फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs GT Highlights: वैभव की शतकीय पारी से जीता राजस्थान, गुजरात को आठ विकेट से हराया; यशस्वी भी चमके

Mon, 28 Apr 2025 11:13 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

आईपीएल के 47वें मैच में गुजरात ने शुभमन गिल और जोस बटलर के अर्धशतकों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट खोकर 209 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 15.5 में दो विकेट खोकर 212 रन बनाए और  25 गेंदों के शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
राजस्थान बनाम गुजरात - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:04 PM, 28-Apr-2025

राजस्थान आठ विकेट से जीता

वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार शतकीय पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को आठ विकेट से हरा दिया। सोमवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 47वें मैच में गुजरात ने शुभमन गिल और जोस बटलर के अर्धशतकों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट खोकर 209 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 15.5 में दो विकेट खोकर 212 रन बनाए और  25 गेंदों के शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ राजस्थान अंक तालिका में एक स्थान की छलांग लगाकर आठवें पायदान पर आ गई। उनके खाते में छह अंक हो गए और नेट रन रेट -0.349 का हो गया है। वहीं, गुजरात एक स्थान खिसक कर तीसरे स्थान पर पहुंच गई। वहीं, मुंबई को गुजरात की हार से तगड़ा फायदा हुआ है। हार्दिक पांड्या की अगुआई वाली टीम अंक तालिका में बेहतर नेट रन रेट के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गई। वहीं, आरसीबी 14 अंकों के साथ शीर्ष पर है।

गुजरात ने राजस्थान के सामने जीत के लिए 210 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन वैभव और यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान को तेज शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 166 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को प्रसिद्ध कृष्णा ने वैभव को आउट कर तोड़ा। यह राजस्थान के लिए किसी भी विकेट के लिए की गई सबसे बड़ी साझेदारी है। वैभव और यशस्वी ने इस मामले में जोस बटलर और देवदत्त पडिक्कल को पीछे छोड़ा जिन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 2022 में 155 रनों की साझेदारी की थी।

वैभव ने गुजरात के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए 11 छक्के लगाए जो आईपीएल 2025 में किसी बल्लेबाज का एक पारी में सर्वाधिक छक्के हैं। वैभव ने इस मामले में सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ा जिन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 10 छक्के लगाए थे। इस सूची में तीसरे स्थान पर पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर हैं जिन्होंने गुजरात के खिलाफ नौ छक्के लगाए थे। 

वैभव की उम्र 14 साल 32 दिन है, लेकिन उन्होंने यूसुफ पठान का 15 वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वैभव आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। 2010 में यूसुफ पठान ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 35 गेंदों पर शतक लगाया था और वह इस टूर्नामेंट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय थे। उनका यह रिकॉर्ड अब 2025 में टूटा है। यानी वैभव का जब जन्म भी नहीं हुआ था, उस वक्त यूसुफ ने यह कारनामा किया था और अब बिहार के इस युवा बल्लेबाज ने अपनी उम्र से भी ज्यादा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। ओवरऑल आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है जिन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंदों पर शतक लगाया था। 

वैभव टी20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज हैं। उन्होंने 14 साल 32 दिन की उम्र में यह कारनामा किया। वैभव ने महाराष्ट्र के विजय जोल का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 18 साल 118 दिन की उम्र में टी20 में शतक लगाया था। विजय ने 2013 में टी20 में शतक लगाया था। वैभव ने गुजरात के खिलाफ 17 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और फिर शतक पूरा करने के लिए अगले 18 गेंद लिए। वैभव शतकीय पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने महज 38 गेंदों में 265.78 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 101 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से सात चौके और 11 छक्के निकले।

वैभव के शतक के बाद यशस्वी जायसवाल ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 31 गेंदों में इस सत्र का पांचवां और करियर का 14वां अर्धशतक पूरा किया। वह 40 गेंदों में 70 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, रियान पराग 32* रन बनाए। उनके अलावा नीतीश राणा ने चार रन बनाए। वहीं, गुजरात के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान ने एक-एक विकेट हासिल किया।

10:39 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: नीतीश राणा आउट हुए

नीतीश राणा चार रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें राशिद खान ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। अब रियान पराग आए हैं।

10:38 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: शतकीय पारी खेलकर आउट हुए वैभव सूर्यवंशी

बिहार के लाल वैभव सूर्यवंशी शतकीय पारी खेलकर आउट हो गए। उन्होंने महज 38 गेंदों में 265.78 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 101 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से सात चौके और 11 छक्के निकले। अब क्रीज पर नीतीश राणा आए हैं।

विज्ञापन
10:32 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: यशस्वी जायसवाल ने भी जड़ा पचासा

वैभव के शतक के बाद यशस्वी जायसवाल ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 31 गेंदों में इस सत्र का पांचवां और करियर का 14वां अर्धशतक पूरा किया।

10:28 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: वैभव सूर्यवंशी का सैकड़ा

14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी उम्र से बड़ा काम कर दिखाया है। उन्होंने टी20 और मौजूदा सत्र का सबसे तेज अर्धशतक जड़ने के बाद शतक भी पूरा कर लिया। उन्होंने 35 गेंदों में अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़कर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बन गए। उन्होंने यूसुफ पठान का रिकॉर्ड तोड़ दिया जिन्होंने 37 गेंदों में सबसे तेज शतक लगाया था। 

विज्ञापन
10:22 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: वैभव और जायसवाल के बीच 100+ रन की साझेदारी

वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच 100 से ज्यादा रन की साझेदारी हो चुकी है।

10:02 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: 17 गेंदो में वैभव ने जड़ा करियर का पहला पचासा

वैभव सूर्यवंशी ने 17 गेंदों में अपने करियर का पहला पचासा जड़ा है। यह इस आईपीएल सत्र की सबसे तेज फिफ्टी है। इस मामले में उन्होंने निकोलस पूरन को पीछे छोड़ दिया जिन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं और यशस्वी जायसवाल के साथ 80 से ज्यादा रनों की साझेदारी निभा चुके हैं।

09:40 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: राजस्थान की पारी शुरू

राजस्थान की पारी शुरू हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी क्रीज पर मौजूद हैं।

09:16 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: गुजरात की पारी समाप्त

शुभमन गिल और जोस बटलर की अर्धशतकीय साझेदारियों के दम पर गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स के सामने 210 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने 20 ओवर में चार विकेट खोकर 209 रन बनाए। सवाई मानसिंह स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में किसी टीम के द्वारा बनाया गया तीसरा सबसे बड़ा टोटल है। उनके लिए कप्तान गिल ने सर्वाधिक 84 रन बनाए। वहीं, गुजरात के लिए महीश तीक्षणा ने दो जबकि जोफ्रा आर्चर और संदीप शर्मा को एक-एक विकेट मिला।

साई सुदर्शन और शुभमन गिल ने गुजरात को शानदार शुरुआत दिलाई थी। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 62 गेंदों में 93 रन की साझेदारी हुई। महीश तीक्षणा ने सुदर्शन को अपना शिकार बनाया। वह 30 गेंदों में 39 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद गिल को जोस बटलर का साथ मिला। दोनों ने  दूसरे विकेट के लिए 38 गेंदों में 74 रन जोड़े। कप्तान गिल 50 गेंदों में 84 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने  29 गेंदों में सत्र का चौथा अर्धशतक जड़ा। यह उनके आईपीएल करियर का 24वां पचासा भी है। उन्हें भी तीक्षणा ने ही अपना शिकार बनाया।

बटलर 50 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उनके बल्ले से तीन चौके और चार छक्के निकले। इसी के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज बटलर इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बन गए। उनके नाम 819* रन दर्ज हो गए हैं। इस मैच में राहुल तेवतिया नौ रन बनाकर आउट हुए जबकि शाहरुख खान पांच रन बनाकर नाबाद रहे।

09:08 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: गुजरात को तीसरा झटका

संदीप शर्मा ने वाशिंगटन सुंदर को हेटमायर के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ 13 रन बना सके। अब क्रीज पर राहुल तेवतिया और जोस बटलर मौजूद हैं।

08:58 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: शुभमन गिल 84 रन बनाकर आउट

शुभमन गिल 84 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें महीश तीक्षणा ने अपना शिकार बनाया। अब क्रीज पर बल्लेबाजी के लिए वाशिंगटन सुंदर आए हैं। 17 ओवर के बाद स्कोर 168/2 है।

08:49 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: जोस बटलर-शुभमन गिल के बीच 60+ रन की साझेदारी

जोस बटलर और शुभमन गिल के बीच 60+ रन की साझेदारी हो चुकी है। 16 ओवर के बाद स्कोर 158/1 है।

08:19 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: गुजरात को पहला झटका

गुजरात को पहला झटका महीश तीक्षणा ने दिया। उन्होंने साई सुदर्शन को अपना शिकार बनाया। वह 39 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर बल्लेबाजी के लिए जोस बटलर आए हैं।

08:15 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: 29 गेंदों में शुभमन गिल ने जड़ा पचासा

गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने 29 गेंदों में सत्र का चौथा अर्धशतक जड़ा है। यह उनके आईपीएल करियर का 24वां पचासा भी है। वह सुदर्शन के साथ 90+ रन की साझेदारी निभा चुके हैं। 10 ओवर के बाद स्कोर 92/0 है।

07:56 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: साई सुदर्शन और शुभमन गिल के बीच 50+ रन की साझेदारी

साई सुदर्शन और शुभमन गिल के बीच शानदार साझेदारी हो रही है। शुरुआती छह ओवर के बाद गुजरात का स्कोर 53/0 है।

07:30 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: गुजरात की पारी शुरू

गुजरात की पारी शुरू हो चुकी है। शुभमन गिल और साई सुदर्शन क्रीज पर मौजूद हैं। पारी का पहला ओवर जोफ्रा आर्चर फेंक रहे हैं।

07:10 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: दोनों टीमों की प्लेइंग-11

गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, करीम जनत, राशिद खान, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: ईशांत शर्मा, महिपाल लोमरोर, अनुज रावत, अरशद खान, दसुन शनाका।

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, नीतीश राणा, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, महेश तीक्षणा, संदीप शर्मा, युद्धवीर सिंह चरक।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: शुभम दुबे, कुमार कार्तिकेय, आकाश मधवाल, तुषार देशपांडे, कुणाल सिंह राठौड़।

07:02 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: राजस्थान ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। उन्होंने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए हैं। महीश तीक्षणा और युद्धवीर सिंह को क्रमश: फजलहक फारूकी और तुषार देशपांडे की जगह शामिल किया गया है। वहीं, गुजरात के लिए आज करीम जनत आईपीएल में डेब्यू कर रहे हैं।

06:57 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: दोनों की संभावित प्लेइंग 11

राजस्थान रॉयल्सः यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, नीतीश राणा, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमायर, जोफ्रा आर्चर, वानिंदु हसरंगा, महेश तीक्ष्णा, आकाश मधवाल, संदीप शर्मा। 
गुजरात टाइटंसः शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), शेरफाने रदरफोर्ड, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, राशिद खान, आर साई किशोर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा। 

06:56 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: प्लेऑफ के करीब गुजरात

शुभमन गिल की अगुआई वाली गुजरात को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दो और जीत की जरूरत है। टाइटंस ने मौजूदा सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है और उसे सिर्फ दो बार हार सामना करना पड़ा है। गुजरात की इस टीम के लिए गिल, सुदर्शन और जोस बटलर शानदार लय में है। इस तिकड़ी के तीनों बल्लेबाजों ने मौजूदा सत्र में 300 से अधिक रन बनाए हैं और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट भी 150 से अधिक रहा है। अनुभवी कगिसो रबाडा सत्र की शुरुआत में व्यक्तिगत कारणों से स्वदेश लौट गए, लेकिन इसके बावजूद गेंदबाजी टीम की प्रमुख ताकत बनकर उभरी है।

06:56 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: राजस्थान की गेंदबाज चिंता का विषय

लीग के शुरूआती सत्र के चैंपियन राजस्थान को इस पूरे सत्र में लय हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा। टीम अपने पिछले तीन मैचों में जीत के करीब पहुंची लेकिन करीबी मैचों को अपने पक्ष में मोड़ने में नाकाम रही। इसमें  दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सुपर ओवर में दिल तोड़ने वाली हार भी शामिल है। शीर्ष क्रम में यशस्वी जायसवाल, रियान पराग और नीतीश राणा ने अच्छी बल्लेबाजी की है, लेकिन उनकी गेंदबाजी एक बड़ी निराशा रही है। गेंदबाज रन गति को नियंत्रित करने और महत्वपूर्ण क्षणों में विकेट लेने में असमर्थ रहे है जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा है।

06:55 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: राजस्थान के लिए कठिन डगर

राजस्थान की टीम लगातार पांच मैच हार चुकी है जिसमें तीन मुकाबले बेहद करीब आकर गंवाए। वह नौ मैचों में दो जीत और सात हार के साथ चार अंक लेकर नौवें स्थान पर है। राजस्थान के लिए अंतिम चार की करीब-करीब बंद है, लेकिन अगर वह यह मैच भी हार गई तो उसकी उम्मीदें पूरी तरह समाप्त हो जाएंगी। राजस्थान के नियमित कप्तान संजू सैमसन चोट के कारण बाहर चल रहे हैं और उनकी अनुपस्थिति में रियान पराग टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं। 

06:55 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Live Score: ऑफ के लिए कदम बढ़ाने उतरेगी गुजरात, राजस्थान की नजरें वापसी पर

शुभमन गिल की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन किया है और वह प्लेऑफ में पहुंचने के करीब है। गुजरात की टीम फिलहाल 12 अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर है और अगर टीम सोमवार को होने वाले इस मुकाबले में जीत दर्ज कर लेती है तो प्लेऑफ के लिए एक कदम और बढ़ा लेगी। दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स के लिए यह सीजन अच्छा नहीं रहा है और वह अपने घरेलू मैदान पर वापसी करने उतरेगी। 

06:46 PM, 28-Apr-2025

RR vs GT Highlights: वैभव की शतकीय पारी से जीता राजस्थान, गुजरात को आठ विकेट से हराया; यशस्वी भी चमके

IPL Live Cricket Score, RR vs GT Indian Premier League 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 47वां मैच राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में गुजरात प्लेऑफ के लिए अपनी स्थिति मजबूत करने उतरी है जबकि रॉयल्स की नजर वापसी पर है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें