आईपीएल 2023 के 34वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को सात रन से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में नौ विकेट विकेट गंवाकर 144 रन बनाए। मनीष पांडे और अक्षर पटेल ने 34-34 रन की पारी खेली। जवाब में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 137 रन ही बना सकी। मयंक अग्रवाल ने सबसे ज्यादा 49 रन बनाए। वहीं, हेनरिच क्लासेन ने 19 गेंदों में 31 रन की पारी खेली।
आखिरी दो ओवरों का रोमांच
हैदराबाद को आखिरी दो ओवर में 23 रन की जरूरत थी। तब वॉशिंगटन सुंदर और हेनरिच क्लासेन क्रीज पर थे। 19वें ओवर में 10 रन बने और टीम ने क्लासेन का विकेट गंवाया। इसके बाद आखिरी ओवर में हैदराबाद को 13 रन की जरूरत थी। गेंदबाजी के लिए मुकेश कुमार आए। स्ट्राइक पर वॉशिंगटन सुंदर और मार्को यानसेन थे। पहली गेंद पर सुंदर ने दो रन लिए। इसके बाद अगली गेंद डॉट रही। तीसरी गेंद पर मुकेश ने एक रन दिया। चौथी गेंद पर यानसेन ने भी एक रन लिया। पांचवीं गेंद पर मुकेश ने एक रन दिया। वहीं, आखिरी गेंद पर दिल्ली को आठ रन की जरूरत थी, जो कि लगभग नामुमकिन था। मुकेश ने आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं दिया। इस तरह दिल्ली ने सात रन से जीत दर्ज की।
अंक तालिका का हाल
पॉइंट्स टेबल की बात करें तो इस जीत के साथ दिल्ली के सात मैचों में दो जीत और पांच हार के साथ चार अंक हो गए हैं। टीम अभी भी आखिरी यानी 10वें स्थान पर है। वहीं, हैदराबाद ने भी सात मैचों में से दो जीते हैं। पांच में टीम को हार मिली है और अंक तालिका में चार अंक के साथ टीम दिल्ली से ठीक ऊपर यानी नौवें स्थान पर है।
हैदराबाद को 19वें ओवर में 126 के स्कोर पर छठा झटका लगा। नॉर्त्जे ने हेनरिक क्लासेन को अमन खान के हाथों कैच कराया। वह 19 गेंदों में 31 रन बना सके। हैदराबाद को आखिरी छह गेंदों में 13 रन की जरूरत है।
हैदराबाद ने 15 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 89 रन बना लिए हैं। टीम को 30 गेंदों में 56 रन की जरूरत है। फिलहाल हेनरिक क्लासेन और वॉशिंगटन सुंदर क्रीज पर हैं। अक्षर ने कप्तान एडेन मार्करम को क्लीन बोल्ड किया। वह तीन रन बना सके।
हैदराबाद को 14वें ओवर में 79 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। कुलदीप यादव ने अभिषेक शर्मा का कैच अपनी ही गेंद पर लपका। वह पांच गेंदों में पांच रन बना सके। फिलहाल कप्तान एडेन मार्करम और हेनरिच क्लासेन क्रीज पर हैं। हैदराबाद को 36 गेंदों पर 60 रन की जरूरत है।
13वें ओवर में 75 के स्कोर पर हैदराबाद को तीसरा झटका लगा। राहुल त्रिपाठी 21 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले मयंक अग्रवाल 49 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। 13 ओवर के बाद हैदराबाद का स्कोर तीन विकेट पर 77 रन है। हैदराबाद को 42 गेंदों में 68 रन की जरूरत है। फिलहाल कप्तान एडन मार्करम और अभिषेक शर्मा क्रीज पर हैं।
12वें ओवर में 69 के स्कोर पर हैदराबाद को दूसरा झटका लगा। मयंक अग्रवाल 39 गेंदों में 49 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें अक्षर पटेल ने अमन के हाथों कैच कराया। फिलहाल हैदराबाद को 48 गेंदों में 72 रन की जरूरत है। राहुल त्रिपाठी 13 रन और अभिषेक शर्मा तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं।
आठ ओवर के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने एक विकेट गंवाकर 46 रन बना लिए हैं। फिलहाल राहुल त्रिपाठी 10 गेंदों में सात रन और मयंक अग्रवाल 24 गेंदों में 32 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। हैदराबाद को अब 72 गेंदों में 99 रन की जरूरत है।
हैदराबाद को छठे ओवर में 31 के स्कोर पर पहला झटका लगा। हैरी ब्रूक 14 गेंदों में सात रन बनाकर आउट हुए। उन्हें एनरिक नॉर्त्जे ने क्लीन बोल्ड किया। फिलहाल मयंक अग्रवाल 19 गेंदों में 28 रन और राहुल त्रिपाठी एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। हैदराबाद को 84 गेंदों में 109 रन की जरूरत है।
हैदराबाद ने दो ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 12 रन बना लिए हैं। फिलहाल हैरी ब्रूक दो रन और मयंक अग्रवाल 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। हैदराबाद को अब 133 रन की जरूरत है।
दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद के सामने 145 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 144 रन बनाए। टीम इस मैच में काफी बदलाव के साथ उतरी थी। पृथ्वी शॉ जैसे खिलाड़ियों को प्लेइंग-11 से बाहर किया गया था। हालांकि, उनकी जगह जो खिलाड़ी टीम में आए वह भी कुछ खास नहीं कर सके।
पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही थी। पहले ओवर में ही भुवनेश्वर ने फिलिप सॉल्ट को विकेटकीपर क्लासेन के हाथों कैच कराया। सॉल्ट खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद कप्तान डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने दूसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी निभाई। मिचेल को टी नटराजन ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। मार्श 15 गेंदों में पांच चौके की मदद से 25 रन बना सके। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर की घातक गेंदबाजी देखने को मिली। आठवें ओवर में उन्होंने तीन विकेट झटके। सबसे पहले सुंदर ने वॉर्नर को हैरी ब्रूक के हाथों कैच कराया। वह 20 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बना सके। इसके बाद सरफराज खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने भुवनेश्वर को कैच थमाया। सरफराज नौ गेंदों में 10 रन बना सके। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए अमन हकीम खान भी इसी ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गए। सुंदर ने उन्हें अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराया। अमन चार रन बना सके।
62 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद मनीष पांडे और अक्षर पटेल ने छठे विकेट के लिए 60 गेंदों में 69 रन की साझेदारी निभाई। अक्षर पटेल 18वें ओवर में आउट हुए। उन्हें भुवनेश्वर ने क्लीन बोल्ड किया। अक्षर ने 34 गेंदों में चार चौके की मदद से 34 रन की पारी खेली। इसके बाद मनीष पांडे रन आउट हो गए। वह 27 गेंदों में दो चौके की मदद से 34 रन बना सके। रिपल पटेल छह गेंदों में पांच रन और एनरिक नॉर्त्जे दो रन बनाकर रन आउट हुए। कुलदीप तीन गेंदों में चार रन और ईशांत शर्मा एक रन बनाकर नाबाद रहे।
हैदराबाद के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। भुवनेश्वर ने चार ओवर में 11 रन देकर दो विकेट झटके। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर ने चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए। टी नटराजन ने तीन ओवर में 21 रन दिए और मिचेल मार्श का महत्वपूर्ण विकेट लिया।
18वें ओवर में 131 के स्कोर पर दिल्ली को छठा झटका लगा। अक्षर पटेल 34 गेंदों में 34 रन बनाकर भुवनेश्वर की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। फिलहाल मनीष पांडे 26 गेंदों में 33 रन और रिपल पटेल एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। 62 पर पांच विकेट गिरने के बाद मनीष और अक्षर ने छठे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद 19वें ओवर में मनीष पांडे रन आउट हो गए। वह 27 गेंदों में 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मनीष ने अपनी पारी में दो चौके लगाए।
15 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने पांच विकेट गंवाकर 106 रन बना लिए हैं। फिलहाल मनीष पांडे 17 गेंदों में 24 रन और अक्षर पटेल 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 44 रन की साझेदारी हो चुकी है। 62 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद इन दोनों ने अच्छी बल्लेबाजी की है।
12 ओवर के बाद दिल्ली ने पांच विकेट गंवाकर 84 रन बना लिए हैं। फिलहाल अक्षर पटेल 16 गेंदों में आठ रन और मनीष पांडे नौ गेंदों में 12 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले वॉशिंगटन सुंदर ने एक ओवर में तीन विकेट झटके थे। उन्होंने वॉर्नर, सरफराज और अमन खान को छह गेंदों के अंदर पवेलियन भेजा।
आठवें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को तीन झटके लगे। वॉशिंगटन सुंदर ने एक ही ओवर में कप्तान डेविड वॉर्नर, सरफराज खान और अमन हकीम खान को आउट किया। सबसे पहले सुंदर ने वॉर्नर को हैरी ब्रूक के हाथों कैच कराया। वॉर्नर 20 गेंदों में 21 रन बना सके। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद चौथी गेंद पर सरफराज खान को भुवनेश्वर कुमार के हाथों कैच कराया। सरफराज नौ गेंदों में एक छक्का की मदद से 10 रन बना सके। ओवर की आखिरी गेंद पर सुंदर ने अमन हकीम खान को अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराया। अमन एक चौका लगा सके। आठ ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर पांच विकेट पर 62 रन है। फिलहाल मनीष पांडे और अक्षर पटेल क्रीज पर हैं।
दिल्ली को पांचवें ओवर में दूसरा झटका लगा। टी नटराजन ने मिचेल मार्श को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 15 गेंदों में 25 रन बना सके। अपनी पारी में मार्श ने पांच चौके लगाए। फिलहाल डेविड वॉर्नर 13 गेंदों में 14 रन और सरफराज खान एक रन बनाकर क्रीज पर हैं। पांच ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर 41 रन है।
तीन ओवर के बाद दिल्ली ने एक विकेट गंवाकर 22 रन बना लिए हैं। फिलहाल कप्तान डेविड वॉर्नर नौ गेंदों में एक रन और मिचेल मार्श आठ गेंदों में 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दिल्ली को पहले ही ओवर में झटका लगा था। भुवनेश्वर कुमार ने फिलिप सॉल्ट को आउट किया था।
दिल्ली की टीम को पहले ही ओवर में पहला झटका लगा। भुवनेश्वर कुमार ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर फिलिप सॉल्ट को विकेटकीपर हेनरिच क्लासेन के हाथों कैच कराया। सॉल्ट खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल कप्तान डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श क्रीज पर हैं।
दिल्ली कैपिटल्स: डेविड वॉर्नर (कप्तान), फिलिप सॉल्ट (विकेटकीपर), मिचेल मार्श, मनीष पांडे, सरफराज खान, अक्षर पटेल, अमन हकीम खान, रिपल पटेल, एनरिच नॉर्त्जे, कुलदीप यादव, ईशांत शर्मा।
दिल्ली कैपिटल्स के संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स: मुकेश कुमार, ललित यादव, प्रवीण दुबे, चेतन सकारिया, यश ढुल।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, हैरी ब्रूक, एडेन मार्करम (कप्तान), मयंक अग्रवाल, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), मार्को यानसेन, वॉशिंगटन सुंदर, मयंक मार्कंडे, भुवनेश्वर कुमार, टी नटराजन, उमरान मलिक।
सनराइजर्स हैदराबाद के संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स: नीतीश रेड्डी, विवरांत शर्मा, ग्लेन फिलिप्स, मयंक डागर, राहुल त्रिपाठी।
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। दिल्ली ने प्लेइंग-11 में दो बदलाव किए हैं। पृथ्वी शॉ को टीम से बाहर कर दिया गया है। रिपल पटेल और सरफराज खान की प्लेइंग-11 में वापसी हुई है। वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान एडेन मार्करम ने प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया। टी नटराजन की वापसी हुई है।
दोनों टीमों के बीच अब तक 21 मैच खेले गए हैं, जिसमें से हैदराबाद ने 11 और दिल्ली ने 10 मैच जीते हैं। हैदराबाद में ये दोनों टीमें पांच बार भिड़ चुकी हैं। इनमें से हैदराबाद ने तीन और दिल्ली ने दो मुकाबले जीते हैं। पिछले पांच मैचों में जब ये दोनों टीमें आमने-सामने आईं तो दिल्ली ने पिछले लगातार चारों मैच जीते। वहीं, हैदराबाद को दिल्ली के पिछली जीत 27 अक्तूबर 2020 में मिली थी।
इसी के साथ डेविड वॉर्नर की लगभग चार साल बाद हैदराबाद में वापसी हुई है। वह 2019 के बाद पहली बार हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेलते दिखेंगे। 2019 में वॉर्नर सनराइजर्स हैदराबाद के ही कप्तान रहे थे। 2019 के बाद कोरोना की वजह से होम-अवे फॉर्मेट पर मैच नहीं हो पाए थे। वहीं, विवाद की वजह से हैदराबाद ने वॉर्नर को टीम से निकाल दिया था, जबकि वह टीम को नहीं छोड़ना चाहते थे। ऐसे में वॉर्नर अपनी पुरानी टीम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।
अनुभवी ईशांत शर्मा ने सीजन में पहला मैच खेलते हुए शानदार स्पैल डाला और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। ईशांत से इस मैच में भी टीम को शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वह अपने अनुभव से टीम को लाभ पहुंचा सकते हैं। ईशांत के आने से टीम की गेंदबाजी में जान आई है। खराब स्ट्राइक रेट के कारण आलोचना झेल रहे वॉर्नर केकेआर के खिलाफ लय में दिखे और इसे बरकरार रखना चाहेंगे।
ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला मार्श चार मैचों में दो बार खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, गेंदबाजी में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा जिसकी वजह से रोवमैन पॉवेल या रिली रोसोयू को उतारा जा सकता है। युवा बल्लेबाजों के नाकाम रहने की वजह से मनीष पांडेय पर जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्हें अच्छी पारी खेलनी होगी ताकि आखिरी ओवरों में अक्षर खुलकर खेल सके।
डेविड वॉर्नर और उनकी टीम दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरकार गुरुवार को दिल्ली में कोलकाता नाइटराइडर्स को चार विकेट से हराकर जीत का खाता खोला। उसके गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करके केकेआर को 127 रन पर रोका। हालांकि, बल्लेबाजों में वॉर्नर और अक्षर पटेल को छोड़कर कोई नहीं चल सका। पृथ्वी शॉ और मिचेल मार्श का खराब फॉर्म टीम की समस्या बना हुआ है। पृथ्वी ने पिछले छह मैचों में 12, 7, 0, 15, 0, 13 रन बनाए। पृथ्वी इस मैच में बाहर बैठ सकते हैं।
दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद लगातार हार के बाद अब जीत की राह पर लौटना चाहेगी। वह फिलहाल छह मैचों में चार अंक लेकर नौवें स्थान पर है। टीम कागजों पर मजबूत दिखती है लेकिन बल्लेबाजों ने उसे निराश किया है। वे ना तो बड़ा स्कोर बना पाये और ना ही लक्ष्य का पीछा करने में कामयाब रहे हैं।
लगातार पांच हार का सिलसिला पिछले मैच में तोड़ने के बाद दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल में सोमवार (24 अप्रैल) को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उतरेगी तो उसका इरादा जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने का होगा। दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन इस सत्र में अच्छा नहीं रहा है और उसे हर विभाग में निराशा हाथ लगी है। इसी वजह से उसे पहले पांच मैचों में पराजय झेलनी पड़ी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2023 के 34वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना दिल्ली कैपिटल्स से है। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है। हैदराबाद की टीम पिछला दो मैच हार चुकी है, जबकि दिल्ली की टीम ने पिछले मैच में इस सीजन की अपनी पहली जीत हासिल की। हैदराबाद की टीम हार की हैट्रिक से बचना चाहेगी, जबकि दिल्ली की टीम जीत के लय को बरकरार रखने उतरेगी।