फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

USA vs PAK Live Score: टी20 विश्व कप 2024 का पहला बड़ा उलटफेर, अमेरिका ने पाकिस्तान को सुपरओवर में हराया

Fri, 07 Jun 2024 01:48 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डलास

खास बातें

America vs Pakistan T20 World Cup : टी20 विश्व कप के 11वें मैच में पाकिस्तान का सामना मेजबान अमेरिका से था। ग्रुप-ए का यह मुकाबला डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेला गया। अमेरिका की टीम ने लगातार दूसरा मैच जीता। उन्होंने पाकिस्तान को सुपर ओवर में हरा दिया।
विज्ञापन
अमेरिका की टीम - फोटो : ICC
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:19 AM, 07-Jun-2024

पाकिस्तान को हराकर अमेरिका ने किया बड़ा उलटफेर

अमेरिका ने टी20 विश्व कप 2024 का पहला बड़ा उलटफेर कर दिया है। उन्होंने ग्रुप-ए के मैच में 2009 के चैंपियन पाकिस्तान को सुपरओवर में हरा दिया है। यह मुकाबला टेक्सास के डलास के ग्रैंड प्रियरी स्टेडियम में खेला गया। दरअसल, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 159 रन बनाए थे। जवाब में अमेरिका की टीम भी 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 159 रन बना सकी। इसके बाद मैच सुपर ओवर में पहुंचा।

अमेरिका ने सुपरओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम छह गेंद पर 13 रन ही बना सकी। पाकिस्तान का यह टी20 विश्व कप 2024 में पहला मैच था और उसी में उन्हें अपने से कहीं कमजोर अमेरिका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ अमेरिका की टीम ग्रुप-ए में दो जीत और चार अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, भारत एक मैच के बाद दो अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान का अगला मैच नौ जून को भारत से है। वहीं, अमेरिका की टीम अब 12 जून को भारत से भिड़ेगी।

01:06 AM, 07-Jun-2024

USA vs PAK Live Score: पाकिस्तान सुपरओवर में 13 रन बना सका

सुपरओवर में पाकिस्तान के लिए इफ्तिखार अहमद और फखर जमां बल्लेबाजी के लिए आए। वहीं, अमेरिका की ओर से गेंदबाजी करने सौरभ नेत्रवालकर आए।

  • पहली गेंद पर गेंद ने बल्लेबाज इफ्तिखार को बीट किया। कोई रन नहीं बना।
  • दूसरी गेंद पर इफ्तिखार ने चौका लगाया। अब तक कुल चार रन बना चुके हैं। चार गेंद में 15 रन की जरूरत है।
  • तीसरी गेंद पर सौरभ ने इफ्तिखार को मिलिंद कुमार के हाथों कैच कराया। इस गेंद पर कोई रन नहीं बना। अब तक कुल चार रन बने। अब पाकिस्तान को तीन गेंद में 14 रन चाहिए।
  • अब शादाब खान बल्लेबाजी के लिए आए हैं। पाकिस्तान को तीन गेंद में 14 रन चाहिए। स्ट्राइक पर शादाब ही हैं।
  • चौथी गेंद पर गेंद पैर से लगकर चौके के लिए चली गई। अब तक पाकिस्तान ने 10 रन बना लिए हैं। अब पाकिस्तान को दो गेंद में नौ रन चाहिए।
  • पांचवीं गेंद पर दो रन बने। अब पाकिस्तान ने 12 रन बना लिए हैं। पाकिस्तान को एक गेंद में सात रन चाहिए। छक्का लगा तो एक और सुपरओवर होगा।
  • आखिरी गेंद पर शादाब सिर्फ एक रन बना सके। पाकिस्तान सुपर ओवर में अमेरिका के 18 रन के जवाब में 13 रन ही बना सका। 

12:53 AM, 07-Jun-2024

USA vs PAK Live: अमेरिका ने सुपरओवर में 18 रन बनाए

सुपरओवर में अमेरिका के लिए एरॉन जोंस और हरमीत सिंह बल्लेबाजी के लिए आए। वहीं, पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी करने मोहम्मद आमिर आए।

  • पहली गेंद पर जोंस ने चौका लगाया।
  • दूसरी गेंद पर दो रन आए। अब तक कुल छह रन बन चुके हैं।
  • तीसरी गेंद पर यॉर्कर पर जोंस ने एक रन लिया। अब तक कुल सात रन बन चुके हैं।
  • अगली गेंद वाइड रही और इस पर एक रन भी ले लिया। यानी दो रन आए और कोई गेंद भी नहीं हुआ। अब तक कुल नौ रन बन चुके हैं।
  • चौथी गेंद पर एक रन आया। अब तक कुल 10 रन बन चुके हैं।
  • अगली गेंद फिर वाइड रही। इस पर फिर अमेरिकी बल्लेबाजों ने एक रन लिया और कुल दो रन बने। अब तक कुल 12 रन बन चुके हैं।
  • पांचवीं गेंद पर जोंस ने दो रन लिए। अब तक कुल 14 रन बन चुके हैं।
  • अगली गेंद फिर वाइड रही। इस पर फिर अमेरिकी बल्लेबाजों ने एक रन लिया। फिर पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने ओवर थ्रो किया और अमेरिकी खिलाड़ियों ने दूसरा रन लिया। यानी बिना गेंद के तीन रन बने। अब तक कुल 17 रन बन चुके हैं।
  • आखिरी गेंद पर अमेरिकी खिलाड़ियों ने एक रन लिया। जोंस रन आउट हुए।
  • अमेरिका ने सुपर ओवर में कुल 18 रन बनाए। पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए 19 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
12:47 AM, 07-Jun-2024

USA vs PAK Live: सुपरओवर में अमेरिका-पाकिस्तान मैच

अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मैच 20-20 ओवरों के बाद टाई पर समाप्त हुआ है। अब सुपर ओवर से मैच का फैसला होगा। दरअसल, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 159 रन बनाए थे। जवाब में अमेरिका की टीम भी 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 159 रन बना सकी। अब सुपर ओवर में अमेरिका की टीम पहले बल्लेबाजी करेगी। यह टीम एक ओवर में जीतने रन बनाएगी, पाकिस्तान को उसे चेज करना होगा। यह इस विश्व कप का दूसरा सुपर ओवर है।

एक वक्त अमेरिकी टीम रन चेज में आगे थी और लग रहा था कि टीम आसानी से जीत जाएगी। 16 ओवर में अमेरिका ने तीन विकेट पर 126 रन बना लिए थे और 24 गेंद में 34 रन की जरूरत थी। यहीं से पाकिस्तानी गेंदबाजों ने पासा पलटा। अगले तीन ओवर में 19 रन आए। 20वें ओवर में अमेरिका को जीत के लिए 15 रन की जरूरत थी। हारिस रऊफ गेंदबाजी कर रहे थे। स्ट्राइक पर एरॉन जोंस और नीतीश कुमार थे। पहली गेंद पर नीतीश ने एक रन लिया। फिर दूसरी गेंद पर जोंस ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर भी एक रन आया। चौथी गेंद पर एरॉन जोंस ने छक्का लगाया और मैच में अमेरिका की वापसी कराई। इसके बाद पांचवीं गेंद पर जोंस ने एक रन लिया। इस तरह आखिरी गेंद पर अमेरिका को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर नीतीश थे। उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर मैच टाई कर दिया। 

12:22 AM, 07-Jun-2024

USA vs PAK Live: मोनांक भी आउट

कप्तान मोनांक पटेल 38 गेंद में सात चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें आमिर ने रिजवान के हाथों कैच कराया। 15 ओवर के बाद अमेरिका ने तीन विकेट पर 115 रन बना लिए हैं। एरॉन जोंस और नीतीश कुमार क्रीज पर हैं। अब अमेरिका को 30 गेंद में 45 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
12:10 AM, 07-Jun-2024

USA vs PAK Live: गौस क्लीन बोल्ड

अमेरिका को 104 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। हारिस रऊफ ने आंद्रीस गौस को क्लीन बोल्ड किया। वह 26 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बना सके। गौस ने कप्तान मोनांक पटेल के साथ 68 रन की साझेदारी निभाई। इससे पहले मोनांक ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक छक्का लगाकर पूरा किया। फिलहाल मोनांक का साथ निभाने एरॉन जोंस आए हैं। 14 ओवर के बाद अमेरिका का स्कोर दो विकेट पर 111 रन है। अब अमेरिका को 36 गेंद में 49 रन की जरूरत है।

11:56 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live: गौस-मोनांक की संभलकर बल्लेबाजी

1011 ओवर के बाद अमेरिका ने एक विकेट गंवाकर 84 रन बना लिए हैं। फिलहाल आंद्रीज गौस 23 गेंद में 34 रन और मोनांक पटेल 27 गेंद में 31 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। अमेरिका को अब 54 गेंद में 76 रन की जरूरत है।

11:29 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live: अमेरिका को पहला झटका

अमेरिका को 36 पर पहला झटका। नसीम शाह ने स्टीवन टेलर को रिजवान के हाथों कैच कराया। वह 12 रन बना सके। फिलहाल कप्तान मोनांक पटेल और आंद्रियास गौस क्रीज पर हैं। छह ओवर यानी पावरप्ले खत्म होने के बाद अमेरिका का स्कोर एक विकेट पर 44 रन है।

11:21 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live: अमेरिका की सधी हुई शुरुआत

अमेरिका की शुरुआत सधी हुई रही है। उसने तीन ओवर में बिना विकेट गंवाए 24 रन बना लिए हैं। कप्तान मोनांक पटेल 12 रन और स्टीवन टेलर सात रन बनाकर क्रीज पर हैं। पाकिस्तान ने 160 रन का लक्ष्य दिया है। अमेरिका उलटफेर कर सकता है।

10:47 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live: पाकिस्तान ने 159 रन बनाए

पाकिस्तान ने अमेरिका के सामने 160 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 159 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। वहीं, शादाब खान ने 40 रन की पारी खेली।

पाकिस्तान की पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत खराब रही थी। 26 रन तक टीम ने तीन विकेट गंवा दिए थे। मोहम्मद रिजवान नौ रन, उस्मान खान तीन रन और फखर जमां 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान बाबर ने शादाब के साथ 72 रन की साझेदारी निभाई। शादाब 25 गेंद पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। आजम खान फिर फ्लॉप रहे और गोल्डन डक का शिकार हुए। वह अपनी पहली ही गेंद पर केंजिगे का शिकार बने।

बाबर 43 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 44 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, इफ्तिखार अहमद 14 गेंद में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शाहीन ने 16 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 23 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, हारिस रऊफ तीन रन बनाकर नाबाद रहे। अमेरिका की ओर से नौस्थुश केंजिगे ने तीन विकेट लिए। वहीं, सौरभ नेत्रवालकर को दो विकेट मिले। अली खान और जसदीप सिंह को एक-एक विकेट मिला।

10:41 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live: शाहीन-इफ्तिखार क्रीज पर

18 ओवर के बाद पाकिस्तान ने छह विकेट गंवाकर 139 रन बना लिए हैं। शाहीन अफरीदी सात रन और इफ्तिखार अहमद 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

09:56 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live Score: 10 ओवर समाप्त

10 ओवर के बाद पाकिस्तान ने तीन विकेट गंवाकर 66 रन बना लिए हैं। बाबर आजम 14 रन और शादाब खान 23 रन बनाकर नाबाद हैं। मोहम्मद रिजवान नौ रन, उस्मान खान तीन रन और फखर जमां 11 रन बनाकर आउट हुए। 

09:23 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live Score: पाकिस्तान को दो झटके

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार ओवर में दो विकेट गंवाकर 22 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान बाबर आजम दो रन और फखर जमां आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं। मोहम्मद रिजवान नौ रन बनाकर सौरभ नेत्रवालकर का और उस्मान खान तीन रन बनाकर केंजिगे का शिकार बने।

08:37 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), उस्मान खान, फखर जमान, आजम खान, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, मोहम्मद आमिर, हारिस रऊफ।

अमेरिका: स्टीवन टेलर, मोनांक पटेल (विकेटकीपर/कप्तान), एंड्रीज गौस, आरोन जोन्स, नीतीश कुमार, कोरी एंडरसन, हरमीत सिंह, जसदीप सिंह, नोस्टुश केनजिगे, सौरभ नेत्रावलकर, अली खान।

08:36 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live Score: अमेरिका ने जीता टॉस

अमेरिका के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। अमेरिकी टीम ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। वहीं, पाकिस्तान की टीम चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरी है। इमाद वसीम चोटिल होने की वजह से इस मैच में नहीं खेल रहे हैं।

07:24 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live Score: फखर-इफ्तिखार की बल्लेबाजी अहम

टीम में सैम अय्यूब जैसे नए बल्लेबाज भी हैं। रिकी पोटिंग ने इनकी तारीफ भी की है। फखर जमां और इफ्तिखार अहमद को अपना नाम के अनुसार प्रदर्शन करना होगा। अमेरिका अपने पहले विश्वकप के पहले मैच में कनाडा को सात विकेट सेे हरा चुका है, लेकिन पाकिस्तान के सामने उसकी असली परीक्षा होगी।

07:24 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live Score: तेज गेंदबाजी है ताकत

पाकिस्तान की ताकत उसकी गेंदबाजी है। उसके पास शाहीन, आमिर, हारिस राउफ, नसीम शाह जैसे विस्फोटक तेज गेंदबाज और शादाब खान जैसे स्पिन ऑलराउंडर हैं। बल्लेबाजी बाबर और मोहम्मद रिजवान पर निर्भर है। इन दोनों अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन इनका स्ट्राइक रेट समस्या रहा है।

07:23 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live Score: टूर्नामेंट शुरू होने से पहले PAK टीम में विवाद

टीम की कप्तानी शाहीन आफरीदी से छीनकर एक बार फिर बाबर आजम को सौंपी गई है। शाहीन को उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन उन्होंने यह जिम्मेदारी लेने से इंकार कर दिया। टीम में मोहम्मद आमिर जैसे दिग्गज बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और बाएं हाथ के स्पिनर इमाद वसीम की वापसी हो रही है। हालांकि इमाद चोटिल हो गए हैं और अमेरिका के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं। 

07:22 PM, 06-Jun-2024

USA vs Pakistan Live Score: पाकिस्तान का फॉर्म अच्छा नहीं

गत उपविजेता पाकिस्तान ग्रुप ए में सहमेजबान अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। पाकिस्तानी टीम की हालिया फॉर्म अच्छी नहीं रही है। आयरलैंड के खिलाफ उसे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में हार मिली। वहीं, इंग्लैंड के हाथों उसे 0-2 से पराजित होना पड़ा।

07:19 PM, 06-Jun-2024

USA vs PAK Live Score: टी20 विश्व कप 2024 का पहला बड़ा उलटफेर, अमेरिका ने पाकिस्तान को सुपरओवर में हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज टी20 विश्व कप के 11वें मैच में पाकिस्तान का सामना मेजबान अमेरिका से है। ग्रुप-ए का यह मुकाबला डलास के ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम में खेला जा रहा है। अमेरिका की टीम एक मैच जीत चुकी है। वहीं, पाकिस्तान का यह इस टूर्नामेंट में पहला मैच है। टीम जीत के साथ आगाज करना चाहेगी। हालांकि, अमेरिका की चुनौती आसान नहीं रहने वाली है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें