फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs SL Highlights: पहले दिन देवदत्त पडिक्कल ने जड़ा शतक, केएल राहुल का भी पचासा; भारत का स्कोर 288/2

Sat, 15 Aug 2026 06:07 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, गॉल

खास बातें

देवदत्त पडिक्कल के नाबाद 131 रन की शानदार पारी के दम पर भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के पहले दिन दो विकेट पर 288 रन बनाए। पडिक्कल ने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा, जबकि केएल राहुल 77 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए और ऋषभ पंत 27 रन पर नाबाद हैं।

विज्ञापन
पडिक्कल - फोटो : BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:07 PM, 15-Aug-2026

पहले दिन का खेल समाप्त

देवदत्त पडिक्कल के शानदार नाबाद शतक की बदौलत भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरुआती दिन अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली। शनिवार को दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दो विकेट पर 288 रन बना लिए हैं। पडिक्कल 131 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि ऋषभ पंत 27 रन पर उनका साथ दे रहे हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 52 रनों की अटूट साझेदारी हो चुकी है।

पडिक्कल ने जड़ा पहला अंतरराष्ट्रीय शतक
टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे पडिक्कल ने अपने करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय शतक जड़कर यादगार पारी खेली। उन्होंने 134 गेंदों में अपना सैकड़ा पूरा किया और पूरे दिन श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। 26 वर्षीय बल्लेबाज ने अपनी पारी में कई शानदार शॉट लगाए और स्पिनरों के खिलाफ खास तौर पर आक्रामक नजर आए। उन्होंने 81 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था।

पडिक्कल ने प्रभात जयसूर्या के खिलाफ आगे निकलकर छक्का लगाने के अलावा कवर के ऊपर से शानदार चौका भी जड़ा। उन्होंने स्पिन के खिलाफ स्वीप, ट्रैक पर आगे बढ़कर शॉट, पंच और स्क्वायर लेग के पीछे खेलकर लगातार रन बटोरे। आखिरकार कुमारा की गेंद पर मिड-ऑफ की ओर एक रन लेकर उन्होंने अपना शतक पूरा किया।

राहुल के साथ 150 रन की साझेदारी
पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए केएल राहुल के साथ 150 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। राहुल ने 162 गेंदों में 77 रन बनाए और हमेशा की तरह धैर्य के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने जयसूर्या की गेंद पर शानदार सीधा छक्का भी लगाया। हालांकि आखिरी सत्र में मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा। राहुल के आउट होने के बाद पंत क्रीज पर आए और पडिक्कल के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभाला। दिन का खेल खत्म होने तक दोनों ने श्रीलंका को कोई और सफलता हासिल नहीं करने दी।

बारिश ने रोका खेल
दिन के दौरान बारिश के कारण करीब एक घंटे 20 मिनट तक खेल रुका रहा। इसके बावजूद भारतीय बल्लेबाजों ने एकाग्रता बनाए रखी और श्रीलंकाई गेंदबाजों को ज्यादा मौके नहीं दिए। गॉल की पिच पर गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी, जिसका भारतीय बल्लेबाजों ने भरपूर फायदा उठाया।

गिल और जायसवाल जल्दी लौटे
भारत को दिन की शुरुआत में यशस्वी जायसवाल के रूप में नुकसान उठाना पड़ा। रन लेने को लेकर राहुल और जायसवाल के बीच तालमेल बिगड़ गया और दोनों एक ही छोर पर पहुंच गए। गेंदबाज से टकराने के बाद संतुलन खोने वाले जायसवाल को रन आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा। उन्होंने 32 गेंदों में 37 रन बनाए। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल को प्रभात जयसूर्या ने अपनी फ्लाइट से चकमा दिया। गिल गेंद को उठाकर खेलने की कोशिश में मिड-ऑफ के पास कैच दे बैठे। श्रीलंका को इसके बाद कोई और सफलता नहीं मिली।

श्रीलंकाई गेंदबाज रहे बेअसर
भारतीय बल्लेबाजों ने श्रीलंकाई गेंदबाजों को पूरे दिन दबाव में रखा। पदार्पण कर रहे ऑफ स्पिनर केशरा नुवंथा ने पडिक्कल को शुरुआती दौर में परेशान करने की कोशिश की और एक बाहरी किनारा भी निकाला, लेकिन गेंद स्लिप के सामने गिर गई। इसके बाद पडिक्कल ने उसी गेंदबाज को चौका लगाकर अपना दबदबा कायम कर लिया।

पडिक्कल ने हाल के दिनों में शानदार फॉर्म दिखाई है। पिछले सप्ताह कोलंबो में एसएलसी इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच में 142 रन की पारी खेलने के बाद उन्हें साई सुदर्शन की चोट के कारण टीम में मौका मिला था। इस मौके को उन्होंने पहले ही टेस्ट में शतक लगाकर पूरी तरह भुना लिया।

05:20 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: बारिश के बाद मुकाबला एक बार फिर शुरू

बारिश के बाद मुकाबला एक बार फिर शुरू हो चुका है। देवदत्त पडिक्कल और ऋषभ पंत क्रीज पर मौजूद हैं। भारत ने दो विकेट पर 230 से ज्यादा रन बना लिए हैं।

05:01 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: बारिश की वजह से रुका खेल

बारिश की वजह से 63 ओवर के बाद मैच को रोक दिया गया है। भारत ने दो विकेट पर 239 रन बना लिए हैं। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल 147 गेंद में नौ चौके और एक छक्के की मदद से 107 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, ऋषभ पंत तीन रन बनाकर नाबाद हैं। यह आज दूसरी बार है जब बारिश ने मैच में खलल डाला है। इससे पहले लंच के बाद खलल डाला था और करीब डेढ़ घंटे खेल रुका रहा था। देवदत्त पडिक्कल ने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। वहीं, केएल राहुल 77 रन बनाकर क्रैंप की वजह से रिटायर्ड हर्ट हुए थे। यशस्वी जायसवाल 32 रन बनाकर रन आउट हुए थे। कप्तान शुभमन गिल को प्रभात जयसूर्या ने उदारा के हाथों कैच कराया। गिल 16 रन बना सके।

विज्ञापन
04:54 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: भारत को दूसरा झटका

भारत को 62वें ओवर में 236 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। कप्तान शुभमन गिल को प्रभात जयसूर्या ने उदारा के हाथों कैच कराया। गिल 16 रन बना सके। फिलहाल ऋषभ पंत और देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर हैं। पडिक्कल ने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा। वहीं, केएल राहुल 77 रन बनाकर क्रैंप की वजह से रिटायर्ड हर्ट हुए थे। यशस्वी जायसवाल 32 रन बनाकर रन आउट हुए थे।

04:31 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: पडिक्कल का शतक

देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में ही शतक जड़ दिया है। यह उनके टेस्ट करियर का पहला शतक रहा। उन्होंने 134 गेंद में नौ चौके और एक छक्के की मदद से शतक बनाया। चायकाल के ठीक बाद केएल राहुल रिटायर्ड हर्ट हुए थे। यह 19 मैचों के बाद किसी भारतीय तीसरे नंबर के बल्लेबाज द्वारा शतक लगाया गया है। राहुल और पडिक्कल के बीच 150 रन की साझेदारी हुई थी, लेकिन क्रैंप की वजह से राहुल रिटायर्ड हर्ट हुए। वह तब 77 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। फिलहाल पडिक्कल के साथ कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर हैं। भारत ने एक विकेट पर 220 रन बना लिए हैं।

विज्ञापन
04:14 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: केएल राहुल रिटायर्ड हर्ट

चायकाल के बाद केएल राहुल जब मैदान पर आए तो वह तकलीफ में दिखे। राहुल अंपायर को संकेत करते दिखे कि उनके दाएं हाथ में परेशानी हो रही है। उन्हें ड्रेसिंग रूम में भी ट्रीटमेंट दिया गया था। वह दर्द से परेशान नजर आए।फिर धनंजय डिसिल्वा ने राहुल के दाएं हाथ को स्ट्रेच करने की कोशिश की, लेकिन इससे उनकी तकलीफ और बढ़ गई। राहुल के अंगुली में क्रैंप की समस्या दिखी। वह लंगड़ाते हुए भी नजर आए। राहुल के शरीर के कई हिस्सों में क्रैंप दिखी और वह ड्रेसिंग रूम लौट गए। उनकी जगह शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए आए। मैदान के बाहर फिजियो राहुल की देखभाल कर रहे हैं। भारत ने एक विकेट पर 200 से ज्यादा रन बना लिए हैं।

03:56 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: चायकाल तक भारत का स्कोर 200 के करीब

भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे गॉल टेस्ट का शुरुआती दिन चायकाल तक टीम इंडिया के नाम रहा है। केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल के बीच दूसरे विकेट के लिए 150 रनों की साझेदारी हो चुकी है। भारत ने 53 ओवर का खेल पूरा होने तक एक विकेट पर 197 रन बना लिए हैं। 

03:32 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: भारत की अच्छी बल्लेबाजी

भारत ने 49 ओवर में एक विकेट पर 179 रन बना लिए हैं। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल 80 रन और केएल राहुल 63 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 132 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को एकमात्र झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा। वह 32 रन बनाकर रन आउट हुए थे। श्रीलंकाई गेंदबाज कोई विकेट नहीं ले सके हैं।

03:08 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: राहुल का अर्धशतक

केएल राहुल ने टेस्ट करियर का 21वां अर्धशतक लगाया। उन्होंने पडिक्कल के साथ दूसरे विकेट के लिए अब तक 100+ रन की साझेदारी कर ली है। भारत ने एक विकेट पर 154 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल 32 रन बनाकर रन आउट हुए थे। पडिक्कल 67 और राहुल 52 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

02:41 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: पडिक्कल का अर्धशतक

भारत ने एक विकेट गंवाकर 125+ रन बना लिए हैं। देवदत्त पडिक्कल ने टेस्ट करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया। उन्होंने केएल राहुल के साथ अब तक दूसरे विकेट के लिए 75+ रन की साझेदारी कर ली है। राहुल भी 40+ रन बना चुके हैं और 21वें टेस्ट अर्धशतक के नजदीक हैं।

02:11 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: दूसरे सत्र का खेल जारी

दूसरे सत्र के खेल की शुरुआत हो चुकी है। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल 38 रन और केएल राहुल 34 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 30 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 106 रन है। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है।

01:54 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: नई टाइमिंग्स

दूसरे सत्र का खेल दोपहर दो बजे शुरू होगा। यह सत्र दोपहर 3:50 बजे तक चलेगा। फिर टी ब्रेक लिया जाएगा। टी ब्रैक 3:50 बजे से 4:10 बजे तक चलेगा। फिर शाम चार बजकर 10 मिनट से शाम छह बजे तक तीसरे सत्र का खेल होगा। आज कुल मिलाकर 90 की जगह 86 ओवर का खेल होगा। अभी आज 59 ओवर का खेल और बाकी है। 

01:21 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: मैदान गीला

मैदान गीला होने की वजह से खेल शुरू होने में देरी हो रही है। लंच के समय बारिश हुई थी। कवर्स लगा दिए गए थे। हालांकि, अब बारिश रुक चुकी है और कवर्स हटा लिए हैं। देखना है कि मैच कितनी देर में शुरू होता है। अंपायर्स फिलहाल मैदान का निरीक्षण कर रहे हैं। 

12:07 PM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: लंच ब्रेक

पहले दिन लंच ब्रेक तक भारत ने एक विकेट गंवाकर 101 रन बना लिए हैं। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल चार चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन और केएल राहुल चार चौके और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक 54 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी है। भारत को एकमात्र झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में लगा। वह पांच चौके की मदद से 32 रन बनाकर रन आउट हुए थे।
 

11:59 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: राहुल-पडिक्कल जमे

भारत ने 26 ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 100 रन बना लिए हैं। फिलहाल पडिक्कल 34 रन और केएल राहुल 32 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। भारत को पहला झटका 47 के स्कोर पर लगा था, जब यशस्वी जायसवाल रन आउट हुए थे। 

11:31 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: पडिक्कल-राहुल क्रीज पर

भारत ने 18 ओवर में एक विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए हैं। फिलहाल पडिक्कल 20 रन और राहुल 22 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

11:07 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: भारत को पहला झटका

भारत को 47 के स्कोर पर पहला झटका लगा। यशस्वी जायसवाल 32 रन बनाकर रन आउट हुए। उन्होंने अपनी 37 गेंद की पारी में पांच चौके लगाए।  अचानक हुए बेहद खराब तालमेल के कारण यशस्वी जायसवाल रन आउट हो गए। दरअसल, एक रन रोकने की कोशिश में दाईं ओर डाइव लगाते हुए गेंदबाज केशारा नुवंथा जायसवाल के सामने आ गए। जायसवाल का संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर गिर पड़े। हालांकि, केएल राहुल तब तक रन के लिए दौड़ चुके थे और आसान सिंगल होने के कारण पिच के बीच तक पहुंच गए थे। जैसे ही राहुल ने जायसवाल को गिरते देखा, उन्होंने दौड़ना रोक दिया। लेकिन जायसवाल उठे और एक कदम आगे बढ़कर संकेत दिया कि वह फिर से रन लेना चाहते हैं। इसके तुरंत बाद उन्होंने पीछे की ओर लौटने की कोशिश की और गेंदबाज वाले छोर की क्रीज में वापस जाने लगे। राहुल ने सोचा कि यशस्वी रन लेना चाहते हैं और वह भी नॉन स्ट्राइकर की ओर दौड़ पड़े। तब तक प्रभात जयसूर्या ने गेंदबाज डिकवेला को गेंद फेंक दी थी। नतीजा यह हुआ कि दोनों बल्लेबाज एक ही छोर पर पहुंच गए। डिकवेला ने गिल्लियां हटा दीं और यशस्वी को पवेलियन भेजा। राहुल ने अपना बल्ला पहले क्रीज में रखा था, जिसके कारण जायसवाल रन आउट हो गए। फिलहाल केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर हैं। भारत ने 14 ओवर के बाद एक विकेट गंवाकर 61 रन बना लिए हैं।

10:47 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: राहुल-यशस्वी क्रीज पर

केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। दोनों संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों ने अच्छी गेंदों का सम्मान किया है, जबकि खराब गेंदों पर चौका जड़ रहे हैं। श्रीलंका की गेंदबाजी अभी तक कुछ खास नहीं दिखी है।

10:08 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: मुकाबला शुरू

भारत के ओपनर्स केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। टीम इंडिया ने गुरनूर पर प्रसिद्ध को तरजीह दी है। टीम इंडिया अपने 600वें टेस्ट को जीतकर ऐतिहासिक बनाना चाहेगी।

09:41 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score:

स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर, श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की शुरुआत से पहले भारतीय क्रिकेट टीम गॉल में इकट्ठा हुई और तिरंगा फहराया। बीसीसीआई ने इसका वीडियो भी शेयर किया है।

09:34 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

श्रीलंका: लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, दिनेश चांदीमल, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डिसिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।

09:32 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: भारत ने जीता टॉस

श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। टीम इंडिया तीन स्पिनर्स के साथ उतरी है। वहीं, श्रीलंका के कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने भी कहा कि वह टॉस जीतते तो पहले बल्लेबाजी का फैसला करते। श्रीलंकाई टीम दो तेज गेंदबाज, दो स्पिनर्स और दो ऑलराउंडर्स के साथ उतरी है। ऑफ स्पिनर केशारा नुवंथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करेंगे। 25 वर्षीय नुवंथा को उनकी टेस्ट कैप मिल गई है। उन्होंने अभ्यास मैच में केएल राहुल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत को आउट किया था।

09:27 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: भारत का 600वां टेस्ट मैच

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुभमन गिल के पास भारत को उसके ऐतिहासिक 600वें टेस्ट मैच में नेतृत्व करने का गौरव होगा। भारत से ज्यादा टेस्ट मैच सिर्फ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने खेले हैं।

09:25 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: केशारा नुवंथा का अंतरराष्ट्रीय डेब्यू

ऑफ स्पिनर केशारा नुवंथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करेंगे। 25 वर्षीय नुवंथा को उनकी टेस्ट कैप मिल गई है। उन्होंने अभ्यास मैच में केएल राहुल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत को आउट किया था।
 

09:22 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: WTC फाइनल में पहुंचना मुख्य लक्ष्य

शुभमन गिल ने मैच से एक दिन पहले कहा, 'जाहिर तौर पर हमारा मुख्य लक्ष्य अगले साल होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेलना है। हमारे पास करीब नौ टेस्ट मैच हैं और मुझे लगता है कि अच्छी संभावना बनाए रखने के लिए हमें इनमें से लगभग छह या सात मैच जीतने होंगे। इसलिए इस लिहाज से यह सीरीज हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण है और हमने सीरीज से पहले सही तरह की तैयारी की है।'

09:22 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: गिल और गंभीर हर हाल में जीतना चाहेंगे यह सीरीज

शुभमन गिल के कप्तानी दौर की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ 2-2 की शानदार ड्रॉ सीरीज के साथ हुई थी, लेकिन घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 0-2 की करारी हार ने उनकी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की उम्मीदों को थोड़ा झटका दिया है। हालांकि, अभी वापसी का समय है और यही वजह है कि दो टेस्ट मैचों की यह सीरीज जीतना बेहद अहम है। इसके बाद भारत को न्यूजीलैंड का मुश्किल दौरा करना है, जहां दो और टेस्ट मैच खेले जाएंगे। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगी। कोच गौतम गंभीर के लिए भी टेस्ट प्रारूप में अब तक का सफर आसान नहीं रहा है। उनकी कोचिंग में भारत को न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज गंवानी पड़ी है। इनमें से दो सीरीज घरेलू मैदान पर हारी गईं। गंभीर चाहेंगे कि टीम इन खराब नतीजों को पीछे छोड़कर बेहतर प्रदर्शन करे और विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने में सफल हो।
 

09:21 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: बाएं हाथ के स्पिनरों की जंग

यह एक ऐसी अहम जंग है, जो पूरी सीरीज का रुख तय कर सकती है। प्रभात जयसूर्या ने हाल के दिनों में खुद को एक बेहतरीन स्पिनर के तौर पर स्थापित किया है। उनकी लंबाई, जो गेंद को अतिरिक्त उछाल दिलाने में मदद करती है, तेज टर्न और गेंदबाजी में चतुराई ने उन्हें बल्लेबाजों के लिए मुश्किल चुनौती बना दिया है। भारत को सफलता हासिल करने के लिए हर हाल में उनका सामना करना होगा।

रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी हुई है और उन्हें श्रीलंकाई परिस्थितियों में अपनी तेज गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान करने में मजा आ सकता है। उनके साथ प्रभावशाली मानव सुथार भी हैं। ऐसे में दोनों के बीच मुकाबला काफी दिलचस्प होगा। मानव की गेंद पर शानदार रेव्स की अक्सर चर्चा होती रही है और उन्हें बेहद प्रभावी माना जाता है। वहीं, कुलदीप यादव जब लय में होते हैं तो उन्हें गेंदबाजी करते देखना शानदार होता है और बल्लेबाजों के लिए वह किसी बुरे सपने से कम नहीं होते। हालांकि, इस समय उनका मुख्य लक्ष्य अपनी गेंदबाजी में अच्छी लय हासिल करना होगा।
 

09:21 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: गॉल में टेस्ट सीरीज का आगाज

श्रीलंका में एक अहम टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है और मुकाबला खूबसूरत गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। यह ऐसा मैदान है, जहां हर क्रिकेट प्रेमी को कम से कम एक बार टेस्ट मैच देखने की कोशिश करनी चाहिए। पृष्ठभूमि में गॉल फोर्ट और समुद्र का खूबसूरत नजारा इस मैदान की खूबसूरती में चार चांद लगाता है। इन दिनों मेजबान प्रसारक के ड्रोन कैमरों से दिखाए जाने वाले दृश्य भी देखते ही बनते हैं। आमतौर पर यह नतीजा देने वाला मैदान है। 2014 के बाद से यहां खेले गए पिछले 27 टेस्ट मैचों में सिर्फ एक मुकाबला ड्रॉ रहा है और वह भी बारिश से प्रभावित था। यहां स्पिन की भूमिका आमतौर पर बेहद अहम रहती है, लेकिन क्या इस बार भी ऐसा ही होगा?

 

09:10 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Live Score: मौसम पर नजर, बारिश से पिच के मिजाज पर असर

इस मुकाबले से पहले लगातार बारिश हुई है। मैच की पूर्व संध्या पर मैदान को कवर्स से ढका गया था और रात में भी बारिश की संभावना है। रडार के मुताबिक पहले दो दिनों में खेल के बाद बारिश होने के आसार हैं, जबकि फिलहाल तीसरे दिन का मौसम भी अच्छा नहीं दिख रहा है और बारिश के कारण खेल रुक सकता है। हालांकि, यह श्रीलंका है और यहां मौसम तेजी से बदल सकता है। बारिश के कारण आशंका है कि गॉल की पिच सामान्य दिनों की तरह सूखी नहीं होगी। ऐसे में क्या पिच पर गेंद थोड़ा कम घूमेगी? श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने भी मैच से पहले कुछ ऐसा ही महसूस किया और संकेत दिया कि बल्लेबाजों के लिए परिस्थितियां बेहतर हो सकती हैं। धनंजय ने कहा, 'यह सटीक तौर पर अनुमान लगाना मुश्किल है कि पिच कैसे खेलेगी, क्योंकि मौसम की स्थिति को देखते हुए वे पिच को सामान्य तौर पर जितना सुखा सकते थे, उतना सुखा नहीं पाए हैं।'
 

08:59 AM, 15-Aug-2026

IND vs SL Highlights: पहले दिन देवदत्त पडिक्कल ने जड़ा शतक, केएल राहुल का भी पचासा; भारत का स्कोर 288/2

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार से दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज हो रहा है। पहला मुकाबला गॉल में खेला जाएगा। इसके लिए थोड़ी देर में टॉस होगा। शुभमन गिल की अगुआई में भारतीय टीम जीत से शुरुआत करने उतरेगी।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें