फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarkashi Tunnel Rescue Live: सुरंग में राहत-बचाव कार्य जारी, मजदूरों को निकालने में लगेगा दो दिन का समय

Thu, 16 Nov 2023 07:37 PM IST
अलका त्यागी संवाद न्यूज एजेंसी, उत्तरकाशी

खास बातें

Uttarakhand Uttarkashi Tunnel Collapse Accident Rescue News Live: यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिलक्यारा से डंडालगांव के बीच निर्माणाधीन सुरंग में बीते रविवार तड़के हुए हादसे में तकरीबन 40 मजदूर फंसे हैं। मजदूरों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि आज गुरुवार को मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा। यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट ...
विज्ञापन
उत्तरकाशी में टनल में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:37 PM, 16-Nov-2023

मलबे में नौ मीटर तक डाले पाइप

गुरुवार शाम तक ड्रिलिंग कर नौ मीटर पाइप मलबे में डाले जा चुके हैं। यह मशीन एक घंटे मे पांच से छह मीटर तक ड्रिलिंग कर रही है, लेकिन पाइप वेल्डिंग और एलाइनमेंट सही करने में करीब एक से दो घंटे का समय लग रहा है। 

07:30 PM, 16-Nov-2023

आईटीबीपी और एनडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

सिलक्यारा सुरंग में फंसे मजदूरों को बचाने के लिए चलाए जा रहे बचाओ का काम केंद्र सरकार के संभालते ही सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा आईटीबीपी और एनडीआरएफ ने संभाल लिया है। सुरंग के मुहाने पर की गई बैरिकेडिंग पर पहले उत्तराखंड पुलिस व एसडीआरएफ के जवान तैनात थे। जिन्हें अब सुरंग से करीब 150 मीटर दूर बैरिकेडिंग पर लगाया गया है। वहीं सुरंग से लगी मुख्य बैरिकेडिंग पर आईटीबीपी ने मोर्चा संभाल लिया है। जो बिना पास के किसी को भी सुरंग में प्रवेश करने नहीं दे रहे हैं। 

07:29 PM, 16-Nov-2023

खाने की आपूर्ति के लिए डाले जा रहे 125 एमएम के पाइप

सिलक्यारा सुरंग में फंसे 40 मजदूरों तक खाने की आपूर्ति के लिए 125 एमएम व्यास के 11 पाइप डाले जा रहे हैं। जिससे उन तक ज्यादा मात्रा में खाद्य सामग्री पहुंचाई जा सके। पूर्व में खाद्य सामग्री 80 एमएम व्यास के पाइप से भेजी जा रही थी। बुधवार तड़के खाद्य सामग्री भेजने के लिए ज्यादा व्यास के पाइप डालने का काम शुरू किया गया। यहां 125 एमएम व्यास के 11 पाइप डाले जाने हैं। बता दें कि यहां फंसे मजदूरों को खाने के लिए प्रत्येक दो घंटे के अंतराल पर मुरमुरे, भुने व भीगे चने, पॉपकॉर्न, बादाम, काजू आदि दिए जा रहे हैं।

विज्ञापन
05:27 PM, 16-Nov-2023

मजदूरों को निकालने में लगेगा एक दो दिन का समय

नई एडवांस ऑगर मशीन से ड्रिलिंग का काम जारी है, लेकिन अभी तक केवल डेढ़ पाइप ही मलबे में डाला जा सका है। यहां पाइपों की वेल्डिंग में एक से डेढ़ घंटे का समय लग रहा है। वहीं इस कार्य में एलाइनमेंट का भी विशेष ध्यान रखना पड़ रहा है। सुरंग में करीब 70 मीटर तक मलबा पसरा हुआ है। इसे देखकर रेस्क्यू कार्य में एक से दो दिन का समय और लगने की संभावना है। हालांकि अंदर फंसे सभी 40 मजदूर सुरक्षित हैं। एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें खाने और ऑक्सीजन की सप्लाई की जा रही है।

04:14 PM, 16-Nov-2023

मजदूरों से की जा रही बात

हादसे के पांचवे दिन आज गुरुवार को सुरंग में ड्रिलिंग व राहत एवं बचाव कार्य जारी है। वहीं, मजदूरों से संवाद भी किया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जितना ज्यादा हो सके सुरंग में फंसे श्रमिकों से संवाद बनाए रहें। सरकार उन्हें सुरक्षित बाहर निकलने के हर संभव प्रयास कर रही है।

विज्ञापन
01:15 PM, 16-Nov-2023

सुरंग में शुरू हुई ड्रिलिंग

सिलक्यारा में  मजदूरों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सुरंग में आए मलबे में जैक एंड पुश अर्थ ऑगर मशीन के जरिए पहला पाइप डाला जा चुका है। जिसके बाद अब ड्रिलिंग का काम लगातार जारी है।

01:12 PM, 16-Nov-2023

मंत्री वीके सिंह ने ली जानकारी

केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने उत्तरकाशी के सिलक्यारा में साइट पर पहुंचकर निरीक्षण किया और रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने हादसे की समीक्षा भी की।

11:50 AM, 16-Nov-2023

सभी लोग सुरक्षित, जल्द निकाले जाएंगे मजदूर-सीएम धामी

सुरंग दुर्घटनास्थल पर चल रहे बचाव अभियान पर सीएम धामी ने कहा कि मशीन इंस्टॉल हो गई है और वहां काम शुरू हो गया है। सभी एक-दूसरे के समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। स्थिति थोड़ी कठिन है। सभी लोगों से लगातार संपर्क हो रहा है और उनके लिए सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सभी लोग सुरक्षित हैं।

11:25 AM, 16-Nov-2023

सिलक्यारा पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह

केंद्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह उत्तरकाशी के सिलक्यारा में साइट पर पहुंचे। यहां उन्होंने बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि काम चल रहा है।चीजे भेज दी गई हैं। हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं।

11:11 AM, 16-Nov-2023

मशीनें उतारकर वापस लौटे हरक्यूलिस विमान

चिन्यालीसौड हवाई अड्डे पर बुधवार से रुके हुए हरक्यूलिस विमानों ने आज सुबह 11बजे मशीनें उतार कर वापस दिल्ली गाजियाबाद हिंडन एयरबेस के लिए उड़ान भरी।

10:10 AM, 16-Nov-2023

केंद्रीय मंत्री वीके सिंह करेंगे साइट का निरीक्षण

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल (रिटा.) वीके सिंह आज सिलक्यारा टनल में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का निरीक्षण करेंगे। वह करीब 11:15 बजे सिलक्यारा पहुंचेंगे। साइट के निरीक्षण के साथ ही वह समीक्षा  भी करेंगे। 

08:11 AM, 16-Nov-2023

मशीन के इंस्टॉलेशन का काम पूरा

सिलक्यारा टनल साइट पर नई जैक एंड पुश अर्थ ऑगर मशीन के इंस्टॉलेशन का काम पूरा हो गया है। जल्द ड्रिलिंग शुरू होने की उम्मीद है। राहत एवं बचाव मिशन के प्रभारी कर्नल दीपक पाटिल का कहना है कि अमेरिका में बनी जैक एंड पुश अर्थ ऑगर मशीन पुरानी मशीन से काफी एडवांस है, जो काफी स्पीड में काम करेगी। राहत एवं बचाव ऑपरेशन में अब मिलिट्री ऑपरेशन की टीम भी शामिल हो गई है। इसके साथ वायुसेना, थल सेना भी बचाव अभियान में मदद कर रही है। 

08:10 AM, 16-Nov-2023

टनल में अब कराई जा रही वीडियो रिकॉर्डिंग

सिलक्यारा टनल में भूस्खलन के बाद अब एनएचआईडीसीएल की ओर से अब वीडियो रिकॉडिंग करवाई जा रही है। जिसमें रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ सुरंग में पल-पल के हालत पर नजर रखी जा रही है। कंपनी से जुड़े एक कर्मी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस काम के लिए दो लोगों को जिम्मेदारी दी गई है। टनल में एक वीडीयो कैमरो चौबीसों घंटे पल-पल के हालत और रेस्क्यू ऑपरेशन पर भी नजर रखेगा। वहीं फोटो भी ली जाएंगी।

08:08 AM, 16-Nov-2023

 केंद्रीय एजेंसियों को हर तरह का सहयोग दें: धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सचिव को उत्तरकाशी के सिलक्यारा में राष्ट्रीय राजमार्ग की टनल में फंसे 40 मजदूरों को निकालने के अभियान जुटी केंद्रीय एजेंसियों को हर तरह से सहयोग देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय से विषम हालात से निपटा जा सकता है।

07:46 AM, 16-Nov-2023

Uttarkashi Tunnel Rescue Live: सुरंग में राहत-बचाव कार्य जारी, मजदूरों को निकालने में लगेगा दो दिन का समय

उत्तरकाशी में निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल में रविवार को भूस्खलन के बाद फंसे 40 मजदूरों को निकालने के लिए मंगलवार रात को रेस्क्यू आपरेशन के दौरान ऑगर मशीन में तकनीक खराबी आने के बाद बुधवार को नई दिल्ली से नई मशीन मंगवाई गई। वायुसेना के दो हरक्यूलिस विमानों से चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर मशीन के पार्ट्स की खेप पहुंची। वहीं, देर रात मशीन के आखिरी व महत्वपूर्ण पार्ट को सिलक्यारा साइट पर पहुंचाया गया। जिसके बाद सुबह से मशीन के इंस्टालेशन व ट्रायल की तैयारियां जोरों पर हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें