फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs GT Highlights: रोमांचक मैच में गुजरात ने दर्ज की जीत, राजस्थान को तीन विकेट से हराया

Thu, 11 Apr 2024 12:24 AM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

IPL Live Cricket Score, RR vs GT Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2024 का 24वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच जयपुर में खेला गया। गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला कियाऔर राजस्थान को पहले बल्लेबाजी का मौका दिया। संजू सैमसन की टीम ने गुजरात को 197 रन का लक्ष्य थमाया। इसके जवाब में गुजरात ने तीन विकेट से जीत दर्ज की।
विज्ञापन
राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस लाइव स्कोर - फोटो : IPL
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:47 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : गुजरात ने राजस्थान को तीन विकेट से हराया

आईपीएल के 17वें सीजन का 24वां मुकाबला गुजरात टाइटंस ने तीन विकेट से राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत लिया। गुजरात ने आईपीएल के इस सीजन में अपनी तीसरी जीत दर्ज की जबकि राजस्थान को उसकी पहली हार उनके घर में मिली। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट खोकर 196 रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 199 रन बनाए। राशिद खान ने आखिरी दो ओवरों में मैच का पासा गुजरात के हक में पलट दिया। इस दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। गुजरात इस जीत के साथ अंक तालिका में छठे स्थान पर पहुंच गई। अब टीम के खाते में छह अंक हो गए हैं। वहीं, पंजाब को नुकसान झेलना पड़ा है। वह सातवें स्थान पर पहुंच गई है जबकि राजस्थान रॉयल्स आठ अंकों के साथ शीर्ष पर बनी हुई है। 

आखिरी ओवर का रोमांच
18 ओवर के बाद टीम को 12 गेंदों में 35 रन की जरूरत थी। क्रीज पर राशिद खान दो गेंदों में दो रन और राहुल तेवतिया सात गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद खेल रहे थे। पारी का 19वां ओवर कुलदीप सेन फेंकने आए जिन्होंने 20 रन खर्च कर दिए। इस ओवर में उन्होंने दो वाइड और एक नो बॉल फेंकी। आखिरी ओवर में गुजरात को जीत के लिए पांच गेंदों में 11 रन की जरूरत थी। आवेश खान के खिलाफ पहली गेंद पर राशिद ने चौका मारा। अगली गेंद पर दो रन चुराए। अब टीम को चार गेंदों में नौ रनों की दरकार थी। आवेश के खिलाफ राशिद खान ने एक और चौका लगाया। इस ओवर की चौथी गेंद पर राशिद ने एक्स्ट्रा कवर की तरफ जोरदार शॉट मारा और तीन रनों के लिए दौड़ गए। हालांकि, तीसरे रन को पूरा करने से पहले तेवतिया रनआउट हो गए। अब टीम को जीत के लिए आखिरी गेंद पर दो रन की जरूरत थी। नूर अहमद नॉन स्ट्राइकर एंड पर मौजूद थे जबकि राशिद खान ने स्ट्राइक संभाली। उन्होंने 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर चार रन के लिए दमदार शॉट मारा और टीम को जीत दिलाई। 

11:24 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : शाहरुख 14 रन बनाकर आउट हुए

गुजरात को छठा झटका आवेश खान ने दिया। उन्होंने शाहरुख खान को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह 14 रन बनाकर लौटे। अपनी इस छोटी पारी में उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए राशिद खान आए हैं। अब टीम को 13 गेंदों में 36 रन की जरूरत है।

11:08 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : कप्तान गिल 72 रन बनाकर आउट हुए

गुजरात को पांचवां झटका 133 रन के स्कोर पर लगा। कप्तान गिल 72 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें संजू सैमसन ने स्टंप आउट किया। गिल ने इस मुकाबले में 163.63 के स्ट्राइक रेट से छह चौकों और दो छक्कों की मदद से 72 रनों की दमदार पारी खेली। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शाहरुख खान आए हैं। 

विज्ञापन
10:59 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : नेल्सन नंबर का शिकार हुए विजय शंकर

गुजरात टाइटंस को चौथा झटका नेल्सन नंबर पर लगा। टीम ने अपना चौथा विकेट विजय शंकर के रूप में 111 रन के स्कोर पर लगा। वह 16 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर चहल ने आउट किया। टीम को जीत के लिए 33 गेंदों में 80 रन की जरूरत है।

10:56 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : गिल ने पूरा किया अर्धशतक

गिल ने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टी20 करियर का 24वां पचासा है। फिलहाल वह 36 गेंदों में 51 रन और विजय शंकर नौ गेंदों में 16 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। 

विज्ञापन
10:42 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : गुजरात का तीसरा विकेट गिरा

गुजरात के लिए कुलदीप सेन काल बने हुए हैं। रीवा के इस गेंदबाज ने 11वें ओवर की चौथी गेंद पर अभिनव मनोहर को भी आउट कर दिया। इसके पहले उन्होंने इस ओवर में मैथ्यू वेड को आउट किया। दोनों को उन्होंने बोल्ड किया। मनोहर सिर्फ एक रन बना सके। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए विजय शंकर आए हैं। 11 ओवर के बाद गुजरात का स्कोर 83/3 है।

10:42 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : गुजरात को लगा दूसरा झटका

गुजरात को दूसरा झटका कुलदीप सेन ने ही दिया। उन्होंने 11वें ओवर की पहली गेंद पर मैथ्यू वेड को आउट किया। वह छह गेंदों में चार रन बनाकर आउट हुए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अभिनव मनोहर आए। 

10:35 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : बारिश ने फिर दी दस्तक

जयपुर का मौसम फैंस और खिलाड़ियों के लिए मुसीबत बना हुआ है। बारिश ने एक बार फिर दस्तक दे दी है, जिसकी वजह से मैच बीच में रुक गया है। 10 ओवर का खेल पूरा हो चुका है, गिल और मैथ्यू वेड क्रीज पर मौजूद हैं। टीम का स्कोर 77/1 है।

10:22 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : गजरात का पहला विकेट गिरा

गुजरात को पहला झटका कुलदीप सेन ने दिया। उन्होंने अपने पहले ओवर में साई सुदर्शन को एलबीडब्ल्यू आउट किया। सुदर्शन 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभाई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए मैथ्यू वेड उतरे हैं।

10:07 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : पॉवरप्ले खत्म हुआ, टीम का स्कोर 42/0

पॉवरप्ले खत्म हो चुका है, टीम का स्कोर 42/0 है। गिल और सुदर्शन ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। पारी के छठे ओवर में दोनों ने 14 रन बटोरे। यह ओवर आवेश खान ने फेंका।

09:49 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : गुजरात का पारी शुरू हुई

गुजरात की पारी शुरू हो चुकी है। सलामी बल्लेबाजी के लिए साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दो ओवर के बाद टीम का स्कोर 15/0 है।

09:28 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : राजस्थान ने गुजरात को दिया 197 रन का लक्ष्य

आईपीएल 2024 का 24वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है। बारिश से प्रभावित इस मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट खोकर 196 रन बनाए और गुजरात को 197 रन का लक्ष्य थमाया। इस मुकाबले में यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर के बीच पहले विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी हुई। जायसवाल पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाकर आउट हुए जबकि पिछले मैच में नाबाद शतक लगाने वाले बटलर सिर्फ आठ रन बना सके। उन्हें राशिद खान ने अपना शिकार बनाया। टी20 क्रिकेट में स्पिनर ने अनुभवी बल्लेबाज को पांचवीं बार आउट किया। इसके बाद पारी को संजू सैमसन और रियान पराग ने संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 130 रन की विशाल साझेदारी निभाई। 

दोनों ने इस मैच में अर्धशतक लगाया। रियान ने 34 गेंदों में पचास रन पूरे किए। आईपीएल के 17वें सीजन में यह उनका तीसरा अर्धशतक है। वहीं, कप्तान ने 31 गेंदों में अर्धशतक ठोका। आईपीएल के इस सीजन का यह उनके करियर का तीसरा अर्धशतक है। इसी के साथ वह राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। दोनों की इस साझेदारी को मोहित शर्मा ने तोड़ा। उन्होंने अपने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर रियान पराग को आउट किया जिन्होंने 76 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन चौके और पांच छक्के निकले। पांचवें नंबर के लिए बल्लेबाजी के लिए शिमरोन हेटमायर भी दमदार फॉर्म में नजर आए। उन्होंने आते ही एक चौका और एक छक्का लगाया। पांच गेंदों में 13 रन बनाकर वह नाबाद रहे। वहीं, कप्तान ने सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। वह भी नाबाद रहे। गुजरात का गेंदबाजी आक्रमण इस मैच में संघर्ष करता दिखा। उमेश यादव , राशिद खान औ मोहित शर्मा को एक-एक सफलता मिली।

09:16 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : रियान पराग आउट हुए

राजस्थान को तीसरा झटका मोहित शर्मा ने दिया। उन्होंने अपने आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर रियान पराग को आउट किया जिन्होंने 76 रन बनाए। उन्होंने संजू सैमसन के साथ 130 रन की साझेदारी निभाई। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए शिमरोन हेटमायर आए हैं।

09:05 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : संजू सैमसन ने भी ठोका पचासा

राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने आईपीएल के 17वें सीजन का अपना तीसरा अर्धशतक ठोका है। उन्होंने 31 गेंदों में अपना पचासा ठोका। इसी के साथ वह राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। फिलहाल वह 52 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। 

08:57 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : संजू सैमसन-रियान पराग के बीच शतकीय साझेदारी

राजस्थान ने 42 रन के स्कोर पर दो विकेट खो दिए थे। इसके बाद संजू सैमसन और रियान पराग ने पारी को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हो चुकी है। संजू 28 गेंदों में 46 रन और पराग 42 गेंदों में 66 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। 

08:42 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : रियान पराग ने ठोका अर्धशतक

रियान पराग ने आईपीएल के 17वें सीजन का अना तीसरा अर्धशतक ठोका है। उन्होंने 34 गेंदों में फिफ्टी ठोकी है। 15 ओवर के बाद टीम का स्कोर 134/2 है। रियान और सैमसन के बीच 92 रनों की साझेदारी हो चुकी है। 

08:33 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : 12 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर 89/2

संजू सैमसन और रियान पराग के बीच एक सधी हुई साझेदारी देखने को मिल रही है। दोनों के बीच 47 रन* की पार्टनरशिप हो चुकी है। 12 ओवर के बाद टीम का स्कोर 89/2 है।

08:21 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर 65/2

संजू सैमसन और रियान पराग के बीच अच्छी साझेदारी पनप रही है। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए कप्तान 17 रन और पराग 15 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। नौ ओवर के बाद टीम का स्कोर दो विकेट खोकर 65 रन पर पहुंच चुका है।

08:08 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : बटलर भी लौटे पवेलियन

राजस्थान को दूसरा झटका राशिद खान ने दिया। उन्होंने जोस बटलर को 42 रन के स्कोर पर आउट किया। यह पांचवीं बार है जब स्टार गेंदबाज ने इंग्लिश बल्लेबाज को टी20 क्रिकेट में अपना शिकार बनाया। पिछले मैच में नाबाद शतक लगाने वाले बटलर इस मुकाबले में सिर्फ आठ रन बनाकर आउट हुए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए रियान पराग आए हैं। फिलहाल क्रीज पर संजू सैमसन 10 रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। छह ओवर के बाद टीम का स्कोर 43/2 है। 

08:01 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : राजस्थान को लगा पहला झटका

राजस्थान को पहला झटका उमेश यादव ने दिया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर मैथ्यू वेड के हाथों कैच कराया। युवा बल्लेबाज ने 19 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 24 रन बनाए। पहले विकेट के लिए यशस्वी और बटलर के बीच 32 रन की साझेदारी हुई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए संजू सैमसन आए हैं। 

07:55 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : तीन ओवर के बाद टीम का स्कोर 22/0

तीन ओवर का खेल पूरा हो चुका है,राजस्थान का स्कोर 22/0 है। यशस्वी जायसवाल दमदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। 15 गेंदों में 18 रन बनाकर वह नाबाद खेल रहे हैं। वहीं, बटलर तीन गेंदों में चार रन बनाकर नाबाद खेल रहे हैं। 

07:41 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : राजस्थान की पारी शुरू हुई

टॉस हारकर राजस्थान रॉयल्स पहले बल्लेबाजी के लिए तैयार है। सलामी बल्लेबाजी के लिए जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर मौजूद हैं। आज के मैच में दोनों से अच्छी शुरुआत की उम्मीद है। पहले ओवर के बाद टीम का स्कोर 6/0 है।

07:31 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : दोनों टीमों की प्लेइंग 11 इस प्रकार है

गुजरात टाइटंस : शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, विजय शंकर, अभिनव मनोहर, मैथ्यू वेड (विकेटकीपर), राहुल तेवतिया, राशिद खान, उमेश यादव, स्पेंसर जॉनसन, नूर अहमद, मोहित शर्मा।
इम्पैक्ट सब: शरथ बीआर, शाहरुख खान, दर्शन नालकंडे, रविश्रीनिवासन साई किशोर, मानव सुथार।

राजस्थान रॉयल्स : यशस्वी जयसवाल, जोस बटलर, संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरोन हेटमायर, रविचंद्रन अश्विन, ट्रेंट बोल्ट, आवेश खान, कुलदीप सेन, युजवेंद्र चहल। इम्पैक्ट सब: रोवमैन पॉवेल, तनुश कोटियन, शुभम दुबे, केशव महाराज, नवदीप सैनी।

07:26 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : गुजरात ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया

गुजरात ने आईपीएल 2024 के 24वें मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। टीम दो बदलावों के साथ उतरी है। केन विलियम्सन की जगह मैथ्यू वेड को मौका मिला है और अभिनव मनोहर को शरथ की जगह टीम में शामिल किया गया है। गुजरात की टीम में मैथ्यू वेड, राशिद खान, स्पेंसर जॉनसन और नूर अहमद के  रूप में चार विदेशी खिलाड़ियों के साथ उतरी है। वहीं, राजस्थान की तरफ से जोस बटलर, शिमरोन हेटमायर, ट्रेंट बोल्ट के साथ तीन विदेशी खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे।

07:13 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : 7:25 पर होगा टॉस

जयपुर में बारिश रुक गई है और कवर्स मैदान से हटा दिए गए हैं। अब टॉस शाम 7:25 बजे होगा, पहली गेंद शाम 7:40 बजे फेंकी जाएगी। 

07:03 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : बारिश की वजह से टॉस में हो रही देरी

गुजरात जाएंट्स और राजस्थान रॉयल्स मैच से पहले बारिश ने दस्तक दी है। मैदान पर हल्की बारिश हो रही है जिसकी वजह से टॉस में देरी हो रही है। 

06:28 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : गुजरात की टीम का मध्यक्रम कमजोर

वहीं, गुजरात टीम की बात करें तो लखनऊ के खिलाफ पिछले मैच में कोई भी बड़ा स्कोर नहीं बना पाया था। नतीजा 164 रन का पीछा करने उतरी टीम 18.5 ओवर में 130 रन पर सिमट गई थी। गुजरात को अगर जीतना है तो साई सुदर्शन, शुभमन गिल और केन विलियम्सन, यानी शीर्ष तीन को बड़ी पारी खेलनी होगी। गुजरात के मध्यक्रम के पास कुछ खास अवनुभव नहीं है। टीम को डेविड मिलर की कमी खल रही है। टीम के पास राहुल तेवतिया और राशिद खान के रूप में कुछ बड़े हिटर्स जरूर हैं। वहीं, गेंदबाजी में अब तक उमेश यादव, स्पेंसर जॉनसन, नूर और राशिद का प्रदर्शन शानदार रहा है। वहीं, मोहित शर्मा की डेथ ओवर में गेंदबाजी ठीक ठाक रही है।

06:27 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : दोनों टीमों के बीच हेड टु हेड

राजस्थान और गुजरात के बीच भिड़ंत और आंकड़ों की बात करें तो अब तक दोनों टीमों के बीच कुल पांच मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से चार मैच गुजरात ने जीते हैं, जबकि राजस्थान की टीम को महज एक मैच में जीत मिली। हालांकि, गुजरात ने जो चार मैच जीते, तब कप्तान हार्दिक पांड्या थे। अब वह मुंबई में जा चुके हैं। हालांकि, राजस्थान के लिए पांचों मैचों में एक ही कप्तान रहा है। सैमसन को गुजरात के खिलाफ अतिआत्मविश्वास से बचना होगा और इस टीम के हलके में नहीं लेना होगा। राजस्थान को बल्लेबाजी में एक बार फिर बटलर, सैमसन और पराग से काफी उम्मीदें होंगी। वहीं, गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट, नांद्रे बर्गर, अश्विन और चहल काफी शानदार फॉर्म में हैं। टीम के लिए यशस्वी जायसवाल का फॉर्म चिंता का विषय है, जो अब तक कुछ खास नहीं कर सके हैं।
 

06:27 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Live Score : गुजरात की टीम पिछले दो मैच में बेरंग दिखी

पहली बार आईपीएल में कप्तानी कर रहे शुभमन की अगुआई में गुजरात की टीम ने शुरुआत तो काफी अच्छी की थी और अपने शुरुआती तीन में से दो मैच जीते थे। हालांकि, इसके बाद टीम पटरी से उतर गई और पंजाब-लखनऊ के खिलाफ उन्हें लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी, इन दोनों मैचों में दोनों विभागों में टीम फ्लॉप रही। वहीं, राजस्थान की टीम में इस सीजन कोई कमजोरी नहीं दिखी है। गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी और फील्डिंग, तीनों विभाग में टीम मजबूत दिख रही है। हर मैच में कोई एक खिलाड़ी अपने दम पर मैच जिता रहा है। रियान पराग से लेकर जोस बटलर और युजवेंद्र चहल तक, सभी फॉर्म में हैं। राजस्थान की टीम अब तक लखनऊ, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु को हरा चुकी है। 

06:13 PM, 10-Apr-2024

RR vs GT Highlights: रोमांचक मैच में गुजरात ने दर्ज की जीत, राजस्थान को तीन विकेट से हराया

आईपीएल 2024 के 24वें मैच में आज राजस्थान रॉयल्स का सामना गुजरात टाइटंस से है। यह मैच शुभमन की अगुआई वाली गुजरात की टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अंक तालिका में यह टीम चार अंक लेकर फिलहाल सातवें स्थान पर है। धीरे-धीरे आईपीएल का रोमांच बढ़ता जा रहा है और सारी टीमें प्लेऑफ के जोर आजमाइश लगा रही हैं। संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान की टीम ही अब तक एकमात्र ऐसी टीम है, जिसने अभी तक कोई मैच नहीं गंवाया है। उसके चार मैचों में आठ अंक हैं और अंक तालिका में शीर्ष पर है। वहीं, चार टीमों के छह-छह अंक हैं। दो टीमों के चार-चार और तीन टीमों के दो-दो अंक हैं। ऐसे में इस बार अंतिम चार में पहुंचने की जंग काफी दिलचस्प रहने वाली है। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें