दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने महिला प्रीमियर लीग के फाइनल में जगह बना ली है। उसने यूपी वॉरियर्स को पांच विकेट से हराया। दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। यूपी वॉरियर्स की टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 138 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 17.5 ओवर में 142 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया।
दिल्ली कैपिटल्स फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम है। वह 26 मार्च को ब्रेबोर्न स्टेडियम में होने वाले खिताबी मुकाबले में उतरेगी। फाइनल की दूसरी टीम का फैसला 24 मार्च को एलिमिनेटर से होगा। अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहने वाली मुंबई इंडियंस का सामना तीसरे स्थान की टीम यूपी वॉरियर्स से होगा।
दिल्ली ने 139 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की। कप्तान मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा ने पहले विकेट के लिए 4.5 ओवर में ही 56 रन जोड़कर जीत की नींव रख दी। शेफाली 16 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हुईं। जेमिमा रोड्रिग्स तीन रन ही बना सकीं। कप्तान मैग लैनिंग 23 गेंद पर 39 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। 70 रन पर तीन विकेट गिर जाने के बाद मरिजान कैप और एलिस कैप्सी ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी की। कैप्सी 31 गेंद पर 34 रन बनाकर आउट हुईं। जेस जोनासेन खाता नहीं खोल सकीं। मरिजान कैप 34 रन बनाकर और अरुंधति रेड्डी खाता खोले बगैर नाबाद रहीं।
दिल्ली कैपिटल्स को चौथा झटका एलिस कैप्सी के रूप में लगा। वह 31 गेंद पर 34 रन बनाकर आउट हुईं। सोफी एक्लेस्टोन की गेंद पर एलिसा हीली ने उन्हें स्टंप किया।
दिल्ली कैपिटल्स की पारी के आधे ओवर समाप्त हो चुके हैं। उसने 10 ओवर में तीन विकेट पर 92 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 60 गेंद पर 47 रन बनाने हैं। एलिस कैप्सी 11 गेंद पर 21 और मरिजान कैप नौ गेंद पर दो रन बनाकर खेल रही हैं।
दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका शबनम इस्माइल ने दिया। उन्होंने सातवें ओवर में पहली गेंद पर जेमिमा रोड्रिग्स को आउट करने के बाद चौथी गेंद पर दिल्ली की कप्तान मेग लैनिंग को पवेलियन भेज दिया। लैनिंग 23 गेंद पर 39 रन बनाकर सिमरन शेख को कैच थमा बैठीं। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाए। लैनिंग के आउट होने के बाद एलिस कैप्सी क्रीज पर आई हैं। दूसरे छोर पर मरिजान कैप हैं। दिल्ली ने सात ओवर में तीन विकेट पर 71 रन बना लिए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स की स्टार खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह तीन गेंद पर तीन रन बनाकर आउट हो गईं। सातवें ओवर की पहली गेंद पर शबनम इस्माइल ने उन्हें एलबीडब्ल्यू कर दिया। जेमिमा के आउट होने के बाद मरिजान कैप क्रीज पर उतरी हैं।
दिल्ली कैपिटल्स को पहला झटका पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर लगा। शेफाली वर्मा को यशश्री ने सोफी एक्लेस्टोन के हाथों कैच कराया। शेफाली का बल्ला आज उनके अंदाज में नहीं चला। वह 16 गेंद पर 21 रन बनाकर आउट हो गईं। उन्होंने चार चौके लगाए। शेफाली ने कप्तान मेग लैनिंग के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की। दिल्ली ने पावरप्ले (शुरुआती छह ओवर) के समाप्त होने के बाद एक विकेट पर 67 रन बना लिए हैं। मेग लैनिंग 20 गेंद पर 37 और जेमिमा रोड्रिग्स दो गेंद पर तीन रन बनाकर खेल रही हैं।
दिल्ली ने यूपी से मिले 139 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए धमाकेदार शुरुआत की है। उसने चार ओवर में बिना किसी नुकसान के 46 रन बना लिए हैं। कप्तान मेग लैनिंग 14 गेंद पर 29 और शेफाली वर्मा 12 गेंद पर 12 रन बनाकर खेल रही हैं।
यूपी वॉरियर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 139 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया। उसने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 138 रन बनाए। यूपी के लिए ताहलिया मैक्ग्रा ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 32 गेंद पर नाबाद 58 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मैक्ग्रा ने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए। उनके अलावा एलिसा हीली ने 36, श्वेता सहरावत ने 19 और सिमरन शेख ने 11 रन बनाए। दीप्ति शर्मा ने तीन और किरण नवगिरे ने दो रन ही बनाए। सोफी एक्लेस्टोन खाता खोले बगैर आउट हुईं। अंजलि सरवानी तीन रन बनाकर नाबाद रहीं। दिल्ली कैपिटल्स के लिए एलिस कैप्सी ने तीन विकेट लिए। राधा को दो और जेस जोनासेन को एक सफलता मिली।
दिल्ली कैपिटल्स की स्पिनर एलिस कैप्सी को 18वें ओवर में दोहरी सफलता मिली। उन्होंने एक ही ओवर में दीप्ति शर्मा और सोफी एक्लेस्टोन को आउट कर दिया। दीप्ति पहली गेंद पर आउट हुईं। उन्होंने आठ गेंद पर तीन रन बनाए। उनके बाद एक्लेस्टोन चौथी गेंद पर पवेलियन लौटीं। वह दो गेंदों पर खाता नहीं खोल सकीं। दोनों बल्लेबाजों को तानिया भाटिया ने स्टंप किया। दिल्ली ने 18 ओवर में छह विकेट पर 105 रन बना लिए हैं।
यूपी वॉरियर्स ने 15 ओवर में चार विकेट पर 92 रन बना लिए हैं। ताहलिया मैक्ग्रा 17 गेंद पर 19 और दीप्ति शर्मा एक गेंद पर एक रन बनाकर खेल रही हैं। यूपी को चौथा झटका किरण नवगिरे के रूप में लगा। किरण तीन गेंद पर दो रन बनाकर आउट हो गईं। जेस जोनासेन की गेंद पर तानिया भाटिया ने उन्हें स्टंप किया।
दिल्ली कैपिटल्स को तीसरी सफलता राधा यादव ने दिलाई। उन्होंने सिमरन शेख को जेमिमा रोड्रिग्स के हाथों कैच कराया। सिमरन ने 23 गेंद पर 11 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक चौका लगाया। उनके आउट होने के बाद किरण नवगिरे क्रीज पर आई हैं।
यूपी वॉरियर्स को दूसरा झटका 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर लगा। कप्तान एलिसा हीली को एलिस कैप्सी ने तानिया भाटिया के हाथों स्टंप कराया। एलिसा हीली ने 34 गेंद पर 36 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। इसके अलावा हीली ने एक छक्का भी लगाया। यूपी ने 10 ओवर में दो विकेट पर 63 रन बना लिए हैं। सिमरन शेख छह रन बनाकर खेल रही हैं। एलिसा हीली के बाद ताहलिया मैक्ग्रा क्रीज पर आई हैं।
यूपी वॉरियर्स को पहला झटका पांचवें ओवर की पहली गेंद पर लगा। राधा यादव ने श्वेता सहरावत को आउट कर दिया। श्वेता 12 गेंद पर 19 रन बनाकर आउट हो गईं। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके लगाए। राधा की गेंद पर जेस जोनासेन ने उनका कैच लिया। श्वेता के बाद सिमरन शेख क्रीज पर आई हैं।
दिल्ली कैपिटल्स: मेग लैनिंग (कप्तान), शेफाली वर्मा, एलिस कैप्सी, जेमिमा रोड्रिग्स, मरिजान कैप, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), जेस जोनासेन, राधा यादव, अरुंधति रेड्डी, शिखा पांडे, पूनम यादव।
यूपी वॉरियर्स: श्वेता सहरावत, एलिसा हीली (कप्तान/विकेटकीपर), किरण नवगिरे, ताहलिया मैक्ग्रा, दीप्ति शर्मा, सोफी एक्लेस्टोन, सिमरन शेख, पार्श्वी चोपड़ा, अंजलि सरवानी, सोप्पाधंडी यशश्री, शबनम इस्माइल।
महिला प्रीमियर लीग के आखिरी लीग मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने यूपी वॉरियर्स के खिलाफ टॉस जीत लिया। कप्तान मेग लैनिंग ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। उन्होंने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया। वहीं, यूपी वॉरियर्स की कप्तान एलिसा हीली ने तीन बदलाव किए हैं। ग्रेस हैरिस, राजेश्वरी गायकवाड़ और देविका वैद्य को आराम दिया गया है। एस यशश्री, शबनम इस्माइल और श्वेता सहरावत को मौका मिला है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। महिला प्रीमियर लीग का 20वां मैच दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच थोड़ी देर में खेला जाएगा। दोनों टीमें मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। दिल्ली की नजर सीधे फाइनल में पहुंचने पर है। उसके 10 अंक है। अगर वह इस मैच को जीत लेता है तो मुंबई के बराबर 12 अंक हो जाएंगे। ऐसे में जिस टीम का नेट रनरेट बेहतर होगा वह सीधे फाइनल में खेलेगी।