फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarkashi Dharali Disaster Live: हर्षिल घाटी में मौसम खराब, कर्नल अजय कोठियाल पहुंचे धराली, लिया जायजा

Wed, 13 Aug 2025 08:11 PM IST
रेनू सकलानी अमर उजाला न्यूज डेस्क, देहरादून

खास बातें

धराली आपदा का आज नौवां दिन है। 68 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है। लापता लोगों की ढूंढखोज में चौतरफा प्रयास किए जा रहे हैं। यहां खीरगंगा का जलस्तर बढ़ने से संपर्क पुलिया बह गई है। लापता लोगों की जीपीआर प्रणाली से खोजबीन के लिए बनाए गए गड्ढों में पानी भर गया। देहरादून से विशेषज्ञों की टीम भी आपदा क्षेत्र में अध्ययन के लिए नहीं जा सकी। यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट...

विज्ञापन
डीएम पहुंचे धराली - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:11 PM, 13-Aug-2025

खीरगंगा के मुहाने पर अब भी जमा है 15 फीट मलबा

आपदा प्रभावित धराली गांव पर अभी भी बड़ा खतरा मंडरा रहा है। खीरगंगा के मुहाने पर अभी भी करीब 15 फीट मलबा पसरा है। मुहाने पर दो बोल्डर अटके हैं। ये दोनों अगर पानी के बहाव के साथ नीचे आते हैं तो उसके साथ वहां जमा मलबा दोबारा तबाही मचा सकता है। इसको लेकर एनडीआरएफ ने अपनी रिपोर्ट प्रशासन को दी है।

07:02 PM, 13-Aug-2025

उच्च स्तरीय समिति ने धराली पहुंचकर नुकसान का लिया जायजा

आपदा प्रभावित धराली के लोगों का पुनर्वास करने, क्षति का आकलन करने और राहत पैकेज देने के लिए शासन की ओर से गठित उच्च स्तरीय समिति ने धराली पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। समिति के सदस्यों ने क्षेत्र के लोगों, जन प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ संवाद किया। इस दौरान प्रभावित ग्रामीणों ने जांगला,लंका व कोपांग में पुनर्वास करने की मांग प्रमुखता से उठाई। केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण की तर्ज पर धराली का पुनर्निर्माण करने की मांग की।

05:25 PM, 13-Aug-2025

कर्नल अजय कोठियाल पहुंचे धराली

बुधवार को आपदा प्रभावित क्षेत्र धराली पहुंचे सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि धामी सरकार आपदा पीड़ितों की हर संभव मदद कर रही है। सरकार का फोकस मलबे में दबे हुए लोगों को सर्च करने के साथ ही जिन लोगों का नुकसान हुआ है उनकी हर संभव मदद करने की है। इसके साथ ही भारत चीन सीमा को देखते हुए गंगोत्री हाईवे को सुचारू करने के साथ ही यात्रा को विधवित संचालित करने पर है। 

विज्ञापन
05:00 PM, 13-Aug-2025

धराली मुखबा को जोड़ने वाले पुल पर बना हुआ टूटने का खतरा

मुखबा और धराली को जोड़ने वाला झूला पुल को बीते मंगलवार देर रात्री में एक तार टूटने और उसके एबेडमेंट पर लगातार नदी से कटाव होने के कारण उसके अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। बुधवार को उस पर एक बार में एक ही व्यक्ति की आवाजाही करवाई गई। साथ ही खच्चरों से धराली में राशन भी नहीं पहुंचाया गया। वहीं इसके टूटने से राहत बचाव कार्य पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी।

03:18 PM, 13-Aug-2025

आपदा में बही जेसीबी, प्रशासन से मदद की गुहार

भटवाड़ी ब्लॉक के अलेथ गांव निवासी यशपाल सिंह रावत की जेसीबी मशीन धराली आपदा की भेंट चढ़ गई। यशपाल ने बताया कि व ह बैंक से कर्ज लेकर जेसीबी मशीन लाए थे लेकिन वह आपदा में बह गई। वह चार अगस्त को अपने गांव चले गए थे, यदि वहां होते तो पता नहीं बच पाते या नहीं। जेसीबी से वह अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। अब उनके सामने दिक्कतें खड़ी हो गई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को पत्र सौंपकर जेसीबी का मुआवजा देने की गुहार लगाई है।

विज्ञापन
02:47 PM, 13-Aug-2025

मुखवा से धराली के मुख्य झूला पुल को बना खतरा

धराली आपदा के बाद मुखवा से धराली को जोड़ने वाले एक मात्र झूला पुल को भी खतरा बना है। सेना, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने पुल के निरीक्षण के बाद लोक निर्माण विभाग को पुल को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। सेना, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ ने पुल के निरीक्षण के बाद इसकी तुरंत मरम्मत की जरूरत बताई है। वहीं, पुल से एक-एक कर गुजरने की सलाह दी है। बताया गया है कि पुल बहुत पुराना है। पानी से इसका कटाव हुआ है। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा के मुताबिक पुल दबा हुआ है। उसकी विंड केबल टूट गई। इसके अलावा कुछ अन्य नुकसान हुआ है। विभाग की ओर से पुल को ठीक किया जाएगा।

02:19 PM, 13-Aug-2025

मोबाइल लोकेशन से लापता लोगों का लगाया जाएगा पता

धराली आपदा में अब मोबाइल की लोकेशन से लापता लोगों का पता लगाया जाएगा। नंबर के आधार पर संबंधित के मूवमेंट को देखा जाएगा। इसके बाद उसकी जांच होगी। आपदा के बाद से ही नेपाल, बिहार, राजस्थान आदि राज्यों से लोग अपनों की तलाश में धराली पहुंच रहे हैं। जो लापता लोगों के बारे में अलग-अलग दावे कर रहे हैं। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन के मुताबिक लापता लोगों की पुष्टि के लिए मोबाइल की लोकेशन देखी जाएगी। मोबाइल के टावर में सूचना रहती है। आपदा के दिन पांच अगस्त की सूचना को देखा जाएगा। अभी जो लोग अपनों के लापता होने का दावा कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से उसे दर्ज किया जा रहा है। उनकी ओर से अपने परिजनों का जो नंबर दिया गया है, उसके मूवमेंट को देखा जाएगा। मोबाइल नंबर के लिए दर्ज पते को भी देखा जाएगा। इसके बाद संबंधित जिलों से इसकी जांच कराई जाएगी। ठेकेदारों के रिकॉर्ड को देखने के साथ ही विशेषज्ञों से भी सुझाव लिए जाएंगे।

01:50 PM, 13-Aug-2025

हर्षिल घाटी में मौसम खराब

हर्षिल घाटी में मौसम खराब होने से आपदा राहत कार्यों का सामान लेकर जा रहा एमआई-17 हेलिकॉप्टर और चिनूक वापस चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर वापस लौटे।

01:05 PM, 13-Aug-2025

धराली में बिजली,पानी बहाल, नेट कनेक्टिविटी भी जल्द बहाल होने की उम्मीद

धराली में बिजली,पानी बहाल है। आज शाम तक नेट कनेक्टिविटी भी बहाल होने की उम्मीद है। कल डबरानी के पास ओएफसी लाइन कट होने के कारण नेटवर्क कनेक्टिविटी अवरुद्ध हुई थी। रोजमर्रा की सभी वस्तुओं और सामाग्रियों को प्रभावित परिवारों तक पहुंच चुकी है। सड़क मार्ग की बहाली तक रसद एवं अन्य सामाग्री धराली एवं अन्य प्रभावित क्षेत्रों के भंडार गृह में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। आवश्यकता पड़ने पर हेली से भी रसद एवं अन्य जरूरतमंद सामान धराली पहुंचाया जा रहा है। किसानों एवं बागवानों के नकदी फसल एवं सेब के नुकसान का आंकलन उद्यान,कृषि और राजस्व विभाग द्वारा किया जा चुका है। धराली में क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग को सुचारू करने का प्रयास जारी है। उधर हर्षिल गाड़ में जमा मलबा हटाने के बाद गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सोनगाड़ तक सुचारू हो जाएगा। सोनगाड़ में जगह-जगह लगभग 400 मीटर सड़क मार्ग का हिस्सा पूर्ण रूप से ध्वस्त है। हालांकि वर्तमान में गंगोत्री से धराली एवं हर्षिल से सोनगाड़ तक यातायात ट्रांशिप के माध्यम से सुचारू है। सोनगाड़ से डबरानी तक करीब 2 किमी पैदल मार्ग है। उसके बाद वहां से उत्तरकाशी के लिए सड़क मार्ग सुचारू है।

12:48 PM, 13-Aug-2025

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य आपदा प्रभावित क्षेत्र धराली पहुंचे

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य आपदा प्रभावित क्षेत्र धराली पहुंचे। घटना के बाद से ही जिलाधिकारी आपदा प्रभावित क्षेत्र में स्वंय उपस्थित रहकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान और राहत सहायता के वितरण से लेकर आधारभूत संरचनाओं को पटरी में लाने के लिए स्वंय सतर्कता से मॉनिटरिंग कर रहे है। धराली में सर्च एवं रेस्क्यू तीव्र गति से संचालित है। प्रभावित परिवारों को सहायता राशि समय से प्रदान करने, रसद एवं जरूरतमंद सामान प्रभावित परिवारों को त्वरित मुहैया कराने और सड़क मार्ग की बहाली का प्रयास किया जा रहा है।

 

12:40 PM, 13-Aug-2025

रडार, ड्रोन व अन्य साधनों से किया टीम ने निरीक्षण

एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और निम संस्थान के अधिकारियों को शामिल करते हुए एक एमआरटी का गठन किया गया था। यह टीम मंगलवार को मौसम साफ होते ही हिमगंगा के उद्गम स्थल पर हिमनद झील के आकलन के लिए पहुंची थी। टीम ने वहां पर रडार, ड्रोन व अन्य साधनों से निरीक्षण किया है। इसकी एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द ही यह रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इससे पहले भी एसडीआरएफ ने हिमगंगा की धारा का ड्रोन से सर्वे किया था। इसकी रिपोर्ट भी विभिन्न संस्थानों के साथ साझा की गई है।

12:32 PM, 13-Aug-2025

खीरगंगा के उद्गम स्थल पर हिमनद झील का एमआरटी ने किया आकलन

खीरगंगा के उद्गम स्थल में हिमनद झील का मंगलवार को माउंटेन रेस्क्यू टीम (एमआरटी) ने आकलन किया है। टीम में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और निम संस्थान के अधिकारी शामिल थे। यह टीम संयुक्त निरीक्षण के बाद धराली लौट आई है। टीम अपनी रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजेगी।

12:20 PM, 13-Aug-2025

भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान, बाढ़ का खतरा

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिनों में प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रदेश सरकार भी चौकन्नी हो गई है। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी जिलाधिकारियों को जारी एडवाइजरी में उन्हें हर स्तर पर तत्परता और सुरक्षा बनाने को कहा गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। इन सभी जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को राज्य के बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल व ऊधम सिंह नगर जिलों में अत्यधिक वर्षा होने की संभावना के लिए रेड अलर्ट जारी हुआ है। 14 अगस्त को भी बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल व ऊधमसिंह नगर में अत्यधिक बारिश होने की संभावना है। 15 अगस्त को भी मानसून के ऐसे ही तल्ख तेवर बरकरार रहने का अनुमान है। इस दिन देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 16 अगस्त को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर व चंपावत जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

11:30 AM, 13-Aug-2025

चिनूक से धराली पहुंचाई जा रही राहत सामग्री

चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर वायुसेना के चिनूक हेलिकॉप्टर से आपदा प्रभावित धराली गांव के लिए सामान पहुंचाया जा रहा है।

 

11:30 AM, 13-Aug-2025

खोजबीन और बचाव कार्य जारी

आईजी एसडीआरएफ की अध्यक्षता में खोजबीन और बचाव कार्य जारी रहा। खीरगंगा का जल स्तर बढ़ने से टीमों के आवागमन के लिए पुलिया बनाई गई थी, वह बह गई थी, उसे दोबारा बनाया गया है। इसके अलावा गड्ढे खोज के लिए बनाए गए थे उनमें भरे पानी को खाली करने के साथ एसएआर ऑपरेशन शुरू किया गया। बता दें कि आपदा में घायल हुए दो लोग सेना अस्पताल व एक जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी और एक एम्स ऋषिकेश में भर्ती है।

09:56 AM, 13-Aug-2025

ख्रराब मौसम, हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू नहीं

खराब मौसम के कारण उत्तरकाशी के मातली हेलीपैड से आपदा प्रभावित क्षेत्रों धराली और हर्षिल तक हेलिकॉप्टरों से रेस्क्यू रोक दिया गया है।

09:27 AM, 13-Aug-2025

धराली-मुखबा झूला ब्रिज के बेस को मजबूत करने का काम करेगा लोनिवि

धराली-मुखबा का मुख्य झूला पुल की बुनियाद को मजबूत करने का काम लोक निर्माण विभाग करेगा। आर्मी इंजीनियर, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीम ने झूला पुल का निरीक्षण भी किया है। इसमें पुल की तत्काल मरम्मत की जरूरत बताई गई है। वर्तमान में सुरक्षित रहते हुए एक-एक कर पार करने की सलाह दी गई है। वहीं, दबराणी से सोनगाड़ तक हर्षिल से धराली तक दो दिनों में बाधित मार्ग को लोनिवि के जरिये सुचारु करने का दावा किया है।

08:47 AM, 13-Aug-2025
चिनूक से पहुंचाई जा रही राहत सामग्री - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

झील से पानी की निकासी का काम शुरू

भागीरथी में बनी झील से पानी निकासी के लिए सिंचाई विभाग ने नौ एई, जेई के साथ श्रमिकों की टीम भेजी है। यूजेवीएनएल की टीम भी पहुंची हुई है। मंगलवार को टीमों ने झील में चैनेलाइजेशन करने और फंसी हुई लकड़ी को काटकर हटाने का काम शुरू कर दिया है। सिंचाई विभाग के विभागाध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि टीम मैन्युअली काम कर रही है लेकिन चुनौती बड़ी है। प्रयास है कि जो झील का मुहाना है उसे चौड़ा कर दिया जाए, जिससे की पानी की निकासी बढ़ सके। टीमों की सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा एनडीआरएफ दो बोट के साथ हर्षिल झील में काम करने के लिए पहुंच गई है।

08:31 AM, 13-Aug-2025

Uttarkashi Dharali Disaster Live: हर्षिल घाटी में मौसम खराब, कर्नल अजय कोठियाल पहुंचे धराली, लिया जायजा

उत्तरकाशी जिले के धराली आपदा में प्रशासन ने 68 लोगों के लापता होने की पुष्टि कर दी है। इसमें नेपाल मूल के 25 मजदूर भी शामिल हैं। आपदा के आठवें दिन मंगलवार को बचाव व राहत कार्य जारी रहा। लेकिन संचार सेवा बाधित होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का एक-दूसरे से संपर्क नहीं हो पाया।

खीर गंगा का जल स्तर बढ़ने से बचाव व राहत कार्यों में लगीं टीमों के आवागमन के लिए बनाई गई संपर्क पुलिया बह गई। जिससे कुछ समय के लिए आवाजाही बाधित रही। इसके अलावा लापता लोगों की जीपीआर प्रणाली से खोजबीन के लिए बनाए गए गड्ढों में पानी भर गया। देहरादून से विशेषज्ञों की टीम भी आपदा क्षेत्र में अध्ययन के लिए नहीं जा सकी। इसके अलावा हर्षिल में भागीरथी में बनी झील भी चुनौती बनी हुई है, इससे पानी निकासी के लिए सिंचाई विभाग, यूजेवीएनएल ने मैन्युअली काम शुरू किया है, पर यह आसान नहीं लग रहा है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने सूची जारी की है, जिलके अनुसार धराली आपदा में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई और 68 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है, इनमें 25 नेपाल मूल के मजदूर भी हैं। प्रशासन ने सोमवार को आपदा में 42 लोगों के लापता होने और एक व्यक्ति की मृत्यु होने की बात कही थी। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि नेपाल के श्रमिकों के नाम को लेकर कुछ दिक्कत थी, उसके दूर होने के बाद सूची बन गई है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें