आवेश खान की घातक गेंदबाजी की दम पर लखनऊ सुपर जाएंट्स ने राजस्थान रॉयल्स को दो रन से हरा दिया। शनिवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने एडेन मार्करम और आयुष बडोनी की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 180 रन बनाए, लेकिन जवाब में राजस्थान निर्धारित ओवरों में पांच विकेट खोकर 178 रन ही बना सकी। मौजूदा सत्र में यह लखनऊ की पांचवीं जीत है। अब टीम 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, राजस्थान आठ में से छह मैच गंवाने के बाद आठवें पायदान पर खिसक गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की शुरुआत शानदार हुई थी। यशस्वी जायसवाल और 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के बीच पहले विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी हुई। एडेन मार्करम ने सूर्यवंशी को पंत के हाथों स्टंप कराया। वह 20 गेंदों में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद शार्दुल ठाकुर ने नीतीश राणा को पवेलियन की राह दिखाई। वह सिर्फ आठ रन बना सके। फिर जायसवाल को रियान पराग का साथ मिला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े। आवेश खान ने जायसवाल को 18वें ओवर की पहली गेंद पर बोल्ड किया। वह 52 गेंदों में 74 रन बनाकर आउट हुए। इसी ओवर में आवेश ने रियान को भी एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 39 रन बनाकर लौटे। पारी के अंतिम ओवर में टीम को जीत के लिए नौ रनों की जरूरत थी, लेकिन आवेश खान ने शिमरन हेटमायर को आउट कर उनकी यह उम्मीद भी तोड़ दी। ध्रुव जुरेल और शुभम दुबे क्रमश: छह और तीन रन बनाकर नाबाद रहे। लखनऊ के लिए आवेश ने तीन विकेट लिए जबकि शार्दुल और मार्करम को एक-एक सफलता मिली।
आवेश खान ने 18वें ओवर में राजस्थान को दो झटके दिए। पहले उन्होंने यशस्वी जायसवाल को बोल्ड किया। इसके बाद रियान पराग को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 39 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर शिमरन हेटमायर आए हैं।
यशस्वी जायसवाल 74 रनों की दमदार पारी खेलकर आउट हो गए। उन्हें आवेश खान ने बोल्ड किया। अब बल्लेबाजी के लिए शुभम दुबे आए हैं। टीम को जीत के लिए 15 गेंदों में 23 रन की जरूरत है।
राजस्थान को दूसरा झटका नीतीश राणा के रूप में लगा। उन्हें शार्दुल ठाकुर ने अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ आठ रन बना सके। अब क्रीज पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान रियान पराग आए हैं।
वैभव सूर्यवंशी 34 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने 20 गेंदों का सामना किया और दो चौके व तीन छक्के लगाए। उन्हें मार्करम ने अपना शिकार बनाया। अब बल्लेबाजी के लिए नीतीश राणा उतरे हैं।
यशस्वी जायसवाल ने 31 गेंदों में अर्धशतक जड़ा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और वैभव सूर्यवंशी के साथ 80 से ज्यादा रन की साझेदारी निभा चुके हैं।
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स को अच्छी शुरुआत दिलाई है। दोनों शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। तीन ओवर के बाद स्कोर 39/0 है।
राजस्थान की पारी शुरू हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी क्रीज पर मौजूद हैं।
एडेन मार्करम के बाद आयुष बडोनी के अर्धशतक की मदद से लखनऊ ने राजस्थान के सामने 181 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 180 रन बनाए। उनके लिए मार्करम और बडोनी के अलावा अब्दुल समद ने 10 गेंदों में 30 रनों की दमदार पारी खेली। राजस्थान के लिए वानिंदु हसरंगा ने दो विकेट लिए जबकि जोफ्रा आर्चर, संदीप शर्मा और तुषार देशपांडे को एक-एक सफलता मिली।
इस मैच में लखनऊ की शुरुआत खराब हुई। जोफ्रा आर्चर ने मिचेल मार्श को अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ चार रन बना सके। इसके बाद संदीप शर्मा ने निकोलस पूरन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ 11 रन बना पाए। वहीं, कप्तान ऋषभ पंत एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने सिर्फ तीन रन बनाए।
इसके बाद मोर्चा एडेन मार्करम और आयुष बडोनी ने संभाला। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 49 गेंदों में 76 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान मार्करम ने 45 गेंदों में 66 और बडोनी ने 34 गेंदों में 50 रन की पारी खेली। वहीं, डेथ ओवर्स में अब्दुल समद का बल्ला गरजा और उन्होंने 300 के स्ट्राइक रेट से महज 10 गेंदों में 30 रन कूट दिए। पारी के आखिरी ओवर में उन्होंने कुल 27 रन बटोरे। डेविड मिलर सात रन बनाकर नाबाद रहे।
33 गेंदों में अर्धशतक जड़कर आयुष बडोनी पवेलियन लौट गए। उन्हें तुषार देशपांडे ने अपना शिकार बनाया। अब क्रीज पर डेविड मिलर और अब्दुल समद मौजूद हैं।
31 गेंदों में अर्धशतक जड़ने वाले एडेन मार्करम 66 रनों की दमदार और महत्वपूर्ण पारी खेलकर पवेलियन लौट गए। उन्हें वानिंदु हसरंगा ने अपना शिकार बनाया। अब क्रीज पर डेविड मिलर और आयुष बडोनी मौजूद हैं। 16 ओवर के बाद स्कोर 131/4 है।
मार्करम ने 31 गेंदों में पचासा जड़ा। वह आयुष बडोनी के साथ 39 रनों की साझेदारी निभा चुके हैं। 11 ओवर के बाद स्कोर 92/3 है।
नौ ओवर का खेल हो चुका है और लखनऊ ने सिर्फ 63 रन बनाए हैं। उनके तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। फिलहाल क्रीज पर एडेन मार्करम और आयुष बडोनी मौजूद हैं।
लखनऊ को तीसरा झटका वानिंदु हसरंगा ने दिया। उन्होंने ऋषभ पंत को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ तीन रन बना सके। अब मार्करम का साथ देने आयुष बडोनी आए हैं। आठ ओवर के बाद स्कोर 55/3 है।
लखनऊ को दूसरा झटका निकोलस पूरन के रूप में लगा। उन्हें संदीप शर्मा ने अपना शिकार बनाया। वह सिर्फ 11 रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए ऋषभ पंत आए हैं।
लखनऊ को पहला झटका मिचेल मार्श के रूप में लगा। जोफ्रा आर्चर ने उन्हें शिमरन हेटमायर के हाथों कैच आउट कराया। वह सिर्फ चार रन बना सके। अब बल्लेबाजी के लिए निकोलस पूरन आए हैं।
लखनऊ की पारी शुरू हो चुकी है। मिचेल मार्श और एडेन मार्करम क्रीज पर मौजूद हैं।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, शुभम दुबे, रियान पराग (कप्तान), नितीश राणा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महीश तीक्षणा, संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: वैभव सूर्यवंशी, युद्धवीर सिंह चरक, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय, कुणाल सिंह राठौड़।
लखनऊ सुपर जाएंट्स: एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), डेविड मिलर, अब्दुल समद, रवि बिश्नोई, शार्दुल ठाकुर, प्रिंस यादव, दिग्वेश सिंह राठी, आवेश खान।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: आयुष बडोनी, मयंक यादव, शाहबाज अहमद, मैथ्यू ब्रीत्जके, हिम्मत सिंह।
लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। कप्तान ऋषभ पंत ने बताया कि उन्होंने इस मैच के लिए प्लेइंग 11 में एक बदलाव किया है। प्रिंस यादव की आकाश दीप की जगह वापसी हुई है। वहीं, राजस्थान की कप्तानी आज रियान पराग संभाल रहे हैं। संजू सैमसन पिछले मैच में पेट में तकलीफ के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर चले गए थे। इस मैच में वह नहीं खेलेंगे। उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिला है।
शुरुआत में लखनऊ की कमजोर कड़ी उसके गेंदबाज थे लेकिन उन्होंने अपनी गलतियों से सबक लेकर बेहतर प्रदर्शन किया है। भारत के सबसे तेज गेंदबाज मयंक यादव टीम से जुड़ गए हैं हालांकि टीम प्रबंधन सेंटर आफ एक्सीलेंस से उनके फिटनेस सर्टिफिकेट का इंतजार कर रहा है।
दूसरी ओर पिछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से हारने के बावजूद लखनऊ बेहतर स्थिति में है। सात में से चार मैच जीतकर टीम पांचवें स्थान पर है। लखनऊ के बल्लेबाजों खासकर निकोलस पूरन (सात मैचों में 357 रन) और मिचेल मार्श (छह मैचों में 295 रन) ने धमाल मचा रखा है। बल्लेबाजों की सूची में पूरन पहले और मार्श तीसरे स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्करम ने भी रन बनाए हैं। हालांकि उनके हमवतन डेविड मिलर अभी तक कुछ खास नहीं कर पाए हैं। चेन्नई के खिलाफ कप्तान पंत ने भी 49 गेंद में 63 रन बनाकर हाथ खोले हालांकि टीम को जीत नहीं दिला सके।
गेंदबाजी और बल्लेबाजी में निरंतरता के अभाव से जूझ रही रॉयल्स टीम लय नहीं पकड़ पाई है। कप्तान संजू सैमसन पिछले मैच में बाजू में खिंचाव के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए। उनकी उपलब्धता संदिग्ध है। टीम को उनके स्कैन की रिपोर्ट का इंतजार है। रॉयल्स की बल्लेबाजी अभी तक नाकाम रही है और मध्यक्रम दबाव में चल नहीं पाया है। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने हालांकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अर्धशतक लगाकर फॉर्म में लौटने के संकेत दिए हैं, लेकिन देखना होगा कि क्या वे इस लय को कायम रख पाते हैं। पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 66 रन बनाने के बाद से सैमसन का बल्ला भी खामोश है। उनके और जायसवाल के फॉर्म पर बहुत कुछ निर्भर करेगा। रॉयल्स के बल्लेबाजों का सामना शार्दुल ठाकुर, आवेश खान, दिग्वेश राठी और रवि बिश्नोई जैसे गेंदबाजों से होगा।
प्रदर्शन में निरंतरता के लिए जूझ रही राजस्थान रॉयल्स लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ शनिवार को आईपीएल के मुकाबले में लगातार तीन हार के सिलसिले को तोड़ने के इरादे से उतरेगी। सात मैचों में महज दो जीत के बाद रॉयल्स तालिका में आठवें स्थान पर है। पिछले मैच में उसे दिल्ली कैपिटल्स ने सुपर ओवर में हराया था। रॉयल्स को इस हार को भुलाकर अब ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ टीम पर जीत के साथ अंकतालिका में अपनी स्थिति बेहतर करनी होगी।
IPL Live Cricket Score, RR vs LSG Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 36वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जाएंट्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी।