फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Election Results Live: धामी ने दिया इस्तीफा, इन नामों की चर्चा हुई तेज, नए सीएम को लेकर अब त्रिवेंद्र ने दिया बयान

Sat, 12 Mar 2022 10:10 AM IST
रेनू सकलानी न्यजू डेस्क, अमर उजाला, देहरादून

खास बातें

चुनाव परिणाम आने के बाद अब भाजपा सरकार बनाने की प्रक्रिया में लग गई है, जिसके तहत मुख्यमंत्री धामी ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है, पढ़ें दिनभर के अपडेट्स...
विज्ञापन
सीएम धामी ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:57 PM, 11-Mar-2022

विधायकों में महाराज और धन सिंह के नाम

मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर विधायकों में से सतपाल महाराज और धन सिंह के नामों की चर्चा है। दोनों नाम पूर्व में भी चर्चा में रहे हैं। विधायकों से जुदा यदि पार्टी बाहर से मुख्यमंत्री के चेहरा तलाशती है तो उसके लिए तीन प्रमुख नामों की चर्चा शुरू हो गई है। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी और केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट के नाम लिए जा रहे हैं।

05:49 PM, 11-Mar-2022

भीतरघात, नाराजगी दरकिनार, मोदी मैजिक बरकरार

चुनाव में दून में न तो वोटरों ने पार्टी से बगावत कर चुनाव मैदान में उतरे बागियों को अहमियत दी और न ही महंगाई आदि को मुद्दा बनाकर मतदान किया। बल्कि इस चुनाव में भी प्रदेश के साथ ही दून में मोदी मैजिक बरकरार रहा और लोगों ने प्रत्याशियों की बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास जताते हुए भाजपा को दून में दस में से नौ सीटों पर कब्जा दिला दिया। इससे मतदान से पहले तमाम सियासी पंडितों के दावे धरे के धरे रह गए।

05:38 PM, 11-Mar-2022

विधायकों के बीच से कोई बने मुख्यमंत्री : त्रिवेंद्र

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि विधायकों में से किसी एक को सीएम बनाया जाना चाहिए। मैंने चुनाव नहीं लड़ा तो मुख्यमंत्री पद की बात करना भी गलत है। बाकी जिसे भी मौका मिलेगा, हम उनके साथ पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता का आभार प्रकट करता हूं कि उन्होंने दोबारा भाजपा को मौका दिया है। 

विज्ञापन
05:27 PM, 11-Mar-2022

सेम नागराजा भगवान के दर्शन करने पहुंचे धन सिंह

श्रीनगर विधानसभा सीट चुनाव जीतने के बाद कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिह रावत सेम नागराजा भगवान के दर्शन करने पहुंचे। यहां एक घंटे पूजा अर्चना कर उन्होंने नागराजा भगवान का आशीर्वाद लिया। पूजा अर्चना के पश्चचात लंबगांव में रावत ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। 

05:16 PM, 11-Mar-2022

मत प्रतिशत में कौशिक और अंतर में फुरकान पहले नंबर पर

चुनावी दंगल में हरिद्वार शहर सीट से पांचवीं बार जीतने वाले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को मिले वोटों का मत प्रतिशत भी सबसे अधिक रहा है। वहीं, कांग्रेस के फुरकान अहमद सबसे ज्यादा अंतर से जीतने वाले प्रत्याशी रहे हैं। जबकि बसपा के सरवत करीम अंसारी की हार-जीत के बीच की वोटों की खाई सबसे कम रही है। 

विज्ञापन
05:02 PM, 11-Mar-2022

500 का आंकड़ा भी नहीं छू पाए 13 प्रत्याशी

उत्तरकाशी जनपद की तीनों सीटों पर 23 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें से 13 प्रत्याशी 500 का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। यमुुनोत्री में 4 व गंगोत्री में 1 प्रत्याशी नोटा से पीछे रहे। जनपद में विजयी प्रत्याशियों सहित आठ प्रत्याशी ही ऐसे थे, जो एक हजार के आंकड़े को पार कर पाए। जबकि 13 प्रत्याशी पांच सौ का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में कुल 57 हजार 928 वोट पड़े, जिनमें से 49 हजार 717 भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशी को पड़े। 5998 वोट आम आदमी पार्टी के अजय कोठियाल को पड़े। 238 लोगों ने नोटा के बटन को दबाया। 1975 वोट शेष 6 प्रत्याशियों को पड़े, जिनमें यूकेडी, बीएसपी, सीपीआई के प्रत्याशी भी शामिल थे। यमुनोत्री सीट पर कुल 50848 वोट पड़े, जिसमें से 48635 वोट भाजपा, कांग्रेस व निर्दलीय विजयी प्रत्याशी को पड़े।

04:53 PM, 11-Mar-2022

कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह नेगी ने हार की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकारी

कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कोटद्वार विधानसभा चुनाव में अपनी हार की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकारते हुए नवनिर्वाचित विधायक ऋतु भूषण खंडूड़ी को जीत की हार्दिक शुभकामनाएं भेजीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित विधायक क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का भरसक प्रयास करेंगी।

04:35 PM, 11-Mar-2022

गहतोड़ी ने की धामी के लिए चंपावत सीट छोड़ने की पेशकश

चंपावत से जीते कैलाश चंद्र गहतोड़ी ने सीएम पुष्कर सिंह धामी के लिए चंपावत सीट छोड़ने की पेशकश की है। उन्होंने कहा कि सिर्फ छह महीने के कार्यकाल में सरकार की छवि निखारने वाले मुख्यमंत्री धामी ने भाजपा को प्रदेश में बड़ी जीत दिलाई है। ऐसे नेता को प्रदेश की बागडोर पूरे पांच साल के लिए मिलनी चाहिए। गहतोड़ी ने कहा कि वे मन-तन से जनता की तरफ से इस सीट को धामी के लिए छोड़ना चाहते हैं। चंपावत सीट से पुष्कर सिंह धामी विधायक बनें, इसके लिए प्रदेश संगठन से अनुरोध करेंगे। 

04:32 PM, 11-Mar-2022

हरदा ने बनाया हार का रिकॉर्ड

लालकुआं सीट से चुनाव हारकर पूर्व सीएम हरीश रावत ने हार का रिकॉर्ड अपने नाम किया। चुनाव में भी भाजपा नेता हरदा पर हारने का तंज कस रहे थे। अपनी रणनीति के बदौलत भाजपा ने हरीश रावत को हराने में कामयाबी हासिल की।  पूर्व सीएम हरीश रावत ने 2014 में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा का चुनाव लड़ा लेकिन पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी ने उनको करीब तीन लाख मतों से पराजित किया। 2017 विधानसभा चुनाव में तत्कालीन सीएम रहे हरीश रावत हरिद्वार और किच्छा से विधानसभा चुनाव लड़े लेकिन दोनों जगहों से पराजय का मुंह देखना पड़ा। 

04:00 PM, 11-Mar-2022

शिक्षा मंत्री और पेयजल मंत्री ने तोड़े मिथक

शिक्षा और पेयजल मंत्री ने अपनी-अपनी सीट पर जीत हासिल कर चुनाव में हार के मिथक को तोड़ा है। प्रदेश के राजनीति इतिहास में अब तक जितने भी चुनाव हुए हैं। उसमें शिक्षा मंत्री और पेयजल मंत्री कभी चुनाव नहीं जीते पाए। प्रदेश के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने गदरपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीता है। जबकि पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने डीडीहाट विधानसभा सीट से चुनाव जीत कर इस मिथक को तोड़ा है। 

03:51 PM, 11-Mar-2022

जनता का जनादेश सिर आंखों पर : आप

आम आदमी पार्टी के नेता कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता का जनादेश पार्टी के लिए सिर आंखों पर है। प्रदेश में आने वाली सरकार इस जनादेश का सम्मान कर विकास के लिए काम करेगी। पार्टी की ओर से उत्तराखंड नवनिर्माण की लड़ाई जारी रहेगी। विधानसभा चुनाव नतीजों पर कोठियाल ने सोशल मीडिया पर ट्वीट कर मतदाताओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि गंगोत्री व उत्तराखंड की जनता के जनादेश को आम आदमी पार्टी स्वीकार करती है।

03:41 PM, 11-Mar-2022

चुनाव हारे पर धामी ने जीता जनता का दिल : भट्ट 

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने उत्तराखंड के सभी विजयी विधायकों को बधाई देते हुए राज्य की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूरे चुनाव में मेहनत करके पार्टी को विजय दिलाने के बाद भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गए हैं लेकिन उन्होंने पार्टी और जनता का दिल जीता है।

रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किए जा रहे कार्यों एवं विकासपरक सोच को वोट करते हुए उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी को दो तिहाई बहुमत दिलाया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह राज्य की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास किया है, उसी तरह आने वाली सरकार जनता की सोच के अनुरूप तमाम विकास कार्य करेगी। 

03:32 PM, 11-Mar-2022

कांग्रेस के वादों को जनता ने नकारा, काम नहीं आए चार धाम, चार काम

विधानसभा चुनाव में चार धाम, चार काम, उत्तराखंड का स्वाभिमान जैैसे वादों के साथ चुनावी मैदान में उतरी कांग्रेस राज्य की जनता का दिल नहीं जीत पाई। पार्टी ने वर्ष 2017 के मुकाबले सीटों में बढ़त जरूर हासिल की है, लेकिन परिणाम अपेक्षाकृत उसके अनुरूप नहीं रहे हैं। इसकी तमाम वजहें गिनाई जा रही हैं, आने वाले दिनों में पार्टी हार के कारणों का विश्लेषण भी करेगी, लेकिन मोटे तौर पर पार्टी की हार के जो प्रमुख कारण सामने आ रहे हैं, यदि वक्त रहते उन्हें सुधार लिया जाता तो परिणाम उसके पक्ष में हो सकते थे।

03:17 PM, 11-Mar-2022

लव जेहाद में दस साल की सजा की घोषणा पर क्या करेगी आगे भाजपा

भाजपा ने घोषणा की थी कि प्रदेश में सशक्त भू कानून बनाया जाएगा। इस भू कानून को धरातल पर उतारने की बड़ी चुनौती सत्ताधारी पार्टी के सामने होगी। भाजपा ने यह भी घोषणा की थी कि लव जेहाद में सजा दस साल की जाएगी। लैंड जेहाद को लेकर कार्रवाई की जाएगी। मलिन बस्तियों का विनियमितिकरण किया जाएगा। यह ऐसी घोषणाएं हैं जो मुश्किल तो नहीं हैं लेकिन इन पर निर्णय लेने के लिए सूझबूझ का परिचय देना पड़ेगा। 

03:02 PM, 11-Mar-2022

चुनाव की चुनौती तो पार हुई, अब वादों को पूरा करने की जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में जीत की चुनौती को तो पार कर लिया है लेकिन अब वादों को निभाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। इन वादों में कई ऐसे भी हैं, जो जरा मुश्किल हैं, विवादित हो सकते हैं या जिनकी राह आसान न होगी। भाजपा ने चुनाव से कुछ दिन पहले समान नागरिक संहिता लागू करने का एलान किया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यह घोषणा करने वाले चर्चित नेता इसलिए बने थे क्योंकि देश में अभी तक किसी भी राज्य में समान नागरिक संहिता लागू नहीं हो पाई है। लिहाजा, इस घोषणा को भाजपा कितना और कैसे आगे बढ़ाएगी, यह देखने वाली बात होगी।

02:42 PM, 11-Mar-2022

मंदिरों में मत्था टेकने पहुंचे रहे विजेता प्रत्याशी

प्रदेश में भाजपा एक बार फिर सरकार बनाने जा रही है। पार्टी को मिली जीत से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। विजेता प्रत्याशी जीत के बाद मंदिरों में मत्था टेकने पहुंच रहे हैं। विधायक रितु खंडूरी सबसे पहले मंदिर दर्शन करने पहुंची। उन्होंने कोटद्वार की जनता का भी आभार व्यक्त किया। 

02:28 PM, 11-Mar-2022

भाजपा कार्यालय में जश्न तो कांग्रेस कार्यालय में पसरा सन्नाटा

भाजपा कार्यालय में एक ओर जहां जश्न की तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है। कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के कक्ष में ताला लगा हुआ है। पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता यहां नजर नहीं आ रहा। 

02:07 PM, 11-Mar-2022

इस्तीफा सौंपने के बाद क्या बोले सीएम धामी..

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है। इस दौरान सीएम धामी धामी ने कहा कि हमें एक नया जनादेश मिला है और यह कार्यकाल पूरा हो गया है, इसलिए राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दे दिया। उन्होंने मुझे नई सरकार के शपथ ग्रहण तक कार्यवाहक के तौर पर अपनी भूमिका निभाने के लिए कहा है। 

01:52 PM, 11-Mar-2022

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिया इस्तीफा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दोपहर 1:30  बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) से भेंट कर मुख्यमंत्री पद से त्याग पत्र सौंपा।  पुष्कर सिंह धामी का इस्तीफ़ा स्वीकार करते हुए राज्यपाल ने उनसे राज्य में नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति होने एवं पदभार ग्रहण करने की अवधि तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री बने रहने को कहा है।
 

01:42 PM, 11-Mar-2022

भाजपा को यहां लगातार पांचवीं जीत मिली

कैंट विधानसभा सीट पर एक बार फिर भगवा बुलंद हुआ। विधायक हरबंस कपूर के असामयिक निधन के बाद उनकी पत्नी सविता कपूर को पार्टी ने मैदान में उतारा और भाजपा को यहां लगातार पांचवीं जीत मिली। मसूरी विधानसभा सीट गणेश जोशी दुर्ग में कांग्रेस सेंध नहीं लगा पाई।

कांग्रेस प्रत्याशी गोदावरी थापली को मात मिली। काशीपुर में भी भाजपा पांचवीं बार चुनाव जीती। इस सीट पर भाजपा ने चार बार के विधायक हरभजन सिंह चीमा की जगह उनके बेटे त्रिलोक सिंह चीमा पर दांव लगाया। चीमा चुनाव जीत गए। लैंसडौन सीट पर एक बार फिर दिलीप सिंह रावत ने चुनाव जीता। 

01:37 PM, 11-Mar-2022

भाजपा के 12 दुर्ग सलामत, तीन में लगी सेंध

विधानसभा चुनाव में भाजपा अपने एक दर्जन पारंपरिक दुर्गों पर भगवा बुलंद करने में कामयाब रही। जबकि उसके तीन दुर्ग ढह गए। भाजपा के पारंपरिक गढ़ माने जाने वाले खटीमा और हरिद्वार ग्रामीण में कांग्रेस सेंध लगाने में कामयाब रही।  भाजपा के दुर्ग माने जाने वाले हरिद्वार सीट पर मदन कौशिक पांचवीं बार चुनाव जीते। उन्होंने कांग्रेस सत्यपाल ब्रहमचारी को हराया। डोईवाला में भी भाजपा अपना किला बचाने में कामयाब रही। इस सीट पर पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने चुनाव नहीं लड़ा और उनकी जगह बृजभूषण गैरोला को पार्टी ने मैदान में उतारा। गैरोला चुनाव जीत गए। इस सीट पर भाजपा की लगातार पांचवीं जीत है। 

01:21 PM, 11-Mar-2022

सीएम धामी ने कहा-पर्यवेक्षक नियुक्त होने के बाद चलेगी आगे की प्रक्रिया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र की हमारी पद्धति है कि पर्यवेक्षक नियुक्त होते हैं, जब भी वे आएंगे उसके बाद आगे की प्रक्रिया चलेगी। आज सिर्फ कैबिनेट की बैठक होगी। आज सीएम धामी के राज्यपाल को इस्तीफा सौंपे जाने की चर्चा थी। वहीं दूसरी ओर बीजेपी कार्यालय में भाजपा विधायकों व मंत्रियों के आने का सिलसिला जारी है। 

01:12 PM, 11-Mar-2022

बीजेपी कार्यालय पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत

पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत बीजेपी कार्यालय पहुंचे गए हैं। इस दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा ने इस बार मिथक तोड़ दिए हैं। सारे भ्रम दूर कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को मिला यह प्रचंड बहुमत इस बात की ओर से इशारा करता है कि उत्तराखंड की जनता डबल इंजन की सरकार चाहती है। 

 

01:01 PM, 11-Mar-2022

भाजपा विधायक पहुंचने लगे राजधानी, जगह-जगह हो रहा स्वागत

भाजपा को मिली जीत के बाद अब सभी विधायकों का राजधानी पहुंचे का सिलसिला शुरू हो गया है। विधायक देवप्रयाग विनोद कण्डारी देहरादून के लिए कल शाम को रवाना हो गए थे। जबकि विधायक धन सिंह रावत आज रवाना हुए। यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल कल देर रात को यमुनोत्री विधान सभा क्षेत्र के चिन्याली सौड पहुंचे और आज चिन्यालीसौड,बनचौरा,श्रीकोट,ब्रह्मखाल होते हुए सांय तक अपने गृह क्षेत्र बडकोट नगर में पहुंचेंगे। जगह जगह उनका फूल माला ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया जा रहा है।

12:44 PM, 11-Mar-2022

जनता का फैसला सिर-माथे पर, हार के कारणों की समीक्षा करेंगे : प्रीतम

कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने देहरादून की चकराता सीट से जीत हासिल की है। इसके लिए उन्होंने चकराता की जनता का आभार व्यक्त किया है। प्रीतम ने कहा कि जनता ने जो जनादेश दिया है, हम उसको स्वीकार करते हैं। हम इस बात का आकलन करेंगे कि हमसे कहां चूक हुई। इसकी समीक्षा की जाएगी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने हमें क्यों स्वीकार नहीं किया।

आने वाले दिनों इसका आकलन किया जाएगा। हम जनता की अदालत में हर पांच साल बाद जाते हैं और जनता ही फैसला लेती है। इसलिए जो भी फैसला जनता ने दिया है, उसे सभी को स्वीकार करना चाहिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी अगर हार मिली है, तो उन्हें भी यह निर्णय स्वीकार करना चाहिए। हरीश रावत हमारे वरिष्ठ नेता हैं, वह भी चुनाव हार गए, लेकिन, इससे उनके कद में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हम हार की वजहों पर मंथन करेंगे। उन्होंने चकराता की जनता ने का भी आभार व्यक्त किया।

12:33 PM, 11-Mar-2022

अगले दो दिनों में सरकार गठन की तैयारी

चुनाव में दो तिहाई बहुमत हासिल करने के बाद अब भाजपा सरकार गठन की तैयारी में जुट गई है। संभावना है कि अगले दो-तीन दिन में भाजपा विधानमंडल दल की बैठक बुला सकती है। केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद सरकार आगे बढ़ेगी। मुख्यमंत्री के सवाल पर राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है और अगला मुख्यमंत्री कौन होगा यह विधानमंडल दल की बैठक में तय होगा। नाम फिर संसदीय बोर्ड को भेजा जाएगा।

11:29 AM, 11-Mar-2022

Uttarakhand Election Results Live: धामी ने दिया इस्तीफा, इन नामों की चर्चा हुई तेज, नए सीएम को लेकर अब त्रिवेंद्र ने दिया बयान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज  इस्तीफा दे सकते हैं। वह राजभवन में राज्यपाल से शाम को मुलाकात करेंगे। वहीं बहुमत के बाद अब मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। भाजपा के कई वरिष्ठ विधायकों के अरमान जोर मार रहे हैं। किसी की नजर सीएम की कुर्सी पर है तो किसी की मंत्री पद पर। भाजपा के कई दिग्गज विधायकों की नजर या तो मुख्यमंत्री की कुर्सी पर लगी है या उनके मन में मंत्री बनने के अरमान मचल रहे हैं।

दूसरी ओर आज प्रभारी प्रह्लाद जोशी व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक बैठक कर मंथन करेंगे। कार्यकर्ता जश्न की तैयारी में डूबे हैं। उत्तराखंड के चुनाव में जहां एक बार फिर सीएम के चुनाव हारने का मिथक दिखा तो दूसरी ओर सीएम के सभी चेहरे या दावेदार मतदाताओं के दिलों में जगह बनाने में कामयाब नहीं हो पाए। वहीं, भाजपा ने लगातार दूसरी बार प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज की है।

हरीश रावत का जादू भी नहीं चला
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में काफी लंबे समय से यह मिथक रहा है कि जो भी मुख्यमंत्री विधानसभा चुुनाव लड़ता है, वह हार जाता है। इस बार भी खटीमा से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को हार का मुंह देखना पड़ा। दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के सीएम उम्मीदवार कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कोठियाल भी जीत का सपना पूरा नहीं कर पाए। उन्हें बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। वहीं, लालकुआं से प्रत्याशी कांग्रेस के चुनाव का नेतृत्व कर रहे सीएम पद के प्रबल दावेदार हरीश रावत का जादू भी नहीं चला और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें