पीएम मोदी ने कहा कि 16 अप्रैल से संसद में विशेष चर्चा होगी। सभी राजनीतिक दल नारी शक्ति वंदन बिल को मिलकर इसे आगे बढ़ाएं। कहा कि मैंने आज देश की सभी बहनों के नाम एक खुला पत्र लिखा है। बड़े आग्रह के साथ देश की माताओं और बहनों को इस कार्य में शामिल होने का आह्वान किया है। मैं आज देवभूमि से देश के सभी दलों से फिर अपील करूंगा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम में समर्थन करें।
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में मां नंदा राजजात का जिक्र भी किया। मां नंदा को प्रणाम किया और देश की बहन-बेटियों के लिए संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज दुनिया कई बड़े संकटों से गुजर रही है, ऐसे में सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े। पीएम मोदी ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद संसद ने नारी शक्ति वंदन बिल पास किया है, जो महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार देता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस अधिकार को लागू करने में देरी नहीं होनी चाहिए। 2029 के लोकसभा चुनाव और उसके बाद होने वाले चुनावों से ही इस व्यवस्था को लागू किया जाना चाहिए, ताकि महिलाओं की भागीदारी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में और मजबूत हो सके।
पीएम मोदी ने कहा कि भविष्य की दशा के लिए अक्सर लोग हाथ की रेखाएं देखते हैं। मैं इस विज्ञान को तो नहीं जानता लेकिन ये भी एक शास्त्र है। इसी संदर्भ को राष्ट्र जीवन से जोड़कर देखूं तो राष्ट्र की भाग्य रेखाएं हमारी सड़कें होती हैं। हाईवे, रेलवे, एक्सप्रेस वे होते हैं। हमारा देश ऐसे ही विकास की भाग्य रेखाओं को बनाने में जुटा है।
पीएम मोदी ने सभी का आभार जताते हुए कि आज देश में पर्व त्योहार की उमंग है। विभिन्न हिस्सों में नववर्ष का आगमन हुआ है। मैं देशवासियों को वैसाखी, बोहाग की शुभकामनाएं देता हूं।
पीएम मोदी ने दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के चारों चरणों का उद्घाटन किया। इसके बाद अब वह जनसभा को संबोधित कर रहे हैं।
वर्षों का इंतजार आज खत्म हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। 11,963 करोड़ की लागत से बने 213 किमी लंबे दून-दिल्ली ऐलिवेटेड एक्सप्रेस-वे की सौगात दी। इसके अलावा एक हजार मेगावाट क्षमता के देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी लोकार्पण किया।
पीएम मोदी ने रिमोट का बटन दबाकर दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर जनता को समर्पित किया।
जनसभा स्थल से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि 640 किमी का काम ऑल वेदर रोड का पूरा हुआ है।केदारनाथ में 1300 करोड़ का रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड तक दिसम्बर 2026 तक शुरू करेंगे।
वहीं यमुनोत्री में 2500 करोड़ धरासू से यमुनोत्री तक का पूरा काम हम 2028 तक पूरा करेंगे। बताया कि भूस्खलन के लिए हमने योजनाएं तैयार की हैं। 4300 करोड़ से 296 कार्यों को हमने मंजूरी दी है। 5800 करोड़ के 194 कार्यों की तैयारी हो रही है। सोनप्रयाग से केदारनाथ तक 12 किमी रोपवे बनाने का काम शुरू हुआ है। गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब का 12.4किमी रोपवे बनाया जा रहा है।
कहा कि अनेक जगह पर सड़क के बजाय हम टनल बना रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड के भविष्य को हम बदलेंगे। पर्यटन में इजाफा होगा। युवाओं को रोजगार मिलेगा।
गडकरी ने कहा कि 1700 करोड़ का देहरादून का चार लेन बाइपास हम करेंगे। 2300 करोड़ से हरिद्वार में चार लेन बाईपास का जल्द काम शुरू किया जाएगा। 800 करोड़ का देहरादून से मसूरी दो लेन की डीपीआर बन रही है। कहा कि 5200 करोड़ से टनकपुर पिथौरागढ़ होकर लिपुलेख मार्ग बनाया जा रहा है। यहा सालभर में पूरा करेंगे।
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को शॉल और नंदा देवी राजजात यात्रा संबंधी स्मृति चिन्ह भेंट किया।
पीएम मोदी मंच पर पहाड़ टोपी पहने बैठे नजर आए। इस दौरान मंत्री नितिन गडकरी ने पीएम मोदी को ब्रह्मकमल का स्मृति चिन्ह भेंट किया।
देहरादून में रोड शो के बाद पीएम मोदी गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह सेना मैदान पहुंचे। उनके यहां पहुंचते ही मौजूद लोग मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। प्रधानमंत्री ने बाबा भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित किया। यहां से वह दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। मंच पर सीएम धामी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, राज्यपाल ले.जन गुरमीत सिंह मौजूद हैं।
जनसभा स्थल में प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचने का इंतजार हो रहा है। यहां पीएम मोदी के कई प्रशंसक अलग-अलग अंदाज में पहुंचे हैं। कई बच्चे पीएम मोदी की तरह बनकर आए तो सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।
सिद्धपीठ मां काली का आशीर्वाद लेने के बाद पीएम मोदी रोड शो के लिए निकले। पहली बार राजधानी दून में 12 किमी का रोड शो हो रहा है। इसके बाद वह गढ़ी कैंट स्थित मैदान से जनसभा को संबोधित करेंगे।
राज्य – दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड
डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना के बाद प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष कुछ बच्चियों ने महिषासुरमर्दिनी स्तोत्रम् सुनाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मां डाट काली मंदिर में पूजा कर रहे हैं। यहां वह दस मिनट पूजा-अर्चना करेंगे।
देहरादून में रोड शो के बाद प्रधानंत्री मोदी शहीद जसवंत मैदान पहुंचेंगे, जहां वह जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए जनसभा स्थल में लोगों की भीड़ जुटने लगी है।
सहारनपुर के गणेशपुर में प्रधानमंत्री का हेलिकॉप्टर उतर चुका है। यहां से कार से अब प्रधानमंत्री एलिवेटेड रोड के सफर पर निकले हैं।
प्रधानमंत्री मोदी एलिवेटेड कॉरिडोर का व्यू प्वाइंट देख रहे हैं। दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर पीएम मोदी आज तीन राज्यों को सौगात देंगे।
सुबह करीब 10:30 बजे पीएम मोदी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। यहां से हेलिकॉप्टर से वे सहारनपुर के गणेशपुर स्थित हेलीपैड पर 10:50 बजे पहुंचे। 11:10 पर एलिवेटेड कॉरिडोर का व्यू प्वाइंट देखेंगे। यहां पर उनका स्वागत फूल बरसाकर किया जाएगा।
पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन से पूर्व लोक कलाकार और बच्चे देहरादून गढ़ी कैंट कैनाल रोड पर उनके स्वागत के लिए पहुंचे हैं।
पुलिस का अनुमान है कि एक्सप्रेसवे खुलने के बाद इस क्षेत्र में वाहनों की संख्या पीक समय में तीन से चार गुना तक हो सकती है। हालांकि, पुलिस इसके विधिवत शुरुआत के बाद एक सप्ताह का डाटा जुटाएगी। एसपी ट्रैफिक लोकजीत ने बताया कि फिलहाल यह आंशिक रूप से ही खुला है और पीक समय शुरू होने वाला है। ऐसे में एक सप्ताह का डाटा आने के बाद यहां और क्या तैयारियां करनी हैं, इसका प्लान बनाया जाएगा। जहां तक देहरादून की बात है तो यहां स्थानीय वाहनों का भी खासा दबाव है। यहां पांच साल में रजिस्टर्ड वाहनों की संख्या लगभग 90 हजार से 1.30 लाख हो गई है। शहर के लिए ये वाहन भी बड़ी चुनौती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के मद्देनजर दून पुलिस अलर्ट मोड में है। एसएसपी के नेतृत्व में पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक दिन-रात सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर के सभी होटल और गेस्ट हाउस में रुके लोगों का सत्यापन भी किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जनपद की सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के लिए मार्ग को कुल 13 जोन में बांटा गया है। सभी जोन में जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सेक्टर और नोडल अफसर भी अलग-अलग जोन में तैनात किए गए हैं।
पीएम दौरे के दौरान पुलिस ने अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की है। इसके लिए तीन हजार पुलिसकर्मी रोड शो रूट और कार्यक्रम स्थल के आसपास तैनात रहेंगे। इनमें 550 महिला पुलिस अधिकारी और कर्मियों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। ये अफसर और कर्मचारी कंट्रोल रूम से लेकर शहर में भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगी।
प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी 28वीं बार उत्तराखंड आ रहे हैं। पांच बार केदारनाथ आ चुके हैं, साथ ही बदरीनाथ व मुखबा का भी दौरा कर चुके हैं। बीते वर्ष मार्च में उत्तरकाशी जिले में मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा पहुंचकर प्रधानमंत्री ने शीतकालीन यात्रा का संदेश दिया था।
डाट काली मंदिर में पीएम मोदी करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना करेंगे। यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनका स्वागत करेंगे। दोपहर करीब 12 बजे डाट काली मंदिर से शहीद जसवंत सिंह मैदान तक रोड शो करेंगे। इस दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ता उन पर पुष्प वर्षा कर स्वागत करेंगे।
ये भी पढे़ं...Dehradun-Delhi Expressway: सफर होगा सुहाना, पर वाहन धीरे ही चलाना; इन बातों का जरूर रखें ध्यान