देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय टीम को जीत की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा "भारतीय टीम ने आज एशिया कप के मैच में बेहतरीन ऑलराउंड खेल दिखाया। टीम ने शानदार क्षमता और जुझारुपन दिखाया। जीत पर उन्हें बधाई।"
भारत ने एशिया कप 2022 की शुरुआत जीत के साथ की है। पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 19.5 ओवर में 147 रन बनाए। मोहम्मद रिजवान ने 43 रन की पारी खेली। भुवनेश्वर कुमार ने चार और हार्दिक पांड्या ने तीन विकेट लिए। जवाब में भारत ने कड़े मुकाबले को 19.4 ओवर में पांच विकेट से जीत लिया। हार्दिक ने छक्के के साथ मैच को खत्म किया। भारत की ओर से विराट कोहली ने 35 रन, रवींद्र जडेजा ने 29 गेंदों में 35 रन और हार्दिक पांड्या ने 17 गेंदों में 33 रन की नाबाद पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद नवाज ने तीन और नसीम शाह ने दो विकेट लिए।
भारत ने एशिया कप में लगातार चौथी बार पाकिस्तान को हराया है। इससे पहले 2016 में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया था। इसके बाद 2018 एशिया कप में टीम इंडिया ने पहले मैच में 8 विकेट और दूसरे मैच में नौ विकेट से हराया था।
आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए सात रन चाहिए थे। पहली गेंद पर मोहम्मद नवाज ने रवींद्र जडेजा को क्लीन बोल्ड किया। फिलहाल दिनेश कार्तिक और हार्दिक पांड्या क्रीज पर हैं।
18 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 127 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 34 रन और हार्दिक पांड्या 14 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को 12 गेंदों में 21 रन की जरूरत है। केएल राहुल (0), रोहित शर्मा (12), विराट कोहली (35), सूर्यकुमार यादव (18) पवेलियन लौट चुके हैं।
16 ओवर के बाद भारत ने चार विकेट गंवाकर 107 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 22 रन और हार्दिक पांड्या 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को 24 गेंदों में 41 रन की जरूरत है। केएल राहुल (0), रोहित शर्मा (12), विराट कोहली (35) , सूर्यकुमार यादव (18) पवेलियन लौट चुके हैं।
भारतीय टीम मुश्किल में पड़ती दिखाई दे रही है। 15वें ओवर में भारत को चौथा झटका लगा। नसीम शाह ने सूर्यकुमार यादव को क्लीन बोल्ड किया। सूर्या 18 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए। नसीम को मिली यह दूसरी सफलता है। इससे पहले उन्होंने केएल राहुल को बोल्ड किया था। सूर्यकुमार और जडेजा के बीच चौथे विकेट के लिए 31 गेंदों में 36 रन की साझेदारी हुई। 15 ओवर के बाद भारत का स्कोर चार विकेट पर 97 रन है। फिलहाल हार्दिक पांड्या सात रन और जडेजा 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को 30 गेंदों में 51 रन चाहिए।
14 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 89 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 18 रन और सूर्यकुमार यादव 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 29 गेंदों में 36 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को 36 गेंदों में 59 रन की जरूरत है। केएल राहुल (0), रोहित शर्मा (12), विराट कोहली (35) पवेलियन लौट चुके हैं।
12 ओवर के बाद भारत ने तीन विकेट गंवाकर 77 रन बना लिए हैं। फिलहाल रवींद्र जडेजा 15 रन और सूर्यकुमार यादव 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए अब तक 17 गेंदों में 24 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को 48 गेंदों में 71 रन की जरूरत है। केएल राहुल (0), रोहित शर्मा (12), विराट कोहली (35) पवेलियन लौट चुके हैं।
10वें ओवर में भारत को तीसरा झटका लगा। मोहम्मद नवाज ने विराट कोहली को इफ्तिखार अहमद के हाथों कैच कराया। विराट 34 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। नवाज ने अपने पहले ओवर (पारी का आठवां ओवर) की आखिरी गेंद पर रोहित शर्मा को आउट किया था। वहीं, 10वें ओवर की पहली गेंद पर विराट को पवेलियन भेजा। उनके पास हैट्रिक लेने का मौका था, लेकिन अगली गेंद पर सूर्यकुमार यादव ने एक रन लिया। 10 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 62 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव दो रन और रवींद्र जडेजा आठ रन बनाकर क्रीज पर हैं।
आठवें ओवर में भारत को दूसरा झटका लगा। कप्तान रोहित शर्मा 18 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मोहम्मद नवाज ने आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर इफ्तिखार अहमद के हाथों कैच कराया। रोहित ने अपनी पारी में एक छक्का लगाया। रोहित और विराट के बीच दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी हुई। केएल राहुल खाता खोले बिना पवेलियन लौटे थे। आठ ओवर के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 50 रन है। फिलहाल विराट कोहली 33 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रवींद्र जडेजा उनका साथ निभाने मैदान पर पहुंचे हैं।
भारतीय पारी का पावरप्ले समाप्त हो गया है। टीम इंडिया ने छह ओवर में एक विकेट पर 38 रन बनाए हैं। विराट कोहली 29 और रोहित शर्मा चार रन बनाकर नाबाद हैं। कोहली लय में दिख रहे हैं।
पांच ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 29 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 21 गेंदों में 24 रन और रोहित शर्मा आठ गेंदों में चार रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। केएल राहुल बिना खाता खोले आउट हो गए। उन्हें 19 साल के डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज नसीम शाह ने बोल्ड किया।
तीन ओवर के बाद भारत ने एक विकेट गंवाकर 15 रन बना लिए हैं। फिलहाल विराट कोहली 12 रन और रोहित शर्मा दो रन बनाकर क्रीज पर हैं। केएल राहुल बिना खाता खोले आउट हो गए। उन्हें 19 साल के डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज नसीम शाह ने बोल्ड किया।
भारत को पहले ही ओवर में झटका लगा। 19 साल के डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज नसीम शाह ने पहले ओवर की दूसरी ही गेंद पर केएल राहुल को बोल्ड किया। राहुल खाता भी नहीं खोल सके। पहले ओवर में नसीम ने शानदार गेंदबाजी की। चौथे गेंद पर विराट कोहली को जीवनदान मिला। नसीम की गेंद विराट के बल्ले का किनारा लेकर स्लिप में पहुंची। फखर जमान ने कोहली का कैच छोड़ दिया। एक ओवर के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर तीन रन है।
पाकिस्तान ने भारत के सामने 148 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 19.5 ओवर में 147 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उनकी ओर से मोहम्मद रिजवान ने सबसे ज्यादा 43 रन की पारी खेली। वहीं, आखिर में शहनवाज दहानी ने छह गेंदों में 16 रन बनाए। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए। वहीं, हार्दिक पांड्या को तीन विकेट मिले।
भारतीय टीम आज के मैच में एक रणनीति के साथ उतरी थी। उन्होंने लगातार शॉर्ट बॉल फेंकी। पाकिस्तान के शुरुआती पांच विकेट शॉर्ट बॉल पर ही गिरे। बाबर आजम 10 रन, फखर जमान 10 रन, इफ्तिखार अहमद 28 रन, खुशदिल शाह दो रन और मोहम्मद रिजवान 43 रन बनाकर आउट हुए। 15वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने रिजवान और खुशदिल को पवेलियन भेजा। इसके बाद शादाब खान 10 रन, आसिफ अली नौ रन बनाकर आउट हुए। मोहम्मद नवाज कुछ खास नहीं कर सके और एक रन बनाकर आउट हुए। 19वें ओवर में भुवनेश्वर हैट्रिक से चूक गए। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर शादाब और नसीम शाह को पवेलियन भेजा। आखिरी ओवरों में शहनवाज दहानी ने कुछ बड़े शॉट लगाए। उन्होंने दो छक्के लगाए। हालांकि, अर्शदीप ने 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर दहानी को क्लीन बोल्ड किया। दहानी छह गेंदों पर 16 रन बनाए।
19वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी देखने को मिली। उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर शादाब खान को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। शादाब 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तीसरी गेंद पर नसीन शाह को भी एल्बीडब्ल्यू आउट किया। नसीम खाता भी नहीं खोल सके। 19 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर नौ विकेट पर 136 रन है। फिलहाल शहनवाज दहानी और हारिस रऊफ क्रीज पर हैं। भुवनेश्वर ने चार ओवर में 26 रन देकर चार विकेट झटके। यह किसी भी भारतीय गेंदबाज का पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
18वें ओवर में पाकिस्तान को सातवां झटका लगा। अर्शदीप सिंह ने मैच में अपना पहला विकेट लिया। उन्होंने मोहम्मद नवाज को विकेटकीपर दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। नवाज एक रन बना सके। 18 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर सात विकेट पर 124 रन है। फिलहाल शादाब खान छह रन और हारिस रऊफ 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
अर्शदीप सिंह
17वें ओवर में 112 के स्कोर पर पाकिस्तान को छठा झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार ने आसिफ अली को पवेलियन भेजा। आसिफ नौ रन बना सके। भुवनेश्वर ने उन्हें सूर्यकुमार के हाथों कैच कराया। 17 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर छह विकेट पर 114 रन है। मोहम्मद नवाज और शादाब खान क्रीज पर हैं।
भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआती पांच विकेट शॉर्ट बॉल पर झटके। भारतीय टीम की बीच-बीच में शॉर्ट बॉल फेंकने की रणनीति काम आई। बाबर, रिजवान, इफ्तिखार, खुशदिल और फखर शॉर्ट बॉल पर आउट हुए।
15वें ओवर में पाकिस्तान को दो झटके लगे। हार्दिक पांड्या ने इस ओवर में पहले मोहम्मद रिजवान और फिर खुशदिल शाह को पवेलियन भेजा। 15वें ओवर में पाकिस्तान को दो झटके लगे। हार्दिक पांड्या ने इस ओवर में पहले मोहम्मद रिजवान और फिर खुशदिल शाह को पवेलियन भेजा। रिजवान 42 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हुए। वे अर्धशतक से चूक गए। अपनी पारी में रिजवान ने चार चौके और एक छ्क्का लगाया। हार्दिक ने 15वें ओवर की पहली ही गेंद पर रिजवान को आवेश खान के हाथों कैच कराया। इसके बाद तीसरी गेंद पर हार्दिक ने खुशदिल शाह को जडेजा के हाथों कैच कराया। वे दो रन बना सके। 15 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर पांच विकेट पर 103 रन है। हार्दिक ने चार ओवर के गेंदबाजी कोटे में 25 रन देकर तीन विकेट झटके। इससे पहले उन्होंने इफ्तिखार अहमद को पवेलियन भेजा था।
पाकिस्तान के इफ्तिखार अहमद जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके। हार्दिक पांड्या ने युजवेंद्र चहल की गलती सुधारी और इफ्तिखार को पवेलियन भेजा। दरअसल, इफ्तिखार को 12वें ओवर में चहल ने अपनी ही गेंद पर ड्रॉप किया था। तब वह 27 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। इसके बाद 13वें ओवर की पहली गेंद पर हार्दिक ने इफ्तिखार को विकेटकीपर कार्तिक के हाथों कैच कराया। वह 22 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन बना सके। इफ्तिखार और रिजवान के बीच तीसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी हुई। फिलहाल मोहम्मद रिजवान और खुशदिल शाह क्रीज पर हैं। 13 ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 90 रन है।
10 ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोहम्मद रिजवान 29 रन और इफ्तिखार अहमद 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बाबर आजम और फखर जमान दोनों 10-10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बाबर को भुवनेश्वर कुमार ने और फखर को आवेश ने पवेलियन भेजा।
नौ ओवर के बाद पाकिस्तान ने दो विकेट गंवाकर 63 रन बना लिए हैं। फिलहाल मोहम्मद रिजवान 26 रन और इफ्तिखार अहमद 14 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बाबर आजम और फखर जमान दोनों 10-10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बाबर को भुवनेश्वर कुमार ने और फखर को आवेश ने पवेलियन भेजा।
42 पर पाकिस्तान को दूसरा झटका लगा। पाकिस्तान की पारी के छठे ओवर में आवेश खान गेंदबाजी के लिए आए। उन्होंने अपने पहले ही ओवर में फखर जमान को पवेलियन भेजा। दरअसल, आवेश ने शॉर्ट बॉल फेंकी। इस पर फखर ने बल्ला लगाना चाहा। गेंद उनके बल्ले से लगकर विकेटकीपर दिनेश कार्तिक तक पहुंची। हालांकि, इस पर न तो गेंदबाज ने और न ही कार्तिक ने अपील की। हालांकि, फखर खुद ही पवेलियन लौटने लगे और खेल भावना का परिचय दिया। फखर छह गेंदों में 10 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके लगाए। पावरप्ले खत्म होने के बाद यानी पहले छह ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर दो विकेट पर 43 रन है। फिलहाल इफ्तिखार अहमद एक रन और मोहम्मद रिजवान 20 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
पांच ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 30 रन है। फिलहाल फखर जमान नौ रन और मोहम्मद रिजवान नौ रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक दूसरे विकेट के लिए 15 रन की साझेदारी हो चुकी है। कप्तान बाबर आजम पवेलियन लौट चुके हैं। उन्हें भुवनेश्वर कुमार ने अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। बाबर 10 रन बना सके।
15 के स्कोर पर पाकिस्तान को पहला झटका लगा है। पारी के तीसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने कप्तान बाबर आजम को अर्शदीप सिंह के हाथों कैच कराया। बाबर नौ गेंदों में 10 रन बना सके। बाबर फिलहाल टी-20 में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज हैं। उनका विकेट पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका है। तीन ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर एक विकेट पर 19 रन है। फिलहाल मोहम्मद रिजवान और फखर जमान क्रीज पर हैं।
मैच के पहले ही ओवर में मोहम्मद रिजवान दो बार बाल-बाल बचे। पहले ओवर में भुवनेश्वर कुमार गेंदबाजी के लिए आए। दूसरी गेंद पर गेंद जाकर रिजवान के बैटिंग पैड पर लगी। इस पर भारतीय खिलाड़ियों ने अपील की और मैदानी अंपायर ने आउट करार दिया। इसके बाद रिजवान ने डिसीजन रिव्यू सिस्टम (डीआरएस) का इस्तेमाल किया। रिप्ले में दिखा कि गेंद ऊंचाई में स्टंप को मिस कर रही थी। ऐसे में पाकिस्तान का रिव्यू भी बचा और रिजवान नॉटआउट रहे। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर गेंद रिजवान के बल्ले को मिस करते हुए विकेटकीपर कार्तिक के पास पहुंची। इस पर रोहित समेत टीम इंडिया के तमाम खिलाड़ियों ने कैच आउट की अपील की। रोहित ने डीआरएस का इस्तेमाल किया। हालांकि, गेंद बल्ले को मिस कर रही थी। इस तरह भारत ने एक रिव्यू गंवा दिया। एक ओवर के बाद पाकिस्तान का स्कोर बिना विकेट गंवाए छह रन है।
पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), फखर जमान, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, आसिफ अली, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, हारिस रऊफ, शाहनवाज दहानी।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी है। टॉस के वक्त रोहित ने कहा- ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं लगता कि टॉस इतना महत्वपूर्ण है, हम यहां सिर्फ अच्छा क्रिकेट खेलने आए हैं। हम यहां आईपीएल में खेले हैं, इसलिए उम्मीद है कि पिच अच्छी होगी। दिनेश और ऋषभ के बीच हमें एक कठिन निर्णय लेना पड़ा। ऋषभ पंत नहीं खेल रहे। कार्तिक को मौका दिया गया है। आवेश खान तीसरे सीमर हैं। यह हमारे लिए महत्वपूर्ण खेल है, लेकिन क्रिकेटर के रूप में हम विपक्ष के बारे में नहीं सोचना चाहते, हम जो भी गलतियां कर रहे हैं, उन्हें सुधारना चाहते हैं।
वहीं, पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा- हम भी पहले गेंदबाजी कर रहे होते, लेकिन ये हमारे हाथ में नहीं है। हम बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करेंगे और देखेंगे आगे क्या होता है। नसीम शाह डेब्यू कर रहे। हम तीन तेज गेंदबाज और दो स्पिनर के साथ मैदान पर उतरे हैं। पिछले साल वाली भारतीय टीम और इस भारतीय टीम में कुछ नए चेहरे हैं। हम इस मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करेंगे।
पाकिस्तान के लिए 19 साल के नसीम शाह अपना पहला टी20 मैच खेलेंगे। इससे पहले उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ वनडे मैच में शानदार प्रदर्शन किया था। नसीम भले ही अपना पहला मैच खेल रहे हों, लेकिन पाकिस्तान को शुरुआती विकेट दिलाने की जिम्मेदारी उनके ऊपर ही होगी। टॉस थोड़ी देर में होगा।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने पिच रिपोर्ट में कहा- आउटफील्ड में घास है। गेंद तेजी से जाएगी। पिच से गेंदबाजों को मदद मिलेगी। श्रीलंका और अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में भी इसी पिच का इस्तेमाल किया गया था। यहां गेंद ज्यादा स्विंग होगी। तेज गेंदबाज कहर बरपा सकते हैं। टॉस जीतने वाली टीम यहां पहले गेंदबाजी करना पसंद करेगी। पिछले 10 मैचों में नौ मैच बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि एक मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीता है। पहली पारी का औसत स्कोर 130 रन रहा है।
भारतीय टीम भी मैच के लिए स्टेडियम पहुंच चुकी है। भारतीय खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे हुए दिख रहे हैं। 2021 टी20 विश्व कप के बाद टीम इंडिया कोई टी20 सीरीज नहीं हारी है। हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी शानदार लय में हैं और भारत को मैच जिता सकते हैं।
मैच के लिए पाकिस्तान की टीम स्टेडियम पहुंच चुकी है। पाकिस्तान के फैंस और खिलाड़ी मैच को लेकर काफी उत्साहित दिख रहे हैं, लेकिन शाहीन अफरीदी के बिना खेल रही पाक टीम के अंदर थोड़ी चिंता जरूर होगी।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने साथी खिलाड़ी विराट कोहली को 100वें टी20 मैच से पहले शुभकामनाएं दी हैं। विराट इस मैच में मैदान में उतरते ही भारत के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में देश के लिए 100 मैच खेले हैं। इस मामले में वो रॉस टेलर के बाद दुनिया के दूसरे खिलाड़ी हैं।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा है कि वो पिछले मैच के नतीजे से दबाव में नहीं आएंगे। भारतीय टीम इतिहास को पीछे छोड़कर यह मैच खेलने उतरेगी। इससे पहले दोनों टीमें 10 महीने पहले आपस में खेली थीं और टीम इंडिया ने यह मैच 10 विकेट से गंवा दिया था।
मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें पाकिस्तान क्रिकेट टीम के फैंस खिलाड़ियों से ऑटोग्राफ लेते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो शेयर करते हुए पीसीबी ने फैंस को अपनी असली ताकत बताया।
सचिन ने 2003 विश्व कप की तस्वीरें शेयर की हैं। इस विश्व कप में भारत ने सचिन की 98 रन की पारी की बदौलत पाकिस्तान को हराया था। सचिन ने जो फोटो शेयर की है, वह मैच के बाद की है, जब भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे।
रोहित शर्मा इस मैच में टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। रोहित शर्मा अगर मैच में 11 रन बना लेते हैं तो न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल को पीछे छोड़ सकते हैं। गुप्टिल के 3497 रन हैं। वहीं, भारतीय कप्तान के 3487 रन हैं। इस मामले में तीसरे स्थान पर विराट कोहली हैं। उनके नाम 3308 रन हैं।
विराट कोहली के 100वें टी20 मैच से पहले उनके खास दोस्त एबी डिविलियर्स ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कोहली को खास मैसेज देते हुए लिखा कि, 'मैं इस संदेश को शेयर करते हुए बहुत सौभाग्यशाली समझ रहा हूं. मैं अपने बहुत अच्छे दोस्त विराट कोहली को क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में 100 मैच खेलने वाले भारत के पहले क्रिकेटर बनने पर बधाई देना चाहता हूं।
यह विराट कोहली का 100वां टी20 मैच होगा। कोहली भारत के पहले खिलाड़ी बनेंगे, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में 100 मैच खेले हैं। यह उपलब्धि हासिल करने वाले कोहली दुनिया के दूसरे क्रिकेटर हैं। न्यूजीलैंड के रॉस टेलर पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में 100 मैच खेले। कोहली के बाद बांग्लादेश के शाकिब अल हसन भी यह उपलब्धि हासिल करेंगे।
टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। वे दुबई दौरे पर गई भारतीय टीम में शामिल हो गए हैं। वहीं, उनकी जगह पर गए अंतरिम कोच वीवीएस लक्ष्मण, बेंगलुरु लौट आए हैं।
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने अपनी टीम से पिछला विश्व कप याद करने को कहा है। पिछले विश्व कप में पाकिस्तान की टीम ने भारत को दुबई के मैदान पर 10 विकेट से हराया था। इसी मैदान पर यह मुकाबला होना है। यह पहला मौका था, जब विश्व कप में टीम इंडिया पाकिस्तान से हारी थी। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें बाबर अपने खिलाड़ियों से कहते दिख रहे हैं कि हमें उसी तरीके से खेलना है, जैसे पिछले विश्व कप में खेलना है।
भारत-पाकिस्तान के बीच मैच से पहले संजगना गणेशन के साथ बातचीत के दौरान रिकी पोंटिंग ने कहा कि भारत यह मैच जीतेगा। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड मैच का दबाव एक समान होता है, लेकिन फिलहाल भारतीय टीम ज्यादा मजबूत नजर आ रही है।
मैच से पहले रोहित शर्मा ने कहा है कि हम यही सोचकर मैदान में उतरेंगे की यह एक सामान्य टीम है, जिसे हमें हराना है। हम भारत-पाकिस्तान मैच का दबाव अपने ऊपर नहीं लेंगे। भारत के सभी खिलाड़ी मैच के लिए तैयार हो चुके हैं। बीसीसीआई ने भारतीय खिलाड़ियों की तैयारी का एक वीडियो जारी किया है, जिसमें सूर्यकुमार यादव खास शॉट लगाते दिख रहे हैं।
एशिया कप में ये दोनों टीमों के बीच 15वां मुकाबला होगा। इससे पहले हुए 14 मैचों में आठ मैच भारत और पांच मैच पाकिस्तान ने जीते हैं। एक मैच बारिश की वजह से धुल गया था। इस टूर्नामेंट में भारत आखिरी बार पाकिस्तान से 2012 में हारा था।
दुबई की गर्मी खिलाड़ियों को परेशान कर सकती है। मैच वाले दिन तापमान 40 से 31 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। रात के समय तापमान कम होगा और खिलाड़ियों को राहत मिलेगी। भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों के खिलाड़ी इस तापमान में खेलने के अभ्यस्त हैं। मैच के दौरान हवा की गति 17 किलोमीटर के करीब रहेगी। दर्शकों से भरे मैदान में खिलाड़ियों को परेशानी हो सकती है।
ओस बनेगी समस्या
यूएई में ओस हमेशा से ही अहम भूमिका अदा करती आई है और इस मैच में भी ओस का अहम रोल रहेगा। टूर्नामेंट के पहले मैच में भी दोनों कप्तान पहले गेंदबाजी करना चाहते थे और टॉस जीतने वाली टीम ने ही मैच जीता। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के कप्तान भी टॉस जीतकर बल्ले गेंदबाजी करना चाहेंगे। मैच के दौरान नमी की मात्रा 35 फीसदी के करीब रहेगी।
पाकिस्तान को शाहीन शाह आफरीदी की कमी खलेगी तो भारत के लिए भी जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति किसी झटके से कम नहीं है। वह पीठ की चोट के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हैं। उनके अलावा टी-20 के विशेषज्ञ गेंदबाज हर्षल पटेल भी पसलियों की चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं। पाकिस्तान के मोहम्मद वसीम भी चोटिल होकर बाहर हो चुके हैं। टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ भी कोरोना संक्रमित होने के कारण टीम के साथ नहीं थे, लेकिन मैच से ठीक पहले वो कोरोना से उबर गए हैं और भारतीय टीम के साथ जुड़े चुके हैं। उनका वापस आना भारत के लिए अच्छी खबर है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशिया कप 2022 का दूसरा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच है। पहले मैच में अफगानिस्तान ने श्रीलंका को हराकर विजयी आगाज किया है और बड़ी जीत के साथ अगले दौर में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। वहीं, भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले में जीतने वाली टीम का भी दूसरे दौर में जाना तय हो जाएगा।
ये दोनों टीमें लगभग 10 महीने बाद एक दूसरे के खिलाफ खेल रही हैं और दोनों टीमें यह मैच जीतकर एशिया कप की विजयी शुरूआत करना चाहेंगी। वहीं, टीम इंडिया पिछले मुकाबले में 10 विकेट से मिली हार का बदला लेना चाहेगी। दोनों टीमों के प्रमुख गेंदबाज इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं। इसके बावजूद यही दोनों टीमें खिताब जीतने की सबसे प्रबल दावेदार हैं।