सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 44 रनों से हराकर आईपीएल 2025 सीजन की जीत से शुरुआत की है। हैदराबाद ने ईशान किशन और ट्रेविस हेड की शानदार पारी के दम पर 20 ओवर में छह विकेट पर 286 रन बनाए थे जो इस टूर्नामेंट का दूसरा सर्वोच्च टोटल है। जवाब में संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल ने अच्छी साझेदारी निभाई, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। राजस्थान की टीम निर्धारित ओवर में छह विकेट पर 242 रन ही बना सकी और उसे हार का सामना करना पड़ा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने 50 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे। सैमसन जो इस मैच में इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे, उन्होंने जुरेल के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 111 रन जोड़े और टीम को मुश्किल से उबारा। सैमसन और जुरेल जब बल्लेबाजी कर रहे थे तो लग रहा था कि राजस्थान आईपीएल इतिहास का सबसे सफल रन चेज कर सकती है, लेकिन सैमसन के आउट होते ही यह साझेदारी टूट गई। सैमसन के पवेलियन लौटने के बाद जुरेल भी अपना विकेट गंवा बैठे। अंत में शिमरॉन हेत्मायर और शुभम दुबे ने कुछ कोशिश की, लेकिन टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।
राजस्थान के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने सबसे ज्यादा 35 गेंदों पर पांच चौकों और छह छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। वहीं, सैमसन ने 37 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्कों के सहारे 66 रन बनाए। हेत्मायर ने 23 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के की मदद से 42 रन बनाए, जबकि शुभम 11 गेंदों पर एक चौका और चार छक्के की मदद से 34 रन बनाकर नाबाद लौटे। राजस्थान की ओर से नीतीश राणा ने 11, कप्तान रियान पराग ने चार, यशस्वी जायसवाल ने 1 और जोफ्रा आर्चर ने नाबाद एक रन बनाए। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से सिमरनजीत सिंह और हर्षल पटेल को दो-दो विकेट मिले, जबकि मोहम्मद शमी और एडम जैम्पा ने एक-एक विकेट लिया।
शिमरॉन हेत्मायर और शुभम दुबे की शानदार बल्लेबाजी की मदद से राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 200 रन के पार पहुंच गया है। राजस्थान ने 18 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 217 रन बना लिए हैं। राजस्थान को जीत के लिए हालांकि, अभी 12 गेंदों पर 70 रन और बनाने हैं।
सैमसन के आउट होने के कुछ देर बाद ही ध्रुव जुरेल भी पवेलियन लौट गए हैं। जुरेल और सैमसन ने शतकीय साझेदारी कर राजस्थान को संभाला था, लेकिन पहले हर्षल ने सैमसन को आउट किया और फिर एडम जैम्पा ने जुरेल को पवेलियन भेजा। राजस्थान ने इस तरह पांच विकेट गंवा दिए हैं।
हर्षल पटेल ने संजू सैमसन को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को चौथा झटका दिया है। सैमसन अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन विकेट के पीछे हेनरिच क्लासेन को कैच थमाकर आउट हो गए। सैमसन ने 37 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्के की मदद से 66 रन बनाए। उन्होंने जुरेल के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 111 रन जोड़े, लेकिन हर्षल ने इस साझेदारी को तोड़ा।
संजू सैमसन के बाद ध्रुव जुरेल ने भी अर्धशतक जड़ दिया है। जुरेल ने 28 गेंदों पर पचासा पूरा किया। उन्होंने छक्के के साथ अर्धशतक पूरा किया। जुरेल और सैमसन ने मिलकर राजस्थान की पारी को संभाल लिया है और दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 80+ रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है।
इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे संजू सैमसन ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। शुरुआती झटकों के बाद सैमसन ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर राजस्थान की पारी को संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 50+ रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है।
शुरुआती विकेट गिरने के बाद संजू सैमसन और ध्रुव जुरेल ने राजस्थान को संभाला। राजस्थान ने सात ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 82 रन बना लिए हैं। सैमसन 34 रन और जुरेल 26 रन बनाकर मौजूद हैं।
विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने तीन विकेट गंवा दिए हैं। शमी ने नीतीश राणा को आउट कर राजस्थान को तीसरा झटका दिया। नीतीश आठ गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। क्रीज पर हालांकि, संजू सैमसन टिके हुए हैं जो इस मैच में इंपैक्ट सब के तौर पर उतरे हैं।
सिमरनजीत सिंह ने एक ही ओवर में राजस्थान रॉयल्स को दो झटके दिए हैं। दूसरा ओवर डालने आए सिमरनजीत ने पहले यशस्वी जायसवाल को आउट किया और फिर कप्तान रियान पराग को पवेलियन की राह दिखाई। राजस्थान ने इस तरह दो ओवर की समाप्ति के बाद 25 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं।
राजस्थान रॉयल्स को दूसरे ही ओवर में पहला झटका लगा है। यशस्वी जायसवाल एक रन बनाकर आउट हो गए हैं। सनराइजर्स ने राजस्थान के सामने विशाल लक्ष्य रखा है, लेकिन राजस्थान की शुरुआत अच्छी नहीं रही है और उसने पहला विकेट गंवा दिया है। यशस्वी को सिमरनजीत सिंह ने अपना शिकार बनाया।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। राजस्थान ने संजू सैमसन को इंपैक्ट सब के तौर पर उतारा है। उनका साथ देने यशस्वी जायसवाल क्रीज पर मौजूद हैं। सनराइजर्स ने राजस्थान के सामने जीत के लिए 287 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन के नाबाद शतक और ट्रेविस हेड के अर्धशतक के दम पर राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 287 रनों का लक्ष्य रखा है। राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन हैदराबाद ने ईशान और हेड के दम पर 20 ओवर में छह विकेट पर 286 रन बनाए। यह आईपीएल इतिहास का दूसरा सर्वोच्च टोटल है। आईपीएल में सबसे ज्यादा स्कोर करने का रिकॉर्ड भी हैदराबाद के नाम है। हैदराबाद ने आरसीबी के खिलाफ पिछले सीजन तीन विकेट पर 287 रन बनाए थे जो इस टूर्नामेंट का सर्वोच्च टोटल है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई, लेकिन अभिषेक के आउट होने के बाद हेड ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और अर्धशतक जड़ा। हेड के आउट होने के बाद लगा कि हैदराबाद की पारी धीमी पड़ जाएगी, लेकिन ईशान ने दमदार बल्लेबाजी की और 45 गेंदों पर शतक लगाकर अपनी क्षमता साबित की। ईशान का सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह डेब्यू मुकाबला था। ईशान 47 गेंदों पर 11 चौकों और छह छक्कों की मदद से 106 रन बनाकर नाबाद लौटे।
सनराइजर्स के लिए हेड ने 31 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 67 रन बनाए, जबकि हेनरिच क्लासेन ने 14 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन, नीतीश कुमार रेड्डी ने 15 गेंदों पर 30 रन, अभिषेक ने 11 गेंदों पर पांच चौकों के सहारे 24 रन और अनिकेत वर्मा ने सात रन बनाए। राजस्थान के लिए सबसे सफल गेंदबाज तुषार देशपांडे रहे जिन्होंने तीन विकेट झटके। उनके अलावा महेश तीक्ष्णा ने दो और संदीप शर्मा ने एक विकेट लिया।
सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज ईशान किशन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 45 गेंदों पर शतक जड़ दिया है। ईशान का हैदराबाद के साथ यह पहला ही सीजन है और उन्होंने पहले मैच में शतक लगाकर अपनी क्षमता साबित कर दी है। यह आईपीएल 2025 का पहला शतक भी है। दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल के 18वें सीजन के दूसरे ही मैच में शतक लगा है। ईशान इस मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे हैं जिससे हैदराबाद का स्कोर 270 के पार पहुंच गया है। हैदराबाद ने पिछले सीजन तीन बार 250+ का स्कोर बनाया था और इस बार उन्होंने अपने पहले ही मैच में स्कोर 270 के पार पहुंचा दिया। ईशान के शतक लगाने के बाद हैदराबाद ने अंतिम ओवर में दो गेंदों पर दो विकेट गंवाए। तुषार देशपांडे ने पहले अनिकेत वर्मा (7) को आउट किया और फिर अगली गेंद पर अभिनव मनोहर को कैच आउट कराया। हालांकि, वह हैट्रिक पूरी नहीं कर सके।
तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने हेनरिच क्लासेन को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को चौथा झटका दिया। क्लासेन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और 14 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए।
ईशान किशन की तूफानी पारी की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 200 के पार पहुंच गया है। आईपीएल 2025 के दूसरे ही मैच में टीम ने 200 का आंकड़ा पार किया। ईशान ने पहले ट्रेविस हेड के साथ साझेदारी निभाई और फिर नीतीश रेड्डी के साथ साझेदारी की।
ट्रेविस हेड के आउट होने के बाद ईशान किशन ने नीतीश रेड्डी के साथ मोर्चा संभाला जिससे हैदराबाद का स्कोर 13 ओवर की समाप्ति केब ाद दो विकेट पर 178 रन हो गया है। ईशान ने 25 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। ईशान आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं और उन्होंने नीतीश के साथ तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी कर ली है।
तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे ने राजस्थान रॉयल्स को बड़ी सफलता दिलाई है। तुषार ने सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को आउट किया जो विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे थे। हेड ने 21 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया था और वह लगातार आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे थे। हेड 31 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 67 रन बनाकर आउट हुए। हेड ने पहले अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर 45 रनों की साझेदारी की, फिर दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन के साथ मिलकर 85 रन जोड़े। हैदराबाद ने 12 ओवर की समाप्ति तक 10 ओवर में दो विकेट पर 135 रन बना लिए हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अर्धशतक जड़ दिया है। हेड इस मैच में भी अपने चिर परिचित अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं और वह 21 गेंदों पर पचासा पूरा करने में सफल रहे। हेड का साथ ईशान किशन बखूबी निभा रहे हैं। इन दोनों की दमदार बल्लेबाजी से हैदराबाद का स्कोर आठ ओवर के बाद एक विकेट पर 115 रन हो गया है।
सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड की विस्फोटक बल्लेबाजी जारी है जिसके दम पर सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर छह ओवर की समाप्ति के बाद एक विकेट पर 94 रन हो गया है। हेड ने पहले अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। फिर अभिषेक के आउट होने के बाद भी विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रखी।
स्पिनर महेश तीक्ष्णा ने अभिषेक शर्मा को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका दिया है। अभिषेक हेड के साथ मिलकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन यशस्वी को कैच थमाकर आउट हुए। अभिषेक 11 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर हेड का साथ देने ईशान किशन आए हैं।
अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने सनराइजर्स हैदराबाद को तेज शुरुआत दिलाई है। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी की जिससे हैदराबाद ने तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 45 रन बना लिए हैं। अभिषेक 24 रन और हेड 19 रन बनाकर खेल रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। क्रीज पर अभिषेक शर्मा के साथ ट्रेविस हेड मौजूद हैं और राजस्थान रॉयल्स की ओर से फजलहक फारूकी गेंदबाजी की शुरुआत करने आए हैं।
राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, शुभम दुबे, नीतीश राणा, रियान पराग (कप्तान), ध्रव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरॉन हेत्मायर, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्ष्णा, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा, फजलहक फारूकी।
इंपैक्ट सबः संजू सैमसन, कुणाल सिंह राठौर, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय, कवेना मफाका।
सनराइजर्स हैदराबादः ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नीतीश कुमार रेड्डी, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, अभिनव मनोहर, पैट कमिंस (कप्तान), सिमरनजीत सिंह, हर्षल पटेल, मोहम्मद शमी।
इंपैक्ट सबः सचिन बेबी, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी, एडम जैम्पा, वियान मुल्डर।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल 2025 के मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। टॉस के दौरान रियान ने बताया कि नियमित कप्तान संजू सैमसन इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर मैच का हिस्सा होंगे।
सनराइजर्स के पास गेंदबाजी विभाग में कप्तान पैट कमिंस और मोहम्मद शमी जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज हैं, जबकि स्पिन विभाग की जिम्मेदारी ऑस्ट्रेलिया के एडम जंपा संभालेंगे। सनराइजर्स की टीम राजस्थान रॉयल्स की तुलना में काफी बेहतर नजर आती है। नीतीश कुमार रेड्डी के चोट से उबर कर वापसी करने से सनराइजर्स की बल्लेबाजी को और मजबूती मिली है, लेकिन सभी की निगाह अभिषेक और हेड की सलामी जोड़ी पर टिकी रहेंगी जो अभी बहुत अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद का बल्लेबाजी आक्रमण बेहद मजबूत नजर आता है जिसमें अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड जैसे विस्फोटक बल्लेबाज शामिल हैं। सनराइजर्स की टीम ने पिछले सत्र में तीन बार 250 रन से अधिक का स्कोर बनाया था। उसने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 287, मुंबई इंडियंस के खिलाफ 277 और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 266 रन बनाए थे। राजस्थान के खिलाफ अगर सनराइजर्स को पहले बल्लेबाजी का मौका मिलता है तो वह फिर से 250 से अधिक रन का स्कोर बनाने की कोशिश करेगा।
राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजी विभाग में जोफ्रा आर्चर को छोड़कर कोई बड़ा नाम नहीं है और ऐसे में उसके लिए सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों पर लगाम कसना सबसे बड़ी चुनौती होगी। इंग्लैंड के बल्लेबाज जोस बटलर को इस बार राजस्थान ने अपनी टीम में शामिल नहीं किया है। उनकी अनुपस्थिति में बल्लेबाजी में शिमरॉन हेटमायर, ध्रुव जुरेल, नीतीश राणा और यशस्वी जायसवाल को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। इन दोनों टीमों के बीच पिछले सत्र में दो मैच खेले गए थे। इन दोनों मैच में सनराइजर्स ने जीत हासिल की थी। इससे उसकी टीम अधिक आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरेगी।
IPL Live Cricket Score, SRH vs RR Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 के दूसरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना राजस्थान रॉयल्स से हो रहा है। हैदराबाद की टीम अपने घरेलू मैदान पर जीत के साथ आगाज करना चाहेगी, जबकि नियमित कप्तान के बिना उतरने वाली राजस्थान की नजरें भी विजयी शुरुआत करने पर टिकी होंगी।