इयोन मॉर्गन की अगुवाई में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने आईपीएल 2021 का जीत से आगाज किया है। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में केकेआर ने सनराइजर्स हैदराबाद को 10 रनों से हरा दिया है। केकेआर की 2012 के बाद चेपॉक में यह पहली जीत है। कोलकाता की तरफ से नितीश राणा और राहुल त्रिपाठी ने अर्धशतक जमाए तो वहीं गेंदबाजों ने भी डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी की।
मैच की बात करें तो हैदराबाद ने टॉस जीतकर कोलकाता को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। हालांकि उसका यह फैसला गलत साबित हुआ जब नितीश राणा ने शुभमन गिल के साथ मिलकर तेज शुरुआत की और पहले विकेट के लिए सात ओवर में 53 रन जोड़े। इसके बाद नितीश राणा (80) और राहुल त्रिपाठी (53) ने हैदराबाद के गेंदबाजों की धुनाई की और मैदानों के चारों तरफ रन बनाए और टीम के स्कोर को 16 ओवर में ही 146 तक ले गए। हालांकि बाद में नबी और राशिद ने शानदार गेंदबाजी कर कोलकाता को 187 रन पर रोक दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 10 रन के स्कोर पर ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों रिद्धिमान साहा और डेविड वार्नर के विकेट गंवा दिए। हालांकि इसके बाद जॉनी बेयरस्टो (55) और मनीष पांडे (61*) ने मिलकर टीम को उबारा और महत्वपूर्ण अर्धशतकीय साझेदारी की। लेकिन कोलकाता के गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के आगे हैदराबाद का मध्यक्रम कुछ खास कमाल नहीं कर पाया और मैच 10 रन से हार गया।
अब्दुल समद ने कमिंस के ओवर में लगाए दो छक्के। हैदराबाद की टीम को जीत के लिए आखिरी छह गेंदों में 22 रन की जरूरत।
हैदराबाद को जीत के लिए 12 गेंदों में 38 रनों की जरूरत। वार्नर की टीम को अब कोई चमत्कार ही मैच जीता सकता है। 18 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 150/5
हैदराबाद का चौथा विकेट गिरा। प्रसिद्ध कृष्णा ने धीमी गेंद पर मोहम्मद नबी को फंसाया। हैदराबाद को जीत के लिए आखिरी 24 गेंदों में 57 रन की दरकार।
वरुण चक्रवर्ती की कसी हुई गेंदबाजी। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में महज पांच रन दिए। हैदराबाद को जीत के लिए आखिरी 30 गेंदों में 70 रनों की जरुरत। 15 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 118/3, मनीष पांडे (46*), मोहम्मद नबी (5*)
हैदराबाद को आखिरी की 36 गेंदों में जीत के लिए 75 रन बनाने हैं। उसके पास अभी भी सात विकेट हाथ में है। मनीष पांडे और मोहम्मद नबी क्रीज पर मौजूद।
पैट कमिंस ने आखिरकार बड़ी सफलता हासिल कर ली। कमिंस ने अपने तीसरे ओवर में बेयरस्टो पर दबाव बनाया और आखिरी गेंद पर उन्हें राणा के हाथों कैच करवा दिया। बेयरस्टो 40 गेंद में 55 रन बनाकर आउट हुए। 13 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 102/3, मनीष पांडे (35*), मोहम्मद नबी (0*)
जॉनी बेयरस्टो और मनीष पांडे की जोड़ी हैदराबाद को शुरुआती झटकों से उबारने में लगी है। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी कर ली है। बेयरस्टो ने आंद्रे रसेल के पहले ओवर में अकेले ही 15 रन जड़ दिए। आठ ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 60/2, जॉनी बेयरस्टो (30*), मनीष पांडे (20*)
शुरुआती झटकों की वजह से हैदराबाद की शुरुआत काफी धीमी हुई है। पहले पावरप्ले में टीम रन बनाने में नाकाम रही है। छह ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 35/2, मनीष पांडे (12*), जॉनी बेयरस्टो (13*)
शाकिब अल हसन ने पहली ही गेंद पर रिद्धिमान साहा को पविलियन का रास्ता दिखा दिया है। साहा पीछे हटकर शॉट खेलना चाहते थे लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर स्टंप पर लगी। साहा सात रन बनाकर आउट हुए। तीन ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 11/2, जॉनी बेयरस्टो (1*), मनीष पांडे (0*)
पहले ओवर में जीवनदान मिलने के बावजूद हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर कुछ खास नहीं कर पाए। उन्हें दूसरे ही ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने अपना शिकार बनाया। प्रसिद्ध की पटकी हुई बाहर जाती गेंद पर वार्नर ने कार्तिक को कैच थमा दिया और तीन रन बनाकर आउट हुए।
हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर को पहले ही ओवर में पैट कमिंस ने जीवनदान दे दिया। भज्जी की चौथी गेंद पर पैट कमिंस ने वार्नर का कैच छोड़ दिया। पहले ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर: 8/0, रिद्धिमान साहा (7*), डेविड वार्नर (1*)
कोलकाता के 187 रन के जवाब में हैदराबाद की बल्लेबाजी शुरू। रिद्धिमान साहा और डेविड वार्नर ने पारी की शुरुआत की है जबकि केकेआर ने हरभजन सिंह को गेंद सौंपी है।
मोहम्मद नबी ने लगातार दो गेंदों में कोलकाता को दो बड़े झटके दिए। नबी ने पहले राणा को विजय शंकर के हाथों कैच करवाया और फिर अगली ही गेंद पर मॉर्गन भी पवेलियन लौट गए। नबी ने अपने आखिरी ओवर में तीन रन देकर दो विकेट लिए। 18 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 162/5, शाकिब अल हसन (0*), दिनेश कार्तिक (0*)
पहले ही मैच में जबरदस्त बल्लेबाजी करने के बाद नितीश राणा आउट हुए। राणा 56 गेंद में 80 रन बनाकर नबी की गेंद पर विजय शंकर को कैच थमा बैठे।
कोलकाता के खतरनाक बल्लेबाज आंद्रे रसेल कुछ खास नहीं कर पाए। उन्हें राशिद खान ने अपनी फिरकी में फंसाया। राशिद ने अपने कोटे के आखिरी ओवर की दूसरी ही गेंद पर रसेल को मनीष पांडे के हाथों कैच करवाया। रसेल सिर्फ पांच रन ही बना पाए।
नटराजन ने आखिकार कोलकाता की एक मजबूत साझेदारी को तोड़ने में सफलता हासिल की। उन्होंने अपने तीसरे ओवर की दूसरी ही गेंद पर राहुल त्रिपाठी को धीमी गेंद पर फंसाकर साहा के हाथों कैच करवाया। राहुल 29 गेंदों में 53 रन बनाकर आउट हुए। 16 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 152/2, नितीश राणा (79*), आंद्रे रसेल (5*)
पहले नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे राहुल त्रिपाठी ने भी सीजन की शुरुआत अर्धशतक के साथ की है। राहुल ने महज 28 गेंदों में अपना छठा अर्धशतक जड़ा।
कोलकाता एक बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही है। नितीश राणा और राहुल त्रिपाठी की जोड़ी हैदराबाद के गेंदबाजों पर भारी पड़ रही है। दोनों ने अभी तक 42 गेंदों में 73 रनों की साझेदारी कर ली है। 14 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 126/1, नितीश राणा (72*), राहुल त्रिपाठी (39*)
नितीश राणा और राहुल त्रिपाठी जबरदस्त बल्लेबाजी कर रही है। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 28 गेंदों में 51 रन जोड़ दिए हैं। 12 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 105/1, नितीश राणा (64*), राहुल त्रिपाठी (26*)
कोलकाता की तरफ से पहले नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे राहुल त्रिपाठी ने आईपीएल में अपने 1000 रन पूरे कर लिए हैं।
नितीश राणा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सीजन के पहले मैच में अर्धशतक जड़ दिया है। राणा ने विजय शंकर की गेंद पर छक्के के साथ 37 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।
कोलकाता के बल्लेबाजों के लिए राशिद खान थोड़ी मुश्किलें पैदा कर रहे हैं। राशिद ने पूरी तरह से रनों पर लगाम लगा रखी है। दो ओवर में अभी तक उन्होंने सिर्फ आठ रन दिए हैं। 9 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 69/1, नितीश राणा (42*), राहुल त्रिपाठी (12*)
टी-20 क्रिकेट के धुरंधर राशिद खान ने अपने पहले ही ओवर में हैदराबाद को बड़ी सफलता दिलाते हुए कोलकाता को पहला झटका दिया है। राशिद ने अपने ओवर की आखिरी गेंद पर गिल को चकमा देकर बोल्ड कर दिया। शुभमन 13 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। सात ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 53/1, नितीश राणा (38*), राहुल त्रिपाठी (0*)
कोलकाता के सलामी बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत की है. राणा और गिल की जोड़ी ने पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाया है। छह ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 50/0, शुभमन गिल (14*), नितीश राणा (36*)
केकेआर के सलामी बल्लेबाज संदीप शर्मा को निशाने पर ले रहे हैं। पहले ओवर में 9 रन लुटाने के बाद संदीप के दूसरे के ओवर में भी 14 रन आए। चार ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर: 33/0, शुभमन गिल (7*), नितीश राणा (26*)
पहली गेंद पर चौका लगने के बाद भुवनेश्वर कुमार ने शानदार वापसी की और अगली पांच गेंदों में कोई रन नहीं दिया। पहले ओवर की समाप्ति के बाद कोलकाता का स्कोर: 4/0, शुभमन गिल (0*), नितीश राणा (4*)
कोलकाता की तरफ से शुभमन गिल और नितीश राणा ने पारी की शुरुआत की है। जबकि हैदराबाद की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने संभाला है गेंदबाजी का भार।
हैदराबाद ने कप्तान डेविड वार्नर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। यानी आज के मुकाबले में इयोन मॉर्गन की अगुवाई वाली कोलकाता नाइट राइडर्स पहले बल्लेबाजी करने उतरेगी।
पिच पिछले मुकाबले की तुलना में थोड़ी सूखी हुई है। पिच पर हालांकि हल्की-हल्की घास भी है। चेपॉक में आज स्पिनर्स के लिए थोड़ा मुश्किल होगा। गेंदबाजों के लिए भी कठिन होगा क्योंकि बाउंड्री एक तरफ 60 मिटर की है तो दूसरी तरफ 70 मिटर की। पहले मैच की तरह आज भी थोड़ी ओस जरूर आएगी।
आईपीएल के सफलतम स्पिनरों में से एक हरभजन सिंह को कोलकाता की कैप दी गई है यानी आज के मैच में भज्जी केकेआर से डेब्यू करेंगे।
हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर के परिवार ने उन्हें उनके सीजन के पहले मैच के लिए शुभकामनाएं दी है।
केकेआर के अहम ऑलराउंडर आंद्रे रसेल पिछले सीजन में फेल रहे थे जिसकी वजह से टीम को भी काफी नुकसान हुआ था। लेकिन इस बार टीम को उनसे दमदार खेल की उम्मीद होगी और अगर ऐसा हुआ तो वह अकेले दम पर मैच का रुख मोड़ सकते हैं।