इस दाैरान पीएम मोदी ने जनसभा में आए कार्यकर्ताओं ने सवाल किया कि मेरा एक पर्सनल काम है, आप करोगे? राम नवमी आने वाली है। गांव-गांव जाकर मेरी तरफ से देवता के आगे माथा टेककर प्रणाम करना है। हर घर जाकर बड़े बुजुर्गों को कहना मोदी जी ऋषिकेश आए थे, उन्होंने आपको राम-राम भेजा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आईडीपीएल के हॉकी मैदान में होने वाली चुनावी जनसभा को लेकर पुलिस ने यातायात प्लान लागू कर दिया है। वाहनों की आवाजाही यातायात प्लान के अनुसार ही होगी। पौड़ी और ऋषिकेश शहर से आने वाले वाहन एम्स रोड होते हुए सीमा डेंटल कॉलेज से आगे विस्थापित क्षेत्र में नगर पार्किंग में खड़े होंगे। हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहन श्यामपुर पुलिस चौकी होते हुए आईडीपीएल कैनाल गेट से आईडीपीएल फैक्टरी गेट से आगे दाहिनी तरफ लक्कड़घाट पार्किंग में खड़े होंगे। ऋषिकेश नटराज चौक से आने वाले वाहन हरिद्वार बाईपास रोड होते हुए मंसा देवी फाटक से बायें सिटी गेट के अंदर निर्धारित पार्किंग में खड़े होंगे। वीआईपी, प्रेस के वाहनों की पार्किंग सिटी गेट से अंदर सामुदायिक भवन के पास खाली मैदान में कराई गई है। आवश्यकता पड़ने पर नटराज चौक, नेपाली फार्म, श्यामपुर पुलिस चौकी, घाट चौक से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले ही देहरादून एयरपोर्ट पर वायु सेना के चार एमआई 17 हेलीकॉप्टर पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट से तीन हेलीकॉप्टर पीएम के साथ रवाना होंगे। एक हेलिकॉप्टर को स्टैंड बाय मोड पर एयरपोर्ट पर ही रखा जाएगा।
पीएम मोदी की चुनावी रैली के लिए भाजपा कार्यकर्ता व समर्थकों के पहुंचने का सिससिला शुरू हो गया है। वहीं, सभी को चेकिंग के बाद ही कार्यक्रम स्थल पर एंट्री दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आईडीपीएल हॉकी मैदान में बनाए गए पंडाल में करीब 50 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है। पंडाल वाटरप्रूफ है। हालांकि, भाजपा का जनसभा में एक लाख लोगों के पहुंचने का दावा है। कार्यक्रम स्थल में 35 डोर फ्रेम्ड मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। पीएम करीब एक घंटे तक चुनावी सभा को संबोधित करेंगें।