जांच करेगी। साथ ही, अभियोजन एजेंसियों के साथ समन्वय कर मामलों का शीघ्र निस्तारण और त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करेगी।

07:52 PM, 24-Jul-2026

27 जुलाई को सीजेपी के आंदोलन में शामिल होंगी ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 27 जुलाई को नई दिल्ली आएंगी और नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन में शामिल होंगी। गौरतलब है कि सीजेपी 20 जून से जंतर-मंतर पर इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

विज्ञापन
07:10 PM, 24-Jul-2026

दिल्ली मेट्रो के 15 स्टेशन अभी भी बंद

शुक्रवार शाम को मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश द्वार फिर से खोल दिए गए। हालांकि, मध्य दिल्ली के 15 अन्य स्टेशन लगातार तीसरे दिन भी बंद रहे। यह फैसला जंतर मंतर के पास कॉकरोज जनता पार्टी  के जारी विरोध प्रदर्शन के कारण सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर लिया गया।

07:04 PM, 24-Jul-2026

सोनम वांगचुक की सेहत में सुधार, मेदांता अस्पताल ने दी जानकारी

गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर कहा है कि उनका इलाज डॉक्टरों की एक बहु-विषयक टीम कर रही है। उन्होंने अपना अनशन तोड़ दिया है और अब उन्हें आवश्यकतानुसार तरल आहार दिया जा रहा है। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है और वह सचेत हैं। उनके महत्वपूर्ण संकेत स्वीकार्य मापदंडों के भीतर हैं। वह लगातार निगरानी में हैं और उनके नैदानिक मापदंडों की निगरानी की जा रही है।

विज्ञापन
07:02 PM, 24-Jul-2026

सीसीटीवी में कैद हुईं पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटनाएं

20 जुलाई को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली की कई जगहों पर पत्थरबाजी और तोड़-फोड़ की घटनाएं सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दी हैं।
 

06:47 PM, 24-Jul-2026

जंतर-मंतर पर स्थिति सामान्य, पुलिस आयुक्त अजय चौधरी ने बताया

दिल्ली के स्पेशल पुलिस कमिश्नर अजय चौधरी ने बताया कि हम अभी जंतर-मंतर पर हैं। हालात सामान्य हैं। कल के मुकाबले भीड़ कम है। काफी बातचीत भी हो रही है। इसके अच्छे नतीजे निकले हैं और लोग धीरे-धीरे बात समझ रहे हैं। अभी यहां लोग देशभक्ति के गाने गा रहे हैं, नाच-गा रहे हैं और बातचीत कर रहे हैं। इसलिए कोई चिंताजनक स्थिति नहीं है। हमारा मुख्य मकसद यह पक्का करना है कि किसी भी हाल में शांति भंग न हो।

 

06:23 PM, 24-Jul-2026

JNU छात्र संघ ने की एडवाइजरी की कड़ी निंदा

जेएनयू छात्र संघ ने जेएनयू प्रशासन की कड़ी निंदा की है। प्रशासन ने हाल ही में एक अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक परामर्श जारी किया था। यह परामर्श छात्रों को जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन में भाग लेने से रोकना चाहता है। प्रशासन छात्रों को उनके सांविधानिक अधिकार का प्रयोग करने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दे रहा है। छात्र संघ ने इसे असहमति को दबाने के लिए खुले तौर पर डराने-धमकाने का कार्य बताया है।

06:02 PM, 24-Jul-2026

मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले

जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच डीएमआरसी ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया है कि मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट अब खुल गए हैं।
 

05:12 PM, 24-Jul-2026

उत्तराखंड पुलिस कॉन्स्टेबल शेर सिंह का इस्तीफा

जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि उत्तराखंड पुलिस कॉन्स्टेबल शेर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

04:42 PM, 24-Jul-2026

जंतर-मंतर पर पुलिस ने लगाया फेशियल रिकग्निशन सिस्टम

पुलिस ने जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन की जगह पर वॉन्टेड अपराधियों की पहचान के लिए फेशियल रिकग्निशन सिस्टम लगाया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन वाली जगह के आस-पास चार फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (एपआरएस) यूनिट लगाई गई हैं, ताकि वॉन्टेड अपराधियों, भगोड़ों और हिस्ट्रीशीटरों की पहचान की जा सके। उन्होंने कहा कि यह सर्विलांस सिस्टम आम प्रदर्शनकारियों के लिए नहीं है, बल्कि इसका मकसद उन लोगों की पहचान करना है जिनका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और जो "विरोध प्रदर्शन में घुसपैठ" करके कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। यूनिट को विरोध प्रदर्शन वाली जगह के आस-पास मुख्य एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर लगाया गया है। ये सीधे दिल्ली पुलिस के डेटाबेस से जुड़ी हुई हैं।

04:27 PM, 24-Jul-2026

जंतर-मंतर प्रदर्शनों की NIA जांच वाली याचिका खारिज, हाईकोर्ट ने कहा - याचिका वापस लें

दिल्ली हाईकोर्ट ने जंतर मंतर पर 20 जुलाई को हुए विरोध प्रदर्शन और उससे जुड़ी घटनाओं के संबंध में दायर एक जनहित याचिका को वापस लेने के रूप में खारिज कर दिया है। मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय की पीठ ने याचिकाकर्ता को अन्य कानूनी उपायों का सहारा लेने की स्वतंत्रता देते हुए यह आदेश दिया।

याचिका में नीट-यूजी 2026 परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान संसद भवन की ओर मार्च, सड़क जाम, तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों पर हमले और महिला पत्रकारों सहित पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाओं की जांच के लिए एनआईए या किसी विशेष एजेंसी को सौंपी जाने की मांग की गई थी।

04:18 PM, 24-Jul-2026

नीट पेपर लीक: सुप्रीम कोर्ट में सरकार को दिए अहम सुझाव

नीट पेपर लीक मामले पर वकील तन्वी दुबे ने कहा कि हम मुख्य याचिकाकर्ताओं की तरफ से हैं। कोर्ट ने सरकार से कुछ खास बातें पूछीं जिन्हें उन्हें अपने हलफनामे में शामिल करना चाहिए। सरकार ने कोर्ट को भरोसा भी दिलाया कि वे कोर्ट के सभी सुझावों पर विचार करेंगे। कोर्ट ने कुछ अहम बातों पर जोर दिया और सरकार से उन्हें लिखवाया भी, जो उनके हिसाब से आने वाले सभी साल के लिए बहुत जरूरी हैं। कोर्ट ने आज की सुनवाई में एक बहुत जरूरी बात पर जोर दिया। वह है एनटीए का संस्थागतकरण। तो यह एक बहुत जरूरी बात थी जिस पर आज सुप्रीम कोर्ट के सामने सुनवाई में जोर दिया गया। हमने कोर्ट और एनटीए को सुझावों की एक लिस्ट भी सौंपी है। 

02:50 PM, 24-Jul-2026

हमने सरकार के सामने तीन मांगें रखी: सीजेपी

सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, 'सरकार से 10 मिनट बातचीत हुई। हमने सरकार के सामने तीन मांगें रखीं। मृत छात्रों के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा मिले। प्रदर्शनकारियों पर दर्ज एफआईआर हटे। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कोई समझौता नहीं हुआ। कल सरकार से फिर मुलाकात होगी। सरकार ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की हमारी मांग पर कल दोपहर तक का समय मांगा है। हमें उम्मीद है कि सरकार उन्हें जल्द ही हटा देगी। सरकार ने मुआवजे (नीट की तैयारी करने वाले उन छात्रों के परिवारों के लिए जिन्होंने आत्महत्या की) और छात्रों के खिलाफ एफआईआर और कानूनी मामले वापस लेने की दो मांगों पर सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।'

02:28 PM, 24-Jul-2026

सीजेपी प्रतिनिधिमंडल की सरकार की बैठक खत्म

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह और कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका के बीच एक बैठक हुई। इस बैठक में सीजेपी नेताओं ने सरकार को अपनी लिखित मांगें सौंप दी हैं। 

01:57 PM, 24-Jul-2026

सीजेपी और सरकार के बीच बातचीत शुरू

दिल्ली के वीपी हाउस में कॉकरोच जनता पार्टी और सरकार के बीच बातचीत शुरू हुई। बैठक में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह शामिल हैं।

01:50 PM, 24-Jul-2026

नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन भी किया गया बंद

नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन अगले निर्देश तक बंद कर दिया गया है। इस स्टेशन पर कोई इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

01:26 PM, 24-Jul-2026

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ भी मंजूर नहीं: अभिजीत दीपके

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने कहा, 'हमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ भी मंजूर नहीं है। विरोध बंद नहीं किया जाएगा। यह विरोध देश के युवाओं का है और यह किसी सोनम वांगचुक या दीपके तक सीमित नहीं है। यह विरोध देश के युवाओं का है, विपक्षी दलों का नहीं। अगर सरकार विरोध का समाधान चाहती है, तो यह केवल धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। मुझे लगता है कि सरकार ने सोनम वांगचुक को हिरासत में रखा था। जेपी नड्डा उनसे मिल सकते थे, लेकिन कोई भी विपक्षी सांसद उनसे नहीं मिल सका। यहां तक कि हम भी उनसे नहीं मिल सके। मुझे बहुत खुशी है कि सोनम सर ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है।'

01:15 PM, 24-Jul-2026

सीजेपी प्रतिनिधिमंडल-केंद्र सरकार में बातचीत

कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास कुछ ही देर में कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में सरकार से मिलने के लिए जंतर-मंतर से रवाना हुए।

12:53 PM, 24-Jul-2026

सरकार से हमारी मांग मान लेने का लिखित आश्वासन मिला: डॉ. गीतांजलि अंगमो

एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी, डॉ. गीतांजलि अंगमो ने कहा, "आधी रात को, हमें सरकार से स्टूडेंट प्रोटेस्टर्स के खिलाफ कोई एफआईआर न करने, नीट विक्टिम्स के लिए मुआवजा और संसद में शैक्षिक सुधारों पर चर्चा की हमारी मांग मान लेने का लिखित आश्वासन मिला। सरकार की तरफ से जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह कल यहां आए थे। उससे पहले, 16 सांसद यहां आए थे, और विपक्ष के 65 सांसदों ने लिखित भरोसा दिया है कि इस मुद्दे पर संसद में चर्चा होगी। सरकार और विपक्ष ने तय किया है कि इस मॉनसून सेशन में शैक्षिक सुधारों पर चर्चा होगी। इससे पूरा देश जाग गया है। नीट पेपर लीक एक सिम्टम था, लेकिन सिस्टम में इसके कारण मौजूद हैं। हमें उम्मीद है कि यह सरकार के लिए एक वेक-अप कॉल होगा। यह एक सफल आंदोलन रहा है, और इसीलिए सोनम ने अपना अनशन खत्म किया है। कल से, वह सेमी-सॉलिड डाइट पर चले जाएंगे।"

12:34 PM, 24-Jul-2026

दिल्ली में सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द

दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोज जनता पार्टी का आंदोलन जारी है। जिसे देखते हुए पुलिस-प्रशासन की टीम पूरी तरह से मुस्तैद है। कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में अगले आदेश तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी को रद्द कर दिया गया है। यह आदेश सभी रैंक के अधिकारियों के लिए जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस की तरफ से जारी आदेश में लिखा है कि मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए, पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक कोई भी सामान्य छुट्टी आदि नहीं दी जाएगी।

12:20 PM, 24-Jul-2026

सीजेपी प्रोटेस्ट पर जेएनयू की एडवाइजरी

जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय ने अपने यहां सेवारत कर्मियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जेएनयू ने एक्स पर पोस्ट कर कहा , 'जेएनयू के सभी सदस्यों को सलाह दी जाती है कि वे जिम्मेदारी से काम करें और अपनी पर्सनल सेफ्टी को प्रायोरिटी दें। पब्लिक डेमोंस्ट्रेशन पर भारत के माननीय सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, आपसे रिक्वेस्ट है कि आप नई दिल्ली में जंतर-मंतर पर या उसके आस-पास होने वाली गैदरिंग में हिस्सा लेने या जाने से बचें। कृपया सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी से काम लें। उल्लंघन करने पर लागू कानूनों के तहत कानूनी नतीजे हो सकते हैं और यूनिवर्सिटी के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत डिसिप्लिनरी एक्शन भी हो सकता है। आपको एकेडमिक जिम्मेदारी और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को बनाए रखने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाता है।'

11:46 AM, 24-Jul-2026

सीजेपी के विरोध पर आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार का बयान

कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध पर आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार ने कहा, 'मैं वहां आने वाले युवाओं से कहना चाहता हूं कि एक बात साफ नजर आ गई होगी कि इन आंदोलनों के पीछे देश की और विश्व की वो ताकतें हैं जो चाहती हैं कि भारत विकसित भारत ना बने, समर्थ भारत ना बने, शिक्षित भारत ना बने।'

11:34 AM, 24-Jul-2026

अरविंद केजरीवाल का पीएम मोदी पर हमला

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'कल रात को 12 बजे प्रधानमंत्री जी ने ऐलान किया कि पेपर लीक के लिए सोमवार को संसद में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के लिए कानून लाया जाएगा। मोदी जी का दिया आश्वासन कितना खोखला है, ये कल खुद ही साबित हो गया। 2024 नीट पेपर लीक के मास्टरमाइंड को कल सीबीआई ने कोर्ट में निर्दोष घोषित कर दिया। अगर ऐसी ही जांच करनी है, अगर आपको सुबूत ही नहीं पेश करने, तो फास्ट ट्रैक कोर्ट  का नाटक क्यों?'

11:23 AM, 24-Jul-2026

इंटरनेट सेवाएं बंद करने के सरकार के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती

दिल्ली हाई कोर्ट आज एक जनहित याचिका (पीआईएल) पर सुनवाई करने के लिए सहमत हो गया है। यह याचिका सेंट्रल दिल्ली के कुछ हिस्सों में इंटरनेट सेवाएं बंद करने के सरकार के फैसले को चुनौती देती है। इन हिस्सों में जंतर-मंतर के आस-पास के इलाके भी शामिल हैं, जहां छात्र विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।

11:11 AM, 24-Jul-2026

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के अलावा कुछ भी मंजूर नहीं है: सीजेपी

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा, 'जंतर-मंतर पर हमारा धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं दे देते। हमें बहुत राहत है कि सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल तोड़ दी है, क्योंकि 26 दिन से ज्यादा गए थे। उनकी ज़िंदगी इस देश के लिए बहुत कीमती है।' आज केंद्रीय मंत्रियों के साथ मीटिंग के बारे में उन्होंने कहा, "मीटिंग किसी न्यूट्रल जगह पर होगी। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के अलावा कुछ भी मंजूर नहीं है।"

10:47 AM, 24-Jul-2026

11 बजे सीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रतिनिधि आशुतोष रंका ने शुक्रवार को कहा कि जंतर-मंतर पर चल रहा विरोध-प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपना इस्तीफा नहीं दे देते। उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'सीसीआई में जेपी नड्डा जी के साथ 12:30 बजे एक मीटिंग तय है। हमें जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार जितेंद्र सिंह जी भी वहां मौजूद हो सकते हैं। जो भी बातचीत होगी, वह आप सभी के साथ शेयर की जाएगी। हमने 11 बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रखी है, जिसमें हम और जानकारी देंगे।'

10:08 AM, 24-Jul-2026

जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

आज भी लोग जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। सोनम वांगचुक का अनशन टूटने पर खुशी जताई। लेकिन प्रदर्शन इस्तीफे के बाद ही खत्म होने की बता कही।

09:50 AM, 24-Jul-2026

इंटरनेट सेवाएं आज भी बंद

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के चलते जंतर-मंतर के आसपास मोबाइल इंटरनेट सेवाएं शुक्रवार को भी बंद रखी गई हैं। राजधानी के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। 

09:47 AM, 24-Jul-2026

अनशन तोड़ने के बाद सोनम वांगचुक ने जारी किया वीडियो संदेश

सोनम वांगचुक ने 26 दिन बाद अनशन खत्म करने के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'भूख हड़ताल खत्म, जवाबदेही की शुरुआत!'। सोनम वांगचुक ने वीडियो संदेश में कहा, 'केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, डॉ. जितेंद्र सिंह और लेह-लद्दाख की शीर्ष संस्था के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मैंने आखिरकार 26 दिनों बाद अपना अनशन तोड़ा है। इससे पहले, अलग-अलग राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने मुझसे मिलकर या पत्र लिखकर अनशन तोड़ने का आग्रह किया और संसद में नीट पेपर और परीक्षाओं की प्रणाली पर चर्चा करने का आश्वासन दिया।'

सोनम वांगचुक ने बताया कि पिछले दो दिनों से सरकार और उनके बीच बातचीत चल रही थी। वे सरकार से लिखित में आश्वासन चाहते थे, जिसकी वजह से उन्हें दो दिन अतिरिक्त अनशन पर बैठना पड़ा। आखिरकार, सरकार ने उनकी मांगों पर लिखित आश्वासन दे दिया, जिसके बाद उन्होंने अनशन खत्म करने का निर्णय लिया।

09:09 AM, 24-Jul-2026

आज सीजेपी से बात करेगी सरकार

सोनम वांगचुक की 26 दिन की भूख हड़ताल खत्म हो चुकी है। सरकार के आश्वासन के बाद सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया। केंद्र सरकार के साथ बातचीत के लिए कॉकरोच जनता पार्टी तैयार है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल आज दोपहर 12:30 बजे केंद्र सरकार के मंत्रियों से मुलाकात करेगा। सीजपी का एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह से मुलाकात करेगा। सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास के अनुसार, इस बैठक के लिए कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया को चुना गया है। 

08:30 AM, 24-Jul-2026

सरकार हमसे न्यूट्रल स्थान पर मिलने के लिए सहमत: सीजेपी

सीजेपी प्रवक्ता वैष्णवी गौर ने कहा, 'सरकार हमसे न्यूट्रल स्थान पर मिलने के लिए सहमत हो गई है। हम अपनी मांगें रखेंगे, जिन पर हम पहले दिन से कायम हैं। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा, निर्दोष प्रदर्शनकारियों पर सभी एफआईआर हटाई जाएं और उन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो जिन्होंने प्रदर्शनकारियों पर बर्बरता की।'

08:24 AM, 24-Jul-2026

दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन रहेंगे बंद

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने आज सुबह 7.30 बजे से लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक समेत 17 स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। यह बंदी अगले आदेश तक लागू रहेगी। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रहेगी। नीचे देखें कौन-कौन स्टेशन रहेंगे बंद।

1. लोक कल्याण मार्ग  
2. राजीव चौक  
3. पटेल चौक  
4. रामकृष्ण आश्रम मार्ग  
5. बाराखंभा रोड  
6. सुप्रीम कोर्ट  
7. सेवा तीर्थ  
8. जनपथ  
9. मंडी हाउस  
10. केंद्रीय सचिवालय  
11. आईटीओ  
12. दिल्ली गेट  
13. इंद्रप्रस्थ  
14. खान मार्केट  
15. जोर बाग  
16. शिवाजी स्टेडियम  
17. झंडेवालान

08:10 AM, 24-Jul-2026

CJP Protest Live: शनिवार को सीजेपी और सरकार के बीच तीसरे दौर की वार्ता, दोपहर 3:30 बजे का समय तय

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) देशभर में आज पुलिस बर्बरता के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगी। सीजेपी ने अपील की है कि छात्र संघों को हर जिले में एकत्र होकर छात्रों की मांगें पढ़नी होंगी। अनुमति व व्यवस्था करनी होगी। सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने लोगों को संबोधित करते हुए दावा किया कि सरकार के प्रतिनिधियों ने जंतर-मंतर पर आने से मना कर दिया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अभी भी मंत्री जितेंद्र सिंह बोल रहे हैं कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के घर पर बातचीत के लिए बुलाया। आशुतोष ने जनता से हामी भरवाते हुए पूछा कि जाना चाहिए की नहीं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें