वैभव सूर्यवंशी (52) और यशस्वी जायसवाल (38*) की तूफानी पारियों की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने 128 रनों के लक्ष्य को 12.1 ओवर में हासिल कर लिया। इसी के साथ राजस्थान ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) पर आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की। सोमवार को गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में चेन्नई ने 19.4 ओवर में 10 विकेट पर 127 रन बनाए। जवाब में राजस्थान ने 12.1 ओवर में दो विकेट पर 128 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
राजस्थान को दूसरा झटका भी अंशुल कंबोज ने दिया। उन्होंने ध्रुव जुरेल को अपना शिकार बनाया। वह 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब यशस्वी का साथ देने कप्तान रियान पराग आए हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। यशस्वी जायसवाल भी क्रीज पर डटे हुए हैं।
चेन्नई ने राजस्थान के सामने 128 रनों का लक्ष्य रखा है। टीम ने 19.4 ओवर में 10 विकेट पर 127 रन बनाए। उनके लिए जेमी ओवरटन ने सर्वाधिक 43 रनों की पारी खेली। वहीं, राजस्थान के लिए आर्चर, बर्गर और जडेजा ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा बृजेश, संदीप और बिश्नोई को एक-एक सफलता मिली।
चेन्नई को आठवां झटका जोफ्रा आर्चर ने दिया। उन्होंने नूर अहमद को पवेलियन की राह दिखाई। अब जेमी ओवरटन और मैट हेनरी क्रीज पर मौजूद हैं।
चेन्नई को सातवां विकेट गिरा। बृजेश शर्मा ने कार्तिक शर्मा को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ 18 रन बना पाए। अब जेमी ओवरटन का साथ देने नूर अहमद आए हैं। 11 ओवर के बाद स्कोर सात विकेट पर 76 रन है।
चेन्नई की हालत बेहद खराब नजर आ रही है। रवींद्र जडेजा ने शिवम दुबे को रवि बिश्नोई के हाथों कैच कराकर टीम को छठा झटका दिया। अब कार्तिक शर्मा के साथ जेमी ओवरटन क्रीज पर मौजूद हैं।
51 के स्कोर पर चेन्नई को पांचवां झटका लगा है। रवींद्र जडेजा ने सरफराज खान को एलबीडब्ल्यू आउट किया। वह सिर्फ 17 रन बना पाए। अब कार्तिक शर्मा का साथ देने शिवम दुबे आए हैं।
चेन्नई की हालत खराब नजर आ रही है। संदीप शर्मा ने पावरप्ले के आखिरी ओवर में मैथ्यू शॉर्ट को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। वह सिर्फ दो रन बना पाए। अब सरफराज का साथ देने कार्तिक शर्मा आए हैं।
स्पैल का दूसरा ओवर डाल रहे नांद्रे बर्गर ने आयुष म्हात्रे को जुरेल के हाथों कैच कराया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अब मैट शॉर्ट का साथ देने इम्पैक्ट खिलाड़ी सरफराज खान आए हैं।
ऋतुराज गायकवाड़ को जोफ्रा आर्चर ने बोल्ड किया। वह 11 गेंदों में सिर्फ छह रन बना पाए। अब आयुष म्हात्रे का साथ देने मैट शॉर्ट आए हैं। तीन ओवर के बाद स्कोर दो विकेट पर 19 रन है।
नांद्रे बर्गर ने संजू सैमसन को बोल्ड कर सीएसके को पहला झटका दिया है। सैमसन सात गेंदों पर एक चौके की मदद से छह रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। सीएसके के लिए संजू सैमसन के साथ कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ पारी की शुरुआत करने उतरे हैं।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरॉ हेटमायर, रवींद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नंद्रे बर्गर, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई, ब्रिजेश शर्मा।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, सुशांत मिश्रा, तुषार देशपांडे।
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, मैट शॉर्ट, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, मैट हेनरी, अंशुल कंबोज, खलील अहमद।
इम्पैक्ट खिलाड़ी: सरफराज खान, प्रशांत वीर, राहुल चाहर, गुरजपनीत सिंह, रामकृष्ण घोष।
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान रियान पराग ने बताया कि चार विदेशी खिलाड़ी जो प्लेइंग 11 में होंगे उनमें जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, डोनोवन फरेरा और शिमरॉन हेटमायर शामिल हैं। वहीं, चेन्नई की टीम में मैथ्यू शॉर्ट, जेमी ओवरटन, नूर अहमद और मैट हेनरी विदेशी खिलाड़ी के तौर पर खेलेंगे।
गुवाहाटी में कुछ देर पहले तक बारिश हो रही थी, जिसकी वजह से मैदान को कवर्स से ढका गया था। हालांकि, अब बारिश रुक चुकी है और कवर्स हटाए जा चुके हैं। अब टॉस पांच मिनट की देरी से होगा यानी 7:05 बजे दोनों कप्तान टॉस के लिए मैदान पर पहुंचेंगे।
राजस्थान के लिए, सैमसन का टीम से जाना एक अहम अध्याय के समापन और रियान पराग के नेतृत्व में एक नए दौर की शुरुआत का संकेत है। रियान पराग अपने घरेलू मैदान पर टीम की कप्तानी करेंगे। जडेजा के जुड़ने से टीम को और मजबूती और अनुभव मिलेगा। रॉयल्स की बल्लेबाजी मुख्य रूप से यशस्वी जायसवाल के इर्द-गिर्द ही घूमेगी, जो अब टीम के ऊपरी क्रम में एक वरिष्ठ खिलाड़ी के तौर पर ज्यादा बड़ी जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्हें होनहार युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी और शानदार फॉर्म में चल रहे शिमरॉन हेटमायर का साथ मिलेगा। ये दोनों ही विस्फोटक शुरुआत देने में सक्षम हैं।
हालांकि, राजस्थान रॉयल्स की गेंदबाजी यूनिट अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। पिछले साल की मुश्किलों के बाद टीम में काफी बदलाव किए गए थे, लेकिन अब भी उनकी गेंदबाजी में निरंतरता पर सवाल बना हुआ है, खासकर जोफ्रा आर्चर की अगुवाई वाले तेज गेंदबाजी विभाग में। स्पिन गेंदबाजी की मुख्य जिम्मेदारी जडेजा और रवि बिश्नोई के कंधों पर होगी।
सीएसके की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पूर्व कप्तान एमएस धोनी के बाद डेवाल्ड ब्रेविस के रूप में टीम को दूसरा बड़ा झटका लगा है। ब्रेविस 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ गुवाहाटी में होने वाले मैच में सीएसके की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं होंगे। डेवाल्ड ब्रेविस के आरआर के खिलाफ मैच न खेलने की पुष्टि सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने की। ब्रेविस पसली में खिंचाव की वजह से सीजन का पहला मुकाबला नहीं खेलेंगे।
पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से महेंद्र सिंह धोनी कम से कम दो हफ्तों तक टीम से बाहर हैं। इससे सैमसन और गायकवाड़ पर अतिरिक्त जिम्मेदारी बढ़ती है। चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में उभरते हुए खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा, जिनमें 20 वर्षीय स्पिन-गेंदबाज ऑलराउंडर प्रशांत वीर और घरेलू क्रिकेट में अपनी पावर हिटिंग के दम पर सुर्खियां बटोरने वाले, अनकैप्ड खिलाड़ी कार्तिक शर्मा शामिल हैं।
इस मुकाबले में संजू सैमसन पर सभी की निगाहें होंगी, जो उस टीम के विरुद्ध खेलने उतरेंगे, जिसकी कप्तानी कर चुके हैं। उनकी कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स साल 2022 में फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन आज ये खिलाड़ी सीएसके की जर्सी में है। संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खिताबी जीत के हीरो रहे थे। उन्होंने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार तीन मुकाबलों में अर्धशतक जड़े थे। दूसरी ओर, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अपनी पुरानी टीम के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते नजर आने वाले हैं।
आईपीएल का 19वां संस्करण दिन प्रतिदिन रोमांचक मोड़ लेने के लिए तैयार है। सोमवार को राजस्थान रॉयल्स का सामना पांच बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से होगा। यह मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें दोनों ही टीमें जीत के साथ अपना अभियान शुरू करना चाहेंगी।
IPL Live Cricket Score, RR vs CSK 2026 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2026 का तीसरा मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम पर खेला जाएगा। इस मैच में दोनों टीमें जीत के साथ अभियान की शुरुआत करने का लक्ष्य लेकर उतरेंगी।