फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Dehradun Cloudburst Live: सड़कें, पुल और लोगों की संपत्तियां हुईं तबाह, सीएम धामी ने ली बैठक

Tue, 16 Sep 2025 08:41 PM IST
रेनू सकलानी अमर उजाला न्यूज डेस्क, देहरादून

खास बातें

Dehradun Sahastradhara Cloudburst live updates in Hindi: देहरादून में देर रात बादल फटने से भारी तबाही मची है। कुछ मजदूरों के बहने की सूचना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से देहरादून समेत चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर और नैनीताल जिले के कुछ इलाकों में तेज दौर की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी तेज बारिश होने की संभावना है। 21 सितंबर तक प्रदेशभर में तेज दौर की बारिश होने के आसार हैं। यहां पढ़ें पल-पल के अपडेट....

विज्ञापन
देहरादून में आपदा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:40 PM, 16-Sep-2025

आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे सीएम धामी

सुबह आपदाग्रस्त क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद शाम को सीएम धामी आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लिया।

07:43 PM, 16-Sep-2025

सहस्त्रधारा में झील टूटने की अफवाह से अफरा-तफरी

सहस्त्रधारा के ऊपरी इलाके में झील टूटने की अफवाह फैलने के बाद लोगों में दहशत और अफरा-तफरी मच गई। सोमवार-मंगलवार की रात दो बार बादल फटने के बाद दिन में जब यह अफवाह उड़ी तो लोग अपनी जान बचाने के लिए दौड़ने लगे। दुकानदार और स्थानीय लोग अपनी दुकानों और घरों को बंद कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए। क्षेत्रीय दुकानदार अरविंद पंवार और जितेंद्र रमोला ने बताया कि अफवाह फैली कि ऊपर की तरफ बनी झील टूट गई है और सारा पानी तेजी से नीचे की ओर आ रहा है। इस डर से सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए भाग रहे थे। सहस्त्रधारा में बादल फटने के बाद पहले ही तबाही का मंजर था और इस अफवाह ने लोगों के डर को और बढ़ा दिया।

07:25 PM, 16-Sep-2025

देहरादून में 20 से 30 सड़कों और पुलों को हुआ नुकसान

लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने कहा, देहरादून एवं आसपास के क्षेत्रों में नदियों के उफान पर आने से 20 से 30 सड़कों और कुछ स्थानों पर पुलों को नुकसान हुआ है। कुछ संपर्क मार्ग पूरी तरह से कट गए हैं। विभाग की ओर से सड़कों और पुलों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।

विज्ञापन
06:08 PM, 16-Sep-2025

पांच होटलों को बनाया गया राहत शिविर

सहस्रधारा, कार्लीगाड़ और मजाड़ा में आई आपदा के बाद इस क्षेत्र में पांच होटलों को राहत शिविर के रूप में अधिग्रहित किया गया है। इसके लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने मंगलवार को आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत आदेश जारी कर दिया है। जिलाधिकारी ने बताया कि ये सभी होटल अग्रिम आदेशों तक प्रशासन के अधिकार में रहेंगे। यहां पर साफ-सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं को पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। इन होटलों में प्रशासन की ओर से दो-दो कार्मिकों को भी तैनात कर दिया गया है। इन होटलों में प्रभावितों को ठहराया जाएगा। इसके अलावा अन्य कामकाज भी इन्हीं होटलों में किए जाएंगे।

ये हैं होटल
होटल वाइब्स इन-डांडा नूरीवाला सहस्रधारा
होटल आइस बर्ग-सहस्रधारा रोड
हेली रिजॉर्ट एंड रेस्टोरेंट-दून मसूरी बाईपास रोड
होटल हिल व्यू-कुल्हान मानसिंह, सहस्रधारा रोड
होटल पर्ल इन - शिप्रा विहार, कैनाल रोड

05:14 PM, 16-Sep-2025

दुकानदारों का भड़का गुस्सा, कहां पर्यटन विभाग ने नहीं दिया कुछ

गुच्चुपानी के दुकानदारों ने बताया कि गुच्चुपानी में पर्यटक सीजन जैसे ही शुरु होता है उसी दौरान वहां पर विभाग की टीम आती है। हर साल 10 प्रतिशत टैक्स बढ़ा दिया जाता है लेकिन सुविधा के नाम पर उनको कुछ नहीं दिया जाता। दुकानदारों ने बताया कि दुकानों और नदी के बीच एक मजबूत पुश्ता बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन नहीं बनाया। इसके अलावा गर्मी में यहां पर पानी कम हो जाता है। ऐसे में पानी रोककर छोड़ने की व्यवस्था करने की भी गुहार कई बार लगाई गई।

विज्ञापन
04:34 PM, 16-Sep-2025

एक हजार से ज्यादा लोग फंसे थे सुबह

बारिश के चलते पुल और सड़कों के टूटने से एक हजार से अधिक लोग अलग-अलग जगह फंसे हुए थे। इन्हें एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला। इनमें सिंघनीवाला में एक, मसंदावाला में 04, ठाकुरपुर में 01, सहस्रधारा रोड पर 04, हेरिटेज होटल मसूरी में 08, लिटिल हैवन होटल मसूरी में 15, पंचकूली रायपुर में 30, डालनवाला एमडीडीए कॉलोनी क्षेत्र में 20, सेरकी में 06, देवभूमि इंस्टीट्यूट पौंधा में 500 और परवल प्रेमनगर में 10 लोगों के फंसे होने की सूचना पुलिस व आपदा कंट्रोल रूम को मिली थी।

04:05 PM, 16-Sep-2025

देहरादून-पांवटा राजमार्ग पर यातायात बंद

भारी बारिश के कारण टोंस नदी पुल के पास सड़क बह गई है। जिससे देहरादून-पांवटा राजमार्ग पर यातायात बंद हो गया है।

03:44 PM, 16-Sep-2025

फुलेट गांव में मकान गिरा, आठ मजदूर दबे

फुलेट गांव में एक मकान गिर गया। बताया जा रहा है कि उसमें आठ मजदूर दब गए हैं। दो को स्थानीय लोगों ने निकाल लिया है। यह गांव शहर से करीब 18 किमी ऊंचाई पर है। यहां पैदल चढ़ाई कर जाने में टीमों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

03:20 PM, 16-Sep-2025

जान बचाने के लिए कई लोग बिजली के खंभों पर चढ़ गए

देहरादून में बादल फटने की घटना ने तबाही मचा दी है। आपदा में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कुछ लोग लापता बताए जा रहे हैं। तेज़ बारिश और अचानक बढ़े जलस्तर से आसन नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के इलाके जलमग्न हो गए। हालात इतने गंभीर थे कि देहरादून के ठाकुरपुर में कई लोगों ने जान बचाने के लिए बिजली के खंभों और ऊंची जगहों पर चढ़कर शरण ली। एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य जारी है।

02:59 PM, 16-Sep-2025

मसूरी देहरादून मार्ग बंद होने से कई जगह फंसे वाहन

मसूरी देहरादून मार्ग बंद होने से सड़क में बीच-बीच में कई जगह वाहन फंसे हैं। पुलिस लगातार अनाउंस कर लोगों से मसूरी-दून मार्ग में यात्रा नहीं करने की अपील कर रही है। 

02:55 PM, 16-Sep-2025

प्रेमनगर में बीच से टूटा नंदा की चौकी के पास पुल, संपर्क कटा 

बारिश के चलते प्रेमनगर में नंदा की चौकी पुल के बीच का हिस्सा ढह गया। इससे प्रेमनगर से विकासनगर, सेलाकुई समेत अन्य जगह जाने का संपर्क मार्ग भी कट गया।

02:32 PM, 16-Sep-2025

भारी बारिश से देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ पुल की एप्रोच रोड बही

भारी बारिश के कारण  लालतप्पड़ क्षेत्र में भी काफी नुकसान हुआ है। थानों और भोगपुर की पहाड़ियों में हुईं भारी बारिश के कारण  जाखन नदी में उफान आ गया। जिससे बड़कोट और थानों वन रेंज से दर्जनों बड़े पेड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालतप्पड़ जाखन पुल के नीचे फंस गए। जिससे बाढ़ का पानी ओवरफ्लो होकर पुल के ऊपर से बहने लगा। दर्जनों लोगों के घरों में भी घुस गया। वहीं कई खेत भारी कीचड़ से भर गए। पुल के पास स्थित देवी के मन्दिर परिसर में कीचड़ भर गया। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दोनों तरफ के ट्रैफिक को रुकवाया। 

02:07 PM, 16-Sep-2025

पुलिस और प्रशासन ने की अपील

बारिश के बाद उपजे हालात को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के समय यात्रा न करने की सलाह दी है। भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहने के लिए कहा गया। झुग्गियों में रह रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने और किसी भी आपदा की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने के अपील की गई।

 

01:47 PM, 16-Sep-2025

बदरीनाथ हाईवे बोल्डर गिरने से बंद

कर्णप्रयाग और गौचर में बदरीनाथ हाईवे बोल्डर गिरने से बंद हैं। वहीं श्रीनगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ा हुई है। खतरे का स्तर पार करने की आशंका है।

01:42 PM, 16-Sep-2025

जखन नदी पर बना पुल का एक हिस्सा टूटा

डोईवाला के जखन नदी पर बना पुल का एक हिस्सा टूटकर बह गया है। मार्ग पूरी तरह से बंद रखा जा रहा है।

 

12:46 PM, 16-Sep-2025
नदी में बहे लोग - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

दस लोगों की मौत

देहरादून में बादल फटने की घटना से भारी तबाही मची है। दस लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें छह मृत लोग प्रेमनगर अस्पताल में परवल क्षेत्र से लाए गए। सहस्त्रधारा से बह कर आए तीन मृत कोरोनेशन अस्पताल में रखे गए। और एक की मौत नया गांव क्षेत्र में हुई है।

12:18 PM, 16-Sep-2025

छह मजदूरों की मौत

देहरादून पटेलनगर थाना क्षेत्र से लगे प्रेमनगर सीमाक्षेत्र में परवल के आसन नदी में  टैक्टर में सवार मजदूर बह गए। घटना में छह लोगों की मौत हो गई। नया गांव चौकी क्षेत्र में पुलिस पंचायतनामा की कार्रवाई कर रही है। जानकारी के अनुसार 14-15 लोग टैक्टर में सवार थे।



 

11:43 AM, 16-Sep-2025

पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने सीएम धामी से ली आपदा की जानकारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री  अमित शाह ने  दूरभाष पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में आई आपदा की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि केंद्र सरकार आपदा की इस घड़ी में राज्य के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से राज्य में राहत कार्य और तेज़ी से संचालित होंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक मशीनरी पूरी तत्परता से सक्रिय है और बचाव एवं राहत कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी देहरादून जनपद के प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं । इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ उपस्थित हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रभावित परिवार को असुविधा न हो और राहत सामग्री, सुरक्षित ठहराव, भोजन, पानी एवं स्वास्थ्य सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं। कहा कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर है और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस व स्थानीय प्रशासन लगातार सक्रिय हैं।


11:28 AM, 16-Sep-2025

इंस्टिट्यूट में फंसे बच्चों का सफल रेस्क्यू

देहरादून के पौंधा स्थित देवभूमि इंस्टिट्यूट परिसर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें लगभग 200 छात्र-छात्राएं फंसे होने की सूचना एसडीआरएफ को मिली। उक्त सूचना पर एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय, देहरादून से एक रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू अभियान संचालित किया गया। जलभराव के बीच टीम ने अत्यंत सूझबूझ एवं तत्परता से कार्य करते हुए सभी 200 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। एसडीआरएफ उत्तराखंड द्वारा यह रेस्क्यू अभियान सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया।


11:09 AM, 16-Sep-2025

प्रभावित क्षेत्रों में निरीक्षण करने पहुंचे सीएम धामी

प्रशासन के मुताबिक़ अभी तक सात आठ लोगों के लापता होने की सूचना है। सीएम धामी भी प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

11:00 AM, 16-Sep-2025

गुच्चू पानी में मलबे में दबी स्कूटी

देहरादून के गुच्चू पानी में बाढ़ आने से एक स्कूटी मलबे में दब गई।




 

10:58 AM, 16-Sep-2025

टपकेश्वर के पास चार लोगों के बहने की सूचना

देहरादून के टपकेश्वर के पास भगत सिंह कॉलोनी में एक शिखर फॉल में चार लोगों के बहने की सूचना है।
 

10:43 AM, 16-Sep-2025

विकासनगर में हादसा, पहाड़ी से गिरे पत्थर, चपेट में आने से युवक की मौत

विकासनगर में कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर भूस्खलन जोन जजरेड के पास पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से एक स्कूटर सवार की मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल है। घायल का नाम विनय बताया जा रहा है। स्कूटर सवार कालसी से साहिया की और जा रहे थे।

10:35 AM, 16-Sep-2025
प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे सीएम धामी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

देवप्रयाग में लगातार बारिश से भारी भूस्खलन

देवप्रयाग में लगातार बारिश से भारी भूस्खलन हुआ है। बस अड्डे के पास भू-धंसाव होने के साथ ही रघुनाथ मंदिर के पीछे कमरे ढह गए।  बद्रीनाथ-ऋषिकेश हाईवे बंद है। वहीं पेट्रोल पंपों को नुकसान पहुंचा है।

10:28 AM, 16-Sep-2025
टपकेश्वर महादेव मंदिर में भरा पानी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

पुलिस द्वारा कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट

डीएम सविन बंसल और एसडीएम कुमकुम जोशी ने राहत कार्यों की कमान संभाली। एसडीआरएफ और एनडीआरएफ लोनिवि समेत तमाम विभाग मौके पर जुटे हैं। पुलिस द्वारा कई मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया है।

10:23 AM, 16-Sep-2025
टपकेश्वर हादेव मंदिर - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

जानमाल का नुकसान

मसूरी के झड़ीपानी टोल पर भूस्खलन से दो मजदूर मलबे में दबे गए हैं। एक मजदूर की मौत हो गई है। जबिक एक घायल है। उधर, डोईवाला में घरों में पानी घुस गया।  चंद्रभागा नदी में फंसे तीन लोगों को एसडीआरएफ ने रेस्क्यू किया। करलिगाड़ क्षेत्र में दो लोग लापता है। राहत और बचाव अभियान जारी है।

10:13 AM, 16-Sep-2025
भारी बारिश से मची तबाही - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

पुल और सड़कें ध्वस्त

  • पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी को जोड़ने वाला पुल बह गया, यूनिवर्सिटी ने छुट्टी घोषित की।

  • प्रेमनगर के पास नंदा की चौकी पर राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा टूटा।

  • मसूरी-देहरादून मार्ग, कोल्हुखेत और झड़ीपानी टोल के पास सड़कें टूटीं, पर्यटक और स्थानीय फंसे।

  • देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर लालतप्पड़ के पास जाकन नदी पुल पर पानी पुल के ऊपर तक पहुंचा।

10:08 AM, 16-Sep-2025
फंसे लोगों का रेस्क्यू - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

भूस्खलन से एक युवक के दबने की सूचना

देहरादून के सहस्त्रधारा के पास ही मजाड़ा में भूस्खलन से एक युवक के दबने की सूचना मिली है। इसी क्षेत्र के ऊपर देर रात बादल फटा है। 

09:55 AM, 16-Sep-2025

Dehradun Cloudburst Live: सड़कें, पुल और लोगों की संपत्तियां हुईं तबाह, सीएम धामी ने ली बैठक

उत्तराखंड के कई हिस्सों में बीती रात से जारी मूसलाधार बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचा दी है। राजधानी देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में बादल फटने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। आपदा में दस लोगों की मौत हो गई है। सहस्त्रधारा में तीन लोगों की जबकि पटेलनगर थाना क्षेत्र के परवल के आसन नदी में दस मजदूर बह गए। इनमें से छह की मौत हो गई। नदी के बीच टैक्टर में 14-15 मजदूरों के होने की बात सामने आई है।

तेज़ बारिश के चलते करलिगाड़ नदी उफान पर आ गई, जिससे नदी किनारे बसे दुकानों और होटलों को भारी क्षति पहुंची। कई दुकानें बह गईं और दो होटल जमींदोज हो गए। सहस्त्रधारा मुख्य बाजार में मलबा घुस आया, जिससे दर्जनों वाहन दब गए और दुकानों को नुकसान पहुंचा।

देहरादून के सहस्त्रधारा के अलावा टपकेश्वर और मालदेवता में भी नुकसान हुआ है।  सहस्त्रधारा में एक शव बरामद हुआ है। जामुनवाला स्थित एकादश मुखी हनुमान मंदिर को भारी नुकसान पहुंचा है। हवन कुंड और शनि मंदिर बह गए। मुख्य मंदिर भी खतरे में। यहां कुछ मजदूरों की बहने की सूचना मिली है। मुख्य बाजार में पानी और मलबे में दबी कारें, बाइक, स्कूटी। दुकानों में मलबा और बहती कारें, कई लोग लापता। देहरादून-पौंटा राजमार्ग का पुल टूटा, यातायात पूरी तरह ठप।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें