फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया: कोहली की धमाकेदार बल्लेबाजी; अर्शदीप की घातक गेंदबाजी

Wed, 04 Nov 2026 03:20 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ऑकलैंड

खास बातें

India vs New Zealand (IND vs NZ) 1st ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला गया। भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। न्यूजीलैंड की पारी 185 रन पर सिमट गई। हालांकि, टारगेट रिवाइज किया गया और भारत को 32 ओवर में 143 रन बनाने थे। भारत ने यह लक्ष्य 22.5 ओवर में पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
विज्ञापन
विराट कोहली - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:12 PM, 04-Nov-2026

भारत पांच विकेट से जीता

भारत ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हरा दिया है। भारत को डकवर्थ लुईस नियम के तहत जीत के लिए 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य मिला था। टीम इंडिया ने यह लक्ष्य 22.4 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अगला वनडे सात नवंबर को वेलिंगटन में खेला जाएगा।

न्यूजीलैंड की पारी 185 रन पर सिमटी थी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की पारी 40.2 ओवर में 185 रन पर सिमट गई। स्कोर और भी कम होता, लेकिन आखिरी में ब्लेयर टिकनर की तूफानी पारी ने कीवियों को 180 के पार पहुंचाया। भारत को न्यूजीलैंड के शीर्षक्रम और मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने इतना परेशान नहीं किया, जितना परेशन 11वें नंबर पर आए ब्लेयर टिकनर ने किया। न्यूजीलैंड का स्कोर एक वक्त नौ विकेट पर 146 रन था। इसके बाद टिकनर ने जैकब डफी के साथ 10वें विकेट के लिए 31 गेंद में 39 रन की साझेदारी निभाई। टिकनर 23 गेंद में एक चौका और चार छक्के की मदद से 34 रन की तूफानी पारी खेलकर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। उन्हें गुरनूर बराड़ ने विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। डफी 15 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि सिर्फ पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। टिम साइफर्ट 43 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन, डेरिल मिचेल 41 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन और ग्लेन फिलिप्स  51 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा टिकनर और डफी ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। विल यंग नौ रन, हेनरी निकोल्स नौ रन, टॉम लाथम तीन रन, कप्तान मिचेल सैंटनर चार रन, नाथन स्मिथ एक रन और काइल जेमीसन एक रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने चार विकेट लिए, जबकि गुरनूर बराड़ को तीन विकेट मिले। अंशुल कंबोज को दो विकेट मिले।

भारत ने 22.4 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
जवाब में भारत की शुरुआत भी खराब रही। रोहित शर्मा खाता खोले बिना आउट हो गए। फिर शुभमन गिल और विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की। इस बीच मैच को दो बार बारिश के कारण रोकना पड़ा। पहली बार 10.5 ओवर के बाद मैच रोका गया। हालांकि, बारिश रुकी और मैच 40 ओवर का कर दिया गया। संशोधित लक्ष्य 167 रन का किया गया। हालांकि, कुछ गेंदों के बाद फिर बारिश शुरू हो गई और मैच रोकना पड़ा। बारिश जब रुकी तो एक बार फिर लक्ष्य को संशोधित किया गया। फिर भारत के सामने 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य था।

हालांकि, भारत ने 22.4 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। गिल और कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी निभाई। गिल 56 गेंद में पांच चौके की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, कोहली ने वनडे करियर का 80वां अर्धशतक लगाया। वह 51 गेंद में 13 चौके और एक छक्के की मदद से 74 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कोहली के आउट होते ही दो और विकेट गिरे। अक्षर खाता खोले बिना पवेलियन लौटे, जबकि श्रेयस 15 रन बना सके। केएल राहुल तीन रन और नमन धीर पांच रन बनाकर नाबाद रहे।

03:06 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: भारत को पांचवां झटका

भारत को 136 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। श्रेयस अय्यर जीत से ठीक पहले आउट हो गए। वह 15 रन बना सके।

02:53 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: भारत को दो और झटके

भारत को 124 के स्कोर पर दो झटके लगे हैं। विराट कोहली 51 गेंद में 13 चौके और एक छक्के की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें डफी ने साइफर्ट के हाथों कैच कराया। फिर इसी ओवर की आखिरी गेंद पर डफी ने अक्षर को ग्लेन फिलिप्स के हाथों कैच कराया। अक्षर खाता नहीं खोल सके। फिलहाल श्रेयस अय्यर और केएल राहुल क्रीज पर हैं। भारत को जीत के लिए 19 और रन की जरूरत है।

विज्ञापन
02:44 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: भारत को दूसरा झटका

भारत को 114 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। नाथन स्मिथ ने शुभमन गिल को टॉम लाथम के हाथों कैच कराया। वह 56 गेंद में 37 रन बना सके। फिलहाल कोहली 69 रन बनाकर क्रीज पर हैं। गिल ने कोहली के साथ 113 रन की साझेदारी निभाई। उनका साथ देने श्रेयस अय्यर आए हैं।

02:28 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: कोहली का अर्धशतक

विराट कोहली ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 80वां अर्धशतक रहा। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 102 रन है। कोहली 40 गेंद में 59 रन और शुभमन गिल 50 गेंद में 35 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। गिल और कोहली के बीच शतकीय साझेदारी भी हो चुकी है। भारत जीत से 41 रन दूर है।

विज्ञापन
02:20 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: कोहली अर्धशतक के करीब

भारत ने 13 ओवर के बाद एक विकेट पर 74 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 31 गेंद में 38 रन और शुभमन गिल 41 गेंद में 28 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत को रिवाइज टारगेट 143 रन का मिला है। यानी टीम इंडिया को जीत के लिए 69 रन और बनाने हैं।

02:11 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Rain Update: मुकाबला 32 ओवर का हुआ, भारत को मिला 143 रन का लक्ष्य

मैच एक बार फिर शुरू हो चुका है। बारिश के कारण भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले को 32 ओवर का कर दिया गया है। भारतीय टीम को अब जीत के लिए 32 ओवर में 143 रन बनाने होंगे। बारिश के कारण खेल रुकने से पहले भारत ने 12 ओवर में एक विकेट पर 64 रन बना लिए थे। इससे पहले एक बार और बारिश ने खलल डाला था, तब 10 ओवर घटाए गए थे और रिवाइज टारगेट 185 से 167 रन कर दिया गया था। अब फिर से ओवर्स में कटौती हुई है और टारगेट अब 167 से घटाकर 143 कर दिया गया है। यानी कुल 18 ओवर की कटौती हो चुकी है, लेकिन टारगेट के अंतर में बहुत कम अंतर आया है। 

02:00 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Rain Update: मैदान से कवर्स हटे, जल्द शुरू हो सकता है मुकाबला

स्थानीय समयानुसार रात 9:28 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर 1:58 बजे) मैदान से कवर्स हटा दिए गए हैं। बारिश रुकने के बाद अब मुकाबला जल्द दोबारा शुरू होने की उम्मीद है। बारिश के कारण ओवरों में कटौती के साथ भारत के लक्ष्य में भी बदलाव हुआ है। अब कितने ओवर का खेल होगा, इसके आधार पर भारतीय टीम के सामने संशोधित लक्ष्य तय किया जाएगा। फिलहाल मैदान से कवर्स हटने के बाद खिलाड़ियों के जल्द मैदान पर लौटने की उम्मीद है।

भारत के संशोधित लक्ष्य

ओवरों में कटौती

कुल ओवर

भारत का लक्ष्य

5 ओवर

35 ओवर

153 रन

10 ओवर

30 ओवर

136 रन

15 ओवर

25 ओवर

115 रन

20 ओवर

20 ओवर

89 रन

 

01:52 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Rain Update: क्या रद्द होगा मैच, क्या कहते हैं नियम?

वनडे क्रिकेट में बारिश या किसी अन्य कारण से खेल बाधित होने पर डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, दूसरी पारी में लक्ष्य का पीछा कर रही टीम के लिए मैच का आधिकारिक परिणाम घोषित करने की एक न्यूनतम सीमा निर्धारित है। वनडे मुकाबले में दूसरी पारी के दौरान कम से कम 20 ओवर का खेल होना जरूरी है। इसके बाद ही बारिश के कारण मैच समाप्त होने की स्थिति में डकवर्थ लुईस नियम के तहत विजेता तय किया जा सकता है।

1. दूसरी पारी में 20 ओवर पूरे होने से पहले मैच रुका तो क्या होगा?
अगर लक्ष्य का पीछा कर रही टीम दूसरी पारी में 20 ओवर पूरे करने से पहले ही बारिश या किसी अन्य कारण से मैच दोबारा शुरू नहीं कर पाती है, तो मुकाबले का कोई नतीजा नहीं निकलेगा। इसे 'बेनतीजा' (नो रिजल्ट) घोषित किया जाएगा।
 

  • अगर दूसरी पारी में 19.5 ओवर का खेल हुआ है और इसके बाद बारिश के कारण मुकाबला पूरी तरह रद्द हो जाता है, तब भी मैच का नतीजा घोषित नहीं किया जा सकता।
  • भले ही लक्ष्य का पीछा कर रही टीम निर्धारित रन रेट से काफी आगे चल रही हो, 20 ओवर पूरे होने से पहले DLS के आधार पर उसे विजेता नहीं माना जा सकता।
  • इस नियम के तहत दूसरी पारी में कम से कम 120 वैध गेंदें फेंका जाना जरूरी है।

2. दूसरी पारी में 20 ओवर पूरे होने के बाद मैच रुका तो क्या होगा?
जैसे ही दूसरी पारी में 20 ओवर पूरे हो जाते हैं, मुकाबले का आधिकारिक परिणाम घोषित किया जा सकता है। अगर इसके बाद बारिश के कारण खेल दोबारा शुरू नहीं हो पाता है, तो डीएलएस नियम के तहत दोनों टीमों के स्कोर की तुलना की जाएगी। इसमें लक्ष्य का पीछा कर रही टीम के वास्तविक स्कोर की तुलना उस समय के पार स्कोर (पार स्कोर) से होगी। यह पार स्कोर डीएलएस गणना के आधार पर तय किया जाता है। इसमें बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध ओवर, बचे हुए विकेट और बनाए गए रन जैसे पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है।
 
  • अगर लक्ष्य का पीछा कर रही टीम का स्कोर DLS पार स्कोर से अधिक है, तो उसे विजेता घोषित किया जाएगा।
  • अगर उसका स्कोर पार स्कोर से कम है, तो दूसरी टीम जीत जाएगी।
  • अगर दोनों टीमों का स्कोर बराबर है, तो मुकाबला टाई होगा।

3. डीएलएस में पार स्कोर क्यों महत्वपूर्ण होता है?
डीएलएस नियम के तहत पार स्कोर लगातार बदलता रहता है। यह हर गेंद और हर विकेट के साथ बदल सकता है। इसलिए बारिश की आशंका होने पर टीमें और ड्रेसिंग रूम में मौजूद विश्लेषक डीएलएस के संभावित आंकड़ों पर नजर रखते हैं। उदाहरण के लिए, लक्ष्य का पीछा कर रही टीम को बारिश से पहले यह देखना होता है कि वह निर्धारित समय पर डीएलएस पार स्कोर से आगे है या पीछे। अगर टीम पार स्कोर से पीछे है और बारिश के कारण मैच समाप्त हो जाता है, तो उसे नुकसान उठाना पड़ सकता है।

4. विकेट गिरने का भी पड़ता है असर
डीएलएस नियम में सिर्फ बनाए गए रन और खेले गए ओवर ही महत्वपूर्ण नहीं होते, बल्कि बचे हुए विकेट भी अहम भूमिका निभाते हैं। कम विकेट गंवाने वाली टीम के पास लक्ष्य हासिल करने के लिए अधिक संसाधन उपलब्ध माने जाते हैं। अगर कोई टीम शुरुआती ओवरों में जल्दी-जल्दी विकेट गंवा देती है, तो डीएलएस गणना में उसके उपलब्ध संसाधन कम हो जाते हैं। इससे पार स्कोर और संशोधित लक्ष्य प्रभावित हो सकते हैं। यही वजह है कि बारिश की आशंका वाले मुकाबलों में बल्लेबाजी करते समय विकेट बचाना भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है जितना तेजी से रन बनाना।

01:42 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Rain Update: बारिश ने फिर रोका खेल

बारिश के कारण फिर खेल रोक दिया गया है। 10.5वें ओवर में पहली बार खेल रुका था बारिश की वजह से। इसके बाद 10 ओवर की कटौती की गई और मैच को 40 ओवर का कर दिया गया। मैच दोबारा दोपहर 1:35 बजे चालू हुआ। एक ओवर का और खेल हुआ ही था कि बारिश ने फिर खलल डाला और मैच को फिर से रोक दिया गया है। बारिश 12वें ओवर की पांचवीं गेंद के बाद ही तेज हो गई थी। विराट कोहली और शुभमन गिल बल्लेबाजी जारी रखने के पक्ष में नहीं थे। विराट ने मुस्कुराते हुए फील्ड अंपायर पॉल राइफल से कहा कि साइटस्क्रीन की तरफ देखिए, गेंद दिखाई नहीं दे रही है। गिल ने भी स्क्वायर लेग अंपायर के सामने अपनी परेशानी रखी। हालांकि, अंपायर पहले ओवर पूरा कराना चाहते थे।

गिल की शिकायत के बाद खिलाड़ी मैदान से लौटे
ब्लेयर टिकनर के 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर शुभमन गिल ने एक रन लिया। इस दौरान गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटकीपर टॉम लाथम के बाईं ओर गिरी। लाथम ने गेंद पकड़ने के लिए डाइव लगाई, लेकिन गेंद उनसे थोड़ा पहले ही जमीन पर गिर गई। अगर यह कैच हो जाता तो मुकाबले में रोमांचक मोड़ आ सकता था। गिल और जेमीसन के बीच कुछ बात भी हुई। पिच को कवर्स से ढक दिया गया है।

ओवर समाप्त होने के बाद खिलाड़ी एक बार फिर मैदान से बाहर चले गए। शुभमन गिल खराब रोशनी से काफी नाराज नजर आए। उन्होंने अंपायरों से लंबी बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें गेंद ठीक से दिखाई नहीं दे रही है। बारिश के कारण खेल रुकने तक भारत ने 12 ओवर में एक विकेट पर 64 रन बना लिए थे। शुभमन गिल और विराट कोहली क्रीज पर थे। भारत को जीत के लिए 103 रन और बनाने थे। न्यूजीलैंड ने 185 रन बनाए थे। हालांकि, दोबारा चालू होने के बाद टारगेट रिवाइज किया गया था और भारत को 40 ओवर में 167 रन बनाने थे। इस हिसाब से भारत को 103 और रन बनाने हैं।

01:36 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: मैच दोबारा शुरू

मैच की दोबारा शुरुआत हो चुकी है। 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 55 रन है। फिलहाल शुभमन गिल 18 रन और विराट कोहली 29 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

01:32 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: थोड़ी देर में शुरू होगा मैच

मैच दोबारा स्थानीय समयानुसार रात 9:05 बजे (भारतीय समयानुसार रात 1:35 बजे) शुरू होगा। बारिश के कारण मुकाबले को 40-40 ओवर का कर दिया गया है। भारत को अब जीत के लिए 40 ओवर में 167 रन का संशोधित लक्ष्य मिला है। एक गेंदबाज अब आठ ओवर ही डाल सकेगा। 

01:19 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: आखिरी कवर भी हटाया गया

आखिरकार पिच पर से आखिरी कवर भी हटाया जा रहा है। अब तक बारिश के कारण लगभग 25 मिनट का खेल बर्बाद हो चुका है, जिसके चलते करीब छह ओवर कम होने का अनुमान है। हालांकि, मैच दोबारा शुरू होने में जितना समय लगेगा, उसके हिसाब से ओवरों की वास्तविक संख्या तय होगी। फिलहाल सभी को आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

12:56 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: बारिश रुकी

स्थानीय समयानुसार रात 8:24 बजे (भारतीय समयानुसार रात 12:54 बजे) अच्छी खबर आई है। बारिश रुक गई है और मैदान से कवर्स हटाए जा रहे हैं। ऐसे में अब मुकाबले के दोबारा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। हालांकि, समय के हिसाब से ओवर्स की कटौती शुरू हो जानी चाहिए थे, लेकिन देखना है अंपायर्स क्या फैसला लेते हैं। हालांकि, ओवर्स में कटौती की संभावना कम है।

12:52 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: ओवर्स की कटौती हो सकती है

स्थानीय समयानुसार रात 8:20 बजे (भारतीय समयानुसार रात 12:50 बजे) तक भी बारिश जारी है। बारिश के कारण खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के साथ ही अब मुकाबले में ओवरों की कटौती शुरू हो गई है। बारिश जितनी देर तक जारी रहेगी, दोनों टीमों के लिए मैच के ओवर उतने ही कम होते जाएंगे।

12:45 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: बारिश के कारण खेल रुका

बारिश फिर से तेज हो गई है। मैदानकर्मी मैदान को ढकने के लिए अतिरिक्त कवर्स लेकर पहुंच गए हैं। अगर स्थानीय समयानुसार रात 8:20 (भारतीय समयानुसार दोपहर 12:50 बजे) बजे तक खेल शुरू नहीं हो पाता है तो मुकाबले में ओवरों की कटौती शुरू हो जाएगी। मैदान पर तेज हवा भी चल रही है। उम्मीद है कि हवा बारिश के बादलों को दूर ले जाएगी। इस मैदान में पानी हटाने की व्यवस्था भी अच्छी है। इसलिए बारिश रुकने के बाद 15-20 मिनट में खेल दोबारा शुरू होने की उम्मीद है।

भारत के संशोधित लक्ष्य

ओवरों में कटौती

भारत का संशोधित लक्ष्य

10 ओवर कम होने पर (40 ओवर)

167 रन

20 ओवर कम होने पर (30 ओवर)

137 रन

30 ओवर कम होने पर (20 ओवर)

92 रन


20वें ओवर की समाप्ति पर भारत का पार स्कोर

विकेट गिरने की स्थिति

पार स्कोर

एक विकेट पर

47/1

दो विकेट पर

59/2

तीन विकेट पर

73/3

चार विकेट पर

91/4

12:21 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: भारत 50 रन के पार, खेल रुका

बारिश की वजह से खेल को रोक दिया गया है। खेल रुकने तक भारत ने 10.5 ओवर के बाद एक विकेट पर 54 रन बना लिए हैं। विराट कोहली और शुभमन गिल के बीच 50 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को पहला झटका एक के स्कोर पर लगा था। रोहित खाता खोले बिना आउट हुए थे। फिलहाल कोहली 27 गेंद में 29 रन और शुभमन गिल 32 गेंद में 17 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अभी तक विराट काफी शानदार दिखे हैं, जबकि गिल ने उनका अच्छा साथ निभाया है। भारत को अब 132 रन की जरूरत है। 
 


 

12:13 PM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: आठ ओवर का खेल हुआ

आठ ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 41 रन बना लिए हैं। फिलहाल शुभमन गिल 16 रन और विराट कोहली 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रोहित खाता खोले बिना आउट हुए। उन्हें काइल जेमीसन ने कैच आउट कराया।

11:54 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: शुभमन गिल-विराट कोहली क्रीज पर

चार ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 28 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 10 रन और शुभमन गिल 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रोहित खाता खोले बिना जेमीसन की गेंद पर कैच आउट हुए थे।

11:41 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: भारत को पहला झटका

भारत को पारी के पहले ही ओवर में पहला झटका लगा। रोहित शर्मा खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए। उन्हें काइल जेमीसन ने मिचेल सैंटनर के हाथों कैच कराया। फिलहाल शुभमन गिल और विराट कोहली क्रीज पर हैं।

11:07 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड की पारी 185 रन पर सिमटी

न्यूजीलैंड की पारी 40.2 ओवर में 185 रन पर सिमट गई। स्कोर और भी कम होता, लेकिन आखिरी में ब्लेयर टिकनर की तूफानी पारी ने कीवियों को 180 के पार पहुंचाया। भारत को न्यूजीलैंड के शीर्षक्रम और मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने इतना परेशान नहीं किया, जितना परेशन 11वें नंबर पर आए ब्लेयर टिकनर ने किया। न्यूजीलैंड का स्कोर एक वक्त नौ विकेट पर 146 रन था। इसके बाद टिकनर ने जैकब डफी के साथ 10वें विकेट के लिए 31 गेंद में 39 रन की साझेदारी निभाई। टिकनर 23 गेंद में एक चौका और चार छक्के की मदद से 34 रन की तूफानी पारी खेलकर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए। उन्हें गुरनूर बराड़ ने विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराया। डफी 15 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी बेहद खराब रही। इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि सिर्फ पांच बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। टिम साइफर्ट 43 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन, डेरिल मिचेल 41 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन और ग्लेन फिलिप्स  51 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। इसके अलावा टिकनर और डफी ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। विल यंग नौ रन, हेनरी निकोल्स नौ रन, टॉम लाथम तीन रन, कप्तान मिचेल सैंटनर चार रन, नाथन स्मिथ एक रन और काइल जेमीसन एक रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने चार विकेट लिए, जबकि गुरनूर बराड़ को तीन विकेट मिले। अंशुल कंबोज को दो विकेट मिले।

10:57 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: ब्लेयर टिकनर की शानदार बैटिंग

भारत को न्यूजीलैंड के शीर्षक्रम और मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने इतना परेशान नहीं किया, जितना परेशन 11वें नंबर पर आए ब्लेयर टिकनर कर चुके हैं। न्यूजीलैंड का स्कोर एक वक्त नौ विकेट पर 146 रन था। इसके बाद टिकनर ने 14 गेंद पर 31 रन की पारी खेली और न्यूजीलैंड को 180 के पार ले गए। न्यूजीलैंड का स्कोर 38 ओवर के बाद नौ विकेट पर 181 रन है। अर्शदीप के आखिरी ओवर में उन्होंने और न्यूजीलैंड ने 23 रन बटोरे। इस दौरान टिकनर ने तीन छक्के लगाए।

10:41 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को नौवां झटका

न्यूजीलैंड को 146 के स्कोर पर नौवां झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने ग्लेन फिलिप्स को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। वह 51 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल ब्लेयर टिकनर और जैकब डफी क्रीज पर हैं। अर्शदीप को मिली यह चौथी सफलता रही।

10:19 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को आठवां झटका

न्यूजीलैंड को 32वें ओवर में 131 के स्कोर पर आठवां झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने काइल जेमीसन को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। जेमीसन एक रन बना सके। फिलहाल ग्लेन फिलिप्स दूसरे छोर पर जमे हुए हैं। वहीं, उनका साथ देने जैकब डफी मैदान पर आए हैं। यह अर्शदीप को मिली तीसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने विल यंग और हेनरी निकोल्स को आउट किया था।

10:02 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को सातवां झटका

न्यूजीलैंड को 115 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। अंशुल कंबोज ने नाथन स्मिथ को विराट कोहली के हाथों कैच कराया। विराट ने डाइव लगाकर शानदार कैच लपका। स्मिथ एक रन बना सके। अंशुल को मिली यह दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने सैंटनर को बोल्ड किया था। फिलहाल काइल जेमीसन और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं।

09:52 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को छठा झटका

न्यूजीलैंड को 27वें ओवर में 113 के स्कोर पर छठा झटका लगा। अंशुल कंबोज ने मिचेल सैंटनर को बोल्ड किया। सैंटनर चार रन बना सके। फिलहाल नाथन स्मिथ और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं। इससे पहले विल यंग (9), टिम साइफर्ट (38), हेनरी निकोल्स (9), डेरिल मिचेल (28), टॉम लाथम (3) भी पवेलियन लौट चुके हैं। अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़ ने दो-दो विकेट लिए हैं।

09:32 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को पांचवां झटका

न्यूजीलैंड को 22वें ओवर में 97 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। डेरिल मिचेल रन चुराने के चक्कर में रन आउट हो गए। रोहित शर्मा के थ्रो पर विकेटकीपर केएल राहुल ने गिल्लियां बिखेर दीं। मिचेल क्रीज में नहीं पहुंच सके थे। मिचेल 41 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल कप्तान मिचेल सैंटनर और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं। 22 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर पांच विकेट पर 99 रन है। इससे पहले अर्शदीप सिंह ने विल यंग और हेनरी निकोल्स, जबकि गुरनूर ने टिम साइफर्ट और टॉम लाथम को पवेलियन भेजा था।

09:13 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को चौथा झटका

न्यूजीलैंड को 18वें ओवर में 84 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। गुरनूर बराड़ ने अपनी ही गेंद पर टॉम लाथम का शानदार कैच पकड़ा। लाथम गेंद को गुरनूर की तरफ खेल बैठे और गुरनूर ने शानदार रिफ्लेक्स दिखाते हुए बाएं हाथ से गेंद को पकड़ लिया। गेंद उनके हाथ में चिपक गई। लाथम तीन रन बना सके। फिलहाल डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर हैं। गुरनूर को मिली यह दूसरी सफलता रही। इससे पहले उन्होंने टिम साइफर्ट (38) को पवेलियन भेजा था। वहीं, अर्शदीप सिंह विल यंग (9) और हेनरी निकोल्स (9) को पवेलियन भेज चुके हैं। 18 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 85 रन है।

09:00 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को तीसरा झटका

न्यूजीलैंड को 15वें ओवर में 73 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। गुरनूर बराड़ ने टिम साइफर्ट को सब्सटिट्यूट फील्डर ऋतुराज के हाथों कैच कराया। साइफर्ट को सात के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला था, लेकिन वह इसका ज्यादा फायदा नहीं उठा सके। साइफर्ट 43 गेंद में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल डेरिल मिचेल और टॉम लाथम क्रीज पर हैं। 15 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 79 रन है। इससे पहले अर्शदीप ने विल यंग (9) और हेनरी निकोल्स  (9) को पवेलियन भेजा था।

08:53 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: 14 ओवर का खेल हुआ

14 ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने दो विकेट पर 71 रन बना लिए हैं। फिलहाल टिम साइफर्ट 36 रन और डेरिल मिचेल 17 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 31 रन की साझेदारी हो चुकी है। न्यूजीलैंड को दोनों झटके अर्शदीप सिंह ने दिए। उन्होंने विल यंग और हेनरी निकोल्स को आउट किया। वहीं, साइफर्ट का कैच सात के निजी स्कोर पर नमन धीर ने छोड़ा था। फिलहाल वह जम चुके हैं। आकिब नबी की गेंद पर मिड विकेट पर नमन ने आसान कैच छोड़ा था। 

08:24 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड को दूसरा झटका

न्यूजीलैंड को नौवें ओवर में 40 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने हेनरी निकोल्स को नमन धीर के हाथों कैच कराया। नमन ने इस बार वहीं कैच लिया, जहां उन्होंने साइफर्ट का कैच छोड़ा था। हालांकि, साइफर्ट अभी तक क्रीज पर हैं। हेनरी निकोल्स 11 गेंद में नौ रन बनाकर आउट हुए। नौ ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर दो विकेट पर 44 रन है। साइफर्ट 22 रन और डेरिल मिचेल चार रन बनाकर क्रीज पर हैं।

08:17 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live: सात ओवर का खेल हुआ

सात ओवर के बाद न्यूजीलैंड ने एक विकेट गंवाकर 36 रन बना लिए हैं। फिलहाल हेनरी निकोल्स पांच और टिम साइफर्ट 22 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले अर्शदीप ने विल यंग को श्रेयस के हाथों कैच कराया था। वहीं, नमन धीर ने साइफर्ट का आसान कैच छोड़ दिया था। तब साइफर्ट सात रन बना सके थे। अब यह देखना होगा कि यह जीवनदान भारत को कितना भारी पड़ेगा।

08:03 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live: न्यूजीलैंड को पहला झटका

न्यूजीलैंड को पांचवें ओवर में 22 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने विल यंग को श्रेयस के हाथों कैच कराया। यंग 11 गेंद में नौ रन बना सके। फिलहाल साइफर्ट के साथ हेनरी निकोल्स क्रीज पर हैं।

08:00 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live: नमन धीर ने कैच छोड़ा

चौथे ओवर की चौथी गेंद पर आकिब नबी की गेंद को पुल करने के प्रयास में साइफर्ट ने मिड विकेट पर नमन धीर के हाथों में खेल दिया। हालांकि, नमन ने आसान कैच छोड़ दिया। गेंद उनकी हाथ से लगकर छिटक गई। तब साइफर्ट सात रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर साइफर्ट ने छक्का लगाकर जले पर नमक छिड़कने का काम किया। फिलहाल यंग आठ गेंद में पांच रन और साइफर्ट 16 गेंद में 13 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

07:44 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live: मुकाबला शुरू

मुकाबले की शुरुआत हो चुकी है। न्यूजीलैंड के ओपनर्स विल यंग और टिम साइफर्ट क्रीज पर हैं। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। पहले ओवर में चार रन बने।

07:25 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल, नमन धीर, अंशुल कंबोज, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह।

न्यूजीलैंड: टिम साइफर्ट, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, टॉम लैथम, ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जेमीसन, जैकब डफी, ब्लेयर टिकनर।
 

07:23 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live: भारत ने जीता टॉस

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। टी20 सीरीज के बाद वनडे सीरीज की शुरुआत भी मिचेल सैंटनर ने टॉस गंवाकर की है। टॉस के दौरान कप्तान शुभमन गिल ने कहा, 'हम पहले गेंदबाजी करेंगे। आसमान में थोड़े बादल छाए हुए हैं। अगर बारिश के कारण ओवर कम होते हैं तो स्कोर का पीछा करना बेहतर रहेगा। सीरीज को लेकर सभी उत्साहित हैं और पूरी तरह तैयार हैं। यहां की परिस्थितियां दक्षिण अफ्रीका में मिलने वाली परिस्थितियों से काफी मिलती-जुलती होंगी। अंशुल, आकिब, गुरनूर और अर्शदीप हमारे चार तेज गेंदबाज हैं।' 

07:17 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live: थोड़ी देर में टॉस

टॉस को लेकर आधिकारिक अपडेट आ गया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे का टॉस स्थानीय समयानुसार दोपहर भारतीय समयानुसार सुबह 7:20 बजे होगा। मुकाबला स्थानीय समयानुसार दोपहर 7:40 बजे शुरू होगा, यानी निर्धारित समय से 10 मिनट की देरी से खेल शुरू होगा। हालांकि, राहत की बात यह है कि बारिश के कारण मुकाबले में एक भी ओवर कम नहीं किया गया है। दोनों टीमें पूरे 50-50 ओवर का मुकाबला खेलेंगी।
 

07:09 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: ऑकलैंड में धूप खिली

ऑकलैंड में अब मौसम पूरी तरह साफ और धूप खिली हुई है। मैदान से कवर हटाए जा रहे हैं। अंपायर भी पिच और मैदान की स्थिति का निरीक्षण करने के लिए बीच मैदान पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में जल्द ही टॉस को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

07:04 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: ऑकलैंड से खुशखबरी

हालांकि, कुछ देर पहले के मुकाबले अब मौसम थोड़ा साफ नजर आ रहा है, लेकिन टॉस में देरी हो चुकी है। हालांकि, अभी तक यह जानकारी नहीं दी गई है कि टॉस में कितनी देर होगी। धूप भी निकली हुई दिख रही है। कवर्स भी हटा लिए गए हैं। अंपायर भी मैदान का निरीक्षण कर रहे हैं।

07:02 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: टॉस में देरी

बीसीसीआई ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि ऑकलैंड के ईडन पार्क में हल्की बूंदाबांदी के कारण भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे का टॉस देरी से होगा। बीसीसीआई ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
 

06:55 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: टॉस में हो सकती है देरी

टॉस के लिए दोनों टीमों के कप्तान जल्द ही मैदान पर आने वाले थे, लेकिन तभी पता चला कि पिच को कवर से ढका गया है। ऑकलैंड में हल्की बारिश का अनुमान भी है। उम्मीद है कि इसका मुकाबले पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। प्रसारणकर्ताओं के मुताबिक, यह सिर्फ कुछ देर की बारिश है। मैदान पर ग्राउंड स्टाफ सुपर सॉपर के साथ कवर के पास खड़ा नजर आ रहा है। निर्धारित समय के अनुसार टॉस होने में अभी करीब 15 मिनट बाकी हैं, लेकिन बारिश के कारण इसमें थोड़ी देरी हो सकती है।

06:54 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: प्लेइंग-11 लगभग तय

भारतीय टीम को अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप के पहले मुकाबले की संभावित प्लेइंग-11 का काफी हद तक अंदाजा है, लेकिन कुछ ऐसे क्षेत्र हैं जिन पर अभी काम करने की जरूरत है। टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की अनुपलब्धता और उनके विकल्पों को परखने की है।

हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह इस सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं, जबकि तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा चोट के कारण बाहर हो गए हैं। ऐसे में टीम के सामने एक अहम सवाल यह भी है कि क्या नीतीश रेड्डी हार्दिक की भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं? हार्दिक की फिटनेस को लेकर बनी चिंताओं के बीच नीतीश के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।

हालांकि, इस पांच मैचों की सीरीज में नीतीश को ज्यादा मौके मिलने की उम्मीद नहीं है। उन्हें केवल पहले वनडे के लिए टीम में चुना गया है। इसके बाद वह न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीसरे चार दिवसीय मुकाबले के लिए इंडिया ए टीम से जुड़ जाएंगे। यह मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज की तैयारी का हिस्सा होगा। वहीं, शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कंबोज भी तीसरे वनडे के बाद भारतीय वनडे टीम का साथ छोड़ देंगे, ताकि टेस्ट सीरीज की तैयारियां शुरू कर सकें।

इसका मतलब है कि भारत की प्लेइंग-11 इन पांचों मुकाबलों में एक जैसी रहने की संभावना कम है। खिलाड़ियों की उपलब्धता और टेस्ट सीरीज की तैयारियों के कारण टीम संयोजन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में इस सीरीज में सिर्फ नतीजों पर ही नहीं, बल्कि अलग-अलग खिलाड़ियों को मिलने वाले मौकों और उनके प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी।

06:53 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कंसिस्टेंट नहीं

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतने के बाद से भारतीय टीम का वनडे प्रारूप में प्रदर्शन बहुत निरंतर नहीं रहा है। इसके बाद टीम इंडिया ने छह द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेलीं, जिनमें से तीन में उसे जीत मिली, जबकि तीन में हार का सामना करना पड़ा। इस दौरान उसे ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड जैसी टीमों के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी। भारत और न्यूजीलैंड पिछली बार वनडे सीरीज में आमने-सामने आए थे, तब कीवी टीम ने 2-1 से बाजी मारी थी। ऐसे में भारतीय टीम के सामने इस बार पिछली हार का हिसाब बराबर करने की चुनौती भी होगी।

न्यूजीलैंड की धरती पर भी भारत का रिकॉर्ड बहुत प्रभावशाली नहीं रहा है। टीम इंडिया ने यहां आखिरी बार फरवरी 2019 में वनडे मुकाबला जीता था। इसके बाद दोनों देशों के बीच न्यूजीलैंड में दो वनडे सीरीज खेली गईं, जिनमें भारत को 3-0 और 1-0 से हार का सामना करना पड़ा। दूसरी सीरीज में दो मुकाबले बारिश के कारण रद्द हो गए थे। इस दौरान एक बारिश से प्रभावित मुकाबले में भारतीय टीम को हार से बचने का मौका भी मिला था।

06:53 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: काफी गैप के बाद द्विपक्षीय वनडे सीरीज

भारत करीब सात साल और आठ महीने बाद पहली बार पांच मैचों की द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेलने जा रहा है। टीम इंडिया ने आखिरी बार मार्च 2019 में ऐसी सीरीज खेली थी। इसके बाद से उसने कुल 29 द्विपक्षीय वनडे सीरीज खेलीं, लेकिन इनमें से हर सीरीज केवल तीन मैचों की रही।

ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह सीरीज कई मायनों में अलग है। अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में अब एक साल से भी कम समय बचा है। ऐसे में भारतीय टीम के पास 50 ओवर के प्रारूप में अपनी तैयारियों को परखने और खिलाड़ियों को ज्यादा समय देने का मौका होगा।

इस सीरीज में भारतीय क्रिकेट के दो बड़े सितारों विराट कोहली और रोहित शर्मा पर भी नजरें रहेंगी। दोनों अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाकी दो प्रारूपों से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में वनडे प्रारूप में उन्हें ज्यादा समय तक खेलते देखने का मौका मिलेगा। प्रशंसकों के साथ-साथ प्रसारणकर्ता भी इस लंबी सीरीज में दोनों दिग्गजों की मौजूदगी से उत्साहित होंगे।

06:52 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: भारतीय टीम अपडेट

सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 में जगह मिलती है या नहीं। डेरिल मिचेल के खिलाफ उनकी टक्कर देखने लायक होगी। शुभमन गिल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह मध्य ओवरों में पुरानी गेंद से विकेट निकालने वाले गेंदबाज को टीम में चाहते हैं। भारत के पास इस भूमिका के लिए गुरनूर बराड़ का विकल्प भी है। वह लंबे कद के तेज गेंदबाज हैं। सीरीज से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने उनकी जमकर तारीफ की थी।

06:51 AM, 04-Nov-2026

IND vs NZ Live Score: न्यूजीलैंड टीम अपडेट

मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र पूरी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। डेवोन कॉनवे भी मैट हेनरी के साथ अभ्यास के दौरान टक्कर के बाद पहले वनडे में नहीं खेलेंगे। कप्तान मिचेल सैंटनर ने बताया कि हेनरी ठीक नजर आ रहे हैं। कॉनवे की जगह टिम सीफर्ट को टीम में शामिल किया गया है।

06:48 AM, 04-Nov-2026

भारत ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया: कोहली की धमाकेदार बल्लेबाजी; अर्शदीप की घातक गेंदबाजी

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला आज ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जा रहा है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें