फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarkashi Tunnel Collapse Live: सुरंग में ऑगर मशीन से ड्रिलिंग शुरू, मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने किया निरीक्षण

Tue, 21 Nov 2023 05:03 PM IST
अलका त्यागी संवाद न्यूज एजेंसी, उत्तरकाशी

खास बातें

Uttarkashi Silkyara Tunnel Collapse Rescue Updates in Hindi:  दिवाली के दिन उत्तरकाशी की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे में फंसे  41 श्रमिकों को अभी तक बाहर नहीं निकाला जा सका है। रेस्क्यू का आज 10वां दिन है। पल-पल के अपडेट पढ़ें यहां...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:24 PM, 21-Nov-2023

सुरंग के ऊपरी हिस्से में कम दिखी गतिविधियां

मंगलवार को सुरंग के ऊपरी हिस्से में ड्रिलिंग के लिए गतिविधियां तेज होने की उम्मीद थी, लेकिन यहां कम गतिविधियां ही नजर आईं। गत सोमवार सुबह सर्वे व देर शाम तक यहां सड़क बनाने का काम पूरा कर लिया गया था। लेकिन मंगलवार को यहां ड्रिलिंग व बोरिंग की कोई कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी। हालांकि एक बोरिंग मशीन सुरंग के ऊपर जाने वाली सड़क पर जाती हुई जरूर नजर आई थी।

05:06 PM, 21-Nov-2023

मजदूरों से लगातार हो रहा संपर्क- लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य, लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने कहा कि सुरंग के अंदर पर्याप्त पानी, ऑक्सीजन और रोशनी है। फंसे हुए श्रमिकों के कुछ परिवारों को वहां पहुंचाया गया है। जिन राज्यों से श्रमिक आए हैं वहां के प्रशासन से संपर्क किया गया है। श्रमिकों के परिवार वहां लगाए गए चार इंच के पाइप से अपनों से बातें कर रहे हैं। 

05:02 PM, 21-Nov-2023

मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने किया सुरंग का निरीक्षण

उत्तरकाशी जनपद प्रभारी व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल भी आज सिलक्यारा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने टनल का निरीक्षण किया। कहा कि हम बहुत जल्दी सफल होने वाले हैं। अभी तक पूरा अभियान सकारात्मक दिशा में जा रहा है। विपक्ष के आरोपों पर बोले कि ये वक्त राजनीति का नहीं है। विपक्ष को भी 41 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने की कामना करनी चाहिए। अगर विपक्ष के पास कोई सुझाव है तो हमे बताएं, हम अमल करेंगे।

विज्ञापन
03:44 PM, 21-Nov-2023

केंद्र की टीवी चैनलों को सलाह, उत्तरकाशी घटना को सनसनीखेज न बनाएं

समाचार एजेंसी एनआई के मुताबिक, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने टीवी चैनलों को सलाह दी है कि वे उत्तरकाशी के सुरंग मामले को सनसनीखेज न बनाएं। 

02:16 PM, 21-Nov-2023

ऑगर मशीन से दोबारा ड्रिलिंग शुरू

सिलक्यारा सुरंग में ऑगर मशीन से दोबारा ड्रिलिंग शुरू हुई है। जिससे अब तक करीब 34 मीटर तक ड्रिलिंग की जा चुकी है। पूर्व में  900 एमएम व्यास के पाइप 22 मीटर तक डाले गए थे। इनके अंदर ही 820 एमएम व्यास के 12 मीटर तक पाइप डाले जा चुके हैं। सब कुछ ठीक रहा तो आज शाम तक पाइपों के आर-पार होने की उम्मीद की जा रही है।

विज्ञापन
02:02 PM, 21-Nov-2023

श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास कर रही सरकार-सीएम धामी

सीएम धामी ने कहा कि सिलक्यारा टनल में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के अंतर्गत छह इंच व्यास की पाइप मलबे के आर-पार किए जाने से श्रमिकों तक भोजन के साथ ही अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाई जा रही है। इस संबंध में आदरणीय प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन एवं सहयोग भी हमें निरंतर प्राप्त हो रहा है। हमारी सरकार सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

01:55 PM, 21-Nov-2023

ड्रोन से सुरंग की साइट का दिखा दृश्य

उत्तरकाशी के सिल्कयारा में जहां सुरंग के अंदर फंसे 41 श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चल रहा है। वहां का ड्रोन से दृश्य कैद किया गया है। 

12:54 PM, 21-Nov-2023

ऑगर मशीन को फिर से शुरू किया गया

ड्रिलिंग के लिए लगाई गई पुरानी ऑगर मशीन को फिर से शुरू किया गया है। इससे अब पांचवें पाइप को आगे बढ़ाया जा रहा है। मशीन चलाते हुए भीतर अभी भी कम्पन्न महसूस हो रही है। इसलिए केवल केवल जरूरी ऑपरेटर और विशेषज्ञ ही सुरंग के अंदर हैं।

12:31 PM, 21-Nov-2023

सुरंग के ऊपर बोरिंग के लिए मशीन रवाना

सिलक्यारा सुरंग के ऊपर बोरिंग के लिए मशीन रवाना कर दी गई है। यह मशीन अस्थाई सड़क से ऊपर पहुंचकर बोरिंग करेगी। यह बोरिंग लाइफलाइन के रूप में की जाएगी।

11:16 AM, 21-Nov-2023

मजदूरों को भेजे गए संतरे

सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को आज छह इंच के पाइप से फल भेजे गए हैं। अंदर फंसे मजदूरों के परिजनों का कहना है कि उन्हें खुशी है कि अंदर फंसे सभी लोग सुरक्षित हैं और उन्हें आज दसवें दिन फल भेजे गए हैं। वहीं, परिजनों ने श्रमिक से बात भी की।

11:08 AM, 21-Nov-2023

ये हैं आज के बड़े अपडेट

1-टनल के भीतर रात तीन बजे छह इंच की पाइप लाइन ब्लॉक हुई थी, जिसे फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने पानी के प्रेशर से साफ किया। इसके बाद ही कैमरा अंदर जा पाया।
2- एसजेवीएन की मशीन आज दोपहर तक टनल के ऊपर पहुंचने की उम्मीद। शाम या रात को शुरू हो सकती है वर्टिकल ड्रिल।
3- टनल के भीतर अमेरिकी ऑगर मशीन को जल्दी ही शुरू करने की तैयारी।
4- टनल में फंसे मजदूरों को फल जैसे संतरे भेजे गए।
5- परिजन टनल में पहुंचे। अपनों से बात करके संतुष्ट दिखे।
6- आज टनल के आसपास भारी बंदिशें हैं, सरकारी वाहन भी नहीं जाने दे रहे। यूपीसीएल के इंजीनियरों को टनल के ऊपर विद्युतीकरण करने जाना है लेकिन पास के बहाने उन्हें रोका गया।
7- आरवीएनएल ने टनल के ऊपर आठ इंच के लाइफलाइन पाइप की ड्रिल को बेस बनाया।

10:12 AM, 21-Nov-2023

पीएम मोदी ने सीएम धामी से लिया फीडबैक

पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को फोन कर सिलक्यारा में चल रहे बचाव कार्यों का फीडबैक लिया। कहा, केंद्र द्वारा आवश्यक उपकरण व संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। केंद्र और राज्य की एजेंसियों के परस्पर समन्वय से श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। वहीं, सीएम धामी ने उन्हें श्रमिकों से एंडोस्कोपिक कैमरे की मदद से हुई बातचीत एवं उनकी कुशलता की जानकारी भी दी।

10:09 AM, 21-Nov-2023

श्रमिकों के लिए तैयार हो रहा नाश्ता

सुरंग के अंदर फंसे मजदूरों के लिए रात खिचड़ी भेजी गई थी। वहीं अब उनके लिए नाश्ता तैयार किया जा रहा है। यह नाश्ता भी उन्हें छह इंच के नए फूड पाइप से भेजा जाएगा। 

10:07 AM, 21-Nov-2023

वॉकी-टॉकी से बात करने की कोशिश

आज सुबह एंडोस्कोपिक फ्लेक्सी कैमरा सुरंग में फंसे मजदूरों तक पहुंचाया गया। बचावकर्मी वॉकी-टॉकी के माध्यम से फंसे हुए श्रमिकों से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।

08:23 AM, 21-Nov-2023

सीएम धामी ने किया ट्वीट

कैमरे के सुरंग में भेजे जाने को लेकर सीएम धामी ने भी ट्वीट कर जानकारी दी। उन्होंने लिखा 'सिल्क्यारा, उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल में फँसे श्रमिकों की पहली बार तस्वीर प्राप्त हुई है। सभी श्रमिक भाई पूरी तरह सुरक्षित हैं, हम उन्हें शीघ्र सकुशल बाहर निकालने हेतु पूरी ताक़त के साथ प्रयासरत हैं।'

08:06 AM, 21-Nov-2023

एंडोस्कोपिक कैमरे से दिखे मजदूर

सोमवार को मजदूरों की स्थिति देखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था, पर अंदर धूल होने से तस्वीरें साफ नहीं आ पाईं। अब दिल्ली से एंडोस्कोपिक कैमरे मंगाए गए थे जिन्हें आज मंगलवार को पाइप से भीतर पहुंचाया गया। इस दौरान कैमरे से टनल के भीतर फंसे हुए सभी 41 मजदूर दिखाई दिए। सभी सुरक्षित हैं।

08:05 AM, 21-Nov-2023

रेस्क्यू में ये संगठन जुटे

भारतीय सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बीआरओ, एनएचआईडीसीएल, उत्तराखंड पुलिस, एसजेवीएनएल, आरवीएनएल, लार्सन एंड टूब्रो, टीएचडीसी, आपदा प्रबंधन विभाग, जिला प्रशासन, ओएनजीसी, आईटीबीपी, राज्य लोनिवि, डीआरडीओ, परिवहन मंत्रालय, होमगार्ड्स आदि।

08:05 AM, 21-Nov-2023

आज ये काम किए जाएंगे

एसजेवीएन की ड्रिल मशीन सुरंग के ऊपर पहुंचेगी, 24 घंटे में इंस्टॉल होगी। आरवीएनएल की ड्रिल मशीन भी सुरंग के ऊपर जाएगी। रोबोट को चलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि मजदूरों तक पहुंच और आसान हो।

08:04 AM, 21-Nov-2023

बड़कोट छोर से शुरू हुई ड्रिलिंग

बड़कोट छोर से भी सुंरग में ड्रिलिंग का काम शुरू हो गया है। इसके लिए टीएचडीसी की  आठ से 10 लोगों की टीम पहुंच गई है। यहां से दो से ढाई मीटर व्यास की सुरंग तैयार की जाएगी। आज से ऑगर मशीन फिर तेजी से काम शुरू कर देगी।

07:56 AM, 21-Nov-2023

Uttarkashi Tunnel Collapse Live: सुरंग में ऑगर मशीन से ड्रिलिंग शुरू, मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने किया निरीक्षण

नौ दिन से सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को निकालने के लिए बचाव अभियान आज 10वें दिन भी जारी है। सोमवार देर शाम टीम को सफलता मिली और छह इंच का दूसरा फूड पाइप मजदूरों तक पहुंचा दिया गया। देर शाम इसी पाइप से उन्हें खाने के लिए खिचड़ी और मोबाइल चार्ज करने के लिए चार्जर भेजे गए थे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें