राजस्थान रॉयल्स ने जीत के साथ आईपीएल 2023 का आगाज किया है। इस टीम ने अपने पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 72 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन के अर्धशतकों के चलते पांच विकेट पर 203 रन का स्कोर बनाया था। इसके जवाब में हैदराबाद की टीम आठ विकेट खोकर 131 रन ही बना पाई और 72 रन से मुकाबला हार गई। हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा नाबाद 32 रन अब्दुल समद ने बनाए। वहीं, राजस्थान के लिए चहल ने चार और बोल्ट ने दो विकेट लिए।
95 रन के स्कोर पर हैदराबाद का आठवां विकेट गिरा है। युजवेन्द्र चहल ने भुवनेश्वर कुमार को क्लीन बोल्ड किया है। भुवनेश्वर ने 10 गेंद में छह रन बनाए। इस मैच में यह चहल की चौथी सफलता है।
81 रन के स्कोर पर हैदराबाद का सातवां विकेट गिरा है। संजू सैमसन ने उन्हें विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों स्टंप कराया। राशिद ने 13 गेंद में 18 रन बनाए। अब अब्दुल समद और कप्तान भुवनेश्वर कुमार क्रीज पर हैं।
52 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हेदराबाद का छठा विकेट गिरा है। युजवेन्द्र चहल ने मंयक अग्रवाल को जोस बटलर के हाथों कैच कराया। अग्रवाल ने 23 गेंद में 27 रन बनाए। अब हैदराबाद के जीतने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी है। अग्रवाल के आउट होने के बाद आदिल राशिद क्रीज पर आए हैं। वहीं, राजस्थान की टीम में नवदीप सैनी को यशस्वी जायसवाल की जगह इंपैक्ट प्लेयर के रूप में शामिल किया गया है।
पांच विकेट के नुकसान पर सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। 204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इस टीम ने लगातार विकेट गंवाए हैं। अब हैदराबाद के लिए जीत हासिल करना मुश्किल होगा।
48 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। ग्लेन फिलिप्ट के रूप में हैदराबाद को पांचवां झटका लगा है। रविचंद्रन अश्विन ने फिलिप्स को केएम आसिफ के हाथों कैच कराया। उन्होंने छह गेंद में एक छक्के की मदद से आठ रन बनाए। अब्दुल समद क्रीज पर आए हैं। उन्हें फजलहक फारुकी की जगह इंपैक्ट प्लेयर के रूप में लाया गया है।
39 रन रन के स्कोर पर हैदराबाद का चौथा विकेट गिरा है। वाशिंगटन सुंदर एक रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हैं। जेसन होल्डन ने उन्हें शिमरोन हेटमायर के हाथों कैच कराया। अब हैदराबाद की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक छोर पर मयंक अग्रवाल खड़े हैं, लेकिन दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिर रहे हैं और यह टीम मुश्किल में पड़ती जा रही है। अब ग्लेन फिलिप्स अग्रवाल का साथ देने के लिए क्रीज पर आए हैं। नौ ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर चार विकेट पर 46 रन है।
34 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का तीसरा विकेट गिरा है। हैरी ब्रूक 21 गेंद में 13 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। युजवेन्द्र चहल ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब मयंक अग्रवाल और वाशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। आठ ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर तीन विकेट पर 38 रन है।
खराब शुरुआत के बाद मयंक अग्रवाल और हैरी ब्रूक ने सनराइजर्स हैदराबाद की पारी संभाली है। हैदराबाद ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 30 रन बनाए हैं। मयंक अग्रवाल और हैरी ब्रूक क्रीज पर हैं। दोनों बड़ी साझेदारी कर अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जाना चाहेंगे।
204 रन के विशाल स्कोर का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही है। टीम का खाता खुलने से पहले ही दो बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। ट्रेंट बोल्ट ने पहले ही ओवर में दो विकेट लिए हैं। अभिषेक शर्मा के बाद राहुल त्रिपाठी को उन्होंने अपना शिकार बनाया। होल्डर ने शानदार कैच पकड़कर त्रिपाठी को पवेलियन भेजा।
204 रन के स्कोर का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही है। टीम का खाता खुलने से पहले ही अभिषेक शर्मा आउट हो चुके हैं। ट्रेंट बोल्ट ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अभिषेक ने कुल तीन गेंदों का सामना किया।
204 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। अभिषेक शर्मा और मंयक अग्रवाल की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। ये दोनों पावरप्ले में तेजी से रन बनाकर अपनी टीम को अच्छी शुरुआत देना चाहेंगे।
राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 204 रन का लक्ष्य रखा है। राजस्थान रॉयल्स के लिए जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। अंत में शिमरोन हेटमायर ने भी 22 रन बनाए। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के लिए फजलहक फारूकी और टी नटराजन ने दो-दो विकेट लिए। उमरान मलिक को एक सफलता मिली। हैदराबाद के लिए इस बड़े लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं होगा।
187 रन के स्कोर पर राजस्थान का पांचवां विकेट गिरा हैं। संजू सैमसन 32 गेंद में 55 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। टी नटराजन ने उन्हें बाउंड्री लाइन पर अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराया। शर्मा ने शानदार कैच पकड़ा। अब शिमरोन हेटमायर के साथ रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स का स्कोर पांच विकेट पर 193 रन है।
संजू सैमसन ने 28 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में अब तक चार छक्के और दो चौके लगाए हैं। उनके साथ शिमरोन हेटमायर क्रीज पर हैं। 17 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर चार विकेट पर 173 रन है।
170 रन के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स की टीम का चौथा विकेट गिरा है। रियान पराग छह गेंद में सात रन बनाकर आउट हो चुके हैं। टी नटराजन ने उन्हें फजलहक फारूकी के हाथों कैच कराया। अब कप्तान सैमसन के साथ शेमरोन हेटमायर क्रीज पर हैं।
151 रन के स्कोर पर राजस्थान की टीम का तीसरा विकेट गिरा है। उमरान मलिक ने देवदत्त पडीक्कल को क्लीन बोल्ड किया। पडीक्कल ने पांच गेंद में दो रन बनाए। अब सैमसन के साथ रियान पराग क्रीज पर हैं।
दो विकेट के नुकसान पर राजस्थान की टीम का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। कप्तान संजू सैमसन और देवदत्त पडीक्कल क्रीज पर हैं।
139 रन के स्कोर पर राजस्थान की टीम को दूसरा झटका लगा है। यशस्वी जायसवाल 37 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए। फजलहक फारूकी ने उन्हें मयंक अग्रवाल के हाथों कैच कराया। अब संजू सैमसन के साथ देवदत्त पडीक्कल क्रीज पर हैं।
यशस्वी जायसवाल ने 34 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके लगाए हैं। इसके साथ ही जायसवाल और सैमसन के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। राजस्थान की टीम का स्कोर भी 150 रन के करीब पहुंच चुका है। 12 ओवर में राजस्थान ने एक विकेट खोकर 135 रन बना लिए हैं।
राजस्थान की टीम का स्कोर एक विकेट पर 100 रन के पार जा चुका है। यशस्वी जायसवाल के साथ कप्तान संजू सैमसन क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अच्छी साझेदारी हो रही है। जायसवाल अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। नौ ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 110 रन है।
राजस्थान की टीम ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 85 रन बनाए हैं। यह इस टीम का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। इससे पहले राजस्थान ने 2020 में चेन्नई के खिलाफ अबूधाबी में एक विकेट खोकर 81 रन बनाए थे। अब यह टीम 200 से ज्यादा का स्कोर बनाने की कोशिश करेगी।
85 रन के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स की टीम का पहला विकेट गिरा है। जोस बटलर 22 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाए। फजलहक फारूकी ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब यशस्वी जायवाल के साथ कप्तान संजू सैमसन क्रीज पर हैं।
जोस बटलर ने 20 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए हैं। बटलर की तूफानी के चलते राजस्थान का स्कोर 100 रन के करीब पहुंच गया है।
राजस्थान की टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 50 रन बना लिए हैं। जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। हैदराबाद के गेंदबाज अब तक बेअसर साबित हुए हैं और राजस्थान की टीम बड़े स्कोर की तरफ तेजी से बढ़ रही है।
राजस्थान की टीम की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी क्रीज पर है। दोनों ने मिलकर टीम को शानदार शुरुआत दी है। खासकर यशस्वी जायसवाल आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे हैं। तीन ओवर में राजस्थान ने 37 रन बनाए हैं।
इस मैच की शुरुआत से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर सलीम दुर्रानी को श्रद्धांजलि दी गई। वह देश के पहले क्रिकेटर थे, जिन्हें अर्जुन अवॉर्ड मिला था। आज के दिन ही उनका निधन हो गया। मैच से पहले सभी खिलाड़ी बाउंड्री लाइन के बाहर खड़े हुए और सलीम दुर्रानी को श्रद्धांजलि दी।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), देवदत्त पडीक्कल, रियान पराग, शिमरोन हेटमायर, रविचंद्रन अश्विन, जेसन होल्डर, ट्रेंट बोल्ट, केएम आसिफ, युजवेंद्र चहल।
सनराइजर्स हैदराबाद: मयंक अग्रवाल, अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, हैरी ब्रूक, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स (विकेटकीपर), उमरान मलिक, आदिल राशिद, भुवनेश्वर कुमार (कप्तान), टी नटराजन, फजलहक फारूकी।
सनराइजर्स हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इस मैच में भुवनेश्वर कुमार हैदराबाद की कप्तानी कर रहे हैं। इस टीम के नियमित कप्तान एडेन मार्करम फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। वह कुछ मैचों के बाद टीम के साथ जुड़ेंगे। हैदराबाद की टीम में फजलहक फारुकी, हैरू ब्रूक, आदिल राशिद और ग्लेन फिलिप्स विदेशी खिलाड़ी हैं। वहीं, राजस्थान की टीम में जोस बटलर, शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर और ट्रेंट बोल्ट विदेशी खिलाड़ी हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में कई खिलाड़ियों को मैच से पहले कैप दी गई है। ये खिलाड़ी पहली बार इस फ्रेंचाइजी के लिए खेलते दिखेंगे। मयंक अग्रवाल, ग्लेन फिलिप्स इनमें से प्रमुख हैं। वहीं, राजस्थान की टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2023 का चौथा मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच है। दोनों टीमें इस मैच में अपने कुछ अहम खिलाड़ियों के बिना खेलेंगी। ऐसे में दोनों टीमों के लिए जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करना बड़ी चुनौती होगी। पिछले सीजन में राजस्थान की टीम फाइनल में गुजरात से हार गई थी और खिताब नहीं जीत पाई थी। वहीं, हैदराबाद की टीम प्लेऑफ में भी जगह नहीं बना पाई थी।