फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Nikay Chunav 2025: प्रदेश के 100 निकायों में मतदान संपन्न, अब 25 को होगी मतगणना

Thu, 23 Jan 2025 09:05 PM IST
अलका त्यागी अमर उजाला नेटवर्क, उत्तराखंड

खास बातें

Uttarakhand Nikay Chunav, Uttarakhand Local Election 2025 Live Updates: 100 निकायों में मतदान कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने 16,284 कर्मचारी, 18 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी चुनाव में लगाए थे। 
विज्ञापन
उत्तराखंड में मतदान का उत्साह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:04 PM, 23-Jan-2025

मतदान प्रतिशत 65 से 70 के बीच रहने का अनुमान

उत्तराखंड के 100 नगर निकायों के चुनाव में बृहस्पतिवार को जमकर वोट बरसे। खबर लिखे जाने तक कई निकायों में मतदान चल रहा था। इस बार भी मतदान प्रतिशत 65 से 70 के बीच रहने का अनुमान है। अब 25 जनवरी को मतगणना होगी।

07:45 PM, 23-Jan-2025

रुड़की में मतदान बंद होने पर हंगामा

रुड़की के माहीग्रान में शाम पांच बजे के बाद लाइन में लगे लोगों ने मतदान करवाने के लिए हंगामा कर दिया। जिससे वहां स्थिति तनावपूर्ण बन गई। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह मतदान करवाने की जिद पर अड़े रहे। इस बीच किसी ने पत्थर फेंक दिया। जो एक युवक को जा लगा। इस पर हंगामा और बढ़ गया। स्थिति को काबू पाने के लिए पुलिस ने हंगामा करने लोगों पर लाठियां फटकारी जिससे भगदड़ मच गया।

06:52 PM, 23-Jan-2025

बड़कोट में मतदान केंद्र पर हंगामा

बड़कोट के वार्ड नंबर 4 के डाइट मतदान केंद्र पर हंगामा। पांच बजे के बाद भाजपा प्रत्याशी के साथ मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान को जाने दिया। निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों, यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल को नहीं जाने दिया। धक्का मुक्की के साथ हंगामा हुआ। मनवीर सिंह चौहान के खिलाफ नारेबाजी। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को खदेड़ा। विधायक के गनर ने विधायक संजय डोभाल को सुरक्षित बाहर भीड़ से ले आए ।

विज्ञापन
06:17 PM, 23-Jan-2025

मसूरी में मतदान केंद्र पर दो पक्षों में मारपीट

मसूरी नगर पालिका चुनाव मतदान के दौरान हंगामा हो गया। आरएन भार्गव इंटर कॉलेज के अतिसंवेदनशील वार्ड 6 के कक्ष संख्या 3 में दो पक्षों में मारपीट हो गई।  फर्जी वोट को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान जमकर बवाल हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षो को मतदान केंद्र से बाहर किया।

06:10 PM, 23-Jan-2025
पांच बजे के बाद भी लगी लंबी कतार - फोटो : अमर उजाला

पांच बजे के बाद भी लगी लंबी कतार

प्रदेश में निकाय चुनाव पांच बजे तक होने थे। लेकिन कई जगहों पर अभी भी वोटरों की लंबी लाइनें लगी हैं। 

विज्ञापन
06:10 PM, 23-Jan-2025

प्रदेश में चार बजे तक 56.81 फीसदी मतदान 

उत्तराखंड में निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में भी सुबह उत्साह नजर आया, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही भीड़ कम होने लगी। प्रदेश में चार बजे तक 56.81 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, बूथों पर अभी भी लाइनें लगी हैं।

04:05 PM, 23-Jan-2025

देहरादून के केसरवाला में लोगों ने किया मतदान का बहिष्कार

देहरादून के केसरवाला में विकास कार्य नहीं होने की वजह से लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया। लोगों का आरोप है कि शहर में पांच साल होने के बाद भी उनको शहरी सुविधाएं नहीं मिल सकी। केसरवाला की सड़कों की हालत खराब है। लेकिन नगर निगम ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया।

04:01 PM, 23-Jan-2025

कांग्रेस  की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी का नाम भी वोटर लिस्ट से गायब

कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों का नाम भी मतदाता सूची से गायब है। गरिमा का कहना है कि उनका और उनके परिवार का नाम वोटर लिस्ट में नहीं मिल रहा है। उन्होंने विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी वोटिंग की थी। लेकिन उनका नाम इस बार की निकाय चुनाव की सूची से गायब है।

03:57 PM, 23-Jan-2025

हरीश रावत मतदान के प्रति कितने जागरूक ये साफ हो गया- महेंद्र भट्ट

पूर्व सीएम हरीश रावत के वोट कटने पर उनकी ओर से जारी बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि हरीश रावत मतदान के प्रति कितने जागरूक हैं। इसका पता इससे लगता है कि वो वोटिंग के दिन ही अपने मत को ढूंढने निकले हैं। शायद हरीश रावत को पता ही नहीं है कि वो कहां के वोटर हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि हरीश रावत कभी हरिद्वार तो कभी ऊधम सिंह नगर तो कभी अल्मोड़ा से चुनाव लड़ते हैं। हरीश रावत को तो यही नहींपता है कि वो ग्रामीण क्षेत्र के मतदाता है या फिर निकाय के। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने तंज कसते हुए कहा कि जब चुनाव के दिन हार होने लगती है तो आरोप के लिए कुछ रास्ते ढूंढ़े जाते हैं।

03:52 PM, 23-Jan-2025

पूर्व सीएम हरीश रावत का वोट कटा

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत जब वोट डालने की तैयारी कर रहे थे तो पता चला कि उनका नाम मतदाता सूची में ही नहीं है। मीडिया से बातचीत में पूर्व सीएम रावत ने कहा कि उन्हें बड़ा धक्का लगा है। मैंने माजरा से लोकसभा चुनाव में वोट दिया था। यहां बीएलओ भी आया था। यहां भी किराए पर रहते हैं। पहले राजपुर में किराए पर रहता था लेकिन वोट माजरा में था। अब कहीं नहीं है। उन्होंने इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग में बात की तो जवाब मिला कि अभी सर्वर डाउन है। पूर्व सीएम रावत ने कहा कि उन्हें गहरा दुख है। हजारों लोगों के नाम काट दिए गए।

03:30 PM, 23-Jan-2025

प्रदेश में 2 बजे तक 42.19 फीसदी मतदान 

उत्तराखंड में निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं में भी सुबह उत्साह नजर आया, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही भीड़ कम होने लगी। प्रदेश में 12 बजे तक 25.70 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, बूथों पर मतदाताओं की लंबी लाइन लगी है। टिहरी और देहरादून में 40 फीसदी से भी कम मतदान हुआ है। 

02:31 PM, 23-Jan-2025

परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे सांसद नरेश बंसल 

सांसद नरेश बंसल सपरिवार देहरादून लक्ष्मण चौक स्थित मतदान केंद्र संख्या- 306 पर वोट डालने पहुंचे। यहां उन्होंने लाइन में लगकर मतदान किया। उन्होंने सभी से वोट डालने की अपील की।

01:59 PM, 23-Jan-2025

मुख्य सचिव ने लाइन में लगकर किया मतदान

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज किशनपुर स्थित मतदान किया। सीएस लाइन में लगीं और अपनी बारी का इंतजार किया। इसके बाद उन्होंने और उनके पति पूर्व डीजीपी अनिल रतूड़ी ने मतदान किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से वोट की अपील की। 

01:42 PM, 23-Jan-2025

हरिद्वार के वार्ड नंबर 10 में फर्जी वोटिंग का आरोप

हरिद्वार के वार्ड नंबर 10 में नगर विधायक पर फर्जी वोटिंग करवाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस समर्थकों ने हंगामा खड़ा कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि वोटिंग प्रक्रिया में गड़बड़ी की जा रही थी और फर्जी वोट डलवाने का प्रयास हो रहा था। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह माहौल को शांत कराया। पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।

01:28 PM, 23-Jan-2025
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल - फोटो : अमर उजाला

परिवार संग मतदान करने पहुंचे मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने ज्योति स्पेशल स्कूल में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वह अपनी बुजुर्ग माता धर्मो देवी, बेटे पीयूष और पुत्रवधू अर्श के साथ वोट डालने पहुंचे।

12:58 PM, 23-Jan-2025

प्रदेश में 12 बजे तक 25.70 फीसदी मतदान

उत्तराखंड में दिन चढ़ने के साथ ही मतदाताओं में भी खासा उत्साह नजर आया। प्रदेश में 12 बजे तक 25.70 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, बूथों पर मतदाताओं की लंबी लाइन लगी है।

12:40 PM, 23-Jan-2025

पुलिस के पर्चियां चेक करने पर बिगड़े मंगलौर विधायक

मंगलौर में पुलिस और विधायक की पर्ची चेक करने को लेकर नोकझोंक हो गई। विधायक ने कहा कि पुलिस को वोटरों की पर्ची चेक कराने का कोई नियम नहीं है।  उन्होंने कहा कि पुलिस उपचुनाव वाली घटना को यहां दोहराने का काम ना करे। 

12:37 PM, 23-Jan-2025

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया मतदान

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वार्ड नंबर 11 (विजय कॉलोनी) बूथ संख्या 77 पर गुरुराम राय पब्लिक स्कूल में मतदान किया। 

12:12 PM, 23-Jan-2025

हरिद्वार में वोट कटने को लेकर हंगामा 

हरिद्वार में आज मतदान केंद्रों पर पहुंचे हजारों लोगों के नाम वोटर लिस्ट में नहीं थे। इस दौरान वोटरों के नाम कटने को लेकर लोगों ने बूथों पर हंगामा कर दिया। लोगों का आरोप है कि उन मतदाताओं के नाम भी लिस्ट में नहीं हैं जो राज्य गठन के पहले से यहां मतदान करते आ रहे हैं। हर बूथ पर सैकड़ो लोग परेशान देखे गए।

11:45 AM, 23-Jan-2025

छत से प्रत्याशी का बैनर उतारते समय करंट से युवक की मौत

देहरादून के जौलीग्रांट में निकाय चुनाव के दौरान हादसा हो गया। दुर्गा चौक भानियावाला के पास छत से एक प्रत्याशी का बैनर उतारते हुए एक युवक 33 केवी लाइन की चपेट में आ गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

11:26 AM, 23-Jan-2025

हरिद्वार में 102 साल के मतदाता ने डाला वोट

हरिद्वार में भी बुजुर्गों में वोट डालने का खासा उत्साह देखा गया। शिवालिक नगर के रहने वाले माधव सिंह भोरा(102) ने वोट डाला और लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाई।

11:08 AM, 23-Jan-2025
उत्तराखंड में मतदान - फोटो : अमर उजाला

प्रदेश में 10 बजे तक 11.36 फीसदी मतदान

उत्तराखंड में दिन चढ़ने के साथ ही मतदाताओं में भी खासा उत्साह नजर आया। प्रदेश में 10 बजे तक करीब  11.36 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, बूथों पर मतदाताओं की लंबी लाइन लगी है।

11:00 AM, 23-Jan-2025

दस बजे तक मतदान के आंकड़े

देहरादून नगर निगम में सुबह दस बजे तक 9.23 फीसदी मतदान हुआ। वहीं, ऋषिकेश में सुबह दस बजे तक 11.28, टिहरी में 9.67 और नगर निगम श्रीनगर  में  10 बजे तक 12.51 फीसदी मतदान हुआ। डोईवाला नगर पालिका में 10 बजे तक 10.10% मतदान हुआ।

10:29 AM, 23-Jan-2025
पुलिस का सख्त पहरा - फोटो : अमर उजाला

पुलिस का सख्त पहरा

मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारी पुलिसबल तैनात किए गए हैं। पुलिस किसी भी बूथ पर बिना चेकिंग के अंदर नहीं जाने दे रही है। 

09:46 AM, 23-Jan-2025

विधानसभा अध्यक्ष ने लाइन में लगकर किया मतदान

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने लाइन में लगकर मतदान किया। उन्होंने कोटद्वार में वार्ड नंबर 27 जीवानंदपुर बूथ संख्या 73 में मतदान किया।

09:03 AM, 23-Jan-2025

बड़कोट में मतदाता आईडी को लेकर प्रत्याशियों में विवाद

बड़कोट नगरपालिका में मतदान शुरू हुआ तो सुबह से ही भीड़ जुट गई। वहीं, मतदाता आईडी को लेकर प्रत्याशियों में विवाद हो गया। इस दौरान समर्थकों और पुलिस प्रशासन के बीच नोकझोंक भी हुई।

08:44 AM, 23-Jan-2025
उत्तराखंड में मतदान - फोटो : अमर उजाला

मतदान को लेकर भारी उत्साह

मतदान को लेकर मतदाताओं में सुबह से ही भारी उत्साह देखने को मिला। पहाड़ से मैदान तक बूथों पर लंबी लाइन लगी है। वहीं, देहरादून में मेयर प्रत्याशी सौरभ थपलियाल ने मतदान की लाइन में लगकर अपने नंबर का इंतजार किया। इसके बाद मतदान किया।

08:07 AM, 23-Jan-2025
मतदाता - फोटो : अमर उजाला

शुरू हुआ मतदान, बूथों पर लगी लंबी लाइन

उत्तराखंड के 100 नगर निकायों में आज छोटी सरकार चुनने के लिए मतदान शुरू हो गया है। करीब 30 लाख 29 हजार मतदाता मतदान करेंगे। पहाड़ से मैदान तक सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई।

08:04 AM, 23-Jan-2025

मतदान प्रतिशत 70 पार जाने का अनुमान

पिछले निकाय चुनावों में लगातार मतदान प्रतिशत बढ़ता जा रहा है। इस बार राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रतिशत और बढ़ाने पर जोर दिया है। 2008 में राज्य में 60 प्रतिशत, 2013 में 61 प्रतिशत और 2018 में 69.79 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार मतदान 70 से 75 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

07:49 AM, 23-Jan-2025

तीन नगर निगमों में पहली बार चुनाव

पिछले छह वर्षों के दौरान राज्य में नगर निगमों की संख्या 11 हो चुकी है। श्रीनगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ नगर निगमों में पहली बार चुनाव हो रहे हैं। इससे पहले वे नगर पालिकाएं थीं। 

07:43 AM, 23-Jan-2025

सीसीटीवी से रहेगी नजर

चुनाव को देखते हुए पुलिस ने प्रदेश में 185 चेकिंग बैरियर स्थापित किए गए हैं। इनमें 117 बैरियरों पर सीसीटीवी कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। बाकी बैरियरों पर वीडियो कवरेज की जा रही है। प्रदेशभर में 105 मोबाइल टीम और 109 क्यूआरटी काम कर रही हैं।

07:24 AM, 23-Jan-2025

18 हजार से अधिक सुरक्षा बल रहेगा तैनात

शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव कराने के लिए बृहस्पतिवार को 18 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें 1,120 पुलिस बल, 24 कंपनी पीएसी, 4,352 होमगार्ड, 2,550 पीआरडी जवान और 300 वन कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा चेकिंग बैरियरों पर क्यूआरटी व अन्य पुलिस बल की तैनात रहेगी।

07:10 AM, 23-Jan-2025

मेयर का बैलेट नीला, पार्षद का सफेद

मेयर प्रत्याशियों का बैलेट नीले, पार्षद और नगर पालिका व नगर पंचायत में वार्ड सदस्यों के सफेद बैलेट पेपर होंगे। नगर पालिका अध्यक्ष प्रत्याशियों के हरे, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों के बैलेट गुलाबी रंग के होंगे। सबसे नीचे नोटा यानी उपरोक्त में से कोई नहीं का विकल्प भी मिलेगा।

06:55 AM, 23-Jan-2025

प्रदेश में 592 संवेदनशील और 412 अतिसंवेदनशील केंद्र 

प्रदेश में कुल 1,516 मतदान केंद्र और 3,394 मतदेय स्थल हैं। इनमें 592 संवेदनशील और 412 अतिसंवेदनशील मतदेय स्थल शामिल हैं। 

06:40 AM, 23-Jan-2025

इन दस्तावेज को दिखाकर डाल सकेंगे वोट

आधार कार्ड, पैनकार्ड, दुकान पंजीकरण पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य या केंद्र सरकार, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम, स्थानीय निकाय या निजी औद्योगिक घरानों की ओर से कर्मचारियों को जारी सेवा पहचान पत्र, बैंक या डाकघर की पासबुक, राशनकार्ड, भूमि की रजिस्ट्री या हाउसटैक्स का बिल, छात्र पहचान पत्र या लाइब्रेरी कार्ड, एससी, एसटी या ओबीसी का प्रमाणपत्र, शस्त्र लाइसेंस, पेंशन दस्तावेज, भूतपूर्व सैनिक विधवा या आश्रित प्रमाण पत्र, रेलवे या बस का पास, दिव्यांग प्रमाणपत्र, स्वतंत्रता सेनानी पहचान पत्र, टेलीफोन, पानी या बिजली का बिल, दुकान पंजीकरण पत्र, गैस कनेक्शन ब्लू बुक, अन्नपूर्णा कार्ड योजना, परिवहन अधिकारियों से जारी संवाहक लाइसेंस, परिवार रजिस्टर का सत्यापित दस्तावेज, निवास का प्रमाणपत्र, राज्य पुलिस की ओर से बस्तियों में जारी पहचान पत्र।

06:25 AM, 23-Jan-2025

11 नगर निगमों में 72 मेयर प्रत्याशी

11 नगर निगमों में मेयर के लिए 72 प्रत्याशी मैदान में हैं जबकि 89 नगर पालिका, नगर पंचायतों में अध्यक्ष के 445 प्रत्याशी हैं। सभी निगम, पालिका, पंचायतों में वार्ड सदस्य/पार्षद के कुल 4,888 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

06:21 AM, 23-Jan-2025

किस जिले में कितने निकायों में चुनाव व मतदाता

जिला        निकाय    मतदान केंद्र
अल्मोड़ा      05          33
उत्तरकाशी   05         49
यूएस नगर    17        232
चमोली       10          63
चंपावत       04         23
टिहरी        10          66
देहरादून      07        440
नैनीताल      07        164
पिथौरागढ़    06        60
पौड़ी           07       129
बागेश्वर       03        24
रुद्रप्रयाग    05        26
हरिद्वार      14         208
कुल          100       1517

06:12 AM, 23-Jan-2025

11 नगर निगमों में 72 मेयर प्रत्याशी

11 नगर निगमों में मेयर के लिए 72 प्रत्याशी मैदान में हैं जबकि 89 नगर पालिका, नगर पंचायतों में अध्यक्ष के 445 प्रत्याशी हैं। सभी निगम, पालिका, पंचायतों में वार्ड सदस्य/पार्षद के कुल 4,888 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

06:05 AM, 23-Jan-2025

Uttarakhand Nikay Chunav 2025: प्रदेश के 100 निकायों में मतदान संपन्न, अब 25 को होगी मतगणना

उत्तराखंड के 100 नगर निकायों में आज छोटी सरकार चुनने के लिए मतदान होगा। करीब 30 लाख 29 हजार मतदाता मतदान करेंगे। जिसके बाद 5,405 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद हो जाएगा। वहीं, शनिवार 25 जनवरी को मतगणना होगी। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से सभी निकायों में आईएएस और पीसीएस अफसरों को बतौर पर्यवेक्षक तैनात किया गया है। आयोग कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। आयोग ने 16,284 कर्मचारी, 25,800 पुलिसकर्मी चुनाव में लगाए हैं। नगर पालिका किच्छा और नरेंद्रनगर इस चुनाव में शामिल नहीं है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें