फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs LSG Highlights: लखनऊ ने राजस्थान को 10 रन से हराया, आवेश ने आखिरी ओवर में झटके दो विकेट

Wed, 19 Apr 2023 11:57 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

RR vs LSG Indian Premier League 2023 Highlights : आईपीएल 2023 के 26वें मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने राजस्थान को हरा दिया है। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 144 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
जीत के बाद लखनऊ की टीम - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:20 PM, 19-Apr-2023

लखनऊ ने राजस्थान को 10 रन से हराया

आईपीएल 2023 के 26वें मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने कम स्कोर के बावजूद राजस्थान रॉयल्स को 10 रन से हरा दिया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 154 रन बनाए थे। काइल मेयर्स ने 42 गेंदों में 51 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा कप्तान केएल राहुल ने 39 रन बनाए थे। 

जवाब में एक वक्त राजस्थान की टीम ने एक विकेट गंवाकर 87 रन बना लिए थे। हालांकि, इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 144 रन ही बना सकी। यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए। वहीं, जोस बटलर ने 40 रन की पारी खेली। आवेश खान ने आखिरी ओवर में दो विकेट झटके। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर देवदत्त पडिक्कल और चौथी गेंद पर ध्रुव जुरेल का विकेट लिया। इससे पहले उन्होंने शिमरोन हेटमायर का विकेट भी लिया था। आवेश ने कुल मिलाकर तीन विकेट झटके।

10:57 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: राजस्थान को चौथा झटका

राजस्थान को 16वें ओवर में चौथा झटका लगा। शिमरोन हेटमायर भी पांच गेंदों में दो रन बनाकर आउट हुए। उन्हें आवेश खान ने केएल राहुल के हाथों कैच कराया। फिलहाल रियान पराग और देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर हैं। राजस्थान को 24 गेंदों में 48 रन की जरूरत है।

10:47 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: राजस्थान को 56 रन की जरूरत

14वें ओवर में 97 के स्कोर पर राजस्थान को तीसरा झटका लगा। मार्कस स्टोइनिस ने जोस बटलर को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराया। बटलर 41 गेंदों में 40 रन बना सके। इनमें चार चौके और एक छक्का शामिल है। इससे पहले यशस्वी जायसवाल (44) और संजू सैमसन (2) भी पवेलियन लौट चुके हैं। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल और शिमरोन हेटमायर क्रीज पर हैं। राजस्थान को अब 36 गेंदों में 56 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:41 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: राजस्थान को 42 गेंदों में 60 रन की जरूरत

राजस्थान रॉयल्स ने 13 ओवर में दो विकेट गंवाकर 95 रन बना लिए हैं। फिलहाल जोस बटलर (39) और देवदत्त पडिक्कल क्रीज पर हैं। इससे पहले 10 गेंदों के अंदर राजस्थान ने दो विकेट गंवा दिए। 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर यशस्वी जायसवाल आउट हुए थे। उन्हें स्टोइनिस ने आवेश खान के हाथों कैच कराया था। यशस्वी 44 रन बना सके। इसके बाद 13वें ओवर की चौथी गेंद पर संजू सैमसन रन आउट हो गए। वह दो रन बना सके। राजस्थान को अब 42 गेंदों में 60 रन की जरूरत है।

10:33 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: जायसवाल अर्धशतक से चूके

राजस्थान रॉयल्स को 12वें ओवर में 87 के स्कोर पर पहला झटका लगा। यशस्वी जायसवाल अर्धशतक से चूक गए। उन्हें मार्कस स्टोइनिस ने आवेश खान के हाथों कैच कराया। यशस्वी ने 35 गेंदों में 44 रन की पारी खेली। 12 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 89 रन है। फिलहाल उन्हें 48 गेंदों में 66 रन की जरूरत है। कप्तान संजू सैमसन और जोस बटलर क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
10:24 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: यशस्वी-बटलर अर्धशतक के करीब

10 ओवर के बाद राजस्थान ने बिना कोई विकेट गंवाए 73 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 29 गेंदों में 36 रन और जोस बटलर 32 गेंदों में 30 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। लखनऊ के गेंदबाज विकेट को तरस गए हैं। लखनऊ ने अपने दोनों रिव्यू भी गंवा दिए हैं।

10:05 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: यशस्वी-बटलर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

सात ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 50 रन बना लिए हैं। फिलहाल जोस बटलर 21 गेंदों में 16 रन और यशस्वी जायसवाल 21 गेंदों में 29 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले पांचवें ओवर में युधवीर सिंह की गेंद पर जोस बटलर ने 112 मीटर लंबा छक्का जड़ा। गेंद स्टेडियम से बाहर जाकर गिरी। यह इस सीजन का दूसरा सबसे लंबा छक्का है। इससे पहले आरसीबी के फाफ डुप्लेसिस ने 115 मीटर लंबा छक्का लगाया था।

09:55 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: बटलर-यशस्वी क्रीज पर

पांच ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स ने बिना कोई विकेट गंवाए 34 रन बना लिए हैं। फिलहाल जोस बटलर 17 गेंदों में 11 रन और यशस्वी जायसवाल 13 गेंदों में 18 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। पांचवें ओवर में युधवीर सिंह की गेंद पर जोस बटलर ने 112 मीटर लंबा छक्का जड़ा। गेंद स्टेडियम से बाहर जाकर गिरी। यह इस सीजन का दूसरा सबसे लंबा छक्का है। इससे पहले आरसीबी के फाफ डुप्लेसिस ने 115 मीटर लंबा छक्का लगाया था।

09:31 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: राजस्थान का रन चेज शुरू

राजस्थान के ओपनर्स यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर क्रीज पर हैं। लखनऊ के लिए पेसर नवीन उल हक ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। उन्होंने दो रन खर्च किए।

09:11 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: लखनऊ ने 20 ओवर में 154 रन बनाए

लखनऊ सुपरजाएंट्स ने राजस्थान रॉयल्स के सामने 155 रन का लक्ष्य रखा है। लखनऊ ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 154 रन बनाए। केएल राहुल और काइल मेयर्स ने लखनऊ को धीमी शुरुआत दिलाई। सात ओवर में दोनों ने 43 रन जोड़ थे। इसके बाद दोनों ने गियर बदला और अगले दो ओवर में 31 रन बनाए। हालांकि, इसी रन रेट को बढ़ाने के चक्कर में कप्तान राहुल 11वें ओवर में जेसन होल्डर की गेंद पर जोस बटलर को कैच थमा बैठे। राहुल ने 32 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 39 रन की पारी खेली। वहीं, आयुष बदोनी एक रन और बर्थडे बॉय दीपक हुड्डा दो रन बनाकर आउट हुए। 

काइल मेयर्स ने आईपीएल 2023 में अपना तीसरा अर्धशतक लगाया। हालांकि, अर्धशतक लगाने के तुरंत बाद वह आउट हो गए। 14वें ओवर में अश्विन ने दीपक हुड्डा और मेयर्स दोनों को आउट किया। मेयर्स को अश्विन ने क्लीन बोल्ड किया। वह 42 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। मार्कस स्टोइनिस 16 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, आखिरी ओवर में निकोलस पूरन और युधवीर सिंह चरक रन आउट हुए। पूरन ने 20 गेंदों में 28 रन और युधवीर एक रन बनाकर आउट हुए। क्रुणाल पांड्या चार रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान की ओर से अश्विन ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। वहीं, ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा और जेसन होल्डर को एक-एक विकेट मिला। 

09:01 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: पूरन-स्टोइनिस क्रीज पर

18 ओवर के बाद लखनऊ ने चार विकेट गंवाकर 129 रन बना लिए हैं। फिलहाल निकोलस पूरन 13 गेंदों में 10 रन और मार्कस स्टोइनिस 14 गेंदों में 19 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

08:34 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: अश्विन का डबल स्ट्राइक

लखनऊ को 14वें ओवर में दो झटके लगे। रविचंद्रन अश्विन ने पहले दीपक हुड्डा को हेटमायर के हाथों कैच कराया। हुड्डा का आज जन्मदिन है और वह दो रन बनाकर आउट हुए। वहीं, काइल मेयर्स 42 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके और तीन छक्के लगाए। इससे पहले काइल मेयर्स ने आईपीएल 2023 का तीसरा अर्धशतक लगाया। 14 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर चार विकेट पर 104 रन है। फिलहाल मार्कस स्टोइनिस और निकोलस पूरन क्रीज पर हैं।

08:28 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: लखनऊ को दूसरा झटका

लखनऊ को लगातार दूसरे ओवर में दूसरा झटका लगा। 11वें ओवर में केएल राहुल आउट हुए थे। उन्हें जेसन होल्डर ने आउट किया था। इसके बाद 12वें ओवर में आयुष बदोनी भी पवेलियन लौट गए। बदोनी एक रन बना सके। उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने क्लीन बोल्ड किया। फिलहाल काइल मेयर्स 39 रन और दीपक हुड्डा एक रन बनाकर क्रीज पर हैं।

08:25 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: लखनऊ को पहला झटका

11वें ओवर में जेसन होल्डर ने केएल राहुल को जोस बटलर के हाथों कैच कराया। उन्होंने 32 गेंदों में 39 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने चार चौके और एक छक्का लगाया।

08:15 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: राहुल ने 103 मीटर लंबा छक्का लगाया

नौवें ओवर में लखनऊ ने बिना विकेट गंवाए 74 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 28 गेंदों में 36 रन और काइल मेयर्स 27 गेंदों में 35 रन बना लिए हैं। लखनऊ की शुरुआत धीमी रही थी। सात ओवर में लखनऊ ने बिना विकेट गंवाए 43 रन बनाए थे। इसके बाद आठवें ओवर में 13 रन आए। जबकि युजवेंद्र चहल के नौवें ओवर में 18 रन आए। इस ओवर में राहुल ने 103 मीटर लंबा छक्का लगाया। 

08:05 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: पावरप्ले में कम रन बना सकी लखनऊ की टीम

छह ओवर के बाद लखनऊ ने बिना कोई विकेट गंवाए 37 रन बना लिए हैं। फिलहाल केएल राहुल 19 गेंदों में 19 रन और काइल मेयर्स 18 गेंदों में 16 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। लखनऊ के बल्लेबाजों को राजस्थान के गेंदबाजों खुलकर खेलने नहीं दिया है।

07:50 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: लखनऊ की धीमी शुरुआत

लखनऊ ने धीमी शुरुआत की है। चार ओवर के बाद टीम का स्कोर बिना कोई विकेट गंवाए 18 रन है। फिलहाल काइल मेयर्स 13 गेंदों में नौ रन और केएल राहुल 12 गेंदों में आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। संदीप शर्मा और ट्रेंट बोल्ट ने दोनों बल्लेबाजों को बांधकर रखा है।

07:31 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: राहुल-मेयर्स के सामने बोल्ट की चुनौती

लखनऊ के ओपनर्स केएल राहुल और काइल मेयर्स क्रीज पर हैं। राजस्थान की ओर से पहला ओवर ट्रेंट बोल्ट डाल रहे हैं। दोनों ओपनर्स के लिए बोल्ट को खेलना बड़ी चुनौती होगी।

07:04 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

लखनऊ सुपर जाएंट्सः केएल राहुल (कप्तान), काइल मेयर्स, दीपक हुड्डा, मार्कस स्टोइनिस, क्रुणाल पांड्या, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), आयुष बदोनी, आवेश खान, युद्धवीर सिंह चरक, नवीन उल हक, रवि बिश्नोई।

राजस्थान रॉयल्सः जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान/विकेटकीपर), रियान पराग, शिमरोन हेटमायर, ध्रुव जुरेल, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, जेसन होल्डर, संदीप शर्मा, युजवेंद्र चहल।

07:01 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: राजस्थान ने टॉस जीता, पहले गेंदबाजी का फैसला

लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया।

06:55 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: डिकॉक को मौका मिलना मुश्किल

लखनऊ की टीम में क्विंटन डिकॉक ने इस सीजन कोई मैच नहीं खेला है। उनकी जगह काइल मेयर्स को मौका दिया जा रहा है। मेयर्स ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित भी किया है। ऐसे में इस मैच में भी डिकॉक को मौका मिलना मुश्किल है। इस टीम की स्पिन गेंदबाजी शानदार है। रवि बिश्नोई और अमित मिश्रा के रूप में लोकेश राहुल के पास दो बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी के विकल्प हैं। हालांकि, आवेश खान की फॉर्म उनके लिए चिंता का विषय होगी। जयपुर के मैदान पर मार्क वुड भी अच्छा कर सकते हैं। दोनों टीमों में बदलाव की संभावना बेहद कम है।

06:54 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: कैसी है जयपुर की पिच

जयपुर की पिच आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों को मदद करती है। ऐसे में अश्विन और चहल की जोड़ी इस मैदान पर कारगर साबित हो सकती है। हालांकि, राजस्थान की तेज गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट के अलावा कोई गेंदबाज ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ पाया है। इस मैदान पर संदीप शर्मा और जेसन होल्डर को परेशानी हो सकती है। हालांकि, राजस्थान के पास एडम जैम्पा के रूप में तीसरे स्पिन गेंदबाज का विकल्प भी है। 

06:54 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: पहली बार घरेलू मैदान में मैच

राजस्थान की टीम इस सीजन पहली बार अपने घरेलू मैदान में खेलेगी। इससे पहले यह टीम अपने दूसरे होम ग्राउंड (गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम) में खेल चुकी है। लॉकडाउन से पहले यह टीम जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेली थी। हालांकि, इसके बाद से टीम में काफी बदलाव हुए हैं। ऐसे में राजस्थान के सामने हालातों के साथ सामंजस्य बैठाने की चुनौती होगी।

06:53 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Live: आंकड़े राजस्थान के पक्ष में

दोनों टीमों ने इस सीजन अच्छा प्रदर्शन किया है और प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई हैं। अंक तालिका में राजस्थान की टीम पांच मैच में चार जीत के साथ शीर्ष पर है। वहीं, लखनऊ की टीम पांच मैच में तीन जीत के साथ दूसरे स्थान पर है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर होना तय है। हालांकि, आंकड़े पूरी तरह से राजस्थान के पक्ष में हैं। इन दोनों टीमों के बीच अब तक दो मैच हुए हैं और दोनों मुकाबले राजस्थान ने जीते हैं। इस सीजन लखनऊ की कोशिश राजस्थान के खिलाफ पहली जीत हासिल करने की होगी। 

06:42 PM, 19-Apr-2023

RR vs LSG Highlights: लखनऊ ने राजस्थान को 10 रन से हराया, आवेश ने आखिरी ओवर में झटके दो विकेट

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2023 के 26वें मैच में राजस्थान रॉयल्स का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से है। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जा रहा है। राजस्थान की टीम फिलहाल आठ अंकों के साथ शीर्ष पर है। वही लखनऊ की टीम छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। दोनों ही टीमों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें