भारतीय अंडर-19 टीम ने विश्व कप के पहले मुकाबले में अमेरिका को सात विकेट से हरा दिया है। अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35.2 ओवर में 107 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने जब भारत उतरा तो मैच में बारिश ने खलल डाली जिस कारण मैच काफी देर तक रुका रहा। मैच दोबारा शुरू होने पर ओवर में कटौती की गई। भारत को 37 ओवर में 96 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। भारत ने 17.2 ओवर में चार विकेट पर 99 रन बनाकर मैच अपने नाम किया।
अमेरिका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को चौथा झटका लगा है। विहान मल्होत्रा पवेलियन लौट गए हैं। भारत ने 70 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवाए हैं। उसे जीत के लिए और 26 रन बनाने हैं।
भारत को 25 रन के स्कोर पर तीसरा झटका लगा है और कप्तान आयुष म्हात्रे पवेलियन लौट गए हैं। म्हात्रे 19 रन बनाकर आउट हुए।
भारत को वेदांत त्रिवेदी के रूप में दूसरा झटका लगा है। वेदांत दो रन बनाकर आउट हो गए हैं।
भारत और अमेरिका के बीच अंडर-19 विश्व कप का मुकाबला दोबारा शुरू हो गया है। बारिश के कारण ओवरों में कटौती की गई है और मैच अब 37 ओवर का होगा। इतना ही भारत को अब संशोधित लक्ष्य मिला है और उसे जीत के लिए 96 रन बनाने हैं। भारत के लिए फिलहाल आयुष म्हात्रे और वेदांत त्रिवेदी क्रीज पर हैं।
बुलावायो में तेज बारिश के कारण मैच में देरी हो रही है। फिलहाल बारिश तेज है और मैदान कवर्स से ढका हुआ है।
बुलवायो में खराब रोशनी और आकाशीय बिजली के डर से मैच को रोक दिया गया है। खेल रुकने तक भारत ने चार ओवर में एक विकेट पर 21 रन बना लिए हैं। आयुष म्हात्रे और वेदांत त्रिवेदी नाबाद हैं। टीम इंडिया को अब भी 87 रन की जरूरत है। वैभव सूर्यवंशी दो रन बनाकर आउट हुए।
भारत को 12 के स्कोर पर पहला झटका लगा। वैभव सूर्यवंशी दो रन बनाकर रित्विक का शिकार बने। रित्विक ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया और बेहद आक्रामक तरीके से जश्न मनाया। फिलहाल कप्तान आयुष म्हात्रे और वेदांत त्रिवेदी क्रीज पर हैं।
अमेरिकी टीम 35.2 ओवर में 107 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत को अंडर-19 विश्व कप के पहले मैच में 108 रन का लक्ष्य मिला है। फिलहाल खेल बारिश की वजह से रुका हुआ है। बुलवायो में जैसे ही भारतीय ओपनर्स बल्लेबाजी के लिए उतरे, तेज बारिश शुरू हो गई। इससे पहले भारत की ओर से तेज गेंदबाज हेनिल पटेल ने पांच विकेट झटके। वहीं, दीपेश देवेंद्रन, आरएस अम्ब्रिश, वैभव सूर्यवंशी और खिलन पटेल को एक-एक विकेट मिला। एक खिलाड़ी रन आउट हुआ।
अमेरिका की ओर से सात खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सके। इनमें से तीन खिलाड़ी कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव, ऋषभ शिम्पी और रित्विक अप्पीडी खाता तक नहीं खोल सके। अमरिंदर गिल एक रन, अमोघ अरेपेल्ली तीन रन, अदित कप्पा पांच रन, सबरीश प्रसाद सात रन बनाकर आउट हुए। वहीं, साहिल गर्ग और अर्जुन महेश ने 16-16 रन की पारी खेली। अदनित झाम्ब 18 रन और नीतीश सुदिनी 36 रन बनाकर आउट हुए।
अमेरिका को 35वें ओवर में दो झटके लगे। इस ओवर में हेनिल पटेल ने लगातार दो गेंदों पर सबरीश प्रसाद और ऋषभ शिम्पी को आउट किया। उन्होंने ओवर की पांचवीं गेंद पर सबरीश को कनिष्क के हाथों कैच कराया, फिर आखिरी गेंद पर ऋषभ को पवेलियन भेजा। इस तरह हेनिल ने पांच विकेट पूरे किए। उनके पास हैट्रिक का मौका होगा।
अमेरिका को 80 के स्कोर पर सातवां झटका लगा। विहान मल्होत्रा के डायरेक्ट थ्रो पर अदित कप्पा रन आउट हो गए। वह पांच रन बना सके। फिलहाल नीतीश सुदिनी और सबरीश प्रसाद क्रीज पर हैं।
अमेरिका को 25वें ओवर में 69 के स्कोर पर छठा झटका लगा। आरएस अम्ब्रिश ने अदनित झाम्ब को विकेटकीपर कुंडू के हाथों कैच कराया। वह 18 रन बना सके। फिलहाल नीतीश सुदिनी और अदित कप्पा क्रीज पर हैं। 28 ओवर के बाद टीम का स्कोर छह विकेट पर 78 रन है।
अमेरिका को 16वें ओवर में 39 के स्कोर पर पांचवां झटका लगा। खिलन पटेल ने अमोघ अरापेल्ली को विहान के हाथों कैच कराया। अमोघ तीन रन बना सके। फिलहाल नीतीश और अदनित क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद अमेरिका का स्कोर पांच विकेट पर 45 रन है। हेनिल पटेल ने तीन विकेट झटके हैं। दीपेश को एक विकेट मिला है।
12वें ओवर में 34 के स्कोर पर अमेरिका को दो और झटके लगे। हेनिल पटेल ने पहले ओवर की दूसरी गेंद पर कप्तान उत्कर्ष श्रीवास्तव को क्लीन बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद आखिरी गेंद पर अर्जुन महेश को अम्ब्रिश के हाथों कैच कराया। वह 16 रन बना सके। फिलहाल अमोघ अरापेल्ली और अदनित झाम्ब क्रीज पर हैं। हेनिल ने इससे पहले अमरिंदर गिल को भी आउट किया था। वहीं साहिल गर्ग को दीपेश ने पवेलियन भेजा था।
अमेरिका को नौवें ओवर में 29 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। दीपेश देवेंद्रन ने साहिल गर्ग को हेनिल के हाथों कैच कराया। वह 16 रन बना सके। इससे पहले हेनिल ने अमरिंदर गिल (1) को आउट किया था। फिलहाल महेश और कप्तान उत्कर्ष क्रीज पर हैं। 11 ओवर के बाद अमेरिका का स्कोर दो विकेट पर 34 रन है।
अमेरिका को दूसरे ही ओवर में झटका लगा। हेनिल पटेल ने अमरिंदर गिल को विहान के हाथों कैच कराया। वह सात गेंद में एक रन बना सके। फिलहाल साहिल गर्ग और अर्जुन महेश क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद अमेरिका का स्कोर एक विकेट पर 14 रन है।
भारत: आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उप-कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह पंगालिया, आरएस अम्ब्रिश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, डी. दीपेश।
अमेरिका: उत्कर्ष श्रीवास्तव (कप्तान), अदनित झाम्ब, नीतीश सूदिनी, अर्जुन महेश, अमरिंदर गिल, सबरीश प्रसाद, आदित काप्पा, साहिल गर्ग, अमोघ रेड्डी अरेपल्ली, रित्विक अप्पिडी, ऋषभ शिम्पी।
भारतीय टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। आसमान में काफी बादल छाए हुए हैं, जिससे भारतीय तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिल सकती है। अमेरिका टीम की कप्तानी उत्कर्ष श्रीवास्तव कर रहे हैं। म्हात्रे ने गेंदबाजी के बारे में कहा कि वह तीन पेसर, एक ऑलराउंडर और दो स्पिनर के साथ मैदान पर उतरे हैं।
स्पिन ऑलराउंडर कनिष्क चौहान भारत के सबसे बेहतरीन गेंदबाज हैं, जिन्होंने 15 मैचों में 24.13 की औसत से 22 विकेट लिए हैं, जिनमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/20 रहा है। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन ने भी शानदार प्रदर्शन किया है, जिन्होंने 10 मैचों में 27.86 की औसत से 15 विकेट लिए हैं, जिनमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/16 रहा है।
वैभव सूर्यवंशी अपने शानदार प्रदर्शन से सबको प्रभावित कर रहे हैं। अब तक उन्होंने आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 35 गेंदों में शतक बनाया है, पुरुषों के लिस्ट ए क्रिकेट में 59 गेंदों में सबसे तेज 150 रन बनाए हैं और भारत के लिए युवा वनडे में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर 95 गेंदों में 171 रन है। एशिया कप राइजिंग स्टार्स टी20 मैच में यूएई के खिलाफ 42 गेंदों में 144 रन बनाकर उन्होंने अपने शानदार रिकॉर्ड को और भी मजबूत कर दिया है।
भारतीय अंडर 19 क्रिकेट टीम: आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा (उप-कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, एरॉन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश सिंह (विकेटकीपर), आरएस अम्ब्रिश, कनिष्क चौहान, खिलन ए. पटेल, मोहम्मद एनान, हेनिल पटेल, डी. दीपेश, किशन कुमार सिंह, उधव मोहन।
भारतीय अंडर-19 टीम विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ करेगी। भारत के पास आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी जैसे कई स्टार खिलाड़ी मौजूद हैं और उसका सामना ऐसी टीम से है जो अपेक्षाकृत भारत से कमजोर है। भारत इस टूर्नामेंट में अपने छठा खिताब जीतने के इरादे से उतरेगा। भारत ने 16 अंडर-19 विश्व कप में से पांच बार इस खिताब को अपने नाम किया है।
विराट कोहली, रोहित शर्मा, केन विलियमसन, जो रूट और स्टीव स्मिथ जैसे खिलाड़ियों ने इसी टूर्नामेंट के जरिए क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी तरफ खींचा था और बाद में उन्होंने खुद को खेल के दिग्गज खिलाड़ियों के रूप में स्थापित किया। भारत के मौजूदा टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने भी पहली बार 2018 के अंडर-19 विश्व कप में अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियां बटोरीं, जिसमें टीम ने पृथ्वी शॉ के नेतृत्व में जीत हासिल की थीं। भारत ने 2018 के अलावा 2000, 2008, 2012 और 2022 में ट्रॉफी जीती है। वह 2024 में फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गया था लेकिन इस बार वह खिताब का प्रबल दावेदार है।
भारतीय टीम कागजों पर संतुलित और मजबूत दिखती है। पिछले 16 मैचों में 13 में जीत हासिल करके टीम ने साबित कर दिया है कि वह जीतना जानती है। इस बीच उसने इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका में सीरीज जीती। इसका मतलब है की टीम विदेश की परिस्थितियों में भी जीत हासिल करना जानती है। भारतीय चुनौती का नेतृत्व प्रतिभाशाली वैभव सूर्यवंशी, कप्तान आयुष म्हात्रे, उपकप्तान विहान मल्होत्रा और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज आरोन जॉर्ज करेंगे। जॉर्ज अंडर-19 एशिया कप में 228 रन बनाकर भारत के शीर्ष स्कोरर रहे थे।
हालांकि हाल के दिनों में म्हात्रे की फॉर्म थोड़ी चिंता का विषय रही है, लेकिन टीम में अभिज्ञान कुंडू भी शामिल हैं, जिन्होंने हाल में बेहद अच्छा प्रदर्शन किया है। महज 14 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सूर्यवंशी पहले से ही दुनिया के सबसे चर्चित युवा क्रिकेटरों में से एक हैं। उन्होंने पहली बार आईपीएल के 2025 के सत्र में 35 गेंदों में शतक लगाकर सुर्खियां बटोरी थीं।
प्रतिभाशाली सूर्यवंशी का स्टार बनना तय लग रहा है, लेकिन इस भारतीय टीम में अन्य खिलाड़ी भी हैं जिन्हें भविष्य के सितारों के रूप में देखा जाता है और जो कोहली, रोहित और गिल जैसे खिलाड़ियों की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। टूर्नामेंट से पहले चोटिल होने के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर रहने वाले म्हात्रे और मल्होत्रा ने टीम में वापसी की है जिससे भारत की बल्लेबाजी को मजबूती मिली है। जहां तक तेज गेंदबाजी का सवाल है तो तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन टीम के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं। उनका अनोखा एक्शन उनकी सफलता में अहम भूमिका निभा सकता है। आरएस अंबरीश भी अच्छी गति से गेंदबाजी करते हैं और बल्ले से भी उपयोगी योगदान देने की क्षमता रखते हैं। किशन सिंह और हेनिल पटेल टीम के अन्य दो तेज गेंदबाज हैं।
Live Cricket Score Today, IND U19 vs USA U19 World Cup 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। अंडर-19 विश्व कप का आज से आगाज हो रहा है। पहले मैच में भारत की टक्कर अमेरिका से है। यह मुकाबला बुलवायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत जीत से करना चाहेगी।