इंग्लैंड ने श्रीलंका को चार विकेट से हराकर सेमीफाइल में जगह बना ली है। इस मैच में श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 141 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने छह विकेट खोकर 144 रन बना लिए और दो गेंद रहते मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। पहले ग्रुप से सेमीफाइनल की दोनों टीमें तय हो चुकी हैं। न्यूजीलैंड की टीम पहले स्थान पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंची है। वहीं, इंग्लैंड ने दूसरे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है। मेजबान और पिछले विश्व कप की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है।
अब दूसरे ग्रुप से दक्षिण अफ्रीका और भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद सबसे ज्यादा है। अगर मैच में कोई और उलटफेर नहीं हुआ तो भारतीय टीम ग्रुप-बी में पहले स्थान पर रहकर सेमीफाइनल में जगह बनाएगी। वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम दूसरे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंचेगी। इस स्थिति में भारत का सामना इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका का सामना न्यूजीलैंड के साथ होगा।
मैच में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम ने अच्छी शुरुआत की। पहले विकेट के लिए पथुम निसानका और कुशल मेंडिस ने चार ओवर में 39 रन जोड़े। इसके बाद मेंडिस 18 रन बनाकर आउट हो गए। मेंडिस के जाने के बाद श्रीलंकाई टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। सिर्फ भानुका राजपक्षे (22 रन) ही क्रीज पर थोड़ा समय बिता पाए। हालांकि, पथुम निसानका ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की और 45 गेंद में 67 रन बनाकर आउट हुए। उनके बेहतरीन अर्धशतक की बदौलत श्रीलंकाई टीम ने आठ विकेट खोकर 141 रन का स्कोर बनाया।
इंग्लैंड के लिए मार्क मुड ने तीन विकेट लिए। बेन स्टोक्स, क्रिस वोक्स, सैम करन और आदिल राशिद को एक-एक विकेट मिला।
अच्छी शुरुआत के बाद बिखरा इंग्लैंड
142 रन का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने शानदार शुरुआत की। पहले विकेट के लिए जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने 44 गेंद में 75 रन जोड़ दिए। बटलर 28 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद श्रीलंका की तरह इंग्लैंड की टीम भी नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। हेल्स 30 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, बेन स्टोक्स ने एक छोर संभालकर बल्लेबाजी की और 26 गेंद में 42 रन बनाए। वह अपनी टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे। श्रीलंका के लिए लहिरू कुमारा, वनिंदु हसरंगा और धनंजय डे सिल्वा ने दो-दो विकेट लिए। श्रीलंका की टीम पहले ही सेमीफाइल की रेस से बाहर हो चुकी थी और हार के साथ इस टीम ने अपना विश्व कप खत्म किया।
आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए पांच रन की जरूरत है। बेन स्टोक्स और क्रिस वोक्स क्रीज पर हैं। 19 ओवर में इंग्लैंड ने छह विकेट खोकर 137 रन बनाए हैं।
सैम करन के रूप में इंग्लैंड को छठा झटका लगा है। लहिरू कुमारा की गेंद पर कसून रजिता ने उनका कैच पकड़ा। सैम करन ने 11 गेंद में छह रन बनाए। अब मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच चुका है। बेन स्टोक्स और क्रिस वोक्स क्रीज पर हैं। 18 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर छह विकेट पर 129 रन है। इंग्लैंड को जीत के लिए आखिरी दो ओवरों में 13 रन की जरूरत है।
इंग्लैंड के पांच विकेट गिर चुके हैं। 142 रन के स्कोर का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने शानदार शुरुआत की थी, लेकिन अब यह टीम संघर्ष कर रही है। बटलर के 28 और एलेक्स हेल्स के 47 रन के बाद बेन स्टोक्स अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और 31 रन बनाकर खेल रहे हैं। हैरी ब्रूक और लियम लिविंगस्टोन चार बनाकर आउट हुए। इसके बाद मोईन अली भी एक रन बनाकर आउट हो गए। फिलहाल स्टोक्स के साथ सैम करन क्रीज पर हैं। अभी डेविड मलान का बल्लेबाजी के लिए आना बाकी है। 17 ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर पांच विकेट पर 127 रन है।
इंग्लैंड को 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर तीसरा झटका लगा। धनंजय डी सिल्वा ने हैरी ब्रुक को अपनी गेंद पर कैच आउट किया। ब्रुक ने पांच गेंद पर चार रन बनाए। इंग्लैंड ने 12 ओवर में तीन विकेट पर 98 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए आठ ओवर में 44 रन बनाने हैं। बेन स्टोक्स 13 गेंद पर 15 और लियाम लिविंगस्टोन दो गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।
अच्छी शुरुआत करने के बाद इंग्लैंड ने सात रन के अंतराल पर दो विकेट गंवा दिए हैं। कप्तान बटलर 23 गेंद में 28 और एलेक्स हेल्स 30 गेंद में 47 रन बनाकर आउट हो चुके हैं। दोनों विकेट वनिंदु हसरंगा ने लिए हैं। उन्होंने पहले बटलर को चमिका करुणारत्ने के हाथों कैच कराया फिर अपनी ही गेंद पर हेल्स का कैच पकड़ा।
142 रन का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने शानदार शुरुआत की है। पांच ओवर में ही इंग्लैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के 50 रन हो चुका है। जोस बटलर और एलेक्स हेल्स शानदार लय में हैं। दोनों बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे हैं और हेल्स अपने अर्धशतक के करीब पहुंच गए हैं।
142 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की बल्लेबाजी शुरू हो गई हैं। इंग्लैंड के लिए कप्तान जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने पारी की शुरुआत की है। वहीं, श्रीलंका के लिए महीष तीक्ष्णा ने पहला ओवर किया। एक ओवर का खेल खत्म होने के बाद इंग्लैंड का स्कोर बिना किसी नुकसान के तीन रन है।
श्रीलंका ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 141 रन बनाए। उसके लिए पथुम निसांका ने सबसे ज्यादा 67 रन बनाए। निसांका ने 45 गेंद की पारी में दो चौके और पांच छक्के लगाए। उनके अलावा भानुका राजपक्षे ने 22 और कुसल मेंडिस ने 18 रन बनाए। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को पार नहीं कर पाया। वानिंदु हसरंगा और धनंजय डी सिल्वा ने नौ-नौ रन बनाए। चरित असालंका ने आठ और दासुन शनाका ने तीन रन बनाए। चमिका करुणारत्ने खाता नहीं खोल पाए। महीश तीक्षणा खाता खोले बगैर नाबाद रहे। श्रीलंका ने एक समय 8.2 ओवर में दो विकेट पर 72 रन बना लिए थे। उसके बाद टीम को लगातार झटके और वह बड़ा स्कोर नही ंबना सकी।
इग्लैंड को पांचवीं सफलता 18वें ओवर में मिली। मार्क वुड ने श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका को आउट कर दिया। शनाका आठ गेंद पर तीन रन बनाकर पवेलियन लौटे। कप्तान जोस बटलर ने विकेट के पीछे उनका कैच लिया। शनाका के आउट होने के बाद वानिंदु हसरंगा क्रीज पर आए हैं। श्रीलंका ने 18 ओवर में पांच विकेट पर 128 रन बनाए हैं।
श्रीलंका को चौथा झटका आदिल रशीद ने दिया। उन्होंने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर पथमु निसांका को आउट कर दिया। निसांका 45 गेंद पर 67 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने दो चौके और पांच छक्के लगाए। निसांका के आउट होने के बाद कप्तान दासुन शनाका क्रीज पर आए हैं। श्रीलंका ने 16 ओवर में चार विकेट पर 120 रन बना लिए हैं। भानुका राजपक्षे 15 गेंद पर 15 रन बनाकर नाबाद हैं। दासुन शनाका दो गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।
श्रीलंका को तीसरा झटका बेन स्टोक्स ने दिया। इंग्लैंड की टीम को 11वें ओवर की चौथी गेंद पर सफलता मिली। स्टोक्स ने चरित असलंका को आउट कर दिया। असलंका ने नौ गेंद पर आठ रन बनाए। उन्होंने डेविड मलान को कैच थमा दिया। उनके आउट होने के बाद भानुका राजपक्षे क्रीज पर आए हैं। श्रीलंका ने 11 ओवर में तीन विकेट पर 84 रन बना लिए हैं। पथुम निसांका 30 गेंद पर 47 और भानुका राजपक्षे दो गेंद पर खाता खोले बगैर नाबाद हैं।
इंग्लैंड को दूसरी सफलता सैम करन ने दिलाई। उन्होंने नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर धनंजय डी सिल्वा को आउट कर दिया। धनंजय छक्का मारने के प्रयास में बाउंड्री पर बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे। उन्होंने 11 गेंद पर नौ रन बनाए। चरित असलंका अब क्रीज पर आए हैं। वहीं, दूसरे छोर पर पथुम निसांका टिके हैं। श्रीलंका ने नौ ओवर में दो विकेट पर 75 रन बना लिए हैं। निसांका 26 गेंद पर 44 और असलांका तीन गेंद पर दो रन बनाकर नाबाद हैं।
श्रीलंका को पहला झटका चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर लगा। क्रिस वोक्स ने कुसल मेंडिस को आउट कर दिया। मेंडिस छक्का लगाने के प्रयास में बाउंड्री पर लियाम लिविंगस्टोन को कैच थमा बैठे। उन्होंने 14 गेंद पर 18 रन बनाकर। इस दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया। श्रीलंका ने चार ओवर में एक विकेट पर 39 रन बनाए हैं। पथुम निसांका 10 गेंद पर 19 रन बनाकर नाबाद हैं। धनंजय डी सिल्वा को अभी अपना खाता खोलना है।
श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ तूफानी शुरुआत की। उसने तीन ओवर में बिना किसी नुकसान के 32 रन बना लिए हैं। पथुम निसांका नौ गेंद पर 18 और कुसल मेंडिंस नौ गेंद पर 13 रन बनाकर नाबाद हैं।
श्रीलंका की पारी शुरू हो चुकी है। ओपनर कुसल मेंडिस और पथुम निसांका क्रीज पर हैं। इंग्लैंड के लिए गेंदबाजी की शुरुआत बेन स्टोक्स ने की। श्रीलंका ने पहले ओवर में बिना किसी नुकसान के नौ रन बना लिए हैं।
श्रीलंका: पथुम निसांका, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर), धनंजय डी सिल्वा, चरित असलंका, भानुका राजपक्षे, दासुन शनाका (कप्तान), वानिंदु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, महीश तीक्षणा, लाहिरु कुमारा, कसुन रजिता।
इंग्लैंड: जोस बटलर (विकेटकीपर/कप्तान), एलेक्स हेल्स, मोईन अली, लियाम लिविंगस्टोन, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स, सैम करन, डेविड मालन, क्रिस वोक्स, आदिल राशिद, मार्क वुड।
श्रीलंका ने ग्रुप-1 के आखिरी सुपर-12 मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीत लिया है। उसने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। श्रीलंका ने टीम में एक बदलाव किया। चमिका करुणारत्ने को इस मुकाबले में मौका दिया गया है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। टी20 वर्ल्ड कप का 39वां मुकाबला इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ बीच सिडनी में शनिवार को खेला जाएगा। यह सुपर-12 में ग्रुप-1 का आखिरी मुकाबला है। श्रीलंका सेमीफाइनल की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुका है। आज अगर इंग्लैंड की टीम यह मैच जीत लेती है तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। अगर इंग्लैंड हारता है तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा।