07:44 AM, 02-Jun-2024
USA vs CAN Live : अमेरिका को मिला 195 रनों का लक्ष्य
सलामी बल्लेबाज नवनीत धालीवाल और निकोलस किरटोन के अर्धशतकों की मदद से कनाडा ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 के पहले मकाबले में सह-मेजबान अमेरिका के सामने जीत के लिए 195 रनों का लक्ष्य रखा। अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, लेकिन नवनीत और निकोलस ने शानदार पारियां खेल कनाडा को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। नवनीत ने 44 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 61 रन और निकोलस ने 31 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 51 रन की पारी खेली। इनके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज श्रेयस मोवा 16 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों के सहारे 32 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले, अमेरिका के कप्तान मोनाक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया, लेकिन आरोन जॉनसन और नवनीत की सलामी जोड़ी ने कनाडा को अच्छी शुरुआत दिलाई। आरोन के आउट होने के बाद नवनीत ने मोर्चा संभाला और दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। नवनीत के पवेलियन लौटने के बाद निकोलस ने मोर्चा संभाला और अपने करियर का पहला पचासा जड़ा। अंत के ओवरों में श्रेयस ने तूफानी बल्लेबाजी की जिससे टीम का स्कोर 190 के पार पहुंचा।