पंजाब ने बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर राजस्थान रॉयल्स को 10 रन से हराकर प्लेऑफ के लिए दावा मजबूत कर लिया। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 219 रन बनाए थे। राजस्थान ने जवाब में 20 ओवर में सात विकेट पर 209 रन बनाए। राजस्थान की ओर से यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल ने अर्धशतक जड़े, लेकिन पंजाब की टीम गेंदबाजों के दम पर वापसी करने में सफल रही। इस जीत के साथ ही पंजाब के 17 अंक हो गए हैं और वह प्लेऑफ में पहुंचने के बेहद करीब पहुंच गई है।
लक्ष्य का पीछा करते हुए यशस्वी और वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान को अच्छी शुरुआत दिलाई थी और पहले विकेट के लिए 4.5 ओवर में ही 76 रनों की साझेदारी कर ली थी। हरप्रीत बरार ने वैभव को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा जो 15 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भी यशस्वी नहीं रुके और उन्होंने 24 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, पचासा लगाने के बाद ही वह अपना विकेट गंवा बैठे और 25 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए।
यशस्वी और वैभव ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई थी और तीन ओवर में ही राजस्थान ने 50 रन का आंकड़ा छू लिया था, लेकिन इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद राजस्थान की लय गड़बड़ा गई और उसने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। संजू सैमसन 20 रन और रियान पराग 13 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला और अर्धशतक जड़ा, लेकिन बीच के ओवर में धीमी बल्लेबाजी से राजस्थान का जरूरी नेट रन रेट बढ़ा गया जिससे बल्लेबाजों पर दबाव बढ़ा।
राजस्थान को आखिरी ओवर में 22 रन की जरूरत थी, लेकिन मार्को यानसेन ने पहले जुरेल को आउट किया जो 31 गेंदों पर तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए। इसकी अगली ही गेंद पर उन्होंने हसरंगा को खाता खोले बिना पवेलियन भेजा। यानसेन के पास हैट्रिक लेने का मौका था, लेकिन वह इससे चूक गए। राजस्थान के लिए क्वेना मफाका दो गेंदों पर आठ रन और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शुभम दुबे सात रन बनाकर नाबाद लौटे। पंजाब की ओर से हरप्रीत बरार ने तीन विकेट लिए, जबकि यानसेन और अजमातुल्लाह ओमरजई को दो-दो विकेट मिले।
अजमातुल्लाह ओमरजई ने शिमरॉन हेत्मायर को आउट कर राजस्थान को पांचवां झटका दिया। हेत्मायर 12 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान को जीत के लिए 16 गेंदों पर 39 रन बनाने की जरूरत है।
पंजाब के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान का स्कोर 170 के पार पहुंच गया है। राजस्थान ने 17 ओवर की समाप्ति तक चार विकेट पर 179 रन बना लिए हैं। क्रीज पर फिलहाल हेत्मायर और ध्रुव जुरेल मौजूद हैं।
अजमातुल्लाह ओमरजई ने संजू सैमसन को आउट कर राजस्थान को तीसरा झटका दिया है। सैमसन 16 गेंदों पर एक चौका और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुए।
हरप्रीत बरार ने यशस्वी जायसवाल को आउट कर राजस्थान को दूसरा झटका दिया है। यशस्वी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक जड़ चुके थे, लेकिन इसके तुरंत बाद अपना विकेट गंवा बैठे। यशस्वी 25 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 24 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। यशस्वी की शानदार बल्लेबाजी की मदद से राजस्थान का स्कोर 100 रन के पार पहुंच गया है। क्रीज पर यशस्वी के साथ सैमसन भी मौजूद हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ पावरप्ले में एक विकेट पर 89 रन बनाए जो उसका पावरप्ले में सर्वोच्च स्कोर है। पंजाब ने राजस्थान के सामने 220 रनों का लक्ष्य रखा है, लेकिन राजस्थान ने तेज शुरुआत की है। राजस्थान की ओर से क्रीज पर यशस्वी के साथ कप्तान संजू सैमसन मौजूद हैं।
हरप्रीत बरार ने वैभव सूर्यवंशी को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को पहला झटका दिया। सूर्यवंशी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे और अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन वह पचासा पूरा करने से पहले ही अपना विकेट गंवा बैठे। वैभव 15 गेंदों पर चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। राजस्थान ने पांच ओवर की समाप्ति तक एक विकेट पर 76 रन बनाए हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए आक्रामक शुरुआत की है। राजस्थान ने तीन ओवर की समाप्ति तक बिना किसी नुकसान के 51 रन बना लिए हैं। राजस्थान ने महज 17 गेंदों पर ही 50 रन का आंकड़ा छू लिया था।
पंजाब किंग्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की पारी शुरू हो गई है। राजस्थान के लिए यशस्वी जायसवाल के साथ वैभव सूर्यवंशी उतरे हैं। राजस्थान ने अर्शदीप सिंह के पहले ही ओवर में 22 रन बनाकर तेज शुरुआत की है।
पंजाब किंग्स ने नेहाल वढेरा और शशांक सिंह के अर्धशतकों की मदद से राजस्थान रॉयल्स को 220 रनों का लक्ष्य दिया है। पंजाब ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 219 रन बनाए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने 34 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। हालांकि, नेहाल वढेरा ने पहले पारी को संभाला और 25 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। उनके आउट होने के बाद शशांक सिंह ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की जिससे पंजाब का स्कोर 200 के पार पहुंचने में सफल रहा।
शुरुआती झटकों के बाद वढेरा ने कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ चौथे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी निभाई। श्रेयस आउट हो गए, लेकिन वढेरा नहीं रुके। उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ा, लेकिन आकाश मधवाल ने वढेरा को पवेलियन भेजा। वढेरा 37 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, अंतिम ओवरों में शशांक ने अजमातुल्ला ओमरजई के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 24 गेंदों पर 60 रन जोड़े और पंजाब को अच्छी स्थिति पर पहुंचाया।
पंजाब के लिए शशांक 30 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 59 रन और ओमरजई नौ गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर नाबाद लौटे। इनके अलावा श्रेयस अय्यर ने 25 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 30, प्रभसिमरन सिंह ने 10 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 21 और प्रियांश आर्या ने नौ रन का योगदान दिया, जबकि मिचेल ओवन खाता खोले बिना आउट हुए। राजस्थान की ओर से तुषार देशपांडे ने दो विकेट लिए, जबकि क्वेना मफाका, रियान पराग और आकाश मधवाल को एक-एक विकेट मिले।
आकाश मधवाल ने नेहाल वढेरा को आउट कर पंजाब किंग्स को पांचवां झटका दिया। वढेरा 37 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 70 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब ने 16 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 159 रन बनाए हैं।
पंजाब किंग्स के बल्लेबाज नेहाल वढेरा ने 25 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया है। वढेरा पंजाब की पारी संभाले हुए हैं। पंजाब का स्कोर 13 ओवर की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 134 रन है।
रियान पराग ने श्रेयस अय्यर को आउट कर पंजाब किंग्स को चौथा झटका दिया है। श्रेयस और नेहाल वढेरा के बीच चौथे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी हुई। श्रेयस 25 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 30 रन बनाकर आउट हुए।
शुरुआती झटकों के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने नेहाल वढेरा के साथ मिलकर पंजाब की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है। पंजाब ने नौ ओवर की समाप्ति तक तीन विकेट पर 88 रन बनाए हैं।
पंजाब की पारी लड़खड़ा गई है और उसने 34 रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए हैं। प्रभसिमरन सिंह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन तुषार देशपांडे ने सैमसन के हाथों कैच कराकर उनकी पारी का अंत किया। प्रभसिमरन 10 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को दूसरा झटका दिया है और मिचेल ओवन खाता खोले बिना आउट हो गए हैं। ओवन को क्वेना मफाका ने अपना शिकार बनाया। पंजाब किंग्स ने तीन ओवर की समाप्ति तक दो विकेट पर 34 रन बनाए हैं।
तुषार देशपांडे ने प्रियांश आर्या को आउट कर पंजाब किंग्स को पहला झटका दिया। प्रियांश सात गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। पंजाब के लिए प्रियांश आर्या के साथ प्रभसिमरन सिंह पारी का आगाज करने उतरे हैं।
राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), रियान पराग, शिमरॉन हेत्मायर, ध्रुव जुरेल, वानिंदु हसरंगा, क्वेना मफाका, तुषार देशपांडे, आकाश मधवाल, फजलहक फारूकी।
इम्पैक्ट सब: कुमार कार्तिकेय, शुभम दुबे, अशोक शर्मा, कुणाल सिंह राठौर, युद्धवीर सिंह चरक।
पंजाब किंग्सः प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहाल वढेरा, मिचेल ओवन, अजमातुल्लाह ओमरजई, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट सबः विजयकुमार विशाक, हरप्रीत बरार, प्रवीण दुबे, सूर्यांश शेडगे, मुशीर खान।
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। टॉस के दौरान श्रेयस ने सशत्र बलों की सराहना की। श्रेयस ने बताया कि मिचेल ओवन, मार्को यानसेन और ओमरजई इस मैच में खेलेंगे। वहीं, राजस्थान के लिए राहत की बात यह है कि संजू सैमसन फिट हो गए हैं और इस मुकाबले में कप्तानी संभाल रहे हैं। सैमसन ने बताया कि वह नीतीश राणा की जगह खेल रहे हैं, जबकि जोफ्रा आर्चर के स्थान पर मफाका को प्लेइंग-11 में जगह दी गई है।
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका द्वारा वापस बुलाए गए तेज गेंदबाज मार्को यानसेन की अनुपस्थिति पंजाब की टीम को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाएगी क्योंकि उन्होंने मौजूदा सत्र में 11 विकेट चटकाकर काफी प्रभाव डाला था। पंजाब के लिए राहत की बात यह है कि जोश इंग्लिस और मार्कस स्टोइनिस ने वापसी के लिए हामी भर दी है और देखना दिलचस्प होगा कि वे राजस्थान के खिलाफ मैच में खेल पाएंगे या नहीं। हालांकि पंजाब के पास कप्तान अय्यर, सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और नेहल वढेरा की मौजूदगी में भारतीय खिलाड़ियों का एक मजबूत दल है और भारत-पाकिस्तान तनाव के बाद विदेशी खिलाड़ियों के जाने के बावजूद टीम पर अधिक असर नहीं पड़ा है। गेंदबाजी में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और फॉर्म में चल रहे स्पिनर युजवेंद्र चहल से टीम को काफी उम्मीद होगी। चहल ने 11 मैच में 14 विकेट लिए हैं जिसमें 28 रन पर चार विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।
पंजाब किंग्स 2014 के बाद पहली बार प्लेऑफ में जगह बनाने के करीब है। पंजाब के तीन मैच शेष हैं और अगर वह तीनों मैच जीतने में सफल रही तो उसके 21 अंक हो जाएंगे और वह शीर्ष दो में भी जगह पक्की कर सकती है। वहीं, दो मैचों में जीत भी उसे प्लेऑफ में पहुंचा देगी। लेकिन अगर पंजाब तीन में से एक जीत दर्ज कर सकी तो उसे नेट रन रेट के साथ ही अन्य टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। पंजाब की टीम 11 मैच में 15 अंक के साथ तालिका में तीसरे स्थान पर है।
IPL Live Cricket Score, RR vs PBKS Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पंजाब किंग्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से हो रहा है। पंजाब की टीम प्लेऑफ में पहुंचने के करीब है और राजस्थान के खिलाफ जीत उसे अंतिम चार में प्रवेश दिला सकती है।