विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की शानदार अर्धशतकीय पारियों के बाद जोश हेजलवुड की घातक गेंदबाजी की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने राजस्थान रॉयल्स को 11 रन से हरा दिया। गुरुवार को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 205 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट खोकर सिर्फ 194 रन ही बना सकी। उनके लिए यशस्वी जायसवाल ने सर्वाधिक 49 रन बनाए। वहीं, आरसीबी के लिए हेजलवुड ने चार विकेट झटके जबकि क्रुणाल पांड्या को दो विकेट मिले। इसके अलावा भुवनेश्वर कुमार और यश दयाल ने एक-एक सफलता अपने नाम की।
अपने घरेलू मैदान पर आरसीबी ने सत्र की पहली जीत हासिल की है। इससे पहले उन्होंने चिन्नास्वामी में तीन मुकाबला गंवाए थे। नौ में से छह मैच जीत चुकी बेंगलुरु 12 अंक और 0.482 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई। वहीं, राजस्थान लगातार पांच मैचों में शिकस्त के साथ आठवें स्थान पर बनी हुई है। उनका नेट रन रेट -0.625 हो गया है।
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने टीम को शानदार शुरुआत दिलाई थी। 23 वर्षीय बल्लेबाज जायसवाल ने भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए थे। उन्होंने 14 वर्षीय सूर्यवंशी के साथ पहले विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी निभाई। उन्हें भुवनेश्वर कुमार ने बोल्ड किया। वहीं, यशस्वी 19 गेंदों में 49 रन बनाकर आउट हो गए। वह एक रन से अपना अर्धशतक पूरा करने से चूके। अपनी धमाकेदार पारी के दौरान उन्होंने सात चौके और तीन छक्के लगाए।
इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए नीतीश राणा और रियान पराग ने मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 38 रन जोड़े। हालांकि, दोनों को क्रुणाल पांड्या ने अपना शिकार बनाया। नीतीश 28 और रियान 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस मुकाबले में जायसवाल के अलावा ध्रुव जुरेल ने 40 से ज्यादा रनों की पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और इतने ही छक्के की मदद से 47 रन बनाए। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत दिलाने से पहले ही आउट हो गए। आरसीबी के खिलाफ शुभम दुबे ने 12 रन बनाए जबकि जोफ्रा आर्चर खाता भी नहीं खोल पाए। वहीं, वानिंदु हसरंगा एक रन बनाकर रनआउट हो गए जबकि तुषार देशपांडे और फजलहक फारुकी क्रमश: एक और दो रन बनाकर नाबाद रहे।
राजस्थान को पांचवां झटका हेजलवुड ने दिया। उन्होंने शिमरन हेटमायर को अपना शिकार बनाया। वह आठ गेंदों में 11 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान को चौथा झटका भी क्रुणाल पांड्या ने ही दिया। उन्होंने नीतीश राणा को अपना शिकार बनाया। वह 22 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए। अब बल्लेबाजी के लिए शिमरन हेटमायर आए हैं। 14 ओवर के बाद स्कोर 140/4 है।
राजस्थान को दूसरा झटका जोश हेजलवुड ने दिया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल को अपना शिकार बनाया। वह 19 गेंदों में 49 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान सलामी बल्लेबाज ने सात चौके और तीन छक्के ठोके। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए कप्तान रियान पराग आए हैं। उनका साथ देने के लिए नीतीश राणा क्रीज पर मौजूद हैं। छह ओवर के बाद स्कोर 72/2 है।
राजस्थान को पहला झटका वैभव सूर्यवंशी के रूप में लगा। उन्हें भुवनेश्वर कुमार ने बोल्ड किया। वह 16 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर नीतीश राणा आए हैं।
राजस्थान की पारी शुरू हो चुकी है। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल क्रीज पर मौजूद हैं।
विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की अर्धशतकीय पारियों के बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने राजस्थान रॉयल्स के सामने 206 रन का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 205 रन बनाए। यह आरसीबी का इस टीम के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर है। उनके लिए किंग कोहली ने सर्वाधिक 70 रनों की पारी खेली। राजस्थान के लिए संदीप शर्मा ने दो विकेट लिए जबकि जोफ्रा आर्चर और वानिंदु हसरंगा ने एक-एक सफलता हासिल की।
इस मैच में फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने आरसीबी को सधी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी हुई। वानिंदु हसरंगा ने सातवें ओवर में सॉल्ट को अपना शिकार बनाया। वह 23 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। इसमें चार चौके शामिल हैं। इसके बाद किंग कोहली को देवदत्त पडिक्कल का साथ मिला।
दूसरे विकेट के लिए दोनों ने 51 गेंदों में 95 रन जोड़े। इस दौरान आरसीबी के पूर्व कप्तान ने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके आईपीएल करियर का 60वां पचासा है जबकि मौजूदा सत्र का पांचवां अर्धशतक है। वह 42 गेंदों में 70 रनों की तूफानी पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इस दौरान उनके बल्ले से आठ चौके और दो छक्के निकले। वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने 27 गेंदों नें 50 रन बनाए। उनके अलावा टिम डेविड ने 23, रजत पाटीदार ने एक रन बनाया। इसके अलावा जितेश शर्मा चार चौके की मदद से 20 रन बनाकर नाबाद रहे।
संदीप शर्मा घातक गेंदबाजी कर रहे हैं। उन्होंने टीम को तीसरा झटका देवदत्त पडिक्कल (50) और चौथा झटका रजत पाटीदार (1) के रूप में दिया। अब क्रीज पर जितेश शर्मा और टिम डेविड मौजूद हैं।
आरसीबी को दूसरा झटका विराट कोहली के रूप में लगा। उन्हें जोफ्रा आर्चर ने अपना शिकार बनाया। वह 70 रनों की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए। अब बल्लेबाजी के लिए टिम डेविड आए हैं।
विराट कोहली के बाद देवदत्त पडिक्कल ने भी 26 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। 15 ओवर के बाद स्कोर 156/1 है।
विराट कोहली ने 32 गेंदों में इस मैदान पर मौजूदा सत्र का पहला पचासा जड़ा है। वह शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। दूसरे विकेट के लिए वह देवदत्त पडिक्कल के साथ 48 रन की साझेदारी निभा चुके हैं। 12 ओवर के बाद स्कोर 109/1 है।
आरसीबी को पहला झटका वानिंदु हसरंगा ने दिया। उन्होंने फिल सॉल्ट को अपना शिकार बनाया। वह 26 रन बनाकर आउट हुए। अब क्रीज पर देवदत्त पडिक्कल उतरे हैं। उनका साथ देने के लिए विराट कोहली क्रीज पर मौजूद हैं।
आरसीबी की सधी शुरुआत हुई है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। तीन ओवर के बाद स्कोर 28/0 है।
आरसीबी की पारी शुरू हो चुकी है। विराट कोहली और फिल सॉल्ट क्रीज पर मौजूद हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिल सॉल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, यश दयाल।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: सुयश शर्मा, रसिख दार सलाम, मनोज भंडागे, जैकब बेथेल, स्वप्निल सिंह।
राजस्थान रॉयल्स: यशस्वी जयसवाल, शुभम दुबे, नीतीश राणा, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, वानिंदु हसरंगा, जोफ्रा आर्चर, फजलहक फारुकी, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: वैभव सूर्यवंशी, युद्धवीर सिंह चरक, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय, कुणाल सिंह राठौड़।
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। कप्तान रियान पराग ने बताया कि फजलहक फारुकी की वापसी हुई है। उन्हें महीश तीक्षणा की जगह मौका मिला है। वहीं, आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने बताया कि उनकी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
दोनों टीमों के हेड टु हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आरसीबी का राजस्थान पर पलड़ा भारी रहा है। दोनों के बीच कुल 33 मुकाबले खेले गए हैं, इनमें आरसीबी ने 16 मैच जीते जबकि राजस्थान को 14 मुकाबलों में जीत मिली है। वहीं, तीन मैच बेनतीजा रहे हैं। राजस्थान के खिला आरसीबी का उच्चतम स्कोर 200 रहा है जबकि राजस्थान ने इस टीम के खिलाफ 217 रन का उच्चतम स्कोर बनाया है।
इस मैच में राजस्थान आरसीबी से पिछली हार का बदला लेने के इरादे से उतरेगी। दरअसल, मौजूदा सत्र में यह दोनोौं टीमों की दूसरी भिड़ंत है। 13 अप्रैल को जयपुर में खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने राजस्थान को उनके घर में नौ विकेट से हराया था। रजत पाटीदार के नेतृत्व वाली टीम फिलहाल अंक तालिका में चौथे पायदान पर है। उनके खाते में 10 अंक और 0.472 का नेट रन रेट है। वहीं, राजस्थान आठ में से छह गंवाने के बाद चार अंक लेकर आठवें स्थान पर हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु गुरुवार को यहां आईपीएल के मैच में जब राजस्थान रॉयल्स का सामना करेगा तो उसका लक्ष्य अपने घरेलू मैदान चिन्नास्वामी स्टेडियम में रिकॉर्ड में सुधार करना होगा। आरसीबी ने इस मैदान में अभी तक जो तीन मैच खेले हैं उन सभी में उसे हार का सामना करना पड़ा है। कप्तान की सेवाएं नहीं मिल पाएंगी क्योंकि संजू सैमसन मांसपेशियों में खिंचाव से उबर रहे हैं। राजस्थान की उम्मीदें जीत से ही कायम रहेंगी।
IPL Live Cricket Score, RCB vs RR Indian Premier League 2025 : नमस्कार! अमर उजाला लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज आईपीएल 2025 का 42वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में रजत पाटीदार की टीम घर में पहली जीत के इरादे से उतरी है।