कप्तान फाफ डुप्लेसिस और दिनेश कार्तिक की आतिषी पारियों के बावजूद आरसीबी की टीम सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर सकी। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रेविस हेड के शतक और हेनरिच क्लासेन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में तीन विकेट पर 287 रनों का स्कोर खड़ा किया था। यह आईपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर था। जवाब में आरसीबी ने भी धुआंधार बल्लेबाजी की, लेकिन लक्ष्य इतना बड़ा था कि टीम 25 रन पीछे रह गई। आरसीबी 20 ओवर में सात विकेट पर 262 रन ही बना सकी। दोनों टीमों के मिलाकर इस मैच में कुल 549 रन बने। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए कप्तान पैट कमिंस ने 43 रन देकर तीन विकेट लिए।
कार्तिक ने 35 गेंदों पर 83 रनों की साहसिक पारी खेलकर आरसीबी को अप्रत्याशित जीत दिलाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। आरसीबी के लिए यह सीजन अच्छा नहीं रहा है और टीम सात में से सिर्फ एक ही मैच जीत सकी है। आरसीबी की यह लगातार पांचवीं हार है और वह अंक तालिका में सबसे नीचे 10वें स्थान पर बरकरार है। वहीं, इस शानदार जीत के साथ हैदराबाद की टीम आठ अंक लेकर चौथे स्थान पर है। हैदराबाद ने इस सीजन अबतक छह मैचों में चार मैच जीते हैं, जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
टी. नटराजन ने हैदराबाद को सातवीं सफलता दिलाते हुए दिनेश कार्तिक का विकेट पा लिया है। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने वाले कार्तिक 35 गेंदों पर पांच चौके और सात छक्कों की मदद से 83 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं। आरसीबी को जीत के लिए अब छह गेंदों पर 44 रन बनाने हैं और क्रीज पर अनुज रावत के साथ विजयकुमार विशाक मौजूद हैं।
दिनेश कार्तिक ने हैदराबाद के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी है। उनकी इस तूफानी पारी की मदद से आरसीबी ने मैच में वापसी कर ली है और उसे जीत के लिए 11 गेंदों पर 52 रनों की जरूरत है। कार्तिक के साथ अनुज रावत भी क्रीज पर मौजूद हैं।
विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने आरसीबी की पारी संभाले रखी है और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। आरसीबी ने इसके साथ ही 16.3 ओवर में छह विकेट पर 207 रन बना लिए हैं। कार्तिक फिलहाल 26 गेंदों पर 55 रन बनाकर खेल रहे हैं और उनके साथ अनुज रावत क्रीज पर मौजूद हैं।
हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए महिपाल लोमरोर को आउट किया। लोमरोर और दिनेश कार्तिक झटकों के बाद आरसीबी को संभाल रहे थे, लेकिन कमिंस ने लोमरोर को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। लोमरोर 11 गेंदों पर 19 रन बनाकर आउट हुए। कमिंस का इस मैच का यह तीसरा विकेट है।
आरसीबी को झटकों के बीच दिनेश कार्तिक और महिपाल लोमरोर ने संभाला। इन दोनों बल्लेबाजों ने 13वां ओवर डालने आए मयंक मारकंडे के ओवर से 25 रन जुटाए। आरसीबी ने 13 ओवर की समाप्ति तक पांच विकेट पर 160 रन बनाए लिए हैं। लोमरोर नौ गेंदों पर 18 रन और दिनेश कार्तिक 11 गेंदों पर 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।
तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने सौरव चौहान को खाता खोले बिना आउट कर आरसीबी को पांचवां झटका दिया। कमिंस ने इसी ओवर में डुप्लेसिस को आउट किया था और आखिरी गेंद पर सौरव को भी पवेलियन भेज दिया। क्रीज पर फिलहाल दिनेश कार्तिक के साथ महिपाल लोमरोर मौजूद हैं।
पैट कमिंस ने फाफ डुप्लेसिस को आउट कर आरसीबी को चौथा झटका दिया। शानदार लय में दिख रहे डुप्लेसिस 28 गेंदों पर सात चौकों और चार छक्के की मदद से 62 रन बनाकर पवेलियन लौटे। डुप्लेसिस को हैदराबाद के तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने पवेलियन की राह दिखाई।
अच्छी शुरुआत के बाद आरसीबी की पारी लड़खड़ा गई है और रजत पाटीदार के रूप में उसने तीसरा विकेट गंवा दिया है। पाटीदार पांच गेंदों पर नौ रन बनाकर आउट हुए। पाटीदार को मयंक मारकंडे ने पवेलियन भेजा। मारकंडे का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। हालांकि आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस टिके हुए हैं और नए बल्लेबाज के रूप में सौरव चौहान उतरे हैं।
आरसीबी को विल जैक्स के रूप में दूसरा झटका लगा जो रन आउट होकर पवेलियन लौटे। उनादकट की गेंद पर डुप्लेसिस ने शॉट लगाया, लेकिन गेंद उनादकट की अंगुली को छूकर विकेट में लगी और जैक्स को पवेलियन लौटना पड़ा। इससे पहले, आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने शानदार अर्धशतक जड़ा। आरसीबी ने आठवें ओवर की समाप्ति तक 100 रन का स्कोर पार कर लिया है। डुप्लेसिस 24 गेंदों पर 51 रन बनाकर खेल रहे हैं और उनका साथ देने रजत पाटीदार उतरे हैं।
इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे मयंक मारकंडे ने विराट कोहली को आउट कर हैदराबाद को पहली सफलता दिलाई। शानदार लय में दिख रहे कोहली पावरप्ले खत्म होने के तुरंत बाद अपना विकेट गंवा बैठे। कोहली 20 गेंदों पर 42 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले, डुप्लेसिस और कोहली ने आरसीबी को तेज शुरुआत दिलाई और पावरप्ले तक बिना किसी नुकसान के 79 रन बनाए थे और आईपीएल इतिहास में पावरप्ले में उसका सर्वोच्च प्रदर्शन था, लेकिन मारकंडे ने कोहली को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
आरसीबी के कप्तान डुप्लेसिस और कोहली ने पावरप्ले में तूफानी बल्लेबाजी की और छह ओवर की समाप्ति के बाद स्कोर बिना किसी नुकसान के 79 रन कर दिया।
फाफ डुप्लेसिस और विराट कोहली की सलामी जोड़ी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी को तेज शुरुआत दिलाई और चार ओवर की समाप्ति तक स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया है। चार ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर बिना किसी नुकसान के 56 रन हो गया है।
हैदराबाद द्वारा 288 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने भी तेज शुरुआत की है। कप्तान फाफ डुप्लेसिस और विराट कोहली ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए तीन ओवर की समाप्ति के बाद बिना किसी नुकसान के 39 रन बना लिए हैं। डुप्लेसिस नौ गेंदों पर 23 रन और कोहली नौ गेंदों पर 16 रन बनाकर खेल रहे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के 288 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की पारी शुरू हो गई। आरसीबी के लिए कप्तान फाफ डुप्लेसिस के साथ विराट कोहली उतरे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्रेविस हेड के शतक और हेनरिच क्लासेन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में तीन विकेट पर 287 रन बनाए। हैदराबाद ने आईपीएल के इसी सीजन में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 277 रन बनाए थे जो आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर था, लेकिन इस मैच के कुछ ही दिन बाद उसने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ डाला। आरसीबी के लिए तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 52 रन देकर दो विकेट लिए।
आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन हेड और अभिषेक शर्मा ने पहले ही ओवर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर डुप्लेसिस का यह फैसला गलत साबित करने में ज्यादा देर नहीं लगाई। दोनों बल्लेबाजों ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 27 गेंदों पर ही 50 रन पूरे कर दिए। हैदराबाद ने पावरप्ले खत्म होने तक बिना विकेट गंवाए 76 रन बनाए थे जिसमें अकेले ही हेड ने 52 रन का योगदान दिया। हेड ने महज 20 गेंदों पर पचासा पूरा किया और फिर शतक पूरा करने के लिए सिर्फ 19 गेंदें और ली।
हेड ने 39 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया जो आईपीएल इतिहास का चौथा सबसे तेज शतक है। हेड की पारी का अंत फर्ग्यूसन ने किया। हेड 41 गेंदों पर नौ चौकों और आठ छक्कों की मदद से 102 रन बनाकर आउट हुए। हेड के आउट होने के बाद हेनरिच क्लासेन ने मोर्चा संभाला और धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए बड़े शॉट खेले। एक समय ऐसा लग रहा था कि टीम 300 रन का स्कोर बना लेगी, लेकिन पहले हेड और फिर क्लासेन के आउट होने से यह संभव नहीं हो सका।
सनराइजर्स हैदराबाद की शानदार बल्लेबाजी जारी है और अब्दुल समद ने 19वां ओवर करने आए रीस टॉप्ली पर 25 रन निकाले। हैदराबाद ने 19 ओवर की समाप्ति के बाद तीन विकेट पर 266 रन बना लिए हैं और वह आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने का अपना रिकॉर्ड तोड़ने से 11 रन दूर है।
फर्ग्यूसन ने आरसीबी को एक बार फिर खुश होने का मौका देते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हेनरिच क्लासेन को आउट कर दिया है। क्लासेन के रूप में हैराबाद को तीसरा झटका लगा है। क्लासेन 31 गेंदों पर 67 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फर्ग्यूसन का इस मैच का यह दूसरा विकेट है। क्रीज पर एडेन मार्रक्रम के साथ अब्दुल समद मौजूद हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद ने आरसीबी के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए 15 ओवर में ही 200 रन का आंकड़ा पूरा कर लिया है। टीम के बल्लेबाज हेनरिच क्लासेन ने 23 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। 15 ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद का स्कोर दो विकेट पर 205 रन है। फिलहाल क्रीज पर क्लासेन के साथ एडेन मार्करम चार गेंदों पर सात रन बनाकर खेल रहे हैं।
आरसीबी के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन ने सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरा झटका दिया। हेड 41 गेंदों पर नौ चौकों और आठ छक्कों की मदद से 102 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ क्लासेन और हेड के बीच हुई 57 रनों की साझेदारी का अंत हुआ।
सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने शानदार पारी जारी रखते हुए आरसीबी के खिलाफ 39 गेंदों पर शतक जड़ दिया। आईपीएल इतिहास का यह चौथा सबसे तेज शतक है। हैदराबाद ने महज 68 गेंदों पर 150 रन का आंकड़ पूरा कर लिया। 12वें ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद का स्कोर एक विकेट पर 158 रन हो गया है। हेड 40 गेंदों पर 102 रन और हेनरिच क्लासेन 10 गेंदों पर 15 रन बनाकर खेल रहे हैं। आईपीएल के मौजूदा सीजन का यह चौथा शतक है। वहीं. क्लासेन और हेड के बीच दूसरे विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी पूरी हो गई है।
सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड की शानदार बल्लेबाजी जारी है और वह शतक बनाने के करीब पहुंच गए हैं। 10 ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद ने एक विकेट पर 128 रन बनाए हैं। हेड 33 गेंदों पर 86 रन बनाकर खेल रहे हैं और उनके साथ हेनरिच क्लासेन पांच गेंदों पर तीन रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
आरसीबी के गेंदबाज रीस टॉप्ली ने अभिषेक शर्मा को आउट कर सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका दिया है। इसी के साथ अभिषेक और हेड के बीच पहले विकेट के लिए हुई 108 रनों की साझेदारी टूट गई। फिलहाल हेड क्रीज पर मौजूद हैं और 27 गेंदों पर 71 रन बनाकर खेल रहे हैं। नए बल्लेबाज के रूप में हेनरिच क्लासेन उतरे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई और पावरप्ले के बाद भी इन दोनो बल्लेबाजों ने आक्रमक बल्लेबाजी जारी रखी है और टीम ने महज 42 गेंदों पर ही 100 का स्कोर पूरा कर लिया। आठवें ओवर की समाप्ति के बाद हैदराबाद का स्कोर बिना किसी नुकसान के 108 रन हो गया है। हेड 27 गेंदों पर 71 रन और अभिषेक 21 गेंदों पर 34 रन बनाकर खेल रहे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने आरसीबी के खिलाफ धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए महज 20 गेंदों पर अर्धशतक पूरा कर लिया है। हेड ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर हैदराबाद को तूफानी शुरुआत दिलाई और दोनों बल्लेबाजों की तेज तर्रार पारी की मदद से हैदराबाद ने पावरप्ले खत्म होने के बाद बिना किसी नुकसान के 76 रन बना लिए हैं। फिलहाल हेड 21 गेंदों पर 52 रन और अभिषेक शर्मा 15 गेंदों पर 23 रन बनाकर खेल रहे हैँ।
सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने आरसीबी के खिलाफ तेज शुरुआत करते हुए पांच ओवर में ही टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया है। हेड फिलहाल 16 गेंदों पर 33 रन और अभिषेक 14 गेंदों पर 22 रन बनाकर खेल रहे हैं।
आरसीबी के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद ने तेज शुरुआत की है। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने तेजी से खेलते हुए तीन ओवर की समाप्ति तक बिना विकेट गंवाए 31 रन बोर्ड पर खड़े कर दिए हैं।
आरसीबी के खिलाफ सनराइजर्स हैदराबाद की पारी शुरू हो चुकी है और ट्रेविस हेड तथा अभिषेक शर्मा पारी का आगाज करने आए हैं। आरसीबी के लिए विल जैक्स ने गेंदबाजी की शुरुआत की।
सनराइजर्स हैदराबादः ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, एडेन मार्करम, नीतीश रेड्डी, हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, पैट कमिंस (कप्तान), भुवनेश्वर कुमार, जयदेव उनादकट, टी. नटराजन। इंपैक्ट सबः उमरान मलिक, अनमोलप्रीत सिंह, मयंक मारकंडे, ग्लेन फिलिप्स, राहुल त्रिपाठी।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरुः विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), विल जैक्स, रजत पाटीदार, सौरव चौहान, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), महिपाल लोमरोर, विजयकुमार विशाक, रीस टॉप्ले, लॉकी फर्ग्यूसन, यश दयाल। इंपैक्ट सबः सुयश प्रभुदेसाई, अनुज रावत, स्वप्निल सिंह, मोहम्मद सिराज, करन शर्मा।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। आरसीबी ने इस मैच के लिए गलेन मैक्सवेल को आराम दिया है, जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं हैं । मैक्सवेल पिछले मैच में चोटिल हो गए थे और उनका पहले से ही इस मैच में खेलना तय नहीं माना जा रहा था। आरसीबी के लिए लॉकी फर्ग्यूसन इस मैच में खेलेंगे। सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मैच के लिए टीम में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया है।
हैदराबाद ने अब तक पांच में से तीन मैच जीते हैं और उसके छह अंक हैं। वहीं, बेंगलुरु ने छह में से पांच मैच गंवाए हैं और सिर्फ एक में जीत मिली है। आरसीबी के दो अंक हैं। टीम न्यूज की बात करें तो आरसीबी के ग्लेन मैक्सवेल को पिछले मैच में फील्डिंग करते हुए अंगुली में चोट लगी थी। हालांकि, चोट गंभीर नहीं है, लेकिन उनकी फॉर्म भी चिंता का विषय है। ऐसे में मैक्सवेल की जगह कैमरन ग्रीन को खेलने का मौका मिल सकता है। वहीं, हैदराबाद के लिए अच्छी खबर यह है कि मयंक अग्रवाल फिट हो चुके हैं और टीम के साथ प्रैक्टिस भी की। ऐसे में वह जरूरत पड़ने पर इम्पैक्ट सब के तौर पर बल्लेबाजी के लिए आ सकते हैं।
IPL Live Cricket Score, RCB vs SRH Indian Premier League 2024 : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल के 30वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु (आरसीबी) से है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला आरसीबी के होम ग्राउंड एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेला जा रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अपने पिछले दो मैच जीते हैं और उसकी नजरें जीत की हैट्रिक लगाने पर होंगी, जबकि इस सीजन खराब फॉर्म में चल रही आरसीबी की नजरें वापसी करने पर होंगी।