फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RR vs CSK Highlights: राजस्थान ने चेन्नई को 32 रन से हराया, अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची सैमसन की टीम

Thu, 27 Apr 2023 11:54 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

IPL 2023, RR vs CSK 2023 : आईपीएल 2023 का 37वां मैच राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेला गया। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। आरआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 202 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 170 रन ही बना सकी।
विज्ञापन
राजस्थान की टीम - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:12 PM, 27-Apr-2023

राजस्थान ने चेन्नई को 32 रन से हराया

आईपीएल 2023 के 37वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 32 रन से हरा दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 202 रन बनाए। यशस्वी जायसवाल ने 43 गेंदों में 77 रन बनाए। जवाब में चेन्नई की टीम 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 170 रन ही बना सकी। शिवम दुबे ने 33 गेंदों में 52 रन बनाए। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ ने 29 गेंदों में 47 रन की पारी खेली। यह राजस्थान का आईपीएल में 200वां मैच था और उन्होंने जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में आईपीएल इतिहास में पहली बार 200+ का स्कोर बनाया। फिर बड़ी जीत भी हासिल की।

इस जीत के साथ राजस्थान की टीम आठ मैचों में पांच जीत और 10 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। उसने सिर्फ तीन मैच गंवाए हैं। वहीं, चेन्नई की टीम आठ मैचों में 5 जीत और 3 हार के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर लुढ़क गई है। दूसरे स्थान पर चेन्नई से बेहतर रन रेट और 10 अंक के साथ गुजरात टाइटंस है। चेन्नई को अगला मैच रविवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ चेपक में खेलना है। वहीं, राजस्थान को रविवार को ही मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े में खेलना है।

10:50 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: चेन्नई का स्कोर 129/5

16 ओवर के बाद चेन्नई ने पांच विकेट गंवाकर 129 रन बना लिए हैं। फिलहाल शिवम दुबे 20 गेंदों में 31 रन और रवींद्र जडेजा तीन रन बनाकर क्रीज पर हैं। टीम को अब 24 गेंदों में 74 रन की जरूरत है। 

10:44 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: चेन्नई को पांचवां झटका

15वें ओवर में 124 के स्कोर पर चेन्नई को पांचवां झटका लगा। मोईन अली को जैम्पा ने विकेटकीपर सैमसन के हाथों कैच कराया। फिलहाल रवींद्र जडेजा और शिवम दुबे क्रीज पर हैं। मोईन 12 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए। चेन्नई को 30 गेंदों में 78 रन की जरूरत है।

विज्ञापन
10:38 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: चेन्नई को 90 रन की जरूरत

14 ओवर के बाद चेन्नई ने चार विकेट गंवाकर 113 रन बना लिए हैं। फिलहाल शिवम दुबे 15 गेंदों में 22 रन और मोईन अली नौ गेंदों में 19 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। चेन्नई को अब 36 गेंदों में 90 रन की जरूरत है।

10:23 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: अश्विन ने एक ओवर में दो विकेट झटके

11वें ओवर में रविचंद्रन अश्विन ने दो विकेट झटके। उन्होंने पहले अजिंक्य रहाणे को जोस बटलर के हाथों कैच कराया। वह 13 गेंदों में 15 रन बना सके। इसके बाद इसी ओवर में अश्विन ने अंबाती रायुडू को होल्डर के हाथों कैच कराया। रायुडू खाता भी नहीं खोल सके। 11 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर चार विकेट पर 73 रन है। फिलहाल मोईन अली और शिवम दुबे क्रीज पर हैं।

विज्ञापन
10:15 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: ऋतुराज अर्धशतक से चूके

चेन्नई सुपर किंग्स को 10वें ओवर में 69 के स्कोर पर दूसरा झटका लगा। ऋतुराज गायकवाड़ 29 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जैम्पा ने पडिक्कल के हाथों कैच कराया। जैम्पा ने इससे पहले डेवोन कॉनवे को भी आउट किया था। फिलहाल शिवम दुबे और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं। 10 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर दो विकेट पर 71 रन है।

10:10 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: ऋतुराज-रहाणे क्रीज पर

नौ ओवर के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने एक विकेट गंवाकर 68 रन बना लिए हैं। फिलहाल अजिंक्य रहाणे 10 गेंदों में 13 रन और ऋतुराज गायकवाड़ 28 गेंदों में 47 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच अब तक 26 रन की साझेदारी हो चुकी है। चेन्नई को अब 66 गेंदों में 135 रन की जरूरत है। 

09:55 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: चेन्नई को पहला झटका

छठे ओवर में 42 के स्कोर पर चेन्नई को पहला झटका लगा। एडम जैम्पा ने डेवोन कॉनवे को संदीप शर्मा के हाथों कैच कराया। कॉनवे 16 गेंदों में आठ रन बनाकर आउट हुए। फिलहाल ऋतुराज गायकवाड़ और अजिंक्य रहाणे क्रीज पर हैं।

09:41 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: चेन्नई की धीमी शुरुआत

चेन्नई ने धीमी शुरुआत की है। तीन ओवर के बाद टीम ने बिना विकेट गंवाए 13 रन बना लिए हैं। फिलहाल डेवोन कॉनवे नौ गेंदों में पांच रन और ऋतुराज गायकवाड़ नौ गेंदों में आठ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

09:31 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: चेन्नई की पारी शुरू

राजस्थान ने चेन्नई के सामने 203 रन का लक्ष्य रखा है। जवाब में चेन्नई की पारी शुरू हो चुकी है। फिलहाल डेवोन कॉनवे और ऋतुराज गायकवाड़ क्रीज पर हैं। चेन्नई ने एक ओवर में बिना विकेट गंवाए सात रन बना लिए हैं।

09:12 PM, 27-Apr-2023

राजस्थान ने चेन्नई को 203 रन का लक्ष्य दिया

राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स के सामने 203 रन का लक्ष्य रखा है। आईपीएल इतिहास में पहली बार जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में 200 से ज्यादा रन बने हैं। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 202 रन बनाए। राजस्थान की शुरुआत शानदार रही थी। यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 50 गेंदों में 86 रन जोड़े।

इस साझेदारी को रवींद्र जडेजा ने तोड़ा। उन्होंने जोस बटलर को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। वह 21 गेंदों में 27 रन बना सके। दूसरे छोर पर यशस्वी ने ताबड़तोड़ शॉट्स लगाए और 26 गेंदों में आईपीएल करियर का छठा अर्धशतक पूरा किया।

इसके बाद 14वें ओवर में तुषार देशपांडे ने दो विकेट झटके। उन्होंने पहले कप्तान संजू सैमसन को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। सैमसन 17 गेंदों में 17 रन बना पाए। इसके बाद यशस्वी को रहाणे के हाथों कैच कराया। यशस्वी 43 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के की मदद से 77 रन बना सके।

शिमरोन हेटमायर कुछ खास नहीं कर सके और आठ रन बनाकर महेश तीक्षणा की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। इसके बाद ध्रुव जुरेल और देवदत्त पडिक्कल ने पांचवें विकेट के लिए 21 गेंदों में 48 रन की साझेदारी निभाई। ध्रुव 15 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुए। 

पडिक्कल 13 गेंदों में पांच चौके की मदद से 27 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं अश्विन एक रन बनाकर नाबाद रहे। चेन्नई की ओर से तुषार देशपांडे ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। वहीं, तीक्षणा और जडेजा को एक-एक विकेट मिला।

08:52 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: राजस्थान को चौथा झटका

17 ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स ने चार विकेट गंवाकर 153 रन बना लिए हैं। फिलहाल देवदत्त पडिक्कल पांच रन और ध्रुव जुरेल नौ रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस ओवर में महेशी तीक्षणा ने शिमरोन हेटमायर को क्लीन बोल्ड किया। वह 10 गेंदों में आठ रन बना सके। 

08:32 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: राजस्थान को एक ओवर में दो झटके

14वें ओवर में तुषार देशपांडे ने दो विकेट झटके। उन्होंने पहले कप्तान संजू सैमसन को ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। वह 17 गेंदों में 17 रन बना सके। इसके बाद मैदान पर जम चुके यशस्वी जायसवाल को रहाणे के हाथों कैच कराया। यशस्वी 43 गेंदों में आठ चौके और चार छक्के की  मदद से 77 रन बना सके। 14 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर तीन विकेट पर 132 रन है। फिलहाल शिमरोन हेटमायर और ध्रुव जुरेल क्रीज पर हैं।

08:22 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: राजस्थान का स्कोर 100 रन के पार

11 ओवर के बाद राजस्थान रॉयल्स ने एक विकेट गंवाकर 104 रन बना लिए हैं। फिलहाल संजू सैमसन 10 गेंदों में सात रन और यशस्वी जायसवाल 35 गेंदों में 63 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। इससे पहले जोस बटलर 27 रन बनाकर आउट हुए।

08:10 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: जोस बटलर पवेलियन लौटे

राजस्थान को नौवें ओवर में 86 के स्कोर पर पहला झटका लगा। रवींद्र जडेजा ने जोस बटलर को शिवम दुबे के हाथों कैच कराया। वह 21 गेंदों में 27 रन बना सके। इससे पहले यशस्वी जायसवाल ने 26 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा। कप्तान संजू सैमसन उनका साथ निभाने मैदान पर आए हैं। नौ ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 90 रन है। यशस्वी 30 गेंदों में 54 रन और सैमसन दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

08:03 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: यशस्वी का अर्धशतक

सात ओवर के बाद राजस्थान ने बिना कोई विकेट गंवाए 75 रन बना लिए हैं। फिलहाल यशस्वी जायसवाल 26 गेंदों में 50 रन और जोस बटलर 16 गेंदों में 24 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। यह यशस्वी के आईपीएल करियर का छठा अर्धशतक रहा।

07:59 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: राजस्थान की मजबूत शुरुआत

छह ओवर के बाद राजस्थान ने बिना कोई विकेट गंवाए 64 रन बना लिए हैं। यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई है। यशस्वी 21 गेंदों में 40 रन और जोस बटलर 15 गेंदों में 23 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

07:45 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: यशस्वी की तूफानी पारी

तीन ओवर के बाद राजस्थान ने बिना कोई विकेट गंवाए 42 रन बना लिए हैं। यशस्वी और बटलर ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई है। जायसवाल तूफानी पारी खेल रहे हैं। उन्होंने 11 गेंदों पर 31 रन बना लिए हैं। वहीं, बटलर सात गेंदों में 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।

07:33 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: राजस्थान की पारी शुरू

राजस्थान की पारी शुरू हो चुकी है। यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर क्रीज पर हैं। वहीं, आकाश सिंह ने पहले ओवर में गेंदबाजी की। उन्होंने पहले ओवर में 14 रन दिए। यशस्वी ने पहले ओवर में तीन चौके लगाए।

07:07 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: दोनों टीमें इस प्रकार हैं

राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जायसवाल, जोस बटलर, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (विकेटकीपर/कप्तान), शिमरोन हेटमायर, ध्रुव जुरेल, रविचंद्रन अश्विन, जेसन होल्डर, एडम जैम्पा, संदीप शर्मा, युजवेंद्र चहल।

राजस्थान रॉयल्स के संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स: डोनवोन फरेरा, मुरुगन अश्विन, रियान पराग, केएम आसिफ, कुलदीप यादव।

चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, अजिंक्य रहाणे, मोइन अली, अंबाती रायुडू, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (कप्तान/विकेटकीपर), मथीशा पथिराना, तुषार देशपांडे, महेश तीक्षणा।

चेन्नई सुपर किंग्स के संभावित इम्पैक्ट प्लेयर्स: अंबाती रायुडू, ड्वेन प्रिटोरियस, सुभ्रांशु सेनापति, शेख रशीद, राजवर्धन हंगरगेकर।

06:55 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: राजस्थान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। यह राजस्थान का 200वां आईपीएल मैच है। टीम में एक बदलाव किया गया है। ट्रेंट बोल्ट यह मैच नहीं खेल रहे। उनकी जगह एडम जैम्पा को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। टॉस के दौरान सैमसन से पूछा गया कि वह 200वें मैच पर कैसा महसूस कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि वह स्टेडियम में फैंस को पिंक में देखना चाहता था, लेकिन हम जानते हैं कि कौन यहां हैं जिसकी वजह से यलो जर्सी में फैंस पहुंचे हैं।

06:49 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: बटलर-यशस्वी पर दारोमदार

चार बार की चैंपियन चेन्नई का दावा राजस्थान के खिलाफ मजबूत नजर आ रहा है। पिछली बार फाइनल में पहुंचने वाली राजस्थान दो हार के बाद जल्द से जल्द जीत की राह पर लौटना चाहती है। रॉयल्स को अगर अच्छा प्रदर्शन करना है तो उसके बल्लेबाजों जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन को बल्ले से योगदान देना होगा। पिच धीमे गेंदबाजों को मदद करेगी और ऐसे में स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल बेहतर कर सकते हैं। ये भी हो सकता है कि राजस्थान टीम के घरेलू दर्शक चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के समर्थन में पीली जर्सी पहनकर आ जाएं, चंूकि माना जा रहा है कि धोनी का यह अंतिम आईपीएल सीजन हो सकता है। कोलकाता के ईडन गार्डन में भी ऐसा हुआ था और धोनी ने कहा भी था कि दर्शक पीली जर्सी में मुझे विदाई देने आए हैं।

06:48 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: पिछली टक्कर में जीता था राजस्थान

राजस्थान के लिए यह बात थोड़ी राहत वाली हो सकती है कि इस सीजन में दोनों टीमों के बीच हुई पिछली भिड़ंत में उसे जीत मिली थी। हालांकि चेन्नई ने कप्तान धोनी के अंतिम ओवरों में बेहतरीन प्रयास के साथ कड़ी टक्कर दी थी पर अपने घरेलू दर्शकों के बीच सुपरकिंग्स को तीन रन से हार का सामना करना पड़ा था। रविवार को चेन्नई ने अपने पिछले मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ सीजन की अपनी पांचवीं जीत दर्ज की थी। उसके दस अंक हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को यहां सवाई मानसिंह स्टेडियम में जीत से वह अपनी दावेदारी को मजबूत करेगी।

06:46 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Live: चेन्नई की टीम शानदार फॉर्म में

दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स लगातार तीन दर्ज कर चुकी है और एक जीत के साथ टीम प्लेऑफ के लिए अपने दावे को मजबूत करना चाहेगी। चेन्नई के शीर्ष क्रम में ऋतुराज गायकवाड़, डेवन कॉन्वे, अजिंक्य रहाणे और शिवम दुबे शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। दरअसल तो यह मुकाबला चेन्नई के बल्लेबाजों और रॉयल्स के विश्व स्तरीय स्पिनरों के बीच है। कॉन्वे इस सीजन में सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने सात मैचों में 314 रन बनाए हैं। इसके अलावा कोलकाता के खिलाफ अजिंक्य रहाणे ने 29 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए थे। वह पांच मैचों में 209 रन बना चुके हैं। वह 199.04 की स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं।

06:28 PM, 27-Apr-2023

RR vs CSK Highlights: राजस्थान ने चेन्नई को 32 रन से हराया, अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची सैमसन की टीम

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आईपीएल 2023 के 37वें मैच में आज राजस्थान रॉयल्स का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से है। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला जा रहा है। राजस्थान की टीम को पिछले दो मैचों में हार मिली है, जबकि सीएसके की टीम शानदार फॉर्म में है। उसने पिछले तीन मैच जीते हैं। सीएसके की टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है, जबकि राजस्थान की टीम तीसरे स्थान पर है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें