फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand National Games Live: पीएम मोदी ने किया राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ, जुबिन के गीतों ने बिखेरा जादू

Tue, 28 Jan 2025 08:49 PM IST
अलका त्यागी अमर उजाला नेटवर्क, देहरादून

खास बातें

38th National Games Uttarakhand Live Updates News in hindi: 14 फरवरी तक चलने वाले राष्ट्रीय खेलों में देशभर के 11 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। आज रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पीएम मोदी खेलों का उद्घाटन करेंगे। यहां जानिए पल-पल का अपडेट...
विज्ञापन
जुबिन नौटियाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:48 PM, 28-Jan-2025

स्टेडियम की पब्लिक ग्राउंड में घुसी, जुबिन ने शो रोका

जुबिन नौटियाल के मंच पर पहुंची पब्लिक। भीड़ ने उन्हें घेर लिया। पुलिस ने उन्हें हटाया। जुबिन ने अनुरोध किया की आपका प्यार समझता हूं, मैं डेढ़ घंटे साथ हूं। लेकिन स्टेडियम की पब्लिक ग्राउंड में घुसी, सैकड़ों लोग मंच के आगे जमा हो गए। इसके बाद जुबिने ने शो रोक दिया। उन्होंने कहा कि सब अपनी जगह जाएं, व्यवस्था बनाएं तो फिर गाएंगे। बड़ा दिन है उत्तराखंड के लिए सब अच्छी यादें लेकर जाएं।

08:32 PM, 28-Jan-2025

जुबिन नौटियाल के गीतों ने बिखेरा सुरों का जादू

पीएम मोदी ने  राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ किया और वे वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इसके बाद अब गायक जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। 

08:03 PM, 28-Jan-2025
नेशनल गेम्स - फोटो : अमर उजाला

2025 शंखों का हुआ नाद, नेशनल गेम्स का शुभारंभ

पीएम मोदी ने युवाओं से स्टेडियम में फ्लेश लाइट जलवाई और नेशनल गेम्स के शुभारंभ की घोषणा की। 

विज्ञापन
07:57 PM, 28-Jan-2025

फिट इंडिया बनाएं

पीएम मोदी ने कहा कि आज ऐसी चुनौती की बात करना चाहता हूं, हमारे देश में मोटापे की समस्या तेजी से बढ़ रही है। हर उम्र के लोग, युवा प्रभावित हो रहे। इससे डायबिटिक, हार्ट के रोग बढ़ रहे। फिट इंडिया मूवेंट से देश जागरूक हो रहा है। नेशनल गेम भी फिट और बैलेंस लाइफ सीखते हैं। उन्होंने स्टेडियम में मौजूद सभी युवाओं से फिट इंडिया का आह्वान किया।

07:56 PM, 28-Jan-2025

पीएम मोदी ने किया शीतकालीन यात्रा पर आने का आह्वान  

पीएम मोदी ने कहा कि उत्तराखंड को अपने विकास के और रस्ते बनाने होंगे। राज्य सिर्फ चार धाम यात्रा पर निर्भर नहीं रह सकता। उत्तराखंड में शीतकालीन यात्राओं को प्रोत्साहित करना जरूरी। उत्तराखंड मेरा दूसरा घर है। मैं सर्दियों में खुद आना चाहता। लोगों से अनुरोध करूंगा कि शीतकाल में यहां जरूर आएं, यहां एडवेंचर खेल हैं। 

विज्ञापन
07:54 PM, 28-Jan-2025

यूसीसी लागू कर ऐतिहासिक काम किया- पीएम

कल ही उत्तराखंड देश का ऐसा राज्य बना जिसने यूसीसी लागू किया। यूसीसी से लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी। संविधान की मूल भावना मजबूत होगी। खेल भी हमें भेदभाव की भावना से दूर करता है। यही भावना यूसीसी की भी है। किसी से कोई भेदभाव नहीं, सभी यूसीसी के लिए बराबर है। 

07:52 PM, 28-Jan-2025

ओलंपिक के लिए पूरा जोर लगा रहा भारत- पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि भारत 2036 के ओलंपिक के लिए पूरा जोर लगा रहा है। ये सिर्फ खेल का आयोजन नहीं होता, ये जहां भी होता है वहां अनेक क्षेत्रों में गति मिलती है। वहां निर्माण, परिवहन, टूरिज्म, होटल्स आदि को मिलता है। उत्तराखंड में जो आयोजन हो रहा है, उससे सिर्फ खिलाड़ियों को ही फायदा नहीं होता, उससे दूसरे सेक्टर भी ग्रो करते हैं। यहां बाबा केदार के दर्शन करने के बाद दिल से निकला कि ये उत्तराखंड का दशक है। देखिए हो भी रहा है।

07:50 PM, 28-Jan-2025

हॉकी में पुराने गौरवशाली दिन वापस लौट रहे- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि हॉकी में पुराने गौरवशाली दिन वापस लौट रहे हैं। उन्होंने खो-खो और शतरंज की हालिया उपलब्धियों का हवाला दिया। कहा कि जैसे खिलाड़ी बड़े लक्ष्य लेकर चलते हैं, वैसे ही हमारा देश बड़े संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है।

07:50 PM, 28-Jan-2025

तीन गुना हुआ स्पोर्ट्स का बजट- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि मेरी पूरी कोशिश है आपका समर्थ बढ़े। 10 साल पहले स्पोर्ट्स का जो बजट था वह आज तीन गुना ज्यादा हो चुका है। देश भर में खेलों इंडिया के तहत आधुनिक स्पोर्ट स्ट्रक्चर बनाया जा रहा है। देश की पहली स्पॉट्स यूनिवर्सिटी मणिपुर में बन रही है, इन कोशिशों का नतीजा पदक तालिका में दिख रहा है। ओलंपिक और पैरालंपिक में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने बेहतरीन किया है। 

07:43 PM, 28-Jan-2025

पीएम मोदी बोले- देश के खिलाड़ी मुझे पीएम, यानी परम मित्र मानते हैं

पीएम मोदी ने कहा कि देवभूमि आज दिव्य हो उठी है। बदीनाथ, केदारनाथ और मां गंगा आशीर्वाद लेकर खिलाड़ी खेल रहे हैं। युवा राज्य में देश के कोने-कोने से आए हजारों युवा अपना सामर्थ्य दिखाने वाले हैं। कई देशी पारंपरिक खेलों को इसमें शामिल किया गया। इस बार के नेशनल  ग्रीन गेम हैं। कहा कि मेरे संसदीय क्षेत्र काशी से ढाई लाख युवाओं को हर साल खेलने का मौका मिला है। हम स्पोर्ट्स को भारत के विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं। आज स्पोर्ट्स को भारत के विकास से जोड़ा जा रहा है। देश तीसरी आर्थिक शक्ति बनने के लिए अग्रसर है। उसके पीछे स्पोर्ट्स इकनॉमी भी है। खिलाड़ी के पीछे एक बड़ी टीम होती है। भारत स्पोर्ट्स समान बनाने में आगे बढ़ रहा। मेरठ में हजारों फैक्ट्रियां हैं जहां स्पोर्ट्स समान बन रहा है। देश के खिलाड़ी मुझे पीएम, यानी परम मित्र मानते हैं। आपका ये विश्वास ही मुझे ऊर्जा देता है।

07:39 PM, 28-Jan-2025

तेजस्विनी मशाल को लक्ष्य सेन ने पीएम मोदी को सौंपा

तेजस्विनी मशाल यात्रा पर शो किया गया। 13 जिलों से चार हजार किमी की यात्रा कर आई मशाल को ओलंपियन लक्ष्य सेन ने पीएम मोदी को सौंपा।

07:28 PM, 28-Jan-2025

सीएम और पीएम ने हाथ हिलाकर किया अभिवादन

दर्शकों और खिलाड़ियों ने एक दूसरे का हाथ हिला कर स्वागत किया। परेड के दौरान सीएम और पीएम ने तालियां बजाकर सभी का अभिनंदन किया। हिमाचल के एथलीट्स अपनी पारंपरिक टोपी में नजर आए।

07:22 PM, 28-Jan-2025

एथलीट्स परेड के साथ पहुंचे मौली

एथलीट्स परेड की शुरुआत हुई। खेलों के शुभंकर मौली की अगुवाई में बैंड शुरू हुआ। सबसे पहले सैनिक स्कूल खोड़ा खाल का बैंड आया। परेड में सभी राज्यों के एथलीट्स शामिल हैं। जिसमें सबसे पहले अंडमान निकोबार, असम, बिहार, चंडीगढ़ की टीम है। दिल्ली, गोवा, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल, जम्मू कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश के एथलीट भी शामिल हुए।

07:17 PM, 28-Jan-2025
सीएम धामी - फोटो : अमर उजाला

ग्रीन गेम्स की थीम पर होंगे खेल- सीएम धामी

सीएम धामी ने कहा कि 10 हजार से अधिक खिलाड़ी 35 खेलों में प्रतिभाग करेंगे। आयोजन में सौर ऊर्जा का प्रयोग होगा और प्लास्टिक का इस्तेमाल कम से कम होगा। ग्रीन गेम्स की थीम रहेगी। पीएम ने कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति हो, राम मंदिर हो, यूसीसी हो, जैसे कई संकल्प को पूरे करने का कार्य किया है। हम राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के साथ प्रत्येक क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने पर काम कर रहे हैं। पीएम के नेतृत्व में यूसीसी लागू करने का जो संकल्प लिया था, उसे पूर्ण करने में सफल रहे हैं। राष्ट्रीय खेलों में प्रतिभाग करने आए खिलाड़ियों को उच्च सुविधाएं देने के साथ पर्यावरण का संदेश देने में सफल रहेंगे। 

07:13 PM, 28-Jan-2025
पीटी ऊषा - फोटो : अमर उजाला

उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक दिन- पीटी ऊषा

भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी ऊषा ने खेल मंत्री रेखा आर्या की कोशिशों की तारीफ की। उन्होंने जिसकी वजह से खेलों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर बना, जीटीसीसी और अन्य कमेटियों व अधिकारियों का आभार जताया। उत्तराखंड के लोगों की गर्मजोशी को सराहा।

07:00 PM, 28-Jan-2025

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा- हमारा एक ही स्लोगन- संकल्प से शिखर तक


खेल मंत्री रेखा आर्या ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा एक ही स्लोगन- संकल्प से शिखर तक। स्टेडियम में इसका उद्घोष करवाया। कहा कि नेशनल गेम्स के साथ ही उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में जाने जाने की शुरुआत हो रही है।

06:55 PM, 28-Jan-2025

कलाकारों ने किया एलईडी शो

हिमालय ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के जिक्र के साथ उत्तराखंड के विकास और ग्रीन गेम्स के आयोजन की बात कही। इसके बाद एलईडी शो हुआ। 

06:47 PM, 28-Jan-2025
लेजर शो - फोटो : अमर उजाला

हिमालय की संपदा पर हुआ लेजर लाइट शो

शिव तांडव के बाद हिमालय ने अपनी वनस्पति और पर्यावरण विरासत के बारे में बताया। इस दौरान जंगल संपदा पर लेजर लाइट शो भी हुआ।

06:28 PM, 28-Jan-2025
शिव तांडव - फोटो : अमर उजाला

शिव तांडव नृत्य से शुरू हुआ कार्यक्रम

शिव तांडव नृत्य से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। उससे पहले मैं हिमालय हूं की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। हिमालय के वर्णन के बाद स्टेडियम के बीच बने हिमालय पर्वत पर लाइटिंग से शिव तांडव स्त्रोत हुआ।

06:24 PM, 28-Jan-2025

सीएम धामी ने किया स्वागत

पीएम मोदी और सीएम धामी के साथ राज्यपाल गुरमीत सिंह भी मंच पर मौजूद हैं। सीएम धामी ने पीएम का सिल्क्यारा पर लिखी किताब, शाल और उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी पहनाकर स्वागत किया। 

06:21 PM, 28-Jan-2025

एथलीट्स से मिले पीएम मोदी

मंच पर जाने से पहले पीएम मोदी एथलीट्स जसपाल राणा, मनीष रावत, बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन समेत 11 खिलाड़ियों से मिले।  

06:12 PM, 28-Jan-2025

स्टेडियम में गूंजा मोदी-मोदी, जय श्रीराम का नारा

पीएम मोदी जैसे स्टेडियम में पहुंचे तो लोगों में खास उत्साह नजर आया। पीएम ने दर्शक दीर्घा से हाथ हिलाकर धन्यवाद किया। स्टेडियम में मोदी मोदी के नारे गूंजे । वहीं, जय श्री राम के नारे भी लगे।

06:05 PM, 28-Jan-2025

पीएम नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी के साथ सीएम धामी भी मौजूद हैं। कुछ देर में 38वें राष्ट्रीय खेलों का आगाज होगा।

05:55 PM, 28-Jan-2025

पांडवाज के कार्यक्रम में 1200 बच्चे बनेंगे आकृति

पांडवाज के कार्यक्रम में 1200 स्कूली बच्चे प्रतिभाग करेंगे। बैंड की प्रस्तुति को आकर्षक बनाने के लिए बच्चे गीतों की प्रस्तुति के दौरान कभी मौली तो कभी बुरांश की आकृति बनेंगे। वहीं, पांडवाज ने राष्ट्रीय खेलों का थीम सॉन्ग भी बनाया है। उत्तराखंडी धुन में रचा व बसा ये थीम सॉन्ग पहाड़ी वाद्ययंत्रों की सुकून भरी आवाज से लोगों को लुभा रहा है। पांडवाज के कुणाल डोभाल ने बताया, पूरे उत्तराखंड की संस्कृति को गीत से जोड़ने के लिए गढ़वाली, कुमाऊंनी के साथ हिंदी भाषा में गीत को तैयार किया गया है। गीत को गढ़वाली में प्रेम मोहन डोभाल और कुमाऊनी में दीपक मेहता ने लिखा है। जबकि, इशान डोभाल ने गीत को संगीत दिया है।

05:25 PM, 28-Jan-2025

पीएम मोदी पहुंचे देहरादून, पुनर्निर्माण कार्याें की कर रहे समीक्षा

प्रधानमंत्री मोदी नई दिल्ली से देहरादून एयरपोर्ट पहुंचे जहां उन्होंने उनका भाजपाइयों और उच्च अधिकारियों द्वारा पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष विमान से दिल्ली से देहरादून पहुंचे। जहां भाजपाइयों और अधिकारियों के कुल 40 लोगों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जॉलीग्रांट से एमआई 17 हेलीकॉप्टर द्वारा देहरादून को रवाना हुए। वह अभी महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में ऋषिकेश-हरिद्वार, शारदा कॉरिडोर और बदरीनाथ-केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। देहरादून में राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब 8: 30 बजे वापस जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे जहां से वह दिल्ली को रवाना होंगे। उ 

04:58 PM, 28-Jan-2025
स्टेडियम के पास जाम - फोटो : अमर उजाला

दो किलोमीटर तक जाम, खिलाड़ी भी रास्ते में फंसे

पुलिस के ट्रैफिक को लेकर किए गए सारे इंतजाम भीड़ के आगे ध्वस्त हा गए। स्टेडियम के आसपास दो किलोमीटर के दायरे में हर रास्ता जाम है। नेशनल गेम्स के मेहमान, स्कूली बच्चे, वीआईपी आदि फंसे हुए हैं। खबर है कि जाम में खिलाड़ी भी फंसे हुए हैं। 

04:25 PM, 28-Jan-2025

स्टेडियम खचाखच भरा, रास्ते रास्ते जाम

महाराणा प्रताप स्टेडियम रायपुर में आसपास के रास्ते जाम से पैक हुए। अधिकारी भी फंसे हैं। वहीं, स्टेडियम भी खचाखच भर गया है।

03:39 PM, 28-Jan-2025

60 फीट ऊंची बनी वीडियो वॉल, होगा भव्य लाइट शो

महाराणा प्रताप स्टेडियम स्थित कार्यक्रम स्थल के बीच में 60 फीट ऊंची वीडियो वॉल बनी है, जिसके जरिए स्टेडियम के हर कोने से वीडियो शो देखा जा सकेगा। इसी वीडियो वॉल के चारों तरफ तीन लेवल का स्टेज तैयार है, जिस पर तीन हजार से अधिक कलाकार अपनी-अपनी प्रस्तुतियां देंगे। करीब 15 सौ लाइटों की मदद से भव्य लाइट शो होगा। उसके बाद आतिशबाजी शो से समारोह की रात को रंगों से भरा जाएगा।

03:32 PM, 28-Jan-2025

रजत जयंती वर्ष में राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी सोने पर सुहागा-सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि राष्ट्रीय खेलों का आयोजन उत्तराखंड के लिए गर्व भरा क्षण हैं। राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी सोने पर सुहागा है। राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी उत्तराखंड के खेलों के भविष्य के लिए कितनी फायदेमंद साबित होने जा रही है और ये राज्य के खिलाडियों के पलायन को रोकने में कितनी प्रभावी साबित होगी।

03:26 PM, 28-Jan-2025

इन राज्यों के इतने खिलाड़ी कर रहे प्रतिभाग

राष्ट्रीय खेलों में आंध्र प्रदेश से 294, अंडमान व निकोबार से 28, अरुणाचल प्रदेश से 43, असम 301, बिहार 196, चंडीगढ़ से 205, छत्तीसगढ़ से 294, दादर एवं नागर हवेली से 13, दिल्ली से 633, गोवा से 172, गुजरात से 354, हरियाणा से 207, जम्मू-कश्मीर से 47, झारखंड से 201, कर्नाटक से 681, केरल से 596, मध्य प्रदेश से 472, महाराष्ट्र से 822, मणिपुर से 387, मेघालय से 53, मिजोरम से 74, नागालैण्ड से 10, ओडिशा से 423, पांडुचेरी से 56, पंजाब 479, राजस्थान 511, सिक्किम 33, तमिलनाडु 624, त्रिपुरा 20, उत्तर प्रदेश 393, पश्चिम बंगाल 411, तेलंगाना 282, लद्धाख सात, सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड से 437 खिलाड़ी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

03:18 PM, 28-Jan-2025

पहुंचने लगे लोग, हर किसी में दिख रहा उत्साह

38वें राष्ट्रीय खेलों का आगाज होने ही वाला है। इसके लिए लोग अभी से स्टेडियम पहुंचना शुरू हो गए हैं। वहीं, पुलिस भी चेकिंग के बाद ही अंद जाने दे रही है।

03:11 PM, 28-Jan-2025

उद्घाटन समारोह में 25 हजार लोग करेंगे शिरकत 

राष्ट्रीय खेलों के भव्य उद्घाटन समारोह में 25 हजार लोगों के शिरकत करने का अनुमान है। इनमें खिलाड़ियों और स्टाफ को मिलाकर ही करीब 16 हजार लोग रहेंगे। 

02:53 PM, 28-Jan-2025

मेजबान टीम से सबसे अधिक 1016 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

उत्तराखंड में पहली बार होने जा रहे राष्ट्रीय खेलों में मेजबान टीम से सबसे अधिक 1016 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। जबकि देश के सबसे छोटे संघ राज्यक्षेत्र लक्षद्वीप से मात्र दो खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा होंगे। खेलों में देश के 28 राज्य एवं विभिन्न केंद्र शासित प्रदेशों के 11340 खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे। राष्ट्रीय खेलों में कई स्पर्धाएं रात में भी होंगी। एथलेटिक्स में सबसे अधिक 700 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

02:27 PM, 28-Jan-2025

पहली बार 2200 गायत्री साधक करेंगे शंखनाद

राष्ट्रीय खेलों के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा कि शुभारंभ के मौके पर 2200 गायत्री साधक शंखनाद करेंगे। देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति एवं अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पंड्या ने कहा, यह बहुत ही हर्ष और सौभाग्य का विषय है कि उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करने का मौका मिला। उत्तराखंड देवभूमि है, गंगा की गोद है, हिमालय की छाया है और सप्तऋषियों की तपोभूमि है। ऐसे में राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ 2200 गायत्री साधकों के शंखनाद की ध्वनि से होगी, जो पूरे क्षेत्र के गौरव को बढ़ा देगा।  

02:16 PM, 28-Jan-2025

ये अतिथि रहेंगे मौजूद

खेलों के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), केंद्रीय खेल मंत्री डॉ.मनसुख मांडविया, केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खड़से, खेल मंत्री रेखा आर्या, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ.पीटी उषा भी मौजूद रहेंगी।

02:09 PM, 28-Jan-2025

होगा विशेष एलईडी शो

उद्घाटन समारोह के लिए विशेष एलईडी शो की व्यवस्था की गई है। स्कूली बच्चों का ग्रुप इस शो की प्रस्तुति के लिए तैयार है।

02:08 PM, 28-Jan-2025

जुबिन और पांडवाज देंगे प्रस्तुति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में करीब तीन से चार हजार कलाकार प्रस्तुति देंगे। समारोह में उत्तराखंडी बैंड पांडवाज समेत बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल और इंडियन आइडल फेम पवनदीप राजन लाइव प्रस्तुति देंगे।

02:05 PM, 28-Jan-2025

मंच पर सजेगी उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत

राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन मंच पर उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को सजाया जाएगा। उद्घाटन समारोह को भव्य रूप देने के लिए उत्तराखंडी लोक कलाकारों के साथ बॉलीवुड के सितारे लाइव प्रस्तुति देंगे। 

02:05 PM, 28-Jan-2025

साढ़े तीन बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साढ़े तीन बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। जो खेलों के शुभारंभ से पहले महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में ऋषिकेश-हरिद्वार, शारदा कॉरिडोर और बदरीनाथ-केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे।

02:00 PM, 28-Jan-2025

लक्ष्य सेन सौंपेंगे पीएम मोदी केा मशाल
पीएम के सामने 35 टीमों के एथलीट परेड करेंगे। उत्तराखंड निवासी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन उन्हें मशाल सौंपेंगे।

01:56 PM, 28-Jan-2025

Uttarakhand National Games Live: पीएम मोदी ने किया राष्ट्रीय खेलों का शुभारंभ, जुबिन के गीतों ने बिखेरा जादू

उत्तराखंड में आज रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ 38वें राष्ट्रीय खेलों का आगाज होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम छह बजे राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित समारोह में खेलों की शुरुआत करेंगे। पारंपरिक अंदाज में प्रधानमंत्री का स्वागत होगा। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें