फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Cloud Burst Live: उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने से आई बाढ़, चार की मौत, 70 से ज्यादा लापता

Wed, 06 Aug 2025 06:52 AM IST
अलका त्यागी अमर उजाला नेटवर्क उत्तरकाशी

खास बातें

Cloud Burst in Uttarkashi News Live Updates : उत्तरकाशी के धराली गांव मंगलवार दोपहर बादल फटने से खीरगंगा में बाढ़ आ गई। बाढ़ ने निचले इलाके में भारी तबाही मचाई। यहां कई होटल और घर मलबे में दब गए और कई लोग लापता हैं। यहां जानिए पल-पल का अपडेट...
विज्ञापन
उत्तरकाशी में बाढ़ से तबाही - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:51 AM, 06-Aug-2025

जारी है सड़कों की सफाई 

उत्तरकाशी-हर्सिल मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध सड़कों को जेसीबी की मदद से साफ किया जा रहा है।

03:08 AM, 06-Aug-2025

आज उत्तरकाशी जाएंगे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज बुधवार को देहरादून से उत्तरकाशी जाएंगे। वह सुबह सहस्रधारा से रवाना होकर जोशियाड़ा हेलिपैड पहुंचेंगे। इसके बाद धराली बाजार, हर्षिल और आस-पास के क्षेत्रों में आपदा से हुई क्षति का निरीक्षण करेंगे। फिर उत्तरकाशी में कैंप कर राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे।

02:25 AM, 06-Aug-2025

सीएम ने दिया आश्वासन

उत्तरकाशी में बादल फटने से हुई तबाही में 130 से अधिक लोगों को बचाया गया। सीएम धामी ने प्रभावित लोगों को पूर्ण सहायता का आश्वासन दिया है। 

विज्ञापन
01:54 AM, 06-Aug-2025

शासन ने बचाव कार्य और मरम्मत के लिए 20 करोड़ जारी किए

शासन ने आपदा प्रभावित क्षेत्र में बचाव कार्यों और क्षतिग्रस्त परिसम्पत्तियों की मरम्मत के लिए आपदा मोचन निधि मद से 20 करोड़ की राशि जारी कर दी है। इस संबंध में आपदा प्रबंधन विभाग के अपर सचिव आनंद स्वरूप ने डीएम उत्तरकाशी को एक पत्र भेजा है। इसमें कहा गया है कि राहत एवं बचाव कार्यों और क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की तत्काल मरम्मत के लिए धनराशि अवमुक्त की जा रही है।

12:02 AM, 06-Aug-2025

11 जवान लापता, 150 जवान रेस्क्यू में जुटे: पीआरओ

पीआरओ (रक्षा) लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि धराली आपदा के बाद 14 राजरिफ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल हर्षवर्धन खुद राहत और बचाव कार्यों का नेतृत्व कर रहे हैं। उनकी टीम के 150 जवान लगातार इस कठिन हालात में डटे हुए हैं। हालांकि यूनिट का बेस भी प्रभावित हुआ है और 11 जवान लापता हैं, फिर भी टीम पूरे हौसले और संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 20 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। तेज बारिश और टूटी हुई सड़कों के बावजूद जवान हर नागरिक की सुरक्षा के लिए डटे हुए हैं। कहा कि इस कठिन परिस्थिति में भारतीय सेना का निस्वार्थ सेवा, मजबूती और देश के प्रति समर्पण साफ दिखाई दे रहा है। राहत कार्यों को और तेज़ करने के लिए अतिरिक्त टीमें भी भेजी जा रही हैं।

विज्ञापन
11:00 PM, 05-Aug-2025

स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने धराली गांव में आपदा से हुए नुकसान पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए। उत्तरकाशी, टिहरी एवं देहरादून के जिला अस्पतालों के साथ ही दून मेडिकल कालेज व एम्स ऋषिकेश उपचार के लिए बेड आरक्षित किए गए हैं। राज्य सरकार आपदा प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

10:14 PM, 05-Aug-2025

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, डॉक्टरों की छुट्टी पर रोक

उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में भयानक आपदा के बाद चिकित्सा सेवाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। विभाग ने डॉक्टरों की छुट्टी रद्द करने के साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम आपदा प्रभावित क्षेत्र के लिए रवाना कर दी है। आपदा में घायलों के इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज दून व एम्स ऋषिकेश में बेड आरक्षित किए गए।

09:56 PM, 05-Aug-2025

गंगोत्री हाईवे बंद होने से छह घंटे फंसे रहे डीएम और एसपी

धराली आपदा के बाद मौके के लिए निकले डीएम प्रशांत आर्य और एसपी सरिता डोबाल नेताला के समीप गंगोत्री हाईवे बंद होने के कारण वहां पर करीब छह घंटे फंसे रहे। बीआरओ की मशीन को हाईवे खोलने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं इस घटना ने आपदा से पूर्व की गई तैयारियों की पोल खोल कर रख दी है। क्योंकि मानसून में ऐसे स्थानों पर हर समय मशीनें तैनात करने के निर्देश थे। धराली में आई आपदा के बाद जिला प्रशासन सहित पुलिस और पूरा महकमा अलर्ट होते ही घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। लेकिन प्रशासन के कदम तंत्र की आधू-अधूरी तैयारी ने नेताला में रोक लिया। वहां पर पहाड़ी से सड़क पर भारी मलबा आने और सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण पूरे प्रशासनिक अमले को वहां पर सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा। देर शाम करीब साढ़े आठ बजे के मार्ग खुलने के बाद डीएम और एसपी घटना स्थल के लिए रवाना हो सके। वहीं इसने मानसून सीजन में प्रशासनिक तंत्र की आपदा और भूस्खलन जोन को लेकर की गई तैयारियों की पोल खोल दी है। शासन-प्रशासन की ओर से सभी सड़क संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। सभी भूस्खलन जोन पर 24 घंटे मशीनें तैनात रहेंगी लेकिन वहां पर मशीनों की ओर से लगातार देरी होने के कारण जनपद के सबसे वरिष्ठ अधिकारियों को ही आज मार्ग बंद होने की परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं आपदा राहत बचाव के लिए भी टीम को भी वहां पर फंसे रहने पड़े।

09:54 PM, 05-Aug-2025

सीएम धामी ने की बैठक


आंध्र प्रदेश दौरे को तत्काल निरस्त करते हुए सीएम धामी शाम को सीधे देहरादून आई टी पार्क सिथत आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे। उन्होंने धराली में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन का अपडेट लिया।

09:17 PM, 05-Aug-2025

70 लोग लापता

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में धराली गांव में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। ऊंचाई वाले इलाके में बादल फटा, जिससे खीरगंगा नदी में सैलाब आ गया। पहाड़ से तेजी के साथ नीचे उतरा पानी अपने साथहोटल, घर और होम स्टे को बहा ले गया। धराली का मुख्य बाजार पूरी तरह तबाह हो गया है। प्रसिद्ध कल्प मंदिर भी मलबे में बह गया है। चार लोगों की मौत हुई है और 70 लोग लापता बताए जा रहे हैं। इसके कुछ देर बाद सुखी टॉप पर भी बादल फटने की घटना सामने आई, लेकिन उसमें किसी तरह के नुकसान की अभी जानकारी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर स्थिति की जानकारी ली है और हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।

09:16 PM, 05-Aug-2025

30 होटलों और दुकानों को नुकसान

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया की राहत बचाव में लगी टीमों ने धराली गांव से 60 लोगों को सुरक्षित कोपांग आईटीबीपी कैंप और 50 को गंगोत्री पहुंचाया है। साथ ही घटना में चार लोगों की मौत, 30 लापता हैं। वहीं 30 होटलों और दुकानों को नुकसान हुआ है।

09:09 PM, 05-Aug-2025

मदद के लिए सेना के हेलिकॉप्टर तैयार

उत्तरकाशी जिले में राहत कार्यों के लिए भारतीय वायु सेना के चिनूक एमआई-17 वी5, चीता और एएलएच हेलीकॉप्टर चंडीगढ़ एयरबेस पर सक्रिय रूप से तैयार हैं। हेलीकॉप्टर आवश्यक उपकरणों और सामग्रियों के साथ तैयार हैं और राहत कार्य शुरू होते ही उड़ान भरेंगे।

09:08 PM, 05-Aug-2025

राहत बचाव दल के लोगों से फोन पर जानकारी ली

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राउंड जीरो पर तैनात राहत बचाव दल के लोगों से फोन पर जानकारी ली। इसके साथ ही आवश्यक निर्देश दिए।

09:07 PM, 05-Aug-2025

मॉनीटरिंग के लिए तीन पुलिस अधिकारियों की तैनाती

उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना के मद्देनजर उत्तराखंड सरकार ने आपदा प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों में जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए अगले आदेश तक तत्काल प्रभाव से उत्तरकाशी जिले में तीन पुलिस अधिकारियों की तैनाती की है।

08:44 PM, 05-Aug-2025

सेना के जवान भी लापता

निचले हर्षिल क्षेत्र में एक शिविर से 8-10 भारतीय सेना के जवान लापता बताए जा रहे हैं। इस घटना में अपने साथ के लोगों के लापता होने के बावजूद, भारतीय सेना के जवान राहत कार्यों में लगे हुए हैं। 

08:16 PM, 05-Aug-2025

60 से 70 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला

एसडीआरएफ की पोस्ट भटवाड़ी व गंगोत्री से रेस्क्यू टीमें उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई है। रेस्क्यू टीम द्वारा सैटेलाइट फोन के माध्यम से अवगत कराया गया कि आपदा प्रभावित क्षेत्र से अभी तक 60 से 70 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। एसडीआरएफ की अन्य टीमें रास्ते में है जो जल्दी ही प्रभावित क्षेत्र में पहुंच जाएगी।

07:24 PM, 05-Aug-2025

कल विद्यालयों में अवकाश घोषित

धराली में आपदा और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए कल बुधवार को उत्तरकाशी के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।

07:24 PM, 05-Aug-2025

जौलीग्रांट मुख्यालय से धराली के लिए रेस्क्यू टीमें रवाना

एसडीआरएफ मुख्यालय जौलीग्रांट में सेनानायक ने रेस्क्यू टीमों को ब्रीफ्रिंग के बाद धराली के लिए रवाना किया। जौलीग्रांट से कुल 50 रेस्क्यू जवानों की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। धराली में बादल फटने से मची तबाई के बाद सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने रेस्क्यू टीमों को दिशा निर्देश देते हुए घटनास्थल के लिए रवाना किया। टीमों के साथ उपसेनानायक को रवाना किया गया है। जबकि सेनानायक खुद भी मौके के लिए रवाना हुए हैं। यदुवंशी ने कहा कि रेस्क्यू टीमों को जरूरी दिशा निर्देश देते हुए मेडिकल किट, राशन, टेंट, कटर, थर्मल इमेजिंग कैमरा, विक्टिम लोकेशन कैमरा आदि के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। कहा कि दो टीमें पहले ही घटनास्थल पर पहुंची चुकी हैं।

07:21 PM, 05-Aug-2025

तीन घंटे भारी बारिश का रेड अलर्ट

प्रदेश में अगले तीन घंटे भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। रात नौ बजे तक अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उधम सिंह नगर, उत्तर काशी  में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के आसार हैं।

06:29 PM, 05-Aug-2025

25-35 लोगों के मलबे में दबने की आशंका

बादल फटने से आई आपदा के बाद जिला प्रशासन ने वीडियो के आधार पर 25-35 लोगों के मलबे में दबने की आशंका जताई है। साथ ही 25-30 होटल, दुकानें मलबे के सैलाब में बहने के कयास लगाए जा रहे हैं। वहीं हर्षिल हेलिपैड के आसपास के क्षेत्र में भी भारी तबाही हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य तत्काल आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे और आईआरएस सिस्टम को सक्रिय किया।

06:12 PM, 05-Aug-2025

राष्ट्रपति ने व्यक्त की संवेदना

उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना का समाचार अत्यंत दुखद है। पीड़ित परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और राहत तथा बचाव कार्यों में सफलता की कामना करती हूं।

06:09 PM, 05-Aug-2025

अरविंद केजरीवाल ने जताया दुख

आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने आपदा पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा 'उत्तरकाशी के धराली में हुई इस भयावह त्रासदी से प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर सभी को इस संकट से जल्द उबारें।  मैं उत्तराखंड में मौजूद AAP के सभी साथियों से अपील करता हूं कि राहत और बचाव कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग करें, ज़रूरतमंदों की हर संभव मदद करें।'

 

05:55 PM, 05-Aug-2025

लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया जा रहा- गढ़वाल कमिश्नर

कमिश्नर गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे ने बताया, "उत्तरकाशी के हर्षिल की घटना के बाद इसी रोड पर सुखी टॉप है, वहाँ भी बादल फटने की खबर है। हालाँकि, वहाँ से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। बारिश बहुत तेज़ है, जिससे जल स्तर बढ़ रहा है। नतीजतन, स्थिति पर कड़ी नज़र रखी जा रही है, प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित इलाकों में पहुँचाने की है। हमारी सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार वहाँ लगी हुई हैं। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू किया जा रहा है..."

05:25 PM, 05-Aug-2025

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आपदा पर जताया दुख

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आपदा को लेकर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा 'उत्तराखंड के धराली में बादल फटने से आई भारी तबाही के कारण कई लोगों की मौत और कई अन्य के लापता होने की खबर बेहद दुखद और चिंताजनक है। मैं प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और लापता लोगों के जल्द से जल्द मिलने की आशा करता हूं। प्रशासन से अपील है कि राहत और बचाव कार्यों में तेज़ी लाएं। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि राहत कार्यों में प्रशासन का सहयोग और ज़रूरतमंदों की हर संभव मदद करें।'

05:06 PM, 05-Aug-2025

जेपी नड्डा ने जताया दुख

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उत्तरकाशी में आपदा को लेकर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट किया, "...संकट की इस घड़ी में, राज्य के सभी भाजपा कार्यकर्ता पीड़ितों को हर संभव मदद प्रदान करने में लगे हुए हैं। मैं प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ।"

04:56 PM, 05-Aug-2025

हर्षिल में फटा बादल, सेना का बेस कैंप और हेलिपैड तबाह

खीरगंगा के बाद हर्षिल सेना कैंप के पास बहने वाली तेलगाड़ भी उफान पर आ गई। जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, गंगोत्री हाईवे भी बंद हो गया है।

04:51 PM, 05-Aug-2025

रक्षा मंत्री ने जताया दुख

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आपदा पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर  लिखा 'उत्तरकाशी में अचानक आई बाढ़ से हुई तबाही के विचलित करने वाले दृश्य देखे हैं। इस त्रासदी से प्रभावित लोगों की कुशलता की कामना करता हूं। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रही हैं और बहुमूल्य जीवन बचाने के लिए हर संभव कदम उठा रही हैं।'

04:37 PM, 05-Aug-2025

हर्षिल सेना कैंप के पास तेलगाड़ भी उफान पर आया

खीरगंगा के बाद हर्षिल सेना कैंप के पास बहने वाली तेलगाड़ भी उफान पर आ गई। जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, गंगोत्री हाईवे भी बंद हो गया है।

04:29 PM, 05-Aug-2025

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

आपदा के बाद धराली में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। जवानों ने कई लोगों को सुरक्षित निकाला है।

04:24 PM, 05-Aug-2025

पीएम मोदी ने जताया दुख

उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा पर पीएम मोदी ने दुख जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा 'इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही सभी पीड़ितों की कुशलता की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी से बात कर मैंने हालात की जानकारी ली है। राज्य सरकार की निगरानी में राहत और बचाव की टीमें हरसंभव प्रयास में जुटी हैं। लोगों तक मदद पहुंचाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है।'

04:09 PM, 05-Aug-2025

एसडीआरएफ और एनडीआरएफ मौके के लिए रवाना

धराली में अतिवृष्टि और बादल फटने से उत्पन्न आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर हो रहा है। जिला प्रशासन, सेना, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। आपदा कंट्रोल रूप से भी हालात पर निरंतर निगरानी की जा रही है।

03:59 PM, 05-Aug-2025

गृहमंत्री अमित शाह ने सीएम से की बात

उत्तराखंड के धराली (उत्तरकाशी) में फ्लैश फ्लड की घटना को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात कर घटना की जानकारी ली। ITBP की निकटतम 3 टीमों को वहाँ भेज दिया गया है, साथ ही NDRF की 4 टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई हैं, जो शीघ्र पहुँच कर बचाव कार्य में लगेंगी।

03:53 PM, 05-Aug-2025

हेल्पलाइन नंबर जारी

धराली गांव में अत्यधिक अतिवृष्टि के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
- 01374222126
- 222722
- 9456556431

03:52 PM, 05-Aug-2025

दो एमआई और एक चिनूक हेलिकॉप्टर राहत बचाव का अनुरोध
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के पास उत्तरकाशी में बादल फटने की प्राथमिक सूचना प्राप्त हुई है। उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग ने भारत सरकार को दो एमआई और एक चिनूक हेलिकॉप्टर राहत और बचाव कार्य के लिए देने का अनुरोध किया है।

03:52 PM, 05-Aug-2025

सीएम धामी ने जताया दुख
धराली उत्तरकाशी क्षेत्र में बादल फटने से हुए भारी नुकसान का सीएम धामी ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं। इस सम्बन्ध में लगातार वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क में हूं।

03:46 PM, 05-Aug-2025

Uttarakhand Cloud Burst Live: उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने से आई बाढ़, चार की मौत, 70 से ज्यादा लापता

उत्तरकाशी जनपद के धराली गांव में बादल फटने से खीरगंगा में भयंकर बाढ़ आ गई। डीएम प्रशांत आर्य ने बताया की धराली आपदा में अब तक चार लोगों की मौत हुई है। जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। पानी का सैलाब गांव की तरफ आते ही लोगों में चीख पुकार मच गई। कई होटलों में पानी और मलबा घुस गया है। धराली बाजार पूरी तरह तबाह हो गया है। कई होटल दुकाने ध्वस्त हो चुकी है। आर्मी हर्षिल/पुलिस/एसडीआरएफ टीम भटवाड़ी के लिए रवाना हुई हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें