फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SL vs BAN T20: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका दो विकेट से जीता, बांग्लादेश एशिया कप से बाहर

Thu, 01 Sep 2022 11:50 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दुबई

खास बातें

Sri Lanka vs Bangladesh (SL vs BAN) T20 Asia Cup 2022 : आज एशिया कप में ग्रुप-बी में श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मुकाबला था। इन दोनों टीमों के बीच यह करो या मरो का मुकाबला था। बांग्लादेश और श्रीलंका दोनों टीमें अपना-अपना पहला मैच अफगानिस्तान के खिलाफ हार चुकी हैं। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 183 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने आखिरी ओवर में आठ विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
विज्ञापन
कुसाल मेंडिस - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:23 PM, 01-Sep-2022

श्रीलंकाई टीम सुपर-4 में पहुंची

श्रीलंका ने ग्रुप-बी के आखिरी मैच में बांग्लादेश को दो विकेट से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 183 रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा रन अफीफ हुसैन ने बनाए। उन्होंने 39 रन की पारी खेली। जवाब में श्रीलंका ने 19.2 ओवर में आठ विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। श्रीलंका के लिए कुसाल मेंडिस ने 37 गेंदों में 60 रन की पारी खेली। वहीं, कप्तान दासुन शनाका ने 33 गेंदों में 45 रन बनाए। 

इस जीत के साथ श्रीलंका ने सुपर-4 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। वहीं, बांग्लादेश की टीम एशिया कप से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है। अब सुपर-4 की तीन टीमें मिल चुकी हैं। श्रीलंका से पहले ग्रुप-ए से भारत क्वालिफाई कर चुका है। वहीं, ग्रुप-बी से दोनों टीमें मिल चुकी हैं। अफगानिस्तान और श्रीलंका ने ग्रुप-बी से सुपर-4 के लिए क्वालिफाई किया। ग्रुप-ए की दूसरी टीम शुक्रवार को मिलेगी। पाकिस्तान और हॉन्गकॉन्ग के बीच शुक्रवार को मैच खेला जाएगा।

वहीं, सुपर-4 में चारों टीमें एक-दूसरे से एक-एक बार मैच खेलेंगी। तीन सितंबर को अफगानिस्तान और श्रीलंका के बीच मैच खेला जाएगा। भारतीय टीम अफगानिस्तान से छह सितंबर को और श्रीलंका से आठ सितंबर को भिड़ेगी।

10:43 PM, 01-Sep-2022

SL vs BAN Live: मेंडिस-शनाका की आक्रामक बल्लेबाजी

13 ओवर के बाद श्रीलंका ने चार विकेट गंवाकर 117 रन बना लिए हैं। फिलहाल टीम को 42 गेंदों में 67 रन की जरूरत है। फिलहाल दासुन शनाका 15 गेंदों में 20 रन और कुसाल मेंडिस 33 गेंदों में 52 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। मेंडिस ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का छठा अर्धशतक लगाया। 13वें ओवर में 22 रन आए। 

10:23 PM, 01-Sep-2022

SL vs BAN Live: श्रीलंका की राह कठिन

श्रीलंका की टीम ने चार विकेट गंवा दिए हैं और जीत की राह मुश्किल हो गई है। नौ ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर चार विकेट पर 77 रन है। टीम को जीत के लिए अब 66 गेंदों में 107 रन चाहिए। डेब्यू टी-20 खेल रहे इबादत हुसैन ने अपने पहले ओवर में दो विकेट लिए थे। उन्होंने पाथुम निसांका और चरिथ असलंका को पवेलियन भेजा था। इसके बाद अपने दूसरे ओवर में इबादत ने दानुष्का गुनातिलाका को आउट किया। नौवें ओवर में तास्किन अहमद ने भानुका राजपक्षा को नईम के हाथों कैच कराया। राजपक्षा दो रन बना सके। फिलहाल कप्तान दासुन शनाका और कुसाल मेंडिस क्रीज पर हैं। 

विज्ञापन
10:06 PM, 01-Sep-2022

SL vs BAN Live: श्रीलंका को एक ओवर में दो झटके

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम को 45 के स्कोर पर पहला झटका लगा। अपना पहला टी-20 खेल रहे इबादत हुसैन ने छठे ओवर में श्रीलंका को दो झटके दिए। उन्होंने अपने पहले ओवर में पहले पाथुम निसांका को मुस्तफिजुर रहमान के हाथों कैच कराया। निसांका 19 गेंदों में 20 रन बना सके। इसके बाद चरिथ असलंका को महमूदुल्लाह के हाथों कैच कराया। असलंका एक रन बना सके। छह ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर दो विकेट पर 48 रन है।

09:21 PM, 01-Sep-2022

बांग्लादेश ने श्रीलंका को 184 रन का लक्ष्य दिया

बांग्लादेश ने श्रीलंका के सामने 184 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 183 रन बना सकी। टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन अफीफ हुसैन ने बनाए। उन्होंने 22 गेंदों में चार चौके और दो छक्के की मदद से 39 रन की पारी खेली। वहीं, मेंहदी हसन मिराज ने 26 गेंदों में 38 रन बनाए। आखिरमें मोसद्देक हुसैन ने नौ गेंदों में 24 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, तास्किन अहमद छह गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा और चमिका करुणारत्ने ने दो-दो विकेट लिए। 

बांग्लादेश की पारी
बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही थी। सब्बीर रहमान पांच रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद कप्तान शाकिब अल हसन और मेंहदी हसन मिराज ने दूसरे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी निभाई। मिराज 26 गेंदों में दो चौके और दो छक्के की मदद से 38 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मुशफिकुर रहीम कुछ खास नहीं कर सके और चार रन बनाकर आउट हुए। कप्तान शाकिब ने कुछ अच्छा शॉट्स जरूर लगाए, लेकिन 22 गेंदों में 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद अफीफ हुसैन और महमूदुल्लाह ने पांचवें विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी निभाई। अफीफ 39 रन बनाकर मधुशंका की गेंद पर हसरंगा को कैच थमा बैठे। महमूदुल्लाह 22 गेंदों में एक चौका और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। मोसाद्दक हुसैन और तास्किन अहमद ने बांग्लादेश के स्कोर को 183 रन तक पहुंचाया। श्रीलंका की ओर से हसरंगा और करुणारत्ने ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट लिए। वहीं, दिलशान मधुशंका, महेश तीक्ष्णा और असिथा फर्नांडो को एक-एक विकेट मिला।

विज्ञापन
08:38 PM, 01-Sep-2022

SL vs BAN Live: बांग्लादेश को चौथा झटका

11वें ओवर में 87 के स्कोर पर बांग्लादेश को चौथा झटका लगा। महेश तीक्ष्णा ने कप्तान शाकिब अल हसन को क्लीन बोल्ड किया। शाकिब 22 गेंदों में 24 रन बना सके। अपनी पारी में शाकिब ने तीन चौके लगाए। 12 ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर चार विकेट पर 91 रन है। फिलहाल महमूदुल्लाह तीन रन और अफीफ हुसैन आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

08:20 PM, 01-Sep-2022

SL vs BAN Live: बांग्लादेश को तीसरा झटका

आठवें ओवर में 63 के स्कोर पर बांग्लादेश को तीसरा झटका लगा। चमिका करुणारत्ने ने अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम को विकेटकीपर कुसल मेंडिस के हाथों कैच कराया। रहीम चार रन बना सके। आठ ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 63 रन है। फिलहाल कप्तान शाकिब अल हसन और अफीफ हुसैन क्रीज पर हैं।

08:13 PM, 01-Sep-2022

SL vs BAN Live: बांग्लादेश को दूसरा झटका

सातवें ओवर में 58 के स्कोर पर बांग्लादेश को दूसरा झटका लगा। मिस्ट्री स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने मेंहदी हसन मिराज को क्लीन बोल्ड किया। आउट होने से पहले मेंहदी ने 26 गेंदों पर 38 रन की तूफानी पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। सात ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर दो विकेट पर 59 रन है। फिलहाल कप्तान शाकिब अल हसन और मुशफिकुर रहीम क्रीज पर हैं।

07:48 PM, 01-Sep-2022

SL vs BAN Live: बांग्लादेश को पहला झटका

तीसरे ओवर में 19 के स्कोर पर बांग्लादेश की टीम को पहला झटका लगा। तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो ने ओपनर सब्बीर रहमान को विकेटकीपर कुसाल मेंडिस के हाथों कैच कराया। सब्बीर पांच रन बनाकर आउट हुए। तीन ओवर के बाद बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 19 रन है। फिलहाल कप्तान शाकिब अल हसन और मेंहदी हसन मिराज क्रीज पर हैं। 

07:12 PM, 01-Sep-2022

SL vs BAN Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

बांग्लादेश: सब्बीर रहमान, मोसादेक हुसैन, शाकिब अल हसन (कप्तान), मुशफिकुर रहीम (विकेटकीपर), अफीफ हुसैन, महमूदुल्लाह, मोसादेक हुसैन, मेहदी हसन, तस्कीन अहमद, मेंहदी हसन मिराज, मुस्तफिजुर रहमान, इबादत हुसैन।

श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), चरिथ असलंका, दनुष्का गुणाथिलका, भानुका राजपक्षे, वनिंदु हसरंगा, दासुन शनाका (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्ष्णा, दिलशान मदुशंका, असिथा फर्नांडो।

07:12 PM, 01-Sep-2022

SL vs BAN Live: श्रीलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। श्रीलंका ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टीम में तीन बदलाव किए हैं। मेंहदी हसन, इबादत हुसैन और सब्बीर रहमन को टीम में जगह दी गई है।

06:56 PM, 01-Sep-2022

SL vs BAN T20: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका दो विकेट से जीता, बांग्लादेश एशिया कप से बाहर

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज एशिया कप में ग्रुप-बी में श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच मुकाबला है। इन दोनों टीमों के बीच यह करो या मरो का मुकाबला है। जो टीम हारेगी, वह एशिया कप से बाहर हो जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम सुपर-4 में पहुंच जाएगी। बांग्लादेश और श्रीलंका दोनों टीमें अपना-अपना पहला मैच अफगानिस्तान के खिलाफ हार चुकी हैं।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें