फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK: टी20 में भारत ने पाकिस्तान पर लगाया जीत का छक्का, कोलंबो में 61 रन से रौंदा; गेंदबाजों का बोलबाला

Sun, 15 Feb 2026 10:26 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कोलंबो

खास बातें

भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। रविवार को टी20 विश्व कप 2026 का रोमांचक मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ईशान किशन की तूफानी अर्धशतकीय पारी की मदद से टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 10 विकेट पर 114 रन ही बना पाई। 

विज्ञापन
भारत ने पाकिस्तान को हराया - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:05 PM, 15-Feb-2026

भारत ने पाकिस्तान को हराया

भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। रविवार को टी20 विश्व कप 2026 का रोमांचक मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। टॉस जीतकर पाकिस्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। ईशान किशन की तूफानी अर्धशतकीय पारी की मदद से टीम इंडिया ने 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 10 विकेट पर 114 रन ही बना पाई। मौजूदा टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार तीसरी जीत है। वहीं, इस जीत के साथ सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम ग्रुप ए की अंक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए सुपर-8 में पहुंच गई। 

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत झटके के साथ हुई। शुरुआती दो ओवरों में ही उनके तीन विकेट गिर गए। पहले ओवर में हार्दिक पांड्या ने साहिबजादा फरहान को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद पारी का दूसरा ओवर फेंकने आए बुमराह ने सईम अयूब (6) और कप्तान सलमान अली आगा (4) को पवेलियन की राह दिखाई। 

पाकिस्तान के लिए इस मैच में उस्मान खान ने सर्वाधिक 44 रनों की पारी खेली जबकि सात बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। भारत के लिए हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए जबकि कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की।

10:04 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: 97 के स्कोर पर आठवां झटका लगा

97 के स्कोर पर वरुण ने पाकिस्तान को आठवां झटका दिया। उन्होंने फहीम अशरफ को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। वह 10 रन बना पाए। 

09:49 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: सातवां झटका

पाकिस्तान को सातवां झटका तिलक वर्मा ने दिया। उन्होंने शादाब खान को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 14 रन बना पाए। अब फहीम अशरफ और शाहीन शाह अफरीदी क्रीज पर मौजूद हैं।

विज्ञापन
09:46 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: छठा विकेट गिरा

12 ओवर का खेल हो चुका है और पाकिस्तान के छह विकेट महज 78 के स्कोर पर गिर चुके हैं। कुलदीप यादव ने मोहम्मद नवाज को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। अब शादाब खान का साछ देने फहीम अशरफ आए हैं।

09:41 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: पांचवां झटका

पाकिस्तान को पांचवां झटका उस्मान खान के रूप में लगा, जिन्हें अक्षर पटेल की गेंद पर ईशान किशन ने स्टंप आउट किया। वह 34 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 44 रन बनाकर लौटे। 11 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 73 रन है। शादाब खान और मोहम्मद नवाज क्रीज पर मौजूद हैं।

विज्ञापन
09:19 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान का चौथा विकेट गिरा

पाकिस्तान को चौथा झटका अक्षर पटेल ने दिया। उन्होंने बाबर आजम को बोल्ड किया। वह सिर्फ पांच रन बना सके। अब उस्मान खान का साथ देने शादाब खान आए हैं।

09:06 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: 13 पर पाकिस्तान को तीसरा झटका

पाकिस्तान को तीसरा झटका भी बुमराह ने दिया। उन्होंने कप्तान सलमान अली आगा को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ चार रन बना पाए। अब बाबर का साथ देने उस्मान खान आए हैं।

09:00 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा

पाकिस्तान को दूसरा झटका बुमराह ने पारी के दूसरे ओवर में दिया। उन्होंने सईम अयूब को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ छह रन बना पाए। अब सलमान आगा का साथ देने बाबर आजम आए हैं।

08:56 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान को पहला झटका

पाकिस्तान को शून्य पर पहला झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने पहले ही ओवर में साहिबजादा फरहान को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। अब सईम अयूब का साथ देने कप्तान सलमान आगा आए हैं।

08:53 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान की पारी शुरू

पाकिस्तान की पारी शुरू हो चुकी है। सईम अयूब और साहिबजादा फरहान क्रीज पर मौजूद हैं। पहला ओवर हार्दिक पांड्या डाल रहे हैं।

08:42 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: भारत की पारी समाप्त

भारत ने ईशान किशन के अर्धशतक की मदद से पाकिस्तान के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत ने 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के लिए ईशान किशन ने अर्धशतक लगाया। दिलचस्प बात यह रही कि पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ इस मैच में 18 ओवर स्पिनर्स से कराए। भारत की ओर से ईशान ने 40 गेंदों पर 10 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 77 रन बनाए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 29 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 32 रन बनाए।

भारत के लिए शिवम दुबे 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा ने 25 रन बनाए। रिंकू सिंह चार गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 11 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए सईम अयूब ने तीन विकेट झटके, जबकि सलमान आगा, शाहीन अफरीदी और उस्मान तारिक को एक-एक विकेट मिले।

08:34 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: भारत को पांचवां झटका

भारत का पांचवां झटका उस्मान तारिक ने दिया। उन्होंने सूर्यकुमार यादव को अपना शिकार बनाया। वह 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब शिवम दुबे का साथ देने रिंकू सिंह आए हैं।

08:10 PM, 15-Feb-2026

Live Score IND vs PAK: 15वें ओवर में भारत को दो झटके

15वें ओवर में भारत को सईम अयूब ने लगातार दो झटके दिए। पहले उन्होंने तिलक वर्मा को एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद आए हार्दिक पांड्या को बाबर आजम के हाथों कैच कराया। अब सूर्यकुमार यादव का साथ देने शिवम दुबे आए हैं।

07:54 PM, 15-Feb-2026

Live Score IND vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ भारत के 100 रन पूरे

पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने 100 रन पूरे कर लिए हैं। तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच एक अच्छी साझेदारी पनप रही है।

07:42 PM, 15-Feb-2026

Live Score IND vs PAK: ईशान किशन 77 रन बनाकर आउट

भारत को दूसरा झटका नौवें ओवर की चौथी गेंद पर सईम अयूब ने दिया। उन्होंने ईशान किशन को बोल्ड किया। वह 40 गेंदों में 10 चौके और तीन छक्के की मदद से 77 रन बनाने में कामयाब हुए। ईशान और तिलक के बीच 87 रनों की साझेदारी हुई। अब तिलक का साथ देने कप्तान सूर्यकुमार यादव आए हैं।

07:28 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: ईशान का पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक

ईशान किशन ने पाकिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं।

07:26 PM, 15-Feb-2026

Live Score IND vs PAK: पावरप्ले समाप्त हुआ

पावरप्ले समाप्त हो चुका है, भारत ने एक विकेट पर 52 रन बना लिए हैं। अभिषेक शर्मा ने चार गेंदों का सामना किया और पहले ही ओवर में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए तिलक वर्मा ने ईशान किशन के साथ मोर्चा संभाला है। दोनों के बीच 51 रनों की साझेदारी हो चुकी है। ईशान 42 और तिलक 10 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।

07:21 PM, 15-Feb-2026

Live Score IND vs PAK: पांच ओवर का खेल पूरा

पांच ओवर का खेल पूरा हो चुका है। ईशान किशन 37 और तिलक वर्मा 5 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों के बीच 30 से ज्यादा रनों की साझेदारी हो चुकी है। भारत ने एक विकेट पर 41 रन बना लिए हैं।

07:03 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: भारत को शुरुआती झटका

भारत को पहला झटका कप्तान सलमान आगा ने दिया। उन्होंने अभिषेक शर्मा को पहले ही ओवर की आखिरी गेंद पर शाहीन शाह अफरीदी के हाथों कैच आउट कराया। अब ईशान का साथ देने तिलक वर्मा आए हैं।

07:01 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: भारत की पारी शुरू

भारत की पारी शुरू हो चुकी है। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों टीम को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे। वहीं, पाकिस्तान की तरफ से पहला ओवर कप्तान सलमान अली आगा डाल रहे हैं।

06:57 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK t20 World Cup Live Score: भारत ने जारी रखी नो हैंडशेक नीति

भारत ने नो हैंडशेक नीति जारी रखी है। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से टॉस के बाद हाथ नहीं मिलाया।

06:39 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

भारत: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

पाकिस्तान: सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेटकीपर), शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद, उस्मान तारिक।

06:34 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: पाकिस्तान ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान सलमान आगा ने बताया कि उनकी टीम इस मैच में बिना किसी बदलाव के साथ उतरी है। वहीं, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि अभिषेक शर्मा और कुलदीप यादव की वापसी हुई है। अर्शदीप सिंह और संजू सैमसन इस मैच का हिस्सा नहीं है।

06:25 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Match Live: नकवी पहुंचे स्टेडियम

मोहसिन नकवी भी पहुंचे आर प्रेमदासा स्टेडियम।
 

06:22 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Match Live: रोहित शर्मा पहुंचे कोलंबो

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले के लिए रोहित शर्मा भी कोलंबो पहुंच चुके हैं। उन्हें भारतीय टीम के खिलाड़ियों से बातचीत करते देखा गया है।
 
 

06:17 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Match Live: भारत जारी रख सकता है नो हैंडशेक नीति

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, भारतीय टीम इस मैच में भी नो हैंडशेक नीति पर अमल करेगी और पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाएगी। यहां तक कि टॉस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा से हाथ नहीं मिलाएंगे। मालूम हो कि पिछले साल एशिया कप के दौरान तीनों ही मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाए थे। 

06:06 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: जय शाह ने दी महाशिवरात्रि की बधाई

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं दी हैं।
 

05:18 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: भारतीय टीम भी स्टेडियम पहुंची

भारतीय टीम भी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले के लिए आर प्रेमदासा स्टेडियम पहुंच चुकी है।
 

05:15 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: स्टेडियम पहुंची पाकिस्तानी टीम

पाकिस्तान की टीम आर प्रेमदासा स्टेडियम पहुंच गई है।
 

05:11 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Match: बल्लेबाजी में करना होगा सुधार

विश्व कप से पहले भारत की बल्लेबाजी काफी मजबूत लग रही थी लेकिन टूर्नामेंट के दो मैचों में बल्लेबाजों का प्रदर्शन चिंता का सबब है। अमेरिका के खिलाफ भारत के छह विकेट 77 रन पर गिर गए थे, जबकि नामीबिया के खिलाफ डैथ ओवरों में मेजबान टीम ने चार रन के भीतर पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन 200 रन से अधिक का स्कोर और 93 रन से जीत के कारण यह कमजोरियां दब गई। दोनों मैचों में सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने संकटमोचक की भूमिका निभाई। लेकिन बड़े टूर्नामेंट में एक ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन जरूरी है। जसप्रीत बुमराह से लेकर वरुण चक्रवर्ती तक भारत के पास मैच विनर हैं और ऑलराउंडर शिवम दुबे की गेंदबाजी भी बेहतर हुई है। 

04:39 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Match Live: कुलदीप प्लेइंग-11 में हो सकते हैं शामिल

पिच को देखते हुए बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को भी उतारा जा सकता है। ऐसे में रिंकू सिंह या अर्शदीप सिंह को बाहर रहना पड़ सकता है। बाबर आजम के खिलाफ कुलदीप के शानदार रिकॉर्ड और एशिया कप फाइनल में उनके चार विकेट को देखते हुए उन्हें इस मैच में मौका देना अच्छा विकल्प होगा। कुलदीप को अब तक विश्व कप के शुरुआती दो मैचों में एकादश में जगह नहीं मिली है। अगर कुलदीप इस मुकाबले में खेलते हैं तो भारत संभवत: तीन स्पिनरों के साथ खेलने उतरे क्योंकि उसके पास कुलदीप के अलावा वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल के रूप में दो अच्छे स्पिनर भी मौजूद हैं। 

04:29 PM, 15-Feb-2026

Live Score IND vs PAK: सैमसन का कटेगा पत्ता

अभिषेक शर्मा की वापसी से संजू सैमसन का पत्ता कट सकता है। भारतीय टीम प्रबंधन चाहेगा कि इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए अभिषेक चयन के लिए उपलब्ध हों जिससे शीर्ष क्रम पर स्थिरता आ सके। हालांकि, भारतीय थिंक टैंक के दिमाग में यह भी चिंता होगी कि सैमसन को ही उतारा जाए या ईशान किशन के साथ पारी की शुरुआत के लिए वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया जाए जो फिट हो गए हैं। सुंदर प्रेमादासा स्टेडियम की धीमी पिच पर अच्छी ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी कर सकते हैं।

04:17 PM, 15-Feb-2026

Live Score IND vs PAK: कोलंबो में स्पिनरों को मिलती है मदद

  • भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का महामुकाबला रविवार को कोलंबो में खेला जाएगा। यह मैच आर प्रेमादासा स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां की पिच आमतौर पर स्पिनरों के मददगार मानी जाती है। 
  • भारत के पास मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल मौजूद हैं, लेकिन पाकिस्तान भी इस मामले में कम नहीं है क्योंकि उसकी टीम में अबरार अहमद और उस्मान तारिक हैं जो भारतीय बल्लेबाजों के सामने चुनौती पेश कर सकते हैं। 
  • भारतीय टीम शुरुआती दो मैचों में दो स्पिनरों के साथ उतरी है। भारत के लिए अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने स्पिन विभाग का जिम्मा संभाला है। 
  • कोलंबो में स्पिनरों की मददगार पिच को देखते हुए इस संभावना को भी खारिज नहीं किया जा सकता कि भारत पाकिस्तान के खिलाफ तीन स्पिनरों के साथ उतरे।

03:20 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Match Live: हनुमानकाइण्ड करेंगे परफॉर्म

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले से पहले मशहूर भारतीय रैपर और गीतकार हनुमानकाइण्ड परफॉर्म करेंगे।
 

02:22 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: श्रीलंका के पर्यटन और अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण

श्रीलंका के कई वर्गों को भारत और पाकिस्तान के मैच से आर्थिक लाभ होने की उम्मीद है। इस मैच के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक यहां पहुंचे हैं जिससे श्रीलंका के लोग भी काफी उत्साहित हैं। कोलंबो की एक सड़क पर कई पब हैं और इनमें भारतीय और पाकिस्तानी आगंतुकों की संख्या स्थानीय लोगों से कहीं अधिक है। खेत्तारमा रोड अब भारतीय और पाकिस्तानी जर्सी, टोपी, झंडे बेचने वाले स्थानीय विक्रेताओं से भरी हुई है। युवा टैटू बनाने के लिए स्याही लेकर घूम रहे हैं। यहां अस्थायी स्टॉल भी लगे हैं जो चिलचिलाती धूप में कतार में खड़े प्रशंसकों को नींबू पानी, फलों का रस और नारियल पानी दे रहे हैं।

01:56 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: हरभजन का आमिर को जवाब

हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भारत के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को 'स्लॉगर' बताया था। पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने आमिर को करारा जवाब देते हुए कहा है कि अगर वह 'लप्पेबाजों' की परिभाषा देंगे, तो बहुत से लोगों को चिढ़ मचेगी। हरभजन सिंह ने कहा, 'अभिषेक एक क्वालिटी खिलाड़ी हैं। वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं, जो अपने दम पर मैच जिताने का माद्दा रखते हैं। वह एक बार नहीं, बल्कि बार-बार ऐसा कर सकते हैं। वह एक संपूर्ण बल्लेबाज हैं, जिनके पास वो शॉट्स हैं, जो बहुत सारे बल्लेबाजों के पास नहीं होते।' उन्होंने कहा, 'लप्पेबाज वो होता है, जो सिर्फ बॉल देखकर बैट घुमाता है, चाहे बल्ले से गेंद का संपर्क हो या फिर नहीं हो। अभिषेक ऐसे नहीं हैं। उनकी पहली बॉल ही बल्ले से लगती है, उसके बाद गेंदें उनके बल्ले पर आती ही रहती हैं। उन्हें लप्पेबाज कहना गलत है। अगर मैं लप्पेबाज बल्लेबाजों की परिभाषा दूंगा, तो बहुत से लोगों को चिढ़ मचेगी। शायद वो चाहते हैं कि हम इस पर प्रतिक्रिया दें, लेकिन मुझे ऐसा नहीं करना है।'

01:09 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: अभिषेक शर्मा के पिता को उम्मीद

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्पष्ट कर दिया है कि युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मैच खेलेंगे। अभिषेक के पिता ने भारत-पाक मैच में बेटे की मौजूदगी पर खुशी जताते हुए टीम इंडिया को शुभकामनाएं दी हैं। पिता को उम्मीद है कि बेटा इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करेगा। अभिषेक को सोमवार को पेट में इन्फेक्शन के कारण नई दिल्ली के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जिसके चलते 25 वर्षीय खिलाड़ी नामीबिया के विरुद्ध अरुण जेटली स्टेडियम में नहीं खेल सका था, लेकिन अब कप्तान ने उनके पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उतरने पर मुहर लगा दी है। 

12:10 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: बीसीबी अध्यक्ष ने ठुकराया निमंत्रण?

बीसीबी के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने भारत-पाकिस्तान मैच देखने का निमंत्रण ठुकरा दिया है। बांग्लादेशी मीडिया वेबसाइट डेली स्टार से बातचीत में उन्होंने कहा कि जब उनकी टीम टी20 विश्व कप में हिस्सा नहीं ले रही है, तो ऐसे में उनका वहां मौजूद रहना उचित नहीं होगा।

12:10 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान ने किया था बहिष्कार का एलान

बांग्लादेश के भारत दौरे से इनकार के बाद पाकिस्तान सरकार ने एकजुटता दिखाते हुए पहले भारत के खिलाफ खेलने से मना कर दिया था। हालांकि, आईसीसी, पाकिस्तान और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच कई दौर की बातचीत के बाद पाकिस्तान ने अपना फैसला बदलते हुए मैच खेलने की पुष्टि कर दी थी। नकवी ने प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात कर आईसीसी और अन्य क्रिकेट बोर्डों के साथ पाकिस्तान के संबंधों पर चर्चा की थी। इससे पहले लाहौर में आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष के साथ बैठक के बाद गतिरोध टूटा था।

12:09 PM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: नकवी कोलंबो पहुंचे

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी रविवार को  भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले टी20 विश्व कप के हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए शनिवार को कोलंबो पहुंच गए। समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि नकवी की इस यात्रा का मकसद सिर्फ मैच देखना नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह और अन्य अधिकारियों से मुलाकात कर हालिया विवाद के बाद रिश्तों में आई तल्खी को कम करना भी है।

11:50 AM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: वेस्टइंडीज-नेपाल का मुकाबला जारी

ग्रुप सी में वेस्टइंडीज और नेपाल के बीच मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहा है। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 11:00 बजे शुरू हो चुका है। वेस्टइंडीज ने अब तक अपने दोनों मैच जीतकर स्कॉटलैंड और इंग्लैंड को हराया है। दूसरी ओर, नेपाल की टीम को अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। पिछले मैच में इटली ने नेपाल को 10 विकेट से हराया था।

11:49 AM, 15-Feb-2026

IND vs PAK Live Score: ग्रुप-ए का भी मुकाबला

इसके अलावा ग्रुप ए का ही एक और मुकाबला चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में संयुक्त राज्य अमेरिका और नामीबिया के बीच खेला जाएगा। यह मैच दोपहर 3:00 बजे शुरू होगा। नामीबिया अभी तक अपना खाता नहीं खोल पाई है और उसे नीदरलैंड व भारत के खिलाफ हार मिली है। वहीं संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपने पिछले मैच में नीदरलैंड को 93 रनों से हराया था, हालांकि उसे भारत और पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा है।

11:42 AM, 15-Feb-2026

IND vs PAK: टी20 में भारत ने पाकिस्तान पर लगाया जीत का छक्का, कोलंबो में 61 रन से रौंदा; गेंदबाजों का बोलबाला

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्वकप का मुकाबला खेला जाना है। यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। तमाम विवाद के बीच यह मुकाबला संभव हो पाया है और इसी वजह से इस मैच को लेकर हाइप बढ़ गई है। दोनों ही टीमें इस मैच को जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाएंगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें