आईपीएल 2024 के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चार विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है और उनके चैंपियन बनने के सपने को एकबार फिर तोड़ दिया है। इस तरह बेंगलुरु के लगातार छह मैच जीतने का सफर भी खत्म हो गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 172 रन बनाए थे। जवाब में राजस्थान ने 19 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बेंगलुरु की टीम अब तक आईपीएल के 17 सीजन में कभी चैंपियन नहीं बन पाई है।
इस तरह राजस्थान की टीम क्वालिफायर-2 में पहुंच गई। अब 24 मई को उनका सामना एक और नॉकआउट मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। उस मैच को जीतने वाली टीम 26 मई को फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलेगी। जिस तरह से बेंगलुरु के खिलाड़ियों ने दिनेश कार्तिक को गले लगाया, ऐसा माना जा रहा है कि यह कार्तिक का आईपीएल में आखिरी मैच भी था। कार्तिक ने इससे पहले सीएसके को हराने के बाद कहा था कि उन्हें लगा था कि सीएसके के खिलाफ मैच उनके आईपीएल करियर का आखिरी होगा। ऐसे में कार्तिक का करियर खत्म माना जा रहा है।
18वें ओवर में 157 के स्कोर पर राजस्थान को पांचवां झटका लगा। सिराज ने रियान पराग को क्लीन बोल्ड किया। वह 26 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 36 रन बना सके। 18 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर छह विकेट पर 160 रन है। ओवर की आखिरी गेंद पर सिराज ने शिमरोन हेटमायर को डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। राजस्थान को 12 गेंद में 13 रन की जरूरत है।
16 ओवर के बाद राजस्थान ने चार विकेट गंवाकर 143 रन बना लिए हैं। अब उन्हें 24 गेंद में 30 रन की जरूरत है। फिलहाल शिमरोन हेटमायर और रियान पराग क्रीज पर हैं।
राजस्थान रॉयल्स को 112 के स्कोर पर चौथा झटका लगा। ध्रुव जुरेल दो रन के चक्कर में रन आउट हो गए। रियान पराग ने डीप स्क्वायर लेग में शॉट खेला था। वहां विराट कोहली खड़े थे। उन्होंने जबरदस्त थ्रो किया और ग्रीन ने नॉन स्ट्राइकर एंड की गिल्लियां बिखेर दीं। ध्रुव जुरेल आठ रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल शिमरोन हेटमायर और रियान पराग क्रीज पर हैं। 14 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर चार विकेट पर 115 रन है। राजस्थान को अब जीत के लिए 36 गेंद में 58 रन चाहिए।
राजस्थान को लगातार दो ओवर में दो झटके लगे। 10वें ओवर में यशस्वी 45 रन बनाकर आउट हुए थे। इसके बाद 11वें ओवर में कप्तान संजू सैमसन आउट हो गए। एक वक्त राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 81 रन था। अब टीम ने 86 रन तक आते आते दो और विकेट गंवा दिए हैं। सैमसन कर्ण शर्मा की गेंद पर आगे बढ़कर मारने के चक्कर में स्टंप हो गए। वह 17 रन बना सके। 11 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर तीन विकेट पर 98 रन है। फिलहाल ध्रुव जुरेल और रियान पराग क्रीज पर हैं।
राजस्थान को 10वें ओवर में 81 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। यशस्वी 30 गेंद में आठ चौके की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने कप्तान संजू सैमसन के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी निभाई। यशस्वी को कैमरन ग्रीन ने विकेटकीपर कार्तिक के हाथों कैच कराया। फिलहाल सैमसन का साथ निभाने रियान पराग आए हैं।
नौ ओवर के बाद राजस्थान ने एक विकेट गंवाकर 80 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 10 गेंद में 14 रन और यशस्वी जायसवाल 29 गेंद में 45 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों के बीच 30 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।
राजस्थान को पावरप्ले के आखिरी ओवर यानी छठे ओवर में 46 के स्कोर पर पहला झटका लगा। लोकी फर्ग्यूसन ने टॉम कोहलर कैडमोर को क्लीन बोल्ड किया। वह 15 गेंद में चार चौके की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल कप्तान संजू सैमसन और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर हैं। छह ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 47 रन है।
पांच ओवर के बाद राजस्थान ने बिना कोई विकेट गंवाे 45 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 16 गेंद में 24 रन और टॉम कोहलर कैडमोर 14 गेंद में 20 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। कैमरन ग्रीन ने यशस्वी और मैक्सवेल ने कैडमोर के आसान कैच छोड़े। यह दोनों कैच यश दयाल की गेंद पर छूटे।
तीन ओवर के बाद राजस्थान ने बिना कोई विकेट गंवाए 22 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 12 गेंद में 19 रन और टॉम कैडमोर छह गेंद में दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
राजस्थान की पारी की शुरुआत हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और टॉम कोहलर कैडमोर क्रीज पर हैं। बेंगलुरु के लिए पहले ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर स्वप्निल सिंह ने गेंदबाजी की। एक ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर बिना किसी विकेट के दो रन है।
एलिमिनेटर में बेंगलुरु ने राजस्थान के सामने 173 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 172 रन बनाए। रजत पाटीदार ने सबसे ज्यादा 34 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने 33 रन और महिपाल लोमरोर ने 32 रन बनाए। फाफ डुप्लेसिस 17 रन, कैमरन ग्रीन 27 रन, दिनेश कार्तिक 11 रन और कर्ण शर्मा पांच रन बनाकर आउट हुए। वहीं, ग्लेन मैक्सवेल खाता नहीं खोल सके। राजस्थान की ओर से आवेश खान ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, अश्विन को दो विकेट मिले। ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा और चहल को एक-एक विकेट मिला।
19वें ओवर में बेंगलुरु को दो झटके लगे। आवेश खान ने दिनेश कार्तिक को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। वह 13 गेंद में 11 रन बना सके। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर आवेश ने महिपाल लोमरोर को रोवमन पॉवेल के हाथों कैच कराया। फिलहाल स्वप्निल सिंह और कर्ण शर्मा क्रीज पर हैं। 19 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर सात विकेट पर 159 रन है।
17 ओवर के बाद बेंगलुरु ने पांच विकेट गंवाकर 144 रन बना लिए हैं। फिलहाल महिपाल लोमरोर 10 गेंद में 19 रन और दिनेश कार्तिक 10 गेंद में 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
बेंगलुरु को 15वें ओवर में आवेश खान ने पांचवां झटका दिया। उन्होंने रजत पाटीदार को रियान पराग के हाथों कैच कराया। रजत ने 22 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 34 रन की पारी खेली। इसकी अगली ही गेंद पर दिनेश कार्तिक को लेकर भी आवेश ने एल्बीडब्ल्यू की अपील की। फील्ड अंपायर ने आउट भी करार दिया, लेकिन कार्तिक ने डीआरएस का इस्तेमाल किया और थर्ड अंपायर को लगा कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर पैड पर लगी। ऐसे में उन्हें नॉटआउट दिया गया। 15 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर पांच विकेट पर 125 रन है। फिलहाल कार्तिक और महिपाल लोमरोर क्रीज पर हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 13वें ओवर में 97 के स्कोर पर दो-दो झटके लगे। अश्विन ने लगातार दो गेंद पर दो विकेट लिए। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर कैमरन ग्रीन को रोवमन पॉवेल के हाथों कैच कराया। ग्रीन 21 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद चौथी गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल को अश्विन ने ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। मैक्सवेल खाता नहीं खोल सके। उनका खराब फॉर्म जारी है। 13 ओवर के बाद बेंगलुरु का स्कोर चार विकेट पर 97 रन है। फिलहाल रजत पाटीदार और महिपाल लोमरोर क्रीज पर हैं। वहीं, युजवेंद्र चहल ने विराट को आउट किया था। वह राजस्थान रॉयल्स के सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं।
10 ओवर के बाद बेंगलुरु ने दो विकेट गंवाकर 76 रन बना लिए हैं। फिलहाल कैमरन ग्रीन 14 गेंद में 18 रन और रजत पाटीदार आठ गेंद में पांच रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।
आठवें ओवर में 56 के स्कोर पर बेंगलुरु को दूसरा झटका लगा। कप्तान फाफ डुप्लेसिस के बाद विराट कोहली भी पवेलियन लौट चुके हैं। डुप्लेसिस को बोल्ट ने रोवमन के हाथों कैच कराया था। वह 17 रन बना सके थे। वहीं, कोहली 24 गेंद में 33 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। चहल ने उन्हें डोनोवन फरेरा के हाथों कैच कराया। फिलहाल कैमरन ग्रीन और रजत पाटीदार क्रीज पर हैं।
सात ओवर के बाद बेंगलुरु ने एक विकेट गंवाकर 56 रन बना लिए हैं। फिलहाल कोहली 22 गेंद में 33 रन और कैमरन ग्रीन छह गेंद में तीन रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले ट्रेंट बोल्ट ने फाफ डुप्लेसिस को पवेलियन भेजा था। रोवमन पॉवेल ने बेहतरीन कैच लपका था।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को पांचवें ओवर में 37 के स्कोर पर पहला झटका लगा। ट्रेंट बोल्ट ने कप्तान फाफ डुप्लेसिस को रोवमन पॉवेल के हाथों कैच कराया। वह 14 गेंद में दो चौके और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाकर आउट हुए। बोल्ट ने अब तक किफायती गेंदबाजी की है। उन्होंने तीन ओवर में छह रन खर्च किए हैं और एक विकेट लिया है।
बेंगलुरु की पारी की शुरुआत हो चुकी है। विराट कोहली और कप्तान फाफ डुप्लेसिस क्रीज पर हैं। पहले ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने गेंदबाजी की और दो रन खर्च किए।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), रजत पाटीदार, कैमरन ग्रीन, ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), महिपाल लोमरोर, कर्ण शर्मा, यश दयाल, मोहम्मद सिराज, लोकी फर्ग्यूसन। इम्पैक्ट सब: स्वप्निल सिंह, अनुज रावत, सुयश प्रभुदेसाई, विजयकुमार वैशाक, हिमांशू शर्मा।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, टॉम कोहलर-कैडमोर, संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), रियान पराग, ध्रुव जुरेल, रोवमन पॉवेल, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, अवेश खान, संदीप शर्मा, युजवेंद्र चहल। इम्पैक्ट सब: नांद्रे बर्गर, शुभम दुबे, डोनोवन फरेरा, तनुश कोटियान, शिमरोन हेटमायर।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। राजस्थान की टीम में शिमरोन हेटमायर की वापसी हुई है। वहीं, बेंगलुरु के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है।
साल 2020 से बेंगलुरु की टीम राजस्थान पर हावी रही है। इस दौरान आरसीबी ने सात और आरआर ने तीन मैच जीते हैं। नॉकआउट राउंड में दोनों टीमों के रिकॉर्ड की बात करें तो आरसीबी ने छह मैच जीते हैं और नौ में उन्हें हार मिली है, जबकि राजस्थान ने नॉकआउट में चार मैच जीते हैं और पांच में उन्हें हार मिली है।
आईपीएल में मौजूदा फॉर्म की बात करें तो राजस्थान और बेंगलुरु बिल्कुल एक-दूसरे के विपरीत रहे हैं। आरसीबी ने जहां अपने पिछले छह मुकाबले में जीत हासिल की है, जबकि राजस्थान ने पिछले छह में से सिर्फ एक मैच जीता है। चार में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा। दोनों के बीच अब तक कुल 31 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से बेंगलुरु ने 15 और आरआर ने 13 मैच जीते हैं। तीन मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भी दोनों टीमें दो बार भिड़ चुकी हैं। एक मैच राजस्थान ने और एक मैच बेंगलुरु ने जीता है।
आरसीबी के विराट कोहली इस सत्र में 14 मैचों में 708 रन बना चुके हैं और वह ट्रंपकार्ड साबित हो सकते हैं। कप्तान फाफ भी फॉर्म में लौट आए हैं, जबकि रजत पाटीदार ने भी पांच अर्धशतक जमाए हैं। इंग्लैंड के विल जैक्स के जाने का आरसीबी पर असर नहीं पड़ा है क्योंकि निचले क्रम पर दिनेश कार्तिक 195 की स्ट्राइक रेट से अधिक से रन बना रहे हैं। पिछले मैच में यश दयाल ने चेन्नई के महेंद्र सिंह धोनी और रवींद्र जडेजा के सामने बेहतरीन आखिरी ओवर डालकर टीम को जीत दिलाई थी। वह इस लय को कायम रखना चाहेंगे।
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम बाकी मैदानों की तरह बल्लेबाजों की मददगार नहीं है लिहाजा यहां रॉयल्स के गेंदबाज उपयोगी साबित हो सकते हैं। इस मैदान पर इस सत्र में 12 पारियों में सिर्फ दो बार 200 से पार का स्कोर बना है यानी अनुशासित गेंदबाजी करने वाली टीम का पलड़ा भारी हो सकता है।
जोस बटलर के इंग्लैंड लौट जाने से उसकी बल्लेबाजी पर असर पड़ा है। अब यशस्वी जायसवाल (348 रन), कप्तान सैमसन (504 रन) और रियान पराग (531 रन) को अतिरिक्त जिम्मेदारी निभानी होगी। सैमसन और पराग के अलावा इंग्लैंड के टॉम होलेर कैडमोर से भी अच्छी पारी की उम्मीद होगी जो जायसवाल के साथ पारी का आगाज कर सकते हैं। शिमरोन हेटमायर निचले क्रम को मजबूती दे सकते हैं। हालांकि, अभी तक बल्ले से इस सत्र में कमाल नहीं कर सके हैं।
एक समय पर राजस्थान का शीर्ष दो में रहना तय लग रहा था, लेकिन लगातार चार हार और केकेआर के खिलाफ आखिरी मैच बारिश में धुलने के कारण वह सनराइजर्स हैदराबाद के बाद दूसरे स्थान पर रहा। आईपीएल के पहले सत्र 2008 की विजेता राजस्थान कुछ सप्ताह पहले खिताब की सबसे प्रबल दावेदार मानी जा रही था, लेकिन पिछले चार मैचों में उनकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की कमजोरियां उजागर हुईं। दूसरी ओर आरसीबी प्लेऑफ से बाहर होने की कगार पर पहुंचने के बाद सनसनीखेज तरीके से चौथे स्थान तक पहुंची। पहले आठ में से सात मैच हारने के बाद फाफ डुप्लेसिस की टीम ने गत विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स को हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई।
आईपीएल 2024 में आज से नॉकआउट चरण की शुरुआत हो रही है। यहां से हारने वाली टीम का सफर खत्म होता जाएगा। आज एलिमिनेटर मुकाबले में संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स के सामने आत्मविश्वास से भरी रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू (आरसीबी) की कठिन चुनौती होगी। आरसीबी की टीम चमत्कारिक प्रदर्शन करके यहां तक पहुंची है। इस मैच में जो टीम हारेगी वो फाइनल की दौड़ से बाहर हो जाएगी, जबकि जीतने वाली टीम क्वालिफायर दो पहुंचेगी। क्वालिफायर दो में उसका सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। उस मैच को जीतने वाली टीम 26 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ फाइनल खेलेगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से है। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। यह एक नॉकआउट मैच है और हारने वाली टीम सीधे आईपीएल से बाहर हो जाएगी। जीतने वाली टीम को क्वालिफायर-दो में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करना होगा। 26 मई को फाइनल खेला जाना है।