फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarkashi Cloudburst Live: राहत-बचाव कार्य जारी, ड्रोन व्यू में दिखा भयावह मंजर, अब तक छह की मौत

Thu, 07 Aug 2025 05:38 AM IST
रेनू सकलानी अमर उजाला न्यूज डेस्क, देहरादून

खास बातें

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में धराली गांव में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। ऊंचाई वाले इलाके में बादल फटा, जिससे खीरगंगा नदी में सैलाब आ गया। चार लोगों की मौत हुई है और 70 लोग लापता बताए जा रहे हैं। आज सुबह से राहत-बचाव कार्य जारी है। यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट ...
विज्ञापन
पीएम मोदी से मिले उत्तराखंड सासंद - फोटो : सूचना
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:37 AM, 07-Aug-2025

जलगांव के 16 लोग लापता, अभी तक संपर्क नहीं

उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ पर जलगांव के कलेक्टर आयुष प्रसाद ने कहा कि जलगांव जिले के 19 लोगों के उत्तरकाशी में होने की सूचना मिली है, जिनमें से तीन लोगों से संपर्क हो पाया है। 16 लोगों से अभी संपर्क नहीं हो पाया है। महाराष्ट्र सरकार और जिला प्रशासन ने उत्तराखंड सरकार और उत्तरकाशी जिला प्रशासन से संपर्क करने की कोशिश की है। हमें उत्तराखंड सरकार से पूरा सहयोग मिल रहा है।

03:01 AM, 07-Aug-2025

केरल के 28 सैलानियों समेत कई लापता, 190 को बचाया

उत्तराखंड के आपदा प्रभावित धराली गांव में जिंदगी की तलाश जारी है। केरल के 28 सैलानियों के समूह समेत अभी कई लोग लापता हैं। सेना, आईटीबीपी और एसडीआरएफ की टीमें लगातार खोज और बचाव कार्य में जुटी हैं। अब तक 190 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। इनमें बुधवार को 60 लोग और मंगलवार को 130 लोगों को सुरक्षित निकाला गया था। 

02:14 AM, 07-Aug-2025
कैंप कार्यालय उत्तरकाशी में धामी - फोटो : अमर उजाला

सीएम धामी देर रात कैंप कार्यालय उत्तरकाशी में

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात्रि कैंप कार्यालय उत्तरकाशी में National Disaster Response Force, India और ITBP के अधिकारियों के साथ बैठक कर धराली में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की समीक्षा की। सेना, NDRF, ITBP, SDRF Uttarakhand Police, पुलिस और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से धराली में वृहद स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बंद सड़कों को खोलने का काम भी निरंतर गतिमान है और जनजीवन को सामान्य बनाने के प्रयास जारी है।

विज्ञापन
09:53 PM, 06-Aug-2025

झाला-हर्षिल में राहत शिविर शुरु

सेना, आईटीबीपी के साथ ही एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व विभाग की टीमें बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। प्रशासन ने इंटर कॉलेज हर्षिल, जीएमवीएन और झाला में राहत शिविर प्रारंभ किए हैं। इसके साथ ही क्षेत्र में बिजली और संचार नेटवर्क को बहाल के लिए काम चल रहा है। एनआईएम और एसडीआरएफ लिम्चागाड़ में अस्थायी पुल निर्माण में जुटी है।

09:29 PM, 06-Aug-2025

सभी जिलों में बारिश का रेड अलर्ट

प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने कई दौर की भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। पहाड़ से लेकर मैदान तक पिछले कई दिनों से बारिश जारी है। मंगलवार को उत्तरकाशी में आई आपदा के बाद से सभी जिलाें में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में कई जिलों में सामान्य अधिक बारिश दर्ज की गई है। देहरादून के मालदेवता में 222.2 एमएम बारिश हुई है। मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल ने बताया कि आने वाले कई घंटों तक बिजली गरजने के साथ भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

विज्ञापन
09:29 PM, 06-Aug-2025

छह हुई मृतकोें की संख्या

धराली गांव और हर्षिल स्थित सेना के कैंप में आए मलबे के दूसरे दिन बुधवार को तेजी से जिंदगियों की तलाश शुरू हो गई है। सेना, आईटीबीपी और एसडीआरएफ की टीमें हेलिकॉप्टर से खोज और बचाव कार्य में जुटी रहीं। इस दौरान दो शव मिले हैं, जिससे अब मृतकों की संख्या छह हो गई है। वहीं, हर्षिल में मलबे में फंसे 11 जवानों समेत 13 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। जिला प्रशासन के अनुसार सेना के 10 जवान समेत 20 लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। वहीं आशंका यह भी है कि यह संख्या और बढ़ सकती है।

06:24 PM, 06-Aug-2025

उत्तरकाशी के धराली में आपदा के बाद आज एक शव बरामद हुआ है। मंगलवार को चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। आपदा में मृतकों का आंकड़ा पांच पहुंच गया है।

06:23 PM, 06-Aug-2025

ड्रोन वीडियो आया सामने

धराली में बादल फटने और भूस्खलन के प्रभावित घटना स्थल का ड्रोन से लिया गया वीडियो सामने आया है। यहां घरों और अन्य इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है।

04:46 PM, 06-Aug-2025

बादल फटने के बाद भारतीय सेना के 225 जवानों ने शुरू किया ऑपरेशन

भारतीय सेना ने कहा कि धराली के पास बादल फटने के बाद भारतीय सेना ने एक त्वरित और समन्वित मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) अभियान शुरू किया है। कई सड़कों के टूटने और एक पुल के ढह जाने के कारण यह क्षेत्र वर्तमान में उत्तर और दक्षिण दोनों से कटा हुआ है। 225 से अधिक सैन्यकर्मी, जिनमें पैदल सेना और इंजीनियरिंग टीमें शामिल हैं जो खोज, बचाव और राहत कार्यों के लिए जमीन पर तैनात हैं। टेकला के पास रीको रडार के साथ 7 टीमें काम कर रही हैं। हर्षिल में खोज एवं बचाव कुत्ते तैनात हैं।  रिमाउंट और पशु चिकित्सा केंद्रों से और भी कुत्ते आ रहे हैं।

03:23 PM, 06-Aug-2025

उत्तरकाशी-धराली आपदा पर उत्तराखंड के सांसदों की प्रधानमंत्री से मुलाकात

उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में  घटित भीषण प्राकृतिक आपदा ने जन-जीवन को गहराई से प्रभावित किया है। आपदा से उत्पन्न गंभीर हालात, जन-धन की क्षति, और राहत-बचाव कार्यों की तत्कालिक आवश्यकताओं को लेकरहरिद्वार सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह और नैनीताल सांसद अजय भट्ट ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान धराली क्षेत्र में आई भीषण आपदा, उसकी भयावहता, प्रभावित परिवारों की स्थिति और चल रहे राहत-बचाव कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

03:22 PM, 06-Aug-2025

चिनूक, एमआई 17 तैनात

राज्य सरकार की मांग पर केंद्र सरकार ने चंडीगढ़, सरसावा और आगरा से 02 चिनूक और 02 एमआई – 17 हेलिकॉप्टर, बुधवार तड़के ही जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उपलब्ध करा दिए। सड़क यातायात बहाल करने के लिए चिनूक हेलिकॉप्टर से भारी मशीनरी भी पहुंचाई जा रही है। बचाव अभियान में सेना के 125 अधिकारी और जवान, आईटीबीपी के 83 अधिकारी और जवान भी लगे हुए हैं। इधर, बीआरओ के 06 अधिकारी, 100 से अधिक मजदूरों के साथ बाधित सड़कों को खोलने में जुटे हुए हैं।  

02:23 PM, 06-Aug-2025

हर्षिल, धराली में युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य

हर्षिल, धराली में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। पुलिस, सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, अग्निशमन आदि आपदा दल प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्य में जुटें हैं। अभी तक आठ स्थानीय लोग, दो नेपाली मूल के व्यक्ति और नौ आर्मी जवानों के लापता होने की जानकारी प्राप्त हुई है, जिसमें रेस्क्यू टीम द्वारा एक स्थानीय व्यक्ति के शव को बरामद किया गया है।
गंगनानी के पास मार्ग अवरुद्ध होने के कारण जिलाधिकारी उत्तरकाशी, प्रशांत आर्य एवं पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी सरिता डोबाल भटवाड़ी हेलीपैड से हेली के माध्यम से हर्षिल, धराली आपदा प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना हैं।

01:28 PM, 06-Aug-2025

राहत और बचाव कार्य के लिए सेना के विमान पहुंचे देहरादून

धराली, उत्तरकाशी में आई प्राकृतिक आपदा के लिए राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। देहरादून एयरपोर्ट पर सेना के विमानों और हेलिकॉप्टर ने आवाजाही शुरू कर दी है। वहीं राहत और बचाव कार्य भी शुरू किया गया है। कल पूरे दिन भर और रात में भी मौसम खराब रहा। सुबह भी काफी तेज बारिश हुई। एयरपोर्ट मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटों के दौरान 175.2 मिमी बारिश दर्ज की है। दोपहर करीब 12:00 के आसपास तक मौसम साफ होने पर देहरादून एयरपोर्ट पर सेना के तीन विमान और तीन हेलिकॉप्टर देहरादून पहुंचे। इन हेलिकॉप्टरों में चिनूक भी शामिल है। सेना के विमान और हेलिकॉप्टर एयरपोर्ट पर फ्लाइट मूवमेंट के हिसाब से उड़ान भर रहे हैं।

12:55 PM, 06-Aug-2025

अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

उत्तरकाशी में नदी के बढ़ते जल स्तर ने चिंता बढ़ाई हुई है। आस-पास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। धराली उत्तरकाशी में सभी सरकारी एजेंसियां, विभाग और सेना आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं। बीती रात 130 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया है। बंद रास्तों को खोला जा रहा है और प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

12:22 PM, 06-Aug-2025

सेना के लगभग 11 जवान भी लापता

एनडीआरएफ के डीआईजी मोहसिन शाहेदी ने बताया, जानकारी के अनुसार, चार लोगों की मौत हो गई है और 50 से ज़्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। हर्षिल और सुखी टॉप में दो जगहों पर अचानक बाढ़ आने की भी खबर है। हर्षिल में सेना के लगभग 11 जवान लापता बताए जा रहे हैं। सुखी टॉप में कोई हताहत नहीं हुआ है। ऋषिकेश-उत्तरकाशी हाईवे प्रभावित है, इसलिए आवाजाही बहुत धीमी है। कई जगहों पर सड़क जाम होने के कारण टीमों को मौके पर पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रभावित लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए हमारी टीमें देहरादून में तैयार हैं।

12:21 PM, 06-Aug-2025

भटवाड़ी में उत्तरकाशी-हर्षिल मार्ग पूरी तरह बह गया

बादल फटने और कई जगहों पर भूस्खलन के कारण भटवाड़ी में उत्तरकाशी-हर्षिल मार्ग पूरी तरह बह गया है। उत्तरकाशी-हर्षिल मार्ग पर सड़क साफ़ करने का काम अभी चल रहा है।

11:43 AM, 06-Aug-2025

गंगोत्री हाईवे बना रेस्क्यू में बाधा

आर्मी, आईटीबीपी के जवान में रेस्क्यू में जुटे हैं। लेकिन गंगोत्री हाईवे रेस्क्यू में बाधा बना हुआ है।

11:21 AM, 06-Aug-2025

एक युवक का शव बरामद

हर्षिल में राहत कार्यों को तेज़ करने के लिए और भी सेना की टीमें, खोजी कुत्ते, ड्रोन, और खुदाई करने वाली मशीनें भेजी गई हैं। इस दौरान धराली में एक 32 वर्षीय युवक का शव मलबे से बरामद हुआ है। मरने वालों की संख्या चार हो गई है।
 

10:50 AM, 06-Aug-2025

फंसे दो सौ लोगों को निकालने में जुटे जवान

आईटीबीपी और आर्मी के जवान धराली में बीच गांव में फंसे ग्रामीणों तक पहुंचने के लिए वहां करीब 25 फीट ऊंचे मलबे में रास्ता बनाने की कोशिश कर रहे हैं। अस्थाई पुलिया बनाने का प्रयास किया जा रहा है। गांव में करीब 200 लोग भी फंसे है।


 

10:49 AM, 06-Aug-2025

'सड़कें और एक पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण घटनास्थल तक पहुंचना मुश्किल'

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों सहित हमारी सभी एजेंसियां बचाव कार्य कर रही हैं। कल 130 लोगों को बचाया गया। तलाशी और बचाव अभियान जारी है। सड़कें और एक पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण घटनास्थल तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। देहरादून में आपदा संचालन स्टेशन हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए 24 घंटे काम कर रहा है। हम सभी को सुरक्षित बचाने के प्रयास कर रहे हैं। मैं हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद देना चाहता हूं। पीएम मोदी ने आज भी बचाव अभियान का विवरण लिया..."

10:47 AM, 06-Aug-2025

भारतीय सेना के हेलिकॉप्टर भी तैयार: धामी

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 10 डीएसपी, 3 एसपी और लगभग 160 पुलिस अधिकारी बचाव अभियान में लगे हुए हैं... भारतीय सेना के हेलीकॉप्टर भी तैयार हैं। जैसे ही मौसम में सुधार होगा, हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल बचाव कार्यों के लिए किया जाएगा। खाने के पैकेट और डॉक्टरों की एक टीम तैयार कर ली गई है। बिजली बहाल करने का काम भी चल रहा है। धराली में अभी मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। हम लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। हम सभी को सुरक्षित बचाने के प्रयास कर रहे हैं..."

10:47 AM, 06-Aug-2025

बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया।
 

10:45 AM, 06-Aug-2025

सीएम धामी ने किया हवाई सर्वेक्षण

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया।
 

10:43 AM, 06-Aug-2025

लगातार बारिश के बाद हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा

उत्तराखंड में लगातार बारिश के बाद हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी कहते हैं, "यह बारिश का मौसम है और मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। उत्तराखंड के 11 जिलों में बारिश हो रही है, जिसका असर हरिद्वार में गंगा नदी के जलस्तर पर भी पड़ा है। कल इसका जलस्तर 293 के आसपास था, जो यहां चेतावनी स्तर है, और आज यह खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। हालांकि, यह अभी खतरे के निशान तक नहीं पहुंचा है। लेकिन जिस तरह से बारिश हो रही है, उससे आज यह खतरे के निशान के करीब ही रहेगा... हरिद्वार में कोई चिंताजनक स्थिति नहीं है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है... हम प्रशासन के संपर्क में हैं, और प्रशासन सक्रिय है।

10:41 AM, 06-Aug-2025

कई सड़कें बह गई हैं: अजय भट्ट

उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना | दिल्ली: नैनीताल-उधमसिंह नगर से भाजपा सांसद अजय भट्ट ने कहा, "यह बहुत दुखद घटना है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह घटना की हर बारीकी से जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। कई सड़कें बह गई हैं... जानकारी के अनुसार, 120 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और उनका इलाज चल रहा है। हम प्रार्थना करते हैं कि मौसम सुधरे ताकि हमारे सेना के हेलीकॉप्टर प्रभावित लोगों को एयरलिफ्ट कर सकें और बचा सकें... केंद्र सरकार की एजेंसियां बचाव अभियान चलाने के लिए काम कर रही हैं..."

10:39 AM, 06-Aug-2025

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे सीएम

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ की घटना का जायजा लेने के लिए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (ईओसी) पहुंच गए हैं। 
 

10:38 AM, 06-Aug-2025

यह बहुत दुखद है: प्रियंका गांधी

उत्तराखंड में बादल फटने और अचानक आई बाढ़ पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "यह बहुत दुखद है। हिमाचल प्रदेश और वायनाड में भी ऐसी ही घटनाएं हुईं। हमें रोकथाम के लिए एक व्यापक रणनीति बनाने की जरूरत है ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।"
 

10:37 AM, 06-Aug-2025

धराली में राहत और बचाव कार्य जारी

उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना के बाद धराली में राहत और बचाव कार्य जारी है। 
 

10:12 AM, 06-Aug-2025

धराली बाजार, हर्षिल और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेंगे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धराली बाजार, हर्षिल और आसपास के क्षेत्रों में आपदा से हुई क्षति का निरीक्षण करने के लिए सहस्त्रधारा हेलीपैड से निकल गए हैं। 

09:25 AM, 06-Aug-2025

पीएम मोदी ने की सीएम धामी से फोन पर बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की और उत्तराखंड जिले के धराली क्षेत्र में हाल ही में आई आपदा और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य सरकार पूरी तत्परता से राहत एवं बचाव कार्यों में लगी हुई है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कुछ क्षेत्रों में कठिनाइयाां आ रही हैं, लेकिन सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं ताकि प्रभावित लोगों को त्वरित सहायता मिल सके। प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

 

09:06 AM, 06-Aug-2025

मलबे में फंसी गाड़ी

भारी बारिश के बीच नरेंद्रनगर प्लास्डा चौकी से आगे मलबे में एक इनोवा गाड़ी फंस गई। कुछ देर फंसी होने के बाद गाड़ी को निकाला गया।

08:32 AM, 06-Aug-2025

बड़कोट: यमुनोत्री घाटी में बारिश से हड़कंप

यमुनोत्री घाटी में लगातार तीसरे दिन बारिश जारी है, जिससे यमुना और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। स्याना चट्टी में यमुना नदी और कुपड़ा खड्ड में मलबे और पत्थरों के बहाव ने लोगों की नींद उड़ा दी है। यमुनोत्री हाईवे कई स्थानों पर मलबा और सड़क धंसने से बंद पड़ा है, जिससे आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है।

08:28 AM, 06-Aug-2025

सड़क खुलना हुआ मुश्किल

उत्तरकाशी में नेताला से लेकर भटवाड़ी के पापड़गाड तक दो स्थानों के पास सड़क धंसी है। गंगोत्री हाईवे पर नेताला और मनेरी-ओंगी के बीच नदी से सड़क पर कटाव हो रहा है। पापड़गाड में आज सड़क का खुलना मुश्किल है।

08:10 AM, 06-Aug-2025

भूमध्य सागर से उठे विक्षोभ ने उत्तरकाशी में विकराल रूप लिया

उत्तरकाशी में आई आपदा का पैटर्न वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई जल प्रलय की तरह ही था। दोनोंं घटनाओं की वजह भूमध्य सागर से उठने वाले पश्चिमी विक्षोभ का हिमालय से टकराना रहा है। जिससे बादल फटने की घटना ने विकराल रूप अख्तियार कर लिया। यह कहना है आईआईटी रुड़की के हाइड्रोलॉजी विभाग के वैज्ञानिक प्रोफेसर अंकित अग्रवाल का। उनका कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण अब पश्चिमी विक्षोभ और मानसून आगे की तरफ शिफ्ट हो रहा है। 2013 में केदारनाथ में भी इसी तरह का पश्चिमी विक्षोभ का असर था, जो मंगलवार को उत्तरकाशी में था। बता दें कि आईआईटी रुड़की के हाइड्रोलॉजी विभाग के वैज्ञानिक जर्मनी की पॉट्सडैम यूनिवर्सिटी के साथ इंडो जर्मन परियोजना पर काम कर रहे हैं। जिसमें भारतीय हिमालयी क्षेत्र में प्राकृतिक खतरों (बादल फटने और अतिवृष्टि) का आकलन एवं भविष्यवाणी पर शोध किया जा रहा है।

07:55 AM, 06-Aug-2025

गंगोत्री हाईवे के पास 30 मीटर सड़क धंसी, जिला प्रशासन की टीमें भटवाड़ी में फंसी

गंगोत्री हाईवे पर पापड़गाड़ के पास लगभग 30 मीटर सड़क धंस गई, जिससे हर्षिल और धराली क्षेत्र का जनपद और तहसील मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट गया है। इस वजह से जिला प्रशासन की राहत टीम और आवश्यक सामग्री लेकर जा रही टीमें भटवाड़ी में फंसी हुई हैं, जो देर रात से वहीं अटकी हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हर्षिल और आसपास के क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है, जिनमें मुख्य रूप से मुखबा और कछोरा जैसे इलाके शामिल हैं। प्रशासन द्वारा रात में ही लोगों को स्थानांतरित किया गया।

ये भी पढ़ें...Uttarkashi Cloud Burst: धारण क्षमता कहीं बदल न दे देवभूमि की धारणा, चमक-दमक में पहाड़ के कराहने की आवाज अनसुनी

07:49 AM, 06-Aug-2025
उत्तरकाशी में युद्धस्तर पर राहत-बचाव कार्य जारी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

लगातार बारिश से बढ़ रहा नदी का जलस्तर

जनपद में लगातार हो रही तेज बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। जिलाधिकारी ने नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ठहरने व पुलिस प्रशासन को लोगों को सचेत करने के निर्देश दिए। भारी अतिवृष्टि से गंगोत्री हाईवे पर कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर आए हुए हैं जिससे मार्ग अवरुद्ध है। जिलाधिकारी ने सड़क मार्ग को युद्ध स्तर पर सुचारू करने के निर्देश बीआरओ को दिए।

07:41 AM, 06-Aug-2025
रास्ता बनाने में जुटे जवान - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

हर्षिल में राहत शिविर स्थापित

घटना की जानकारी मिलते ही डीएम प्रशांत आर्य और एसपी सरिता डोबाल मौके के लिए रवाना हो गए हैं। प्रशासन ने हर्षिल में राहत शिविर भी स्थापित किए हैं। डीएम ने बताया कि नुकसान का पूरा आकलन मौके पर पहुंचकर किया जाएगा।

07:24 AM, 06-Aug-2025

Uttarkashi Cloudburst Live: राहत-बचाव कार्य जारी, ड्रोन व्यू में दिखा भयावह मंजर, अब तक छह की मौत

उत्तरकाशी धराली हर्षिल में बादल फटने से आई आपदा के बाद से राहत और बचाव कार्य आज बुधवार सुबह से जारी है। धराली में बीच गांव में फंसे 200 लोगों को निकालने के लिए सेना के जवानों ने मोर्चा संभाला हुआ है। प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, आर्मी सहित सभी दल राहत बचाव कार्यों में लगे हैं। आज रेस्क्यू के दौरान एक युवक का शव बरामद हुआ है। अब तक मृतकों की संख्या चार है। जबकि 50 से ज्यादा लोगों के लापता होने की आशंका है। आपदा कंट्रोल रूम से भी स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है।

उत्तरकाशी जिले के धराली गांव के ऊपर खीरगंगा में मंगलवार दोपहर बादल फटने से खीरगंगा नदी में अचानक सैलाब आ गया था। मलबे और पानी का बहाव इतना तेज था कि इसकी चपेट में आने से धराली का मुख्य बाजार पूरी तरह तबाह हो गया। इस आपदा में धराली का प्रसिद्ध कल्प केदार मंदिर भी पूरी तरह से मलबे में बह गया है। प्रशासन ने अभी तक चार लोगों के मरने की पुष्टि की है, जबकि 50 लोग लापता बताए जा रहे हैं।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 1:50 बजे गांव के ऊपर बादल फटा। इसके बाद महज 20 सेकंड के भीतर खीरगंगा नदी का पानी और मलबा मुख्य बाजार की ओर मुड़ गया। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ रहे थे, लेकिन इससे पहले कि वह सुरक्षित जगह पर जा पाते सैलाब ने सब कुछ तबाह कर दिया। वहां मौजूद कई होटल, रिसॉर्ट, दुकानें, घर और सेब के बगीचे जमींदोज हो गए। वहां चीख-पुकार मच गई।

ये भी पढ़ें...Uttarkashi Cloud Burst: धारण क्षमता कहीं बदल न दे देवभूमि की धारणा, चमक-दमक में पहाड़ के कराहने की आवाज अनसुनी

देखते ही देखते पूरा बाजार मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना और पुलिस की टीमें मौके पर भेजी गईं। बचाव दल ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है और होटल में फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें