आरोन जॉर्ज की शतकीय पारी की मदद से भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में चार विकेट पर 310 रन बनाए। जवाब में भारत के लिए आरोन ने शतक लगाया, जबकि वैभव सूर्यवंशी और कप्तान आयुष म्हात्रे ने अर्धशतक लगाए जिससे टीम ने 41.1 ओवर में तीन विकेट पर 311 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। भारत का फाइनल में सामना इंग्लैंड से शुक्रवार को होगा। इंग्लैंड ने एक अन्य सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था।
लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव और आरोन ने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई। इस दौरान वैभव अपनी पुरानी फॉर्म में नजर आए। वैभव के आउट होने के बाद आरोन और कप्तान म्हात्रे ने पारी आगे बढ़ाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी हुई। म्हात्रे भले ही आउट हो गए, लेकिन आरोन ने बल्लेबाजी जारी रखी और शतक लगाया। वह हालांकि, टीम को जीत दिलाने से पहले ही आउट हो गए। इसके बाद विहान मल्होत्रा और वेदांत त्रिवेदी ने जीत की औपचारिकता को पूरा किया।
भारत के लिए आरोन जॉर्ज ने 104 गेंदों पर 15 चौकों और दो छक्कों की मदद से 115 रन बनाए। वहीं, वैभव ने 33 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्कों की मदद से 68 रन, जबकि म्हात्रे ने 59 गेंदों पर पांच चौकों और चार छक्कों के सहारे 62 रन की पारी खेली। विहान मल्होत्रा 47 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 38 और वेदांत छह गेंदों पर पांच रन बनाकर नाबाद रहे। अफगानिस्तान के लिए नूरिस्तानी ओमरजई ने दो विकेट झटके, जबकि वाहिदुल्लाह जादरान को एक विकेट मिला।
भारत को आरोन जॉर्ज के रूप में तीसरा झटका लगा है। भारत के लिए आरोन ने शतक लगाया और वह 104 गेंदों पर 15 चौकों और दो छक्कों की मदद से 115 रन बनाकर आउट हुए।
आरोन जॉर्ज ने अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में शतक लगाया। आरोन की शानदार बल्लेबाजी के दम पर भारत जीत हासिल करने के करीब पहुंच गया है। आरोन के साथ विहान मल्होत्रा क्रीज पर मौजूद हैं और दोनों बल्लेबाजों के बीच 70+ रनों की साझेदारी हो गई है।
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत का स्कोर 240 रन के पार पहुंच गया है। भारत के लिए आरोन जॉर्ज शतक लगाने के करीब पहुंच गए हैं।
कप्तान आयुष म्हात्रे के रूप में भारत को दूसरा झटका लगा है। म्हात्रे पांच चौकों और चार छक्कों की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए। म्हात्रे और आरोन के बीच दूसरे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी हुई।
अफगानिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय अंडर-19 टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया है। भारत के लिए कप्तान म्हात्रे और आरोन क्रीज पर मौजूद हैं और दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 100+ रनों की साझेदारी हो गई है।
भारत के आरोन जॉर्ज ने अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में अर्धशतक पूरा कर लिया है। भारत का स्कोर 170 रन के पार पहुंच गया है।
आयुष म्हात्रे और आरोन जॉर्ज के बीच दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो गई है। भारतीय टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंच गया है।
अफगानिस्तान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय अंडर-19 टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है।
भारत को सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के रूप में पहला झटका लगा है। सूर्यवंशी विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 33 गेंदों पर नौ चौकों और चार छक्के की मदद से 68 रन बनाकर आउट हुए।
वैभव सूर्यवंशी ने 24 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया। भारत ने सात ओवर के बाद बिना विकेट गंवाए 73 रन बना लिए हैं। फिलहाल एरॉन जॉर्ज 20 रन और वैभव 52 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
भारतीय पारी जारी है। वैभव सूर्यवंशी जब 22 के स्कोर पर थे तो उनका कैच अफगानिस्तान के खिलाड़ी ने छोड़ दिया। यह घटना पांचवें ओवर की है। अजीज गेंदबाजी कर रहे थे। उनकी गेंद पर वैभव ने पॉइंट पर शॉट खेला और वहां मौजूद उजैर ने कैच छोड़ दिया। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना विकेट गंवाए 36 रन है। वैभव 23 रन और एरॉन जॉर्ज 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने अंडर-19 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया है। अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में चार विकेट गंवाकर 310 रन बनाए। टीम इंडिया के सामने फाइनल में पहुंचने के लिए 311 रन का लक्ष्य है। अफगानिस्तान की ओर से दो बल्लेबाजों ने शतक जड़े। इनमें उजईरुल्लाह नियाजाई और फैसल शिनोजादा शामिल हैं।
नियाजाई ने 86 गेंद में 12 चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 101 रन की पारी खेली। वहीं, फैसल ने 93 गेंद में 15 चौके की मदद से 110 रन बनाए। इसके अलावा उस्मान सदत ने 39 रन और खालिद अहमदजई ने 31 रन की पारी खेली। अजिजुल्लाह मियाखिल 12 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अब्दुल अजीज सात रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान को दो-दो विकेट मिले।
अफगानिस्तान को 46वें ओवर में 265 के स्कोर पर तीसरा झटका लगा। दीपेश देवेंद्रन ने फैसल शिनोजादा को क्लीन बोल्ड किया। वह 93 गेंद में 15 चौके की मदद से 110 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल नियाजाई के साथ मियाखिल क्रीज पर हैं। फैसल और नियाजाई के बीच तीसरे विकेट के लिए 148 रन की साझेदारी हुई। 46 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 266 रन है। नियाजाई 76 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
अफगानिस्तान के फैसल शिनोजादा ने 86 गेंद में शतक जड़ दिया है। इसके बाद उन्होंने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। वह बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने नियाजाई के साथ तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी कर ली है। 43 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 221 रन है। फैसल 103 रन और नियाजाई 40 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अफगानिस्तान को पिछला झटका 25वें ओवर में 117 के स्कोर पर लगा था। इसके बाद से भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए जूझते दिखे हैं।
32 ओवर के बाद अफगानिस्तान ने दो विकेट पर 152 रन बना लिए हैं। फिलहाल उजैरुल्लाह नियाजाई 16 रन और फैसल शिनोजादा 59 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 30 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान को एक-एक विकेट मिला।
अफगानिस्तान को 117 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। दीपेश देवेंद्रन ने खालिद को आउट किया था। इसके बाद दूसरी सफलता कनिष्क चौहान ने दिलाई। उन्होंने उस्मान सदत को दीपेश के हाथों कैच कराया। उस्मान 70 गेंद में तीन चौके की मदद से 39 रन बना सके। 25 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 119 रन है।
अफगानिस्तान को 13वें ओवर में 53 के स्कोर पर पहला झटका लगा। दीपेश देवेंद्रन ने खालिद को अहमदजई को विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू के हाथों कैच कराया। वह 39 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल उस्मान सदत और फैसल शिनोजादा क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद अफगानिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 61 रन है।
अफगानिस्तान की पारी की शुरुआत हो चुकी है। उस्मान सदत और खालिद क्रीज पर हैं। उस्मान ने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर चौका लगाया। भारत की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत अम्ब्रिश ने की। पहले ओवर में अफगानिस्तान ने छह रन बनाए।
अफगानिस्तान ने ग्रुप स्टेज में अपने ग्रुप-डी में तीन में से तीन मैच जीते थे और अंक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए सुपर सिक्स के लिए क्वालिफाई किया था। ग्रुप स्टेज में अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों को हराया था। वहीं, सुपर सिक्स में अफगानिस्तान ने आयरलैंड को हराया। वहीं, भारत ने ग्रुप स्टेज में अमेरिका, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड जैसी टीमों को हराया और अपने ग्रुप में शीर्ष पर रही। फिर सुपर सिक्स में टीम ने जिम्बाब्वे और पाकिस्तान को हराया।
भारत: एरॉन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरएस अम्ब्रिश, कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन।
अफगानिस्तान: उस्मान सदत, खालिद अहमदजई, फैसल शिनोजादा, उजैरुल्लाह नियाजई, महबूब खान (विकेटकीपर/कप्तान), अजीजुल्लाह मियाखिल, अब्दुल अजीज, खातिर स्टैनिकजई, रूहुल्लाह अरब, नूरिस्तानी ओमरजई, वहीदुल्लाह जादरान।
अफगानिस्तान के कप्तान महबूब खान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। वहीं, भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने कहा कि वह टॉस से खुश हैं और पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। दोनों ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
आयुष म्हात्रे की अगुआई वाली भारतीय अंडर-19 टीम अफगानिस्तान के खिलाफ अंडर-19 विश्व कप में अपना विजयी अभियान जारी रखने उतरेगी। भारतीय टीम टूर्नामेंट में अब तक अजेय चल रही है और उसका बुधवार को सेमीफाइनल में सामना अफगानिस्तान से होगा। इस प्रतियोगिता के इतिहास में भारत सबसे सफल टीम है। उसने पांच बार (2000, 2008, 2012, 2018, 2022) खिताब जीते हैं। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया का नंबर आता है जिसने चार बार ट्रॉफी जीती है। इस तरह से भारत रिकॉर्ड छठी बार खिताब जीतने की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ाने की कोशिश करेगा।
भारत ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है। उसने अपने सभी पांच मैच आसानी से जीते हैं, जिसमें सुपर सिक्स चरण में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर 58 रन की जीत भी शामिल है। भारतीय टीम हालांकि अफगानिस्तान को कम करके आंकने की गलती नहीं करेगी। अफगानिस्तान का भी टूर्नामेंट में प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। उसने अपने पांच मैचों में से चार जीते हैं। उसे एकमात्र हार श्रीलंका से मिली थी, लेकिन खिलाड़ियों की फॉर्म और खेल के हर क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी नजर आता है।
भारत अंडर-19: आरोन जॉर्ज, अभिज्ञान कुंडू, हरवंश पंगालिया, वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), विहान मल्होत्रा, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल, मोहम्मद एनान, उधव मोहन, किशन सिंह।
अफगानिस्तान अंडर-19: महबूब खान (कप्तान), अजीजुल्लाह मियाखिल, फैसल शिनोजादा, खालिद अहमदजई, उस्मान सादात, उजैरुल्लाह नियाजई, अब्दुल अजीज, अकील खान, खातिर स्टानिकजई, नाजीफुल्लाह अमीरी, नूरिस्तानी उमरजई, रूहुल्लाह अरब, सलाम खान, वहीदुल्लाह जादरान, जैतुल्लाह शाहीन।
नमस्कार अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत और अफगानिस्तान के बीच अंडर-19 वनडे विश्वकप का दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा। यह मुकाबला हरारे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब मैदान में खेला जा रहा है। टीम इंडिया की नजर लगातार छठी बार और ओवरऑल 10वीं बार अंडर-19 वनडे विश्व कप के फाइनल में पहुंचने पर होगी।