रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने सनराइजर्स हैदराबाद को आठ विकेट से हरा दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने क्लासेन के शतक के चलते 186 रन बनाए थे। इसके जवाब में आरसीबी ने दो विकेट खोकर 187 रन बना लिए और मैच अपने नाम कर लिया। आरसीबी के लिए विराट कोहली ने शतक लगाया और कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने भी 71 रन की पारी खेली। इस मैच में जीत के साथ ही आरसीबी 14 अंक के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर आ गई है और प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। अब यह टीम अपना आखिरी मैच जीतकर 16 अंकों के साथ प्लेऑफ में जगह बना सकती है। वहीं, हैदराबाद की टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर है।
177 रन के स्कोर पर आरसीबी का दूसरा विकेट गिरा है। फाफ डुप्लेसिस 47 गेंद में 71 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। टी नटराजन ने उन्हें राहुल त्रिपाठी के हाथों कैच कराया।
विराट कोहली ने 62 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया है। हालांकि, शतक लगाने के बाद अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए। कोहली ने 63 गेंद में 100 रन की पारी खेली। उन्होंने 12 चौके और चार छक्के लगाए। यह आईपीएल में उनका छठा शतक है। कोहली ने आईपीएल में अपना पिछला शतक 19 अप्रैल 2019 को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ लगाया था। तब कोहली ने 100 रनों की पारी खेली थी। आरसीबी का स्कोर 170 रन के पार जा चुका है और यह टीम जीत की दहलीज पर खड़ी है।
आरसीबी का नुकसान बिना किसी नुकसान के 150 रन के पार जा चुका है। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच शानदार साझेदारी हो चुकी है। विराट के पास शतक पूरा करने का बेहतरीन मौका है।
विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस ने अपने अर्धशतक पूरे कर लिए हैं। दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हो चुकी है। 12 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर बिना किसी नुकसान के 108 रन है। विराट ने 35 और डुप्लेसिस ने 34 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इन दोनों की शानदार पारियों के चलते आरसीबी की टीम मैच में बेहतर स्थिति में बनी हुई है।
विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस के बीच पहले विकेट के लिए शानदार साझेदारी हो चुकी है। दोनों बल्लेबाज तेज गति से रन बना रहे हैं और अपनी टीम को लक्ष्य के करीब ले जा रहे हैं। दोनों बल्लेबाज अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं। 10 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर बिना किसी नुकसान के 95 रन है।
187 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की टीम ने शानदार शुरुआत की है। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस शानदार लय में दिख रहे हैं। दोनों तेज गति से रन बना रहे हैं। पावरप्ले में ही आरसीबी का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन के पार जा चुका है।
187 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और फाफ डुप्लेसिस की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर कुमार ने पहला ओवर किया। दो ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर बिना किसी नुकसान के 20 रन है।
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हेनरिच क्लासेन के शतक के चलते पांच विकेट पर 186 रन बनाए हैं। हैदराबाद के लिए क्लासेन के अलावा हैरू ब्रूक ने 27 रन बनाए। आरसीबी के लिए माइकल ब्रेसवेल ने दो विकेट लिए। शाहबाज अहमद, हर्षल पटेल और मोहम्मद सिराज को एक-एक विकेट मिला।
हेनरिच क्लासेन ने 49 गेंद में अपना शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और छह छक्के लगाए। हालांकि, शतक लगाने के बाद ही वह आउट हो गए। मोहम्मद सिराज ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। क्लासेन ने 51 गेंद में 104 रन की पारी खेली। 19 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर चार विकेट पर 182 रन है।
तीन विकेट के नुकसान पर सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 150 रन के पार जा चुका है। हेनरिच क्लासेन अपने शतक के करीब पहुंच चुके हैं। दूसरे छोर पर हैरी ब्रूक भी तेजी से रन बना रहे हैं। इन दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। 17 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर तीन विकेट पर 160 रन है।
104 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का तीसरा विकेट गिरा है। कप्तान एडेन मार्करम 20 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। शाहबाज अहमद ने उन्हें क्लीन बोल्ड किया। अब हेनरिच क्लासेन के साथ हैरी ब्रूक क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर तीन विकेट पर 112 रन है।
एडेन मार्करम और हेनरिच क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की है। दोनों अच्छी लय में दिख रहे हैं और अपनी टीम को अच्छे स्कोर की तरफ ले जा रहे हैं। 10 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर दो विकेट पर 81 रन है।
दो विकेट के नुकसान पर सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 50 रन के पार जा चुका है। कप्तान एडेन मार्करम के साथ हेनरिच क्लासेन क्रीज पर हैं। क्लासेन तेज गति से रन बना रहे हैं। वहीं, मार्करम एक छोर पर संभलकर खेल रहे हैं। सात ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर दो विकेट पर 56 रन है।
28 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का दूसरा विकेट गिरा है। माइकल ब्रेसवेल ने एक ओवर में हैदराबाद के दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर मैच में अपनी टीम की वापसी कराई है। राहुल त्रिपाठी ने 12 गेंद में 15 रन बनाए। अब एडेन मार्करम और हेनरिच क्लासेन क्रीज पर हैं।
27 रन के स्कोर पर सनराइजर्स हैदराबाद का पहला विकेट गिरा है। अभिषेक शर्मा 14 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। माइकल ब्रेसवेल ने उन्हें महिपाल लोमरोर के हाथों कैच कराया। अब राहुल त्रिपाठी के साथ कप्तान एडेन मार्करम क्रीज पर हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू हो चुकी है। अभिषेक शर्मा और राहुल त्रिपाठी ने पारी की शुरुआत की है। आरसीबी के लिए मोहम्मद सिराज ने पहला ओवर किया। एक ओवर का खेल खत्म होने के बाद हैदराबाद का स्कोर बिना किसी नुकसान के दो रन है।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम (कप्तान), हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक, ग्लेन फिलिप्स, अब्दुल समद, कार्तिक त्यागी, मयंक डागर, भुवनेश्वर कुमार, नितीश रेड्डी।
सब्सीट्यूट्सः मयंक मारकंडे, टी नटराजन, विवरांत शर्मा, सनवीर सिंह, अकील हुसैन।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, अनुज रावत (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, माइकल ब्रेसवेल, वेन पार्नेल, हर्षल पटेल, कर्ण शर्मा, मोहम्मद सिराज।
सब्सीट्यूट्सः दिनेश कार्तिक, विजयकुमार वैशाक, हिमांशु शर्मा, सुयश प्रभुदेसाई, केदार जाधव।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। आरसीबी की टीम इस मैच में बिना किसी बदलाव के उतरी है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद की टीम दो बदलाव के साथ मैदान में उतरी है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम 12 में से छह मैच जीत चुकी है और अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए आरसीबी को अपने बाकी दोनों मुकाबले जीतने होंगे। आरसीबी को शुरुआती पांच में से तीन मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, बाद में इस टीम ने वापसी की और अगले सात में से चार मैच अपने नाम किए। पिछले मैच में आरसीबी ने राजस्थान को 112 रन से हराया था। अब इस टीम की कोशिश बाकी दोनों मैच जीतकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने की होगी।
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अपने 12 में से सिर्फ चार मैच ही जीत पाई है। आठ अंक के साथ यह टीम अंक तालिका में आखिरी स्थान पर है। आखिरी दो मैच जीतने पर भी इस टीम के 12 अंक होंगे। ऐसे में यह टीम पूरी तरह से प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। अब हैदराबाद की टीम अगले सीजन को ध्यान में रखते हुए अपने युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहेगी। हैदराबाद के खिलाफ बिना किसी तनाव के यह मैच खेलेंगे और बैंगलोर का खेल खराब कर सकते हैं। पिछले मैच में दिल्ली ने पंजाब का खेल खराब किया था।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल में आज सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से है। हैदराबाद की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। वहीं, आरसीबी को प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। ऐसे में हैदराबाद की टीम आरसीबी का खेल खराब कर सकती है। पिछले मुकाबले में दिल्ली ने भी पंजाब को हराकर कुछ ऐसा ही किया था।